07 दिसंबर : आरा की मुख्य खबरें

0
आरा की मुख्य ख़बरें

युवा बालू ठेकेदार की हत्या में हथियार के साथ गिरफ्तार

आरा : सहार थानान्तर्गत पेरहाप गांव निवासी बालू ठेकेदार नीतीश कुमार उर्फ छोटू की हत्या में पुलिस ने एक वांटेड को गिरफ्तार किया है। वह पटना जिले के बिहटा थानान्तर्गत बिंदौल गांव निवासी चुल्लु पांडेय बताया जा रहा है। उसके पास से हथियार भी मिला है। भोजपुर एसपी हर किशोर ने गिरफ्तारी और हथियार बरामदगी की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि उसकी निशानदेही पर घटना में शामिल अन्य अपराधियों की धरपकड़ को ले छापेमारी की जा रही है। इस मामले में पहले भी दो आरोपितों पेरहाप निवासी स्व.बरुण राय की पत्नी इंदु देवी और पुत्री खुशबू कुमारी को गिरफ्तार किया था|

सहर थानाध्यक्ष ने बताया कि 29 अक्टूबर की रात पेरहाप गांव निवासी प्रोफेसर संजय कुमार सिंह के ठेकेदार पुत्र नीतीश कुमार उर्फ छोटू बाइक से अपने गांव के पास ही एक रिश्तेदार के घर जा रहा था। उसी दौरान तीन की संख्या में अपराधियों ने ताबड़तोड़ फायरिंग कर उसे मौके पर ही मौत की नींद सुला दिया| उसे लेकर नीतीश कुमार के पिता संजय कुमार सिंह द्वारा तीन नामजद और अन्य अज्ञात के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई थी। उसमें विधवा चचेरी चाची और उसकी बेटी द्वारा साजिश के तहत गोली मार कर हत्या करने का आरोप लगाया गया था। हत्या का कारण चचेरी बहन के गलत संबंध का विरोध करना बताया गया था।

swatva

बंटवारे के विवाद में फायरिंग, एक गिरफ्तार

आरा : भोजपुर जिले के सिन्हा ओपी क्षेत्र के मौजमपुर गांव में बंटवारे के विवाद में जम कर हुयी मारपीट और फायरिंग| फायरिंग में राजकुमार सिंह घायल हो गए जबकि उनका भतीजा चुन्नू बल बल बच गया| मारपीट और फायरिंग की सूचना पर मौज़म्पुर पहुंची पुलिस ने मौके से एक आरोपित अजय सिंह को गिरफ्तार किया है तथा गोली, छह खोखे और एक बुलेट बाइक भी बरामद की गयी है। हालाँकि अन्य आरोपित भाग गए| इस सम्बन्ध में सिन्हा ओपी में दो अलग अलग प्राथमिकी दर्ज़ की गयी है|

पहली प्राथमिकी राजकुमार सिंह की और से मारपीट और फायरिंग की है। उसमें देवबल्लम सिंह और उनके पुत्र और भतीजों सहित आठ लोगों को आरोपित किया गया है। जबकि दूसरी प्राथमिकी सिन्हा ओपी के चंद्रभूषण सिंह के बयान पर गोली और खोखा बरामदगी को लेकर की गयी है। उसमें चार लोगों को नामजद किया गया है। दोनों मामले में भाजपा नेता प्रिंस सिंह बजरंगी को भी नामजद किया गया है।

राजकुमार सिंह की ओर से दर्ज प्राथमिकी में कहा गया है कि वह अपने भतीजे चुन्नु सिंह के साथ घर पर थे। तभी उनके पट्टीदार देवबल्लम सिंह अपने बेटे रोहित सिंह व विपुल सिंह तभी और भाजपा नेता प्रिंस बजरंगी के साथ दरवाजे पर आ धमके और बंटवारे को लेकर गाली-गलौज करने लगे। लात-घुंसो से मारपीट भी की जाने लगी। तब तक अजय सिंह उर्फ राकेश सिंह, उसके भाई अमित सिंह उर्फ अरविंद सिंह और रघुवीर सिंह हथियार लेकर व उनके पुत्र बबलू सिंह भी लाठी के साथ आ गये। इस दौरान पटक कर उनका गला दबाया जाने लगा। इसी क्रम में उनके भतीजे चुन्नु सिंह पर गोली भी चला दी गयी। लेकिन वह बच गया। इतना ही नहीं| आरोपितों ने रघुवीर सिंह की पत्नी हीराझरी देवी के साथ भी अभद्रता करते हुए उनके कपडे भी फाड़ दिए|

दारोगा चंद्र भूषण सिंह की ओर से दर्ज केस में कहा गया है कि सूचना मिली कि मौज़मपुर में राजकुमार सिंह के दरवाजे पर कुछ लोग हथियार लेकर पहुंचे हैं और झगड़ा कर रहे हैं। इस पर वह पहुंचे, तो लोग आपस में झगड़ा कर रहे थे। पुलिस को देखते ही सभी भागने लगे। इस दौरान अजय सिंह को पकड़ लिया गया। जबकि अन्य भाग निकले। मौके से गोली, खोखे और बुलेट बाइक जब्त की गयी। वहीं गिरफ्तार अजय सिंह ने भागने वाले लोगों के नाम भी बताया। उनमें विपुल सिंह, रोहित सिंह और बजरंगी सिंह उर्फ प्रिंस सिंह के नाम शामिल हैं। वहीं भागने के क्रम में विपुल सिंह के पैंट की जेब से गोली के खोखे और बुलेट बाइक की चाबी गिर पड़ी, जिसे जब्त कर लिया गया।

दूसरी तरफ राजकुमार सिंह और पुलिस द्वारा दर्ज केस में आरोपित प्रिंस सिंह बजरंगी ने अपने खिलाफ लगे आरोप से साफ इनकार किया है। उनका कहना है कि सिन्हा ओपी (बड़हरा थाना) में फर्जी मुकदमा किया गया है। कहा कि वह घटना के समय मौके पर गये पुलिस पदाधिकारी के साथ थे। पारिवारिक बंटावारा हो रहा था। अगर वे लोग दोषी थे तो पुलिस द्वारा उस समय गिरफ्तारी क्यों नहीं की गयी? कहा कि वहां फायरिंग नहीं हुई थी। उनलोगों को पूरी तरह फंसाने के लिये षड्यंत्र के तहत केस किया गया है। प्रशासन को इसकी निष्पक्ष जांच करनी चाहिए।

आटा मिल संचालक की मौत

आरा : आरा-छपरा मुख्य मार्ग पर जिले के कोईलवर थानान्तर्गत राजापुर इंग्लिश गांव के समीप सुबह सड़क हादसे में एक युवक की मौत हो गई। सूचना मिलते ही स्थानीय थाना घटनास्थल पर पहुंचा और शव को कब्जे में लेकर उसका पोस्टमार्टम सदर अस्पताल में करवाया। मृतक कोईलवर थाना क्षेत्र के नारायणपुर गांव निवासी जयनाथ राय का 20 वर्षीय पुत्र अंकित कुमार उर्फ दीपक कुमार है। वह नारायणपुर बाजार पर आटा मिल चलाता था।

मृतक के चचेरे भाई कुंदन कुमार ने बताया कि अंकित कुमार उर्फ़ दीपक कुमार की आटा मिल की चक्की बिगड़ गयी थी जिसे ठीक करवाने के लिए वह अपने चचेरे भाई कुंदन कुमार के साथ बाइक से मिस्त्री को लाने जा रहा था। इसी बीच राजापुर इंग्लिश गांव के समीप रोड जाम था। तभी वह बाइक से उतर गया और अपने चचेरे भाई को आगे बढ़ने के लिए कहा। जैसे ही वह सड़क पार कर रहा था। इसी बीच विपरीत दिशा से आ रहे ट्रक ने उसे टक्कर मार दी। जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। मृतक के चचेरे भाई कुंदन कुमार ने घटना की सूचना स्थानीय थाना को दी!सूचना मिलते ही स्थानीय थाना घटनास्थल पर पहुंचा और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम आरा सदर अस्पताल में करवाया।

ट्रेन की चपेट में आने से स्नातक के छात्र की मौत

आरा : दानापुर-पीडीडीयू रेलखंड पर आरा एवं कारीसाथ स्टेशन के बीच डाउन लाइन पर सुबह ट्रेन की चपेट में आने से स्नातक के छात्र की मौत हो गई। सूचना मिलते ही आरा रेल पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम सदर अस्पताल में करवाया। मृतक गड़हनी थाना क्षेत्र के बनकट गांव निवासी शिव कुमार सिंह का 25 वर्षीय पुत्र दिवेन्द्र प्रताप सिंह है। वह बीएससी फाइनल का छात्र था। मृतक के परिजनों ने बताया कि वह सुबह गांव के ही लड़कों के साथ घूमने जा रहा था। उसी दरम्यान जब वह रेलवे ट्रैक पार कर रहा था तभी विपरीत दिशा से आ रही ट्रेन की चपेट में आ गया।

ट्रक चालकों से पैसे की वसूली करने पर चौकीदार गिरफ्तार

आरा : भोजपुर जिले के चांदी थाना क्षेत्र में ट्रक ड्राइवरों से पैसे की वसूली करते चौकीदार का फोटो वायरल होने के बाद एसपी हर किशोर राय ने मामले की जांच कराई। जांच में मामला सही पाया गया। एसपी के आदेश पर चांदी थाना के चौकीदार अक्षय कुमार की गिरफ्तारी हुई, जिस पर प्राथमिकी दर्ज कर जेल भेज दिया गया। एसपी ने उसे तत्काल प्रभाव से निलंबित भी कर दिया है|

बता दें कि जिले के कोईलवर, बड़हरा समेत अन्य थाना क्षेत्रों में आए दिन ट्रक चालकों से पैसे की वसूली का वीडियो और ऑडियो वायरल होता है। इसको लेकर अब एसपी हर किशोर राय ने कड़ा रुख अख्तियार कर लिया है। इसी कड़ी में चौकीदार अक्षय कुमार पर कार्रवाई की गई है। तरह की भोजपुर एसपी के द्वारा की गई कार्रवाई से अवैध धंधे में लिप्त रहने वाले पुलिसकर्मियों के होश उड़े हुए हैं। सूत्रों के अनुसार एसपी हर किशोर राय वैसे लोगों की लिस्ट तैयार करवा रहे हैं जो गलत कार्यों में लिप्त रहते भोजपुर एसपी ने कहा कि अवैध वसूली करने वाले पुलिसकर्मी सावधान हो जाएं। यदि आप के खिलाफ जरा सा भी अवैध वसूली या गलत कार्यों में संलिप्त रहने की जानकारी प्राप्त हुयी तो ऐसे पुलिस कर्मियों के खिलाफ कड़ी से कड़ी कार्रवाई की जायेगी।

भोजपुर एसपी ने जारी किये पुलिस कंट्रोल रूम के तीन नए नंबर

आरा : भोजपुर पुलिस का कंट्रोल रूम एक बार फिर से एक्टिव हो गया। एसपी हर किशोर राय की पहल पर इस बार नये अंदाज में कंट्रोल रूम को चालू किया गया है। इसको लेकर तीन बेसिक फोन नंबर जारी किये गये हैं। एसपी के अनुसार जिला कंट्रोल रूम में 06182-222002, 06182-222003 एवं 06182-222004 नंबर काम कर रहे हैं। तीनों बेसिक नंबर 24 घंटे चालू रहेंगे। इसको लेकर तीन शिफ्टो में पुलिसकर्मियों की तैनाती कर दी गई है। पब्लिक आपात स्थिति में कभी भी इन तीनों बेसिक नंबरों पर कॉल कर अपनी शिकायत दर्ज करा सकती हैं। इसके बाद पुलिस तुरंत मदद करेगी।

एसपी ने बताया कि तीनों नंबर डायल 100 नंबर के विकल्प के रूप में भी काम करेंगे। विदित हो कि आम जन की समस्याओं को देखते हुये काफी पहले ही पुलिस कंट्रोल रूम की स्थापना की गयी थी। उसमें फोन के जरिये आम लोगों की शिकायत दर्ज करने की व्यवस्था लागू की गयी थी। उसमें तीन शिफ्टों में पुलिस कर्मियों की डयूटी लगायी गयी थी। समय-समय पर कंट्रोल रूम को अपडेट भी किया जाता रहा है।

इसके अलावे डायल 100 नंबर की भी व्यवस्था की गयी थी। लेकिन फिलहाल कुछ दिनों से कंट्रोल रूम के फोन काम नहीं कर रहे थे। डायल 100 नंबर सेवा भी फेल थी। लोग उन नंबरों पर फोन करते रह जाते थे, लेकिन कॉल रिसीव नहीं हो पाते थे। इसे देखते हुये एसपी ने कंट्रोल रूम को नये सिरे से चालू करते हुये तीन बेसिक फोन नंबर जारी किया है।

दो ऑटो से 440 लीटर देसी शराब बरामद

आरा : भोजपुर जिले की जगदीशपुर थाना पुलिस की टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर दो ऑटो पर लोड 440 लीटर देसी महुआ शराब बरामद किया। पुलिस ने मौके से दो धंधेबाजों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार दोनों धंधेबाजों से पुलिस पूछताछ कर रही है। इसकी जानकारी एसपी हर किशोर राय ने दी। उन्होंने बताया कि जप्त देशी शराब ऑटो पर लोड थी और पॉलिथीन में पैक थी। गिरफ्तार दोनों पर एफआईआर दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।

पिस्टल के साथ एक गिरफ्तार

आरा : भोजपुर जिले के आरा शहर स्थित टाउन थाना क्षेत्र के गौसगंज शराब डिपो के पास से टाउन थाना पुलिस ने एक युवक को गिरफ्तार किया है। पकडे गए युवक के पास से हथियार मिला। गिरफ्तार युवक का नाम अभिषेक पासवान बताया जा रहा है पुलिस उससे पूछताछ करने में लगी हुई है कि आखिर हथियार उसके पास कहां से आया। बताते चलें कि भोजपुर एसपी हर किशोर राय के निर्देश पर पुलिस अपने-अपने थाना क्षेत्रों में लगातार छापेमारी कर रही है जिसका परिणाम भी सामने आ रहा है।

भोजपुर में ज्ञान यज्ञ महोत्सव का होगा आयोजन

आरा : आगामी 11 से 15 दिसंबर तक श्री लक्ष्मी प्रपन्ना जियर स्वामी जी महाराज प्रवचन बिहिया प्रखंड के मझौली गांव में आगामी 11 से 15 दिसंबर तक आयोजित होगा है| इस ज्ञान यज्ञ महोत्सव की तैयारी जोर-शोर से चल रही है। ब्रम्हलीन संत त्रिदंडी स्वामी जी के परम् शिष्य श्री लक्ष्मी प्रपन्न जीयर स्वामी जी के तत्वावधान में आयोजित महोत्सव में प्रवचन कार्यक्रम का भी आयोजन किया गया है जिसमें ज्ञान की गंगा प्रवाहित होगी।

बिहिया नगर से महज दो किलोमीटर की पश्चिम में बिहिया-तियर पथ पर मझौली गांव के समीप महोत्सव को लेकर जमीन की घेराबंदी, समतल करने का काम व स्वामी जी के कुटिया निर्माण का कार्य जोरों पर है। महोत्सव में एक से बढ़कर एक संत प्रवचन करने के लिए पहुंचेंगे जहां भारी भीड़ उमड़ने की संभावना है। ज्ञान यज्ञ की सूचना पर बिहिया थानाध्यक्ष शशिभूषण प्रसाद भी यज्ञ स्थल पर पहुंचे तथा आयोजनकर्ताओं से बातचीत कर इस संबंध में जानकारी ली तथा हर संभव सहयोग करने का आश्वासन दिया।

काली मंदिर के निकट से फौजी का शव बरामद

आरा : चरपोखरी थाना क्षेत्र के गड़हनी काली मंदिर के गेट के निकट एक अधेड़ व्यक्ति का पुलिस ने शव बरामद किया।बताया जाता कि अधेड़ व्यक्ति गेट के निकट लेते हुए था ग्रामीण समझे कि शराब पीकर गिरा है परंतु व्यक्ति जगाने पर नही जगा तो ग्रामीणों ने इसकी सूचना चरपोखरी थाना को दी। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी ओमप्रकाश ने मौके पर पहुच शव को अपने कब्जे में ले लिया।

बाद में खोज बिन करने पर पता चला के अधेड़ व्यक्ति गड़हनी थाना क्षेत्र के बंगवा गांव निवासी रामदेव भारती के पुत्र सतेंद्र भारती है। बताया जाता है कि दिमागी रूप से ठीक नही थे। सतेंद्र भारती आर्मी में थे लगभग 10 वर्ष पूर्व ही नैकरी छोड़ दिये थे। मृतक सतेंद्र भारती की पत्नी मधु कुमारी देवी व पुत्र सत्यम कुमार (2) तथा पुत्री सलोनी कुमारी 11 वर्ष का रो रो कर बुरा हाल था। बताया जाता है कि फौजी सतेंद्र भारती सेना की नौकर छोड़ दिया था।सेना के जवानों ने कई बार पकड़ कर सेना की यूनिट ले गए परन्तु सेना से भाग कर घर आ जाता था।अंत मे सेना ने फौजी सतेंद्र की खोज बिन करना ही छोड़ दिया।

राजीव एन अग्रवाल की रिपोर्ट

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here