14 दिसंबर : नवादा की मुख्य खबरें

0

जीआरपी थाना होगा तीन मंजिला, निर्माण कार्य शुरू

– 49 साल से मुसाफिर खाना में चल रहा है थाना का कामकाज
– नये भवन में पदाधिकारी व जवानों की रहने की होगी व्यवस्था

नवादा : केजी रेलखंड का दोहरीकरण कार्य तेजी से चल रहा है। दोहरीकरण को लेकर नवादा स्टेशन से पूरब रेलवे की जमीन से अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की गई। करीब तीन दशक से रेलवे की जमीन पर बसे लोगों को हटाया गया था। उस जमीन पर रेल प्रशासन की ओर से नवादा स्टेशन से पूरब रेलवे फाटक के समीप 900 स्क्वायर मीटर भूमि जीआरपी थाना भवन निर्माण के लिए उपलब्ध कराया गया है। जहां तीन मंजिला जीआरपी थाना भवन का निर्माण होगा। भवन निर्माण को लेकर कार्य आरंभ कर दिया गया है।

swatva

बता दें केजी रेलखंड के नवादा स्टेशन स्थित अंगरेजों के जमाने का मुसाफिर खाना बना है। वर्ष 1971 में जीआरपी थाना की स्थापना की गई। लेकिन थाना के लिए भवन निर्माण नहीं कराया गया। रेल प्रशासन की ओर से थाना संचालन के लिए मुसाफिर खाना को सुपुर्द कर दिया गया। 49 साल से मुसाफिर खाना में थाना का कामकाज चल रहा था। लेकिन विभाग की पहल पर तीन मंजिला जीआरपी थाना भवन निर्माण कराया जा रहा है। भवन निर्माण कार्य शुरू कर दिया गया है।

करीब 1 करोड़ की लागत से होगा भवन निर्माण

– जीआरपी के अधिकारियों ने बताया कि करीब एक करोड़ रूपये की लागत से भवन का निर्माण होना है। थाना भवन निर्माण के लिए बिहार पुलिस भवन निर्माण निगम को जिम्मेवारी सौंपी गई है। निगम की ओर से भवन निर्माण कार्य शुरू हो चुका है। फाउंडेशन का कार्य तेजी चल रहा है। वर्ष 2021 तक भवन निर्माण कार्य पूरा हो जाएगा।

नये भवन में थाना होगा शिफ्ट

– जीआरपी के अधिकारी ने बताया कि नये भवन निर्माण होने के बाद थाना को शिफ्ट किया जाएगा। साथ ही हाजत, मालखाना, सशस्त्रगार, मैगजीन आदि को शिफ्ट कर दिया जाएगा। इसके अलावा नये भवन में पदाधिकारी व जवानों की रहने की व्यवस्था होगी।

कहते हैं अधिकारी

– नवादा स्टेशन के पूरब रेलवे फाटक के समीप जीआरपी थाना का तीन मंजिला भवन निर्माण कार्य शुरू हो चुका है। करीब 1 करोड़ की लागत से भवन का निर्माण होगा। बिहार पुलिस भवन निर्माण निगम को भवन निर्माण की जिम्मेवारी सौंपी गई है। वर्ष 2021 तक कार्य पूरा होने की संभावना है। नये भवन बनने के बाद थाना को पूरी तरह से शिफ्ट कर दिया जाएगा। थाना भवन नहीं रहने से मुसाफिर खाना में कामकाज चल रहा है। भवन की स्थिति काफी जर्जर है। जवानों को भी रहने में परेशानी होती है। विभाग की ओर से नये भवन का निर्माण तेजी से चल रहा है। भवन बनने के बाद जीआरपी के पदाधिकारी व जवानों की परेशानी दूर हो जाएगी। भरत उरांव, थानाध्यक्ष, जीआरपी, नवादा।

डीएम ने पैक्स गोदाम का किया निरीक्षण, दिए निर्देश

– पंचायत सरकार भवन के निर्माण को पूरा कराने की दी हिदायत

नवादा : जिलाधिकारी यश पाल मीणा ने सदर प्रखंड के कादिरगंज में पैक्स गोदाम और निर्माणाधीन पंचायत सरकार भवन का निरीक्षण किया। डीएम ने पैक्स अध्यक्ष को धान की खरीदारी में तेजी लाने का निर्देश दिया। निरीक्षण के क्रम में पाया गया कि अबतक 150 क्विटल धान की खरीदारी हो सकी है। इस पर डीएम ने नाराजगी जाहिर की और उन्होंने पैक्स अध्यक्ष को सख्त हिदायत दी कि धान की खरीदारी में तेजी लाएं। इसमें किसी प्रकार की कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

उन्होंने कहा कि क्षेत्र के अधिक से अधिक किसानों को सरकार की योजना का लाभ दिलाना है। नियमानुसार किसानों से धान क्रय करें। किसी भी प्रकार की समस्या होने पर अधिकारियों को सूचित करें। डीएम ने पैक्स गोदाम में रखरखाव के बारे में भी जानकारी ली। इसके बाद डीएम निर्माणाधीन पंचायत सरकार भवन पहुंचे। जहां पाया गया कि राशि के अभाव में निर्माण कार्य बंद है। इस बाबत बीडीओ को निर्देश दिया गया कि ट्रेजरी में पैसा आ गया है। राशि की निकासी कर निर्माण कार्य को शुरू कराएं। डीएम ने कहा कि गुणवत्तापूर्ण पंचायत सरकार भवन का निर्माण होना चाहिए।

प्राक्कलन के अनुसार कार्य को ससमय पूर्ण कराएं। मौके पर सदर एसडीएम उमेश कुमार भारती, बीडीओ कुमार शैलेंद्र उपस्थित थे। गौरतलब है कि जिलाधिकारी इनदिनों लगातार क्षेत्रों में जाकर योजनाओं के बारे में पड़ताल कर रहे हैं। नल-जल योजना, सात निश्चय योजना, धान की खरीदारी आदि के संबंध में धरातल पर चल रहे कार्यों की जानकारी हासिल कर रहे हैं। ग्रामीणों से सीधे बात कर योजना के लाभ प्राप्ति के बारे में जानकारी इकट्ठा कर रहे हैं। शिकायत मिलने पर उसके निष्पादन के लिए संबंधित अधिकारियों को दिशा-निर्देश दिया जा रहा है। डीएम के औचक निरीक्षण से क्षेत्र में हड़कंप मचा है।

डबल मर्डर में पुलिस को नहीं मिला कोई सुराग, पुलिस का हाथ खाली

-हत्या के कारणों का भी पता नहीं लगा सकी पुलिस

नवादा : जिले के उग्रवाद प्रभावित रुपौ थाना क्षेत्र के बेनीपुर जंगल में पिछले दो दिसंबर को हुए दो अलग-अलग गांव के दो मजदूरों की हत्या में अब भी पुलिस खाली हाथ है। हत्याकांड से जुड़े किसी भी आरोपित की गिरफ्तारी नहीं कर पाई है। वहीं दूसरी ओर पुलिस दावा कर रही है कि सूचना के आधार पर लगातार संदिग्ध ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है।

छापेमारी में पुलिस को काफी मशक्कत करनी पड़ रही है। जल्द ही गिरफ्तारी होगी। अपराधियों की गिरफ्तारी कब तक हो पाती हैं, इस पर सभी की निगाहें टिकी हैं। बता दें बेनीपुर गांव के जंगल से पुलिस ने तीन दिसंबर की शाम को दो शव बरामद किया था, जिसमें दोनों लाशों की चिन्हित कर लिया गया बेनीपुर निवासी अशोक राजवंशी भीखमपुर निवासी बच्चू राजवंशी मृतक अशोक राजवंशी कुख्यात चंदन यादव की खेती बारी का देखभाल करता था। इसी दरम्यान गांव में चल रहे वर्चस्व की लड़ाई में अशोक राजवंशी की हत्या गला रेतकर कर दी गई। साथ ही जंगल में अपने खेत की रखवाली कर रहे भीखमपुर निवासी बच्चू राजवंशी को भी अपराधियों ने गला रेतकर हत्या कर दी।

बेनीपुर गांव में दो दिसंबर को वर्चस्व की लेकर चली गोलीबारी के ही दिन दोनों व्यक्ति को अगवा कर हत्या कर दिया गया था। बदमाशों के तांडव से क्षेत्र के लोग सहम गए थे तब गोविदपुर क्षेत्र के वर्तमान विधायक मोहम्मद कामरान ने भी घटनास्थल पर जाकर परिजनों को सहयोग का आश्वासन दिया था।
थानाध्यक्ष देवेंद्र कुमार सिंह का कहना है कि वर्चस्व स्थापित करने के लिए की गई गोलीबारी घटना से ही जोड़ा जा रहा है।

उन्होंने कहा कि स्थानीय लोगों के सहयोग नहीं मिल पाने से अपराधियों को गिरेबान तक पहुंचने में परेशानी हो रही है। हत्या के मामले की गुत्थी पुलिस की सक्रियता के बाद भी नहीं सुलझ सकी अभी तक एक भी बदमाश की गिरफ्तारी नहीं होना भी पुलिस के दावे पर सवाल खड़ा करती है। हालांकि घटना को लेकर पुलिस सक्रियता दिखाते हुए हर बिदु पर अनुसंधान करने में जुटी है, लेकिन लोगों को निष्कर्ष का इंतजार है। गोली फायरिग से लेकर हत्या तक की घटना की हर बिदुओं पर जांच करने की बात पुलिस कर रही है। घटना के 12 दिन बाद भी पुलिस के हाथ खाली हैं।

नल जल के पानी पीने के लिए दो वर्ष से तरस रहे महादलित परिवार

नवादा : जिले के उग्रवाद प्रभावित सिरदला प्रखंड क्षेत्र के सांढ पंचायत के मंझगावां गांव स्थित वार्ड नंबर ग्यारह महादलित परिवार का बस्ती है। बताया जाता है कि तीन दो वर्ष पूर्व महादलित परिवारों के लिए सात निश्चय योजना के तहत नल जल का वोरिंग और पानी टंकी वार्ड सदस्य कालो देवी तथा वार्ड क्रियान्वयन के सचिव मसोमत बसंती देवी के द्वारा बैठाया गया।

लेकिन दो साल बीत जाने के बाद भी आज तक नल-जल चालु नहीं हुआ, और नल-जल कि राशि की निकासी कर बंदर बांट कर लिया गया। दो साल से महादलित परिवारों को नल जल का पानी पीने के लिए तरस रहे है। चनदेश्चरी राजवंशी, मनोज प्रसाद, राजो यादव समेत दर्जनों लोगों का कहना है कि नल-जल का पानी मीठा है या खारा है आज तक मुंह में नहीं ले पाए है। जिससे ग्रामीणों में वार्ड सदस्य तथा वार्ड क्रियान्वयन सचिव के प्रति काफी आक्रोश है स्थानीय ग्रामीण ब्रह्मदेव यादव, महेंद्र रविदास, विकास कुमार, सुनीता देवी, जयमंती देवी समेत दर्जनों महिला पुरुष ने बताया की मुख्यमंत्री के द्वारा सात निश्चय योजना के तहत नल जल का काम दो वर्ष पूर्व वार्ड सदस्य और सचिव के द्वारा कराया गया था।

लेकिन बोरिंग के बाद पाइप बिछाने व घर घर नल लगाने का काम को भी सभी घर तक पूरा नहीं किया गया। कई लोगों के घर में नल भी नहीं लगाया गया। लेकिन नल जल का काम पूरा होने के बाद एक दिन भी किसी भी घर के नल से पानी नहीं गिरा है, लोग आज भी नल से पानी गिरने का राह देख रहे हैं। पानी का स्वाद लेने के लिए दो सालों से ग्रामीण तरस रहे हैं। ग्रामीणों ने बताया कि नल जल की समस्या को लेकर स्थानीय मुखिया पार्वती देवी के अलावे प्रखंड विकास पदाधिकारी तक लिखित आवेदन देकर शिकायत किया गया लेकिन आज तक किसी के द्वारा ध्यान नहीं दिए जाने से नल-जल चालु करवाने के लिए कोई ध्यान नहीं दिया गया है।

जिसके कारण नल जल योजना बेकार पड़ा है, साथ ही सिर्फ सोभा का वस्तु बना है। इसका उपयोग नहीं हो रहा है। स्थानीय लोगों की मदद से उच्च पदाधिकारी के पास कई बार लिखित आवेदन भेज कर शिकायत किया गया लेकिन ना ही नल जल चालू की गई और ना ही किसी प्रकार की कार्रवाई की गई यहां तक कि कोई अधिकारी इस योजना को आज तक देखने भी नही आया। जिसके कारण सभी ग्रामीण थक हार कर घर बैठ गए हैं, पानी की समस्या से आज भी सभी लोग जूझ रहे हैं। लोगों को दुर दराज से कुआं व चपाकल से पानी लाकर पीना पङ रहा है।

चार नशेड़ी को पुलिस ने गिरफ्तार कर भेजा न्यायिक हिरासत में

नवादा : जिले के उग्रवाद प्रभावित सिरदला थाना क्षेत्र के लौंद बाजार में पुलिस ने सघन छापेमारी की। इस दौरान लौंद डीह निवासी अयोध्या प्रसाद, खालखू टोला दुर्गापुर निवासी सरयू राजवंशी, लौंद चमो था निवासी मो अख्तर अली, हिसुआ निवासी मुरारी गोस्वामी को अवैध शराब सेवन करने के आरोप में गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया।

थानाध्यक्ष आशीष कुमार मिश्रा ने बताया कि दूरभाष पर जानकारी मिली कि लौंद बाजार में बड़े पैमाने पर अवैध महुआ शराब की बिक्री कर शराब बन्दी कानून का उल्लंघन किया जा रहा है। जानकारी के आधार पर एस अाई प्रकाश उरांव, एस अाई बसंत कुमार ने डी ए पी बल के सहयोग से छापेमारी अभियान चलाया। थानाध्यक्ष के अनुसार लौंद बाजार में लगातार सघन छापेमारी चलाए जाएंगे ताकि महुआ व अंग्रेजी शराब की बिक्री व सेवन पर रोक लगाया जा सके।

15 दिनों पूर्व नाबालिग के साथ हुए दुष्कर्म के आरोपितों को पकड़ने में पुलिस नाकाम

नवादा : हाल के दिनों में जिले के दो थाना क्षेत्रों में दो बच्चियों के साथ दुष्कर्म की घिनौनी वारदात को अंजाम दिया गया, लेकिन पुलिस अबतक आरोपितों को पकड़ने में नाकाम साबित हुई है। पुलिस को आरोपितों के संबंध में किसी भी प्रकार का सुराग नहीं मिल सका है। गौरतलब है कि जिले के पकरीबरावां और वारिसलीगंज थाना क्षेत्र में दुष्कर्म की घटना हुई। 30 नवंबर को पकरीबरावां थाना क्षेत्र के एक गांव में आठ वर्षीया बच्ची के साथ दुष्कर्म किया गया।

बच्ची अपनी मां के साथ घर के बाहर बारात देख रही थी। बैंड-बाजे के साथ वह भी गांव के स्कूल के आगे तक बढ़ गई। इसी दौरान  युवक ने उसे पकड़ कर उसके साथ जोर जबरदस्ती की। कुछ देर बाद वह लौटकर घर आई और अपनी मां को घटना के बारे में जानकारी दी। जिसके बाद पीड़िता की मां ने 2 दिसंबर को दुष्कर्म के आरोपित युवक का हुलिया बताते हुए अज्ञात के खिलाफ पकरीबरावां थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई। मामले की जांच का जिम्मा महिला थानाध्यक्ष कुमारी रानी बबीता को दिया गया।

अबतक इस मामले में पुलिस आरोपित का पता नहीं लगा सकी है। पकरीबरावां थाना क्षेत्र की दुष्कर्म पीड़िता सदर अस्पताल में इलाजरत है। पीड़िता की हालत खराब बताई जा रही है। महिला थानाध्यक्ष ने सदर अस्पताल पहुंच कर पीड़िता का हालचाल लिया। इस दौरान स्वजनों ने उनसे आरोपितों को गिरफ्तार कर कड़ी सजा दिलाने की मांग की।

सामूहिक दुष्कर्म मामले में भी पुलिस के हाथ खाली:-

वारिसलीगंज थाना क्षेत्र की एक गांव में किशोरी के साथ 3 दिसंबर को सामूहिक दुष्कर्म किया गया। किशोरी शौच के लिए बधार की तरफ गई थी। तभी तीन युवकों ने रास्ता रोक लिया और जबरन उठाकर ले गए। आरोपित विकास कुमार उसे अपने घर ले जाकर दुष्कर्म किया। फिर विक्की कुमार व चंदन कुमार ने भी बारी-बारी से दुष्कर्म किया। तीनों बदमाशों ने इसकी तस्वीरें भी खींची। जिसे वायरल कर दिया। आरोपिताें ने घटना के बारे में किसी को बताने पर पूरे परिवार को जान से मारने की धमकी दी। पीड़िता ने घर पहुंच कर अपने परिवार को घटना की जानकारी दी। जिसके बाद महिला थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई गई। लेकिन इस मामले में भी पुलिस के हाथ खाली हैं। आरोपितों की गिरफ्तारी नहीं होना पुलिस की कार्यशैली पर सवाल खड़े हो रहे हैं ।

होटल से शराब बरामद, पूर्व पैक्स अध्यक्ष गिरफ्तार

नवादा : जिले के अकबरपुर पुलिस ने पटना-रांची राजमार्ग पर छह माइल के पास फाइव स्टार होटल में छापामारी कर दो बोतल अंग्रेजी शराब जब्त किया। होटल संचालक की निशानदेही पर नोनाय गांव में छापामारी कर शराब के नशे में धुत्त पूर्व पैक्स अध्यक्ष संतोष सिंह को गिरफ्तार कर लिया। चिकित्सकीय जांच में शराब पीने की पुष्टि होते ही उत्पाद अधिनियम के तहत प्राथमिकी दर्ज कर आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया।

थानाध्यक्ष सह प्रशिक्षु एसपी चन्द्रप्रकाश ने बताया कि फाइव स्टार होटल में कुछ लोगों द्वारा शराब पार्टी की गुप्त सूचना मिली। सूचना के आलोक में गश्ती पुलिस ने छापामारी कर होटल के टेबल पर रखे दो बोतल अंग्रेजी शराब बरामद किया। पूछताछ के क्रम में संचालक ने नोनाय के पूर्व पैक्स अध्यक्ष संतोष सिंह द्वारा जबरन शराब पीकर घर जाने की बातें बतायी। संचालक की सूचना पर घर में की गयी छापामारी में शराब के नशे में धुत्त गिरफ्तार कर लिया। चिकित्सकीय जांच में शराब पीने की पुष्टि होते ही उत्पाद अधिनियम के तहत प्राथमिकी दर्ज कर आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया।

15 दिसंबर से शुरू हो रहा खरमास, शुभ कार्य होंगे वर्जित

नवादा : मंगलवार यानि कि १५ दिसम्बर से खरमास आरंभ हो रहा है। इसमें एक माह के लिए शुभ कार्य बंद हो जाते हैं। 15 दिसंबर को सूर्य धनु राशि में प्रवेश कर रहे हैं सूर्य हर माह में राशि परिवर्तन करते हैं। इसी क्रम में मध्य दिसंबर में वे धनु राशि में प्रवेश करते हैं। इस माह को खरमास कहते हैं।

खरमास का महीना बहुत ज्यादा महत्वपूर्ण होता है। इस समय एक माह के लिए शुभ कार्य बंद हो जाते हैं। इस बार सूर्य धनु राशि में 15 दिसंबर को प्रवेश कर रहे हैं। 15 दिसंबर से ही खरमास महीने की शरुआत हो जाएगी।

इस समय कौन-कौन से कार्य वर्जित होते हैं

इस समय विवाह करना शुभ परिणाम नहीं देता है, इसलिए विवाह करना वर्जित है। इस समय निर्मित किए गए मकान सुख नहीं देते, इसलिए गृह निर्माण भी वर्जित होता है। इस समय नया व्यवसाय करना भी लाभकारी नहीं होता है, इसलिए नए व्यवसाय की शुरुआत भी वर्जित है। जिन कार्यों को लंबे समय तक चलाना है, उनको भी इस समय रोक देना चाहिए।

धनु खरमास में कौन से कार्य कर सकते हैं 

अगर प्रेम विवाह या स्वयंवर का मामला हो तो विवाह किया जा सकता है। जो कार्य नियमित रूप से हो रहे हों उनको करने में भी खरमास का कोई बंधन या दबाव नहीं है। सीमान्त, जातकर्म और अन्नप्राशन आदि कर्म पूर्व निश्चित होने से इस अवधि में किए जा सकते हैं। गया में श्राद्ध भी इस अवधि में किया जा सकता है, उसकी भी वर्जना नहीं है।

राशि परिवर्तन से किसे नुकसान 

जिन लोगों को क्रोध आता हो या रक्तचाप बढ़ा रहता हो, उनके लिए अच्छा नहीं होगा। जिन लोगों को हड्डियों की समस्या है, उन्हें विशेष ध्यान देना चाहिए। जिनकी राशि वृष, कर्क, कन्या, तुला या मकर है, उन्हें समस्याएं परेशान कर सकती हैं। जो लोग प्रशासन के क्षेत्र में या अध्यात्म के क्षेत्र में हैं, उन्हें लाभ होगा। जो लोग सूर्योदय के पूर्व उठते हैं, वे तमाम मुश्किलों से बचे रहेंगे। मेष, सिंह, धनु और कुंभ राशि के लिए यह परिवर्तन लाभकारी होगा।

शहरी सौन्दर्यकरण को ले डीएम ने की बैठक

नवादा : सोमवार को समाहरणालय कार्यालय कक्ष में जिला पदाधिकारी यशपाल मीणा की अध्यक्षता में शहर के सौंदर्यीकरण एवं विस्तार को लेकर जिला नगर परिषद एवं नगर पंचायत पदाधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक आयोजित की गयी। बैठक में नवादा जिला अन्तर्गत नगर परिषद नवादा, नगर पंचायत हिसुआ, नगर पंचायत वारिसलीगंज के उत्क्रमण एवं रजौली पंचायत को नये नगर पंचायत के रूप में विकसित करने हेतु संबंधित पदाधिकारियों से प्रस्ताव पर विस्तार से चर्चा हुई।

गूगल मैप के द्वारा प्रस्तावित नक्शे के अनुसार इन क्षेत्रों को विकसित किया जायेगा। नगर निकाय के विस्तार हेतु जिला स्तरीय कमिटी का भी गठन किया गया है। रजौली अनुमंडल के रजौली पंचायत को नगर पंचायत के लिए प्रस्ताव विभाग को भेजा गया है। जिला पदाधिकारी यश पाल मीणा ने बैठक को संबोधित करते हुए कहा कि नवादा शहर को सुन्दर बनाने के उद्देश्य से हर संभव प्रयास किये जायेंगे। उन्होंने कहा कि दिन और रात सफाई का कार्य सिफ्ट वाइज चलाना सुनिश्चित करें। प्रजातंत्र चौक पर एलईडी डिसप्ले का निर्माण किया जाय। जगह-जगह पर डस्टबीन उपलब्ध करायी जाय। दुकान के बाहर कचड़ा मिलने पर जुर्माना लगाया जायेगा। कचड़ा डस्टबीन में ही फेंकना है।

उन्होंने बड़े ज्वेलर्स के दुकान के बाहर सी0सी0टी0वी0 कैमरा लगाने का निर्देश दिया। उन्होंने कार्यपालक पदाधिकारी नगर परिषद को निर्देश दिया कि बुधौल बस स्टैंड को एक सप्ताह के अन्दर हर हाल में आरम्भ करें। अनावश्यक बिलम्ब न करें ताकि जिलावासियों को जाम से छुटकारा मिल सके। इस अवसर पर अपर समाहर्त्ता उज्जवल कुमार सिंह, उप विकास आयुक्त वैभव चौधरी, कार्यपालक पदाधिकारी नगर परिषद नवादा कन्हैया कुमार, कार्यपालक पदाधिकारी नगर पंचायत हिसुआ डॉ0 मनीष कुमार, कार्यपालक पदाधिकारी नगर पंचायत वारिसलीगंज उपेन्द्र कुमार सिंहा, डीपीआरओ गुप्तेश्वर कुमार आदि उपस्थित थे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here