11 दिसंबर : नवादा की मुख्य खबरें

0

मनरेगा में जेसीबी मशीन से काम करवाते दो गिरफ्तार

नवादा : जिले के अकबरपुर  प्रखंड के बसकंडा ग्राम पंचायत के पहाड़पुर गांव में मनरेगा के तहत जेसीबी मशीन से संपर्क पथ निर्माण किए जाने की शिकायत पर प्रखंड विकास पदाधिकारी मृत्युंजय कुमार और स्थानीय पुलिस ने घटनास्थल पर छापेमारी कर दो युवकों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार लोगों में गांव के अरुण कुमार यादव और दूसरा जेसीबी मशीन का ड्राइवर विकास कुमार यादव शामिल है।

ग्रामीणों ने डीएम के पास सूचना दी थी कि स्थानीय गांव के अरुण कुमार यादव के द्वारा जेसीबी मशीन से मनरेगा योजना अंतर्गत संपर्क पथ का निर्माण करवाया जा रहा हैं । डीएमके निर्देश पर वीडियो और पुलिस पदाधिकारी घटनास्थल पर छापामारी की जिसमें जेसीबी मशीन से संपर्क पथ निर्माण कार्य करवाते पकड़े गए । इस सिलसिले में वीडियो के आवेदन पर थाने में प्राथमिकी दर्ज कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया ।

swatva

वनगंगा के पास टेम्पो पलटने से एक की मौत

नवादा : जिले के राजमार्ग संख्या 82 पर नारदीगंज थाना क्षेत्र के वनगंगा के पास टेम्पो पलटने से एक की मौत हो गयी । बताया जाता है कि गुरुवार की शाम राजगीर की ओर से आ रही एक ऑटो नालन्दा- नवादा के बॉर्डर वनगंगा के समीप पलट गयी। ऑटो पलटने के कारण उसपर सवार करीब 9 लोग जख्मी हो गए।

घायलों में कुलदीप राजवंशी, अरुण कुमार, रीता देवी, संदीप कुमार, विक्कू कुमार, अरुण कुमार, अरुण कुमार के साथ तीन महिला सदस्य शामिल है। स्थानीय लोगों के सहयोग से सभी जख्मी का प्राथमिक उपचार वनगंगा के पास एक निजी क्लिनिक में कराया गया। दुर्घटना में गम्भीर रूप से घायल कुलदीप राजवंशी को बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल नवादा रेफर किया गया। अस्पताल ले जाने के क्रम में 40 वर्षीय कुलदीप राजवंशी की मौत हो गई।

बताया जाता है कि स्वजन मृतक कुलदीप राजवंशी के शव को अपने घर नरहट थाना क्षेत्र के हासापुर गांव लेते चले आए हैं। दुर्घटना के बाद वाहन चालक ऑटो लेकर फरार हो गया। घटना की जानकारी के बाद गांव में कोहराम मच गया है। स्वजनों का रो रो कर बुरा हाल है। जदयू पूर्व जिलाध्यक्ष जीवन लाल चन्द्रवंशी ने घटना पर गहरा दुख जताया। उन्होंने बताया कि मृतक का पोस्टमार्टम करा कर सरकारी लाभ दिलाने का प्रयास किया जा रहा है।

पीड़ित परिवार को विधायक ने किया सहयोग

नवादा : गोविन्दपुर विधायक मो कामरान ने प्रखंड क्षेत्र के डेल्हुआ पहुंच अग्निकांड से पीड़ित परिवार से मिलकर उन्हें आर्थिक व अन्य जरूरत की अन्य सामग्री उपलब्ध करायी। उन्होंने बताया कि वे जनता के सहयोग के लिये चौबीसों घंटे खड़ा होकर ग़रीबो का मदद करने में किसी प्रकार का जोखिम उठाने को तैयार हैं ।

गोविंदपुर प्रखंड के ग्राम डेलहुआ में गैस सिलेंडर फटने से रितेश कुमार के घर का कपड़ा , बिस्तर कम्बल वग़ैरह जल जाने की सूचना मिलने के बाद विधायक मो0 कामरान ने रात के 12:00 बजे डेलहुआ पहुंचकर पीड़ित परिवार से मुलाक़ात की। साथ ही इस ठंड में ज़रूरत की चीज़ इस्तेमाल के लिए कंबल और अन्य सहयोग तत्काल प्रदान किया । लोगों में अपने जनता के प्रति विधायक मो0 कामरान का ब्यवहार और सेवा की काफी चर्चा जोरों पर है ।

घने कोहरे से रफ्तार पर लगी ब्रेक

– ठंड से जन जीवन अस्त व्यस्त
– फसलों पर पङ रहा ठंड का प्रभाव

नवादा : जिले में पिछले तीन दिनों से रात से शुरू हो रहा घना कुहरा सुबह के 11 तक छाया रहता है।गुरुवार की रात में छाया कुहरा शुक्रवार की सुबह और घना हो गया। फलतः कुहरा के चलते आम जनजीवन अस्त व्यस्त हो रहा है। कुहरा के साथ तेज ओस के कारण लोगों को ठंड महसूस हो रही है। कुहासे के कारण लोगों का जीवन एवं वाहनों की रफ्तार एक तरह धीमी हो गई है। सुबह अपनी ड्यूटी पर जाने वाले लोगो की परेशानी बढ़ गई है। लोग चाहकर भी सुबह सवेरे अपने जरूरी काम के लिए नहीं निकल पाते है।

अहले सुबह लोगो की जरूरत की सामग्री यथा दूध और सब्जी लाने और बेचने वाले जो गांव देहातो से शहर को जाते हैं उन्हें कोहरे के कारण परेशानी हो रही है। वैसे कामगार मज़दूर जिन्हें काम की तलाश में शहर जाना होता है वैसे मजदूरों को भी इस कुहासे और ठंड से परेशानी हो रही है। क्योंकि इन गरीब मज़दूरों के पास ठंढ से बचने के लिए पर्याप्त गर्म बस्त्र उपलब्ध नहीं होता है।

कुहरे के कारण लोगो को वाहनों या पैदल चलने में भी परेशानियों का सामना करना होता है क्योंकि सामने 30 से 40 मीटर की दूरी पर रखी बस्तु एवं वाहन भी स्पष्ट दिखाई नहीं देती है। कुहरे के कारण अंधेरा का सर्वाधिक असर सड़कों पर चलने वाले वाहनों आदि पर पड़ रहा है। वाहनो को निर्धारित गति से भी कम गति से चलाना पड़ रहा है। कुहरे के कारण सड़क दुर्घटना का भय बना रहता है। जबकि कुहरे के कारण ट्रेनों की रफ्तार भी धीमी हो गयी है।

लोगो की मानें तो कोहरे का मुख्य वजह वातावरण में अत्यधिक नमी और नित्य बढ़ रहे प्रदूषण के कारण इस तरह से कुहरा छाने लगा है। कुहरे के वजह से लोगो को दिन के 11 बजे के बाद ही धूप मिल पाती है।धूप निकलने के बाद ठंढ से सिकुड़ते बस्त्र बिहीन गरीबो व आम लोगो को थोड़ी राहत मिल रही है।

जिले के किसानों को रवी फसलों की बोआई एवं अन्य प्रकार की खेती बारी में कुहरे से परेशानी हो रही है। मज़दूर ससमय काम पर नहीं पहुंच रहे हैं। इस कारण खेती गृहस्ती में थोड़ा बिलम्ब हो रहा है। इसके साथ ही मसूर व आलू की खेती पर कोहरे का असर पङने से पैदावार में कमी आने की संभावना बढ गयी है।

अज्ञात वाहन की चपेट में आया युवक, मौत

-कुहासे के कारण बाघी बरडीहा मोड़ के समीप हुई सड़क दुर्घटना

नवादा : अहले सुबह से लेकर दिन के 10 बजे तक घने कुहरे के कारण विजीवलिटी काफी कम हो रहती है। फलतः सड़क दुर्घटना की संभावना प्रबल रहती है। इसी कड़ी में शुक्रवार की अहले सुबह 7:30 बजे के करीब वारिसलीगंज थाना क्षेत्र के बाघी बरडीहा मोड़ के समीप एसएच 83 वारिसलीगंज रोड में किसी अज्ञात वाहन की चपेट में आने से 35 बर्षीय युवक गंभीर रूप से जख्मी हो गया।

कुछ ही देर बाद उसकी मौत घटना स्थल पर हो गई। मृतक की पहचान बाघी ग्रामीण लक्ष्मण प्रसाद 35 बर्ष के रूप में हुई। सूचना पश्चात पहुंची वारिसलीगंज पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल नवादा पहुंचाई। बाद में युवक के स्वजनों को शव सुपुर्द कर दिया गया।

बाघी बरडीहा पंचायत की मुखिया के कर्ता धर्ता रहे पूर्व मुखिया राजेन्द्र प्रसाद ने बताया कि बाघी ग्रामीण लालजीत यादव का 35 बर्षीय पुत्र लक्ष्मण यादव बाघी बरडीहा मोड़ पर घर बना कर रहता था। युवक पेशे से ऑटो चालक था। घटना के समय बातावरण में काफी घना कोहरा छाया हुआ था। युवक बाघी बरडीहा मोड़ के पास वारिसलीगंज रोड पैदल पार कर रहा था। कोहरे के कारण विजीवलिटी काफी कम थी। फलस्वरूप युवक लक्ष्मण को किसी वाहन चालक ने ठोकर मार कर भाग निकला।

घटना बाद युवक गंभीर रूप से जख्मी होकर वही गिर गया। कोहरे के कारण सड़क पर आवाजाही कम थी। इस कारण जख्मी को लोग काफी देर से देखा, इस बीच अत्यधिक रक्तस्राव के कारण घटना स्थल पर ही उसकी मौत हो गई। सूचना मिलते ही वारिसलीगंज पुलिस शव को कब्जे में लेकर अंत्यपरीक्षण के लिए सदर अस्पताल नवादा भेज दिया। बाद में मृतक के स्वजनों को शव सौप दिया गया।

किसानों से पंगा लेना केन्द्र सरकार को पङ सकता है भारी :- रत्नाकर

नवादा : अन्नदाता और गांव के लक्ष्मी सांस्कृतिक उपन्यास एवं खंड काव्य के लेखक एवं कवि राम रतन प्रसाद सिंह रत्नाकर ने कहा कि हमारे पिता स्व नुनु सिंह स्वंत्रता सेनानी एवं बिहार प्रदेश किसान सभा द्वारा घोषित किसान सेवक किसान आंदोलन के संदर्भ में 1939 में 15 महीनों तक जेल में रहे।

उनके पुत्र होने के नाते किसान सभा से जुड़े सैकड़ों नेता एवं कार्यकर्ताओं से मेरा जुड़ाव रहा है। आज जो किसान आंदोलन हो रहा है उसके खिलाफ जिस ढंग से कठोर ठंड में खुले आसमान के नीचे 15 दिनों से किसान दिल्ली के बॉर्डर पर कठिन प्राकृतिक स्थिति के बीच खड़े है को में सलाम करता हूं। मेरी तबियत खराब है पर मेरी इच्छा होती है कि किसानों के साथ कंधे से कंधे मिला कर चलूं, लेकिन मजबूर हूं। फिर भी ऋग् वेद का यह मंत्र अन्न अन्न के जाप से अन्न नहीं पैदा होता है, अन्न पुरुषार्थ से पैदा होता है ।

किसान खेतों में घाम कठोर गर्मी कड़ाके की ठंड और कई ढंग के विषैले जीब जंतु के बीन सुस्वादू अन्न, मीठा गन्न शक्ति बर्धक फल फूल पैदा करने वाले कई बार भूखे सोने को बिवस होते हैं। लेकिन पुरुषार्थी किसान अपना काम नहीं छोड़ते। आज़ादी के बाद से लेकर अब तक किसान उपेक्षित रहे है। आज कृषि कठिन दौर में है। खेतों का टुकड़ा छोटे भागों में बिभक्त है। छोटे किसानों की स्थिति दयनीय है।ऐसी स्थिति में यह किसानों के लिए केंद्र सरकार द्वारा बनाए गए 3 कानून जो भारत सरकार ने बनाए है यह किसानों के हित में कदापि नहीं है । इस कारण भारत सरकार को चाहिए कि ये कानून बापस ले ले नहीं तो किसानों कि अंगड़ाई महंगी पड सकती है।

बाइक चोरी की प्राथमिकी

नवादा : पटना जिले के संजय गांधी जैविक उद्यान्न हनुमान नगर निवासी संजीव प्रसाद के पुत्र राजीव राम ने वारिसलीगंज थाने में बाइक की चोरी की प्राथमिकी दर्ज करायी है। थाने को दिए गए आवेदन में कहा है कि अपने ननिहाल वारिसलीगंज नगर पंचायत की वार्ड संख्या 20 स्थित पटेल नगर मुहल्ले आया था।

गुरुवार को घर के आगे बाइक लगाकर ज्योंहि अन्दर गया बाहर से किसी ने घर का मुख्य दरवाजा बंद कर दिया। जिसकी आवाज सुन घर के छत पर चढ़ा तो चोर बाइक लेकर भाग रहा था। जिसे दूसरा के बाइक से पीछा किया तो जाम में फंसा पकरीबरावां में मिल गया। मुझे देखते ही चोर बाइक छोड़कर भागने लगा। जिसे स्थानीय लोगों के सहयोग से चोर को पकड़कर पकरीबरावां पुलिस को सौंप दिया। इस आशय की जानकारी थानाध्यक्ष पवन कुमार ने दी।

बालू लदा ट्रैक्टर जप्त-प्राथमिकी दर्ज

नवादा : जिले के वारिसलीगंज में अवैध बालू खनन करने के आरोप में गुरुवार को पुलिस ने बालू लदा एक ट्रैक्टर जप्त किया। जिसके विरुद्ध जिला खान विभाग के सहायक निदेशक विजय कुमार सिंह ने प्राथमिकी दर्ज करवाया है। कहा गया कि उक्त वाहन से साढ़े पंद्रह हजार रुपये का सरकारी राजस्व को नुकसान पहुंचाया गया है। इस आशय की जानकारी थानाध्यक्ष पवन कुमार ने दी।

16 में से 8 पंचायतो के पैक्स के द्वारा धान खरीद शुरू

– अब तक मात्र 1178 क्विंटल हुई धान की खरीद

नवादा : बिहार सरकार द्वारा किसानों से धान खरीदने के तिथि के 20 दिन बाद यानि बुधवार तक वारिसलीगंज के 16 पैक्सों में से 8 पैक्सो के द्वारा धान खरीद शुरू कर दिया गया है। इन 3 दिनों में लक्ष्य के विरुद्ध मात्र 1178 क्विंटल धान की खरीद की गई है।

बता दें कि जिले भर में धान के कटोरा के रूप में अपनी पहचान रखने वाला वारिसलीगंज में लगातार कुछ वर्षों से सुखाड़ के बाद इस बार धान की अच्छी उत्पादन हुई है। सरकार द्वारा पैक्स के माध्यम से धान खरीदने में देरी के कारण रवी फसल की बुआई के लिए जुताई, उर्वरक आदि का खर्च निकालने के लिए धान की बिक्री बिचौलियों के हाथों कर रहें हैं। वही क्षेत्र के कुछ बड़े किसान मजदूरों का अभाव झेलते हुए अभी भी धान को खलिहान तक लाने व रवी फसलों की बुआई आदि कार्य में जुटे हुए हैं।

गौरतलब है कि प्रखंड के कुल 16 पंचायतों में लगभग 50 हजार से अधिक किसान हैं। बावजूद अब तक क्षेत्र के 10 फीसदी किसान भी धान बेचने के लिए रजिस्ट्रेशन नहीं करा सके हैं। सरकार द्वारा तय किए गए समर्थन मूल्य पर धान बेचने के लिए महीनों से रजिस्ट्रेशन करने का पोर्टल खुला हुआ है। बावजूद अब तक मात्र 740 किसान अपना रजिस्ट्रेशन करवाया है।

प्रखंड क्षेत्र में धान खरीद की देखरेख कर रहे नोडल पदाधिकारी संतोष कुमार झा के नेतृत्व में पिछले शनिवार को प्रखंड कार्यालय में प्रखंड के सभी पैक्स अध्यक्षों के साथ बैठक कर किसानों से धान खरीदने का कार्य शीघ्र शुरू करने को कहा गया। जिस पर उपस्थित पैक्स अध्यक्षों ने बताया था कि धान में अभी काफी नमी मौजूद है। हालांकि अधिकारियों के दबाव के कारण प्रखंड क्षेत्र के 8 पैक्सो के द्वारा धान खरीद शुरू कर दी गई है। जबकि अभी भी आधे पैक्स के द्वारा धान खरीदने का कार्य शुरू नहीं किया गया है। प्रखंड सहकारिता पदाधिकारी के अनुसार अगले कुछ दिनों में सभी पैक्सो के द्वारा धान खरीद शुरू कर दी जाएगी।

धान बिक्री के लिए रजिस्ट्रेशन करवाने नहीं पहुंच रहे किसान:-

सरकार द्वारा खोले गए धान क्रय केंद्र में धान बेचने के लिए किसानों को ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन करवाना जरूरी होता है। जिसके लिए एक महीना से ऑनलाइन साइट उपलब्ध है। बावजूद प्रखंड क्षेत्र के किसान क्रय केंद्र में धान बेचने के लिए रजिस्ट्रेशन करवाने में दिलचस्पी नहीं दिखा रहे हैं। यही कारण है कि एक महीना से चल रहे किसान रजिस्ट्रेशन में मात्र 740 किसानों ने धान बेचने के लिए रजिस्ट्रेशन करवाया है।

बता दें कि पिछले साल धान बेचने के लिए बड़ी संख्या में किसानों द्वारा रजिस्ट्रेशन करवाया गया था। लेकिन अधिकारियों और पैक्स अध्यक्षों की मनमानी के कारण किसानों से नाम मात्र के धान की खरीदारी कर खानापूर्ति की गई थी और किसानों के घर में रखा हुआ रजिस्ट्रेशन धरा का धरा रह गया था।

धान बेचने के 72 घंटा बाद उपलब्ध करा दी जाएगी राशि:-

धान बेचने के लिए किसान की अरुचि का प्रमुख कारण पिछले कुछ वर्षों से धान बिक्री के बाद किसानों को महीना या एक बर्ष से अधिक समय तक भुगतान नहीं मिलना प्रमुख कारण है। लेकिन इस बार प्रखंड सहकारिता पदाधिकारी धर्मेंद्र कुमार के अनुसार धान बेचने के 72 घंटा बाद ही किसानों को राशि उपलब्ध करवा दी जाएगी। जबकि पैक्स अध्यक्षों के अनुसार जब तक एक लॉट धान की खरीद पूरा नहीं होता है।

किसानों को भुगतान करने की प्रक्रिया पूरी नहीं की जा सकती है। सरकार के को-ऑपरेटिव वेबसाइट पर डाले गए डाटा के अनुसार बरनावा से 200 क्विंटल , चकवाय से120 क्विंटल, हाजीपुर से 60 क्विंटल, कोचगांव से 230 क्विंटल ,मंजौर से 51 किण्टल, मोहिद्दीनपुर से 403 क्विंटल ,मोसमा से 146 क्विंटल, शाहपुर से 145 क्विंटल, ठेरा से 225 क्विंटल की खरीदारी की जा चुकी है।

ऑटो और कार में भीषण टक्कर, तीन जख्मी

नवादा : जिले में ऑटो और कार की टक्कर में तीन लोग जख्मी हो गए। घटना हिसुआ थानाक्षेत्र अंतर्गत एनएच 82 गया-हिसुआ पथ पर मंझवे मोड़ के पास की है। टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों गाड़ियां बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई।

नरहट थाना क्षेत्र का मामला:-

बताया जाता है कि नरहट थाना क्षेत्र के अंतर्गत गंगटा ग्राम निवासी राम चरित्र प्रसाद, सिद्धेश्वर प्रसाद और मनोज प्रसाद अपने भाई संपूर्ण कुमार के लिए लड़की देखने रिउला गांव जा रहे थे।उसी क्रम में हादसा हो गया। दुर्घटना में तीन लोग बुरी तरह जख्मी हुए हैं।

स्थानीय लोगों ने सभी घायलों को हिसुआ सामुदायिक अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उनका इलाज चल रहा है।
नवादा रेफर किए गए. घायल हिसुआ सामुदायिक अस्पताल के डॉक्टरों ने बेहतर इलाज के लिए एक जख्मी को नवादा रेफर कर दिया है। घटना की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों गाड़ियों को जब्त कर आगे की कार्रवाई में जुट गई है ।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here