18 अप्रैल : आरा की मुख्य खबरें

0
आरा की मुख्य ख़बरें

सड़क हादसे के बाद पुलिस पर रोडे़बाजी, दारोगा घायल

आरा : भोजपुर के सहार थानान्तर्गत बरूही गांव के समीप शनिवार की देर शाम सड़क हादसे में एक युवक के जख्मी होने के बाद लोग भड़क उठे और जमकर रोडे़बाजी की जिसमे सहार थाने के दारोगा संजय सिंह जख्मी हो गये। उनका ईलाज सहार पीएचसी में कराया जा रहा है। रोडे़बाजी में थाने की बोलेरो गाड़ी भी क्षतिग्रस्त हो गयी। आक्रोशित लोग पुलिस पर घायल की मदद नहीं करने का आरोप लगा रहे थे। भीड़ के तेवर देख पुलिस खिसक गयी। बाद में अतिरिक्त पुलिस बल पहुंचने पर मामला शांत हो सका। उसके बाद ट्रक को जब्त कर लिया गया।

नोनउर गांव निवासी वीरेंद्र प्रसाद अपनी लुना बाइक से बरूही आ रहे थे। तभी गांव के समीप एक बालू लदे ट्रक ने उनको ठोकर मार दी। इसमें वह जख्मी हो गये। ठीक उसी समय सहार थाने की गाड़ी जा रही थी। उसे ग्रामीणों ने रोकने का इशारा किया, लेकिन पुलिस की गाड़ी नहीं रूकी। उससे लोग आक्रोशित हो उठे और हंगामा करने लगे। बाद में लोग किसी तरह जख्मी को स्थानीय अस्पताल ले गए। कुछ देर के बाद सहार थाना की पुलिस मौके पर पहुंची। इसे देख लोग पूरी तरह भड़क गये ओर पुलिस पर रोडे़बाजी कर दी। इसमें दारोगा संजय सिंह जख्मी हो गये। थाने की बोलेरो गाड़ी भी क्षतिग्रस्त हो गयी।

swatva

पीरो एसडीपीओ अशोक कुमार आजाद ने बताया कि पहली गाड़ी नाढी़ चेक पोस्ट पर फोर्स छोड़ने गई थी। उस गाड़ी पर कोई अफसर नहीं था। इस कारण चालक ने वह गाड़ी नहीं रोकी। मामले की छानबीन और पुलिस पर हमला करने वालों की पहचान की जा रही है। ग्रामीण सहार पुलिस पर असंवेदनशील होने का आरोप लगा रहे थे। लोगों का कहना था कि जख्मी की मदद करने के लिये हाथ देते रहे लेकिन पुलिस की गाड़ी नहीं रूकी।

लोगों की मानें तो हाथ देकर पुलिस से जख्मी को अस्पताल पहुंचाने को कहा जा रहा था। लेकिन पुलिस की गाड़ी ना रूकी और ना ही जख्मी को ले जाया गया। ऐसे में जख्मी की भी जान भी जा सकती थी। हालांकि पुलिस अपनी ओर से भी सफाई दे रही है। बता दें कि एसपी ने योगदान करने के साथ ही पुलिस अफसरों से आम लोगों की मदद करने का आदेश दिया था। लेकिन पुलिस इसका पालन करती नहीं दिख रही है।

भोजपुर पुलिस महज सात दिनों में दूसरी बार पीट गयी। इसी माह 10 अप्रैल को पवना में दो लोगों की हादसे में मौत के बाद भीड़ ने पुलिस पर हमला किया था। आज सहार इलाके में पुलिस पर रोडे़बाजी की गयी। बता दें कि दस अप्रैल को नहर में ट्रैक्टर पलट जाने से चालक सहित दो युवकों की मौत हो गयी थी। तब पुलिस पर हमला कर दिया गया। उसमें नगर थानेदार सहित आधा दर्जन पुलिस वाले जख्मी हो गये थे। सीओ की गाड़ी जला दी गयी। पुलिस की एक राइफल छीन ली गयी थी। खूब बवाल मचा था। उस दिन भी पुलिस पर आरोप लगा था।

मोबाइल छीनने के विरोध पर बदमाशों ने युवक को मारी गोली

आरा : भोजपुर के मुफस्सिल थानान्तर्गत धुंधुआं गांव के समीप बदमाशों ने मोबाइल छीनने का विरोध करने पर एक युवक को गोली मारी दी जिससे वह गंभीर रूप से जख्मी हो गया। उसका इलाज शहर के बाबू बाजार स्थित प्राइवेट अस्पताल में कराया जा रहा है। जख्मी युवक संदेश थाना क्षेत्र के नानसागर गांव निवासी सुपन यादव का पुत्र विजय कुमार है। बदमाशों की संख्या तीन बताई जा रही है, सभी एक ही बाइक पर सवार थे। घटना को अंजाम देने के बाद तीनों बदमाश भाग निकले।

विजय कुमार के अनुसार शुक्रवार को वह अपने ससुराल मुफस्सिल थाना क्षेत्र के बसंतपुर गांव गया था। वहां से धुधुआं गांव अपनी बुआ के घर चला गया। उसके बाद वह कल देर शाम को ईअरफोन खरीदने आरा के गांगी आया था। शाम को वह बाइक से वापस ससुराल लौट रहा था तभी धुधुआं गांव के समीप बाइक सवार बदमाशों द्वारा उसकी बाइक रोक दी गयी।

उसके बाद मोबाइल छीनने लगे। इसका विरोध करने पर बदमाशों ने उसे गोली मार दी गयी। इसमें वह गंभीर रूप से घायल हो गया। इसके बाद उसे इलाज के लिए बाबू जारी स्थित निजी अस्पताल लाया गया। वहीं सूचना मिलने पर पुलिस भी पहुंची और अपने स्तर से छानबीन में जुट गयी। पुलिस गोली मारने वालों की पहचान और धरपकड़ में जुट गयी है।

राजीव एन० अग्रवाल की रिपोर्ट

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here