08 अगस्त : आरा की मुख्य खबरें

0
आरा की मुख्य ख़बरें

संवरी नदी में डूबने से ऑटो चालक की मौत, रविवार को मिला शव

आरा : भोजपुर जिले के मुफस्सिल थानान्तर्गत लक्ष्मणपुर गांव की संवरी नदी में डूबने से शनिवार की शाम एक ऑटो चालक की मौत हो गई। उसका शव रविवार की सुबह बरामद हुआ। मृतक लक्ष्मणपुर गांव निवासी स्व.गुलाब साह का 38 वर्षीय पुत्र विनोद कुमार साह है। वह पेशे से ऑटो चालक था। मृतक के परिजन ने बताया कि वह शनिवार की शाम मवेशी के लिए चारा लाने नदी पार करके दूसरी तरफ खेत में गया था। चारा लेकर लौटते समय संवरी नदी में पानी अधिक होने के कारण वह डूब गया, जिससे उसकी मौत हो गई।

ग्रामीणों ने इसकी सूचना मृतक के परिजनों को दी। सूचना मिलते ही परिजन घटनास्थल पर पहुंचे और नाव की मदद से शव की काफी खोजबीन की। लेकिन शव नहीं मिल पाया। इसकी सूचना स्थानीय थाना को दी। स्थानीय थाना ने घटनास्थल पर पहुँच कर एसडीआरएफ की टीम की मांग अफसरो से की।एसडीआरएफ की टीम घटनास्थल पर पहुंची और शव की खोजबीन शुरू की।

swatva

काफी खोजबीन करने के बाद शव को रविवार की सुबह पानी से बाहर निकाला गया। इसके बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर उसका पोस्टमार्टम सदर अस्पताल में करवाया। घटना की सूचना मिलते ही माले नेता क्यामुद्दीन अंसारी व जीप सदस्य धनंजय कुमार सदर अस्पताल पहुंचे और मृतक के परिजनों से घटना की जानकारी ली एवं उन्हें ढांढस बंधवाया। साथ ही उन्होंने आरा सदर के सीओ से तत्काल आपदा कोष से मुआवजा राशि देने की मांग की।

59 वर्षीय हवलदार की मौत

आरा : भोजपुर जिले के चरपोखरी थानान्तर्गत बालबांध गांव स्थित एक घर में सीढ़ी से गिरकर 59 वर्षीय हवलदार अजीज कुमार राय जख्मी हो गये है. परिजन इलाज के लिए सीएससी अस्पताल चरपोखरी ले गए ,जहां से बेहतर इलाज के लिए डॉक्टर ने सदर अस्पताल रेफर कर दिया पर अस्पताल लाने के दौरान उनकी मौत हो गयी| अस्पताल में उनका पोस्टमार्टम कराया गया।

मृतक के पुत्र ने बताया कि बीती रात तेज बारिश हो रही थी। सीढ़ियों से उतरने के क्रम में उनका पैर फिसल गया और वह गिरकर जख्मी हो गए .उन्हें इलाज के लिए लाया जा रहा था लेकिन रास्ते में ही उन्होंने दम तोड़ दिया।

ससुराल में युवक का शव में पानी में तैरते मिला

आरा : भोजपुर जिला के नवादा थानान्तर्गत धोबीघटवा सिद्धार्थ नगर में शनिवार को ससुराल आये एक युवक की पानी में डूबने से मौत हो गई। पत्नी की विदाई कराने आया युवक शौच के दौरान नहर में गिर पड़ा। इलाज के लिये सदर अस्पताल लाये जाने पर उसे मृत घोषित कर दिया गया। मृतक बिहिया थानान्तर्गत मझौली गांव निवासी बालकिशन यादव का 30 वर्षीय पुत्र सुनील यादव था। वह पेशे से पेंटर था।

मृतक के साला सोनू कुमार ने बताया कि उसकी बहन कुछ दिन पूर्व मायके आयी थी। उसे विदा कराने के लिये उसके जीजा शुक्रवार की शाम आये थे। नहर में पानी आने के कारण उसके घर के पीछे पानी भर गया है। शनिवार को वे शौच को गए थे। तभी उनका पैर फिसल गया और वह पानी में गिर गये।

देर तक जब वह घर नही लौटे, तो खोजबीन शुरू की। उनका शव देर शाम पानी में तैरते दिखा। स्थानीय लोगों की सहयोग से उनको बाहर निकाला गया और सदर अस्पताल लाया गया।वहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। बाद में इसकी सूचना नवादा थाना पुलिस को दी। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम आरा सदर अस्पताल में करवाया।

प्रेमी के साथ फरार विवाहित महिला बरामद, प्रेमी हिरासत में

आरा : पूर्व प्रेमी के साथ फरार विवाहित महिला को भोजपुर पुलिस ने उसके प्रेमी के साथ बिहिया चौरस्ता से गिरफ्तार कर लिया गया। शाहपुर थानान्तर्गत एक गांव से अजय कुमार सिंह की पत्नी अंजू कुमारी अपने मायके के बगलगीर पूर्व प्रेमी अतुल कुमार के साथ 25 मई की रात फरार हो गई थी। अजय कुमार सिंह ने अतुल कुमार पर पत्नी को भगा ले जाने का कांड अंकित कराया था।

शाहपुर थाना के दारोगा राजेंद्र प्रसाद ने बताया कि अजय कुमार सिंह की शादी पटना जिले के दानापुर नगर परिषद क्षेत्र के वार्ड टोला मोहल्ले में हुई थी। महिला अपने बगलगीर अतुल कुमार मिश्रा के साथ कॉलेज में पढ़ती थी। उसी समय एक दूसरे के करीब आ गए थे। हालांकि इसके बाद अंजू कुमारी की शादी हो गई। परंतु उनका मेलजोल बंद नहीं हुआ था। इसी बीच 25 मई की रात अतुल कुमार तेतरिया आया और अंजू कुमारी उसके साथ भाग गई। महिला की बरामदगी के बाद उसे कोर्ट के समक्ष प्रस्तुत किया गया। कोर्ट के निर्देशानुसार महिला को उसके माता-पिता के हवाले कर दिया गया। वही गिरफ्तार प्रेमी को अपरिहार्य कारणों के कारण रिमांड नहीं किया जा सका है।

बाइक से टकराया घोड़पड़ास, मुखिया प्रत्याशी जख्मी

आरा : भोजपुर जिले के धोबहा ओपी अंतर्गत सलेमपुर गांव के समीप सुबह सड़क हादसे में बाइक सवार एक युवक जख्मी हो गया। उसका इलाज सदर अस्पताल में कराया गया। जानकारी के अनुसार जख्मी युवक धोबहां ओपी क्षेत्र के शुक्लपुरा गांव निवासी सह बाघीपाकड़ पंचायत के मुखिया प्रत्याशी संजय शुक्ला है।

जख्मी संजय शुक्ला ने बताया कि वह आज सुबह बाइक से बिहिया थाना क्षेत्र के बिहिया गांव किसी काम से जा रहे थे। इसी बीच सलेमपुर गांव के समीप अचानक एक घोड़पड़ास आकर उसकी बाइक से टकरा गया। जिससे बाइक से गिर पड़े और जख्मी हो गए। उसका इलाज सदर अस्पताल में कराया गया।

सड़क दुर्घटना में मां-बेटे सहित तीन जख्मी

आरा : भोजपुर जिले के चरपोखरी थानान्तर्गत आरा सासाराम मुख्य मार्ग पर सेमरांव महादलित बस्ती के समीप सड़क दुर्घटना में बाइक सवार मां-बेटे सहित तीन जख्मी हो गए. जख्मी की पहचान रोहतास जिले के बिक्रमगंज थानान्तर्गत तेंदुनी गांव निवासी मो.हबीब अंसारी की पत्नी कैमुन बेगम (53) व इनके पुत्र नाजिर आंसारी (29) बहु अनीशा खातून (25)के रूप में हुई।

बताया जाता है कि नाजिर अंसारी मोटरसाइकिल से पत्नी और माता को लेकर पवना स्थित ससुराल जा रहा था .इसी दौरान सेमरांव के समीप बाइक के आगे एक व्यक्ति आ गया. जिसे बचाने के चक्कर में बाइक से गिरकर तीनो लोग बुरी तरह जख्मी गए. स्थानीय लोगों की मदद से सभी जख्मी को इलाज के लिए सीएचसी चरपोखरी लाया गया.जहां डॉक्टरों ने इलाज के बाद बेहतर इलाज के लिए आरा रेफर कर दिया।

जहां पहुंचे थे राजेश खन्ना वो सिनेमा हॉल आज खँडहर

आरा : कोरोना की वजह से आरा सहित भोजपुर के सिनेमा घरों की स्थिति नाज़ुक हो गयी है| कई तो बंद हो गये या कुछ बंदी के कगार पर हैं और कुछ को तोड़ा जा रहा है| कोरोना की पहली लहर को मालिकों ने जैसे-तैसे सह लिया परन्तु दूसरी लहर ने पूरी तरह से बेजार कर दिया। शहर का सबसे पुराना मोहन सिनेमा हॉल इतिहास बन गया। इन दिनों इसके भवन मॉल बनाने को लेकर तोड़ा जा रहा है।

भोजपुर जिला मुख्यालय आरा में तीन सिनेमा हॉल थे| आज से करीब सात साल पहले मोती महल को आधुनिक सुविधाओं से लैस किया गया पर वह स्थायी तौर पर बंद कर दिया गया है। अब इसे मॉल के लिए किराया पर दिया गया है| शहर का रूपम सिनेमा हॉल जिसका शुरूआती नाम दीपक टाकीज था, तो काफी पहले ही बंद हो गया है और अब यहां मॉल खड़ा हो गया है।

फिलहाल शहर का इकलौता सपना सिनेमा घर बच गया है। इस सिनेमा हॉल की शुरुआत भी 1975 में ही रोटी, कपड़ा और मकान के साथ हुयी थी| यह भी कोरोना की दूसरी लहर में बीते 19 अप्रैल से बंद है। संचालक राहुल विश्वकर्मा बताते हैं कि अब यह बिजनेस घाटे का सौदा बन गया है। हालांकि उन्होंने अभी आस नहीं छोड़ी है। सिनेमा हॉल खोलने के लिए सरकार के निर्देश का इंतजार कर रहे हैं।

इस तरह सपना सिनेमा शहर का इकलौता रह गया है। संचालक की उम्मीद की वजह भी शायद यही है या फिर वे अभी इससे बेहतर विकल्प तलाश नहीं सके हैं। वहीं पीरो के पुराना बाईपास रोड स्थित अंबा केशरी चित्र मंदिर सिनेमा हॉल भी कोरोना की पहली लहर के लॉकडाउन में हमेशा के लिए बंद हो गया। संचालक राजेश केशरी ने बताया कि उन्होंने सिनेमा हॉल का अपना लाइसेंस भी सरेंडर कर दिया है। वहीं पीरो के जगदीशपुर-बिहिया पथ पर स्थित अशोक चित्र मंदिर सिनेमा घर के संचालक मोना कक्कड़ ने अभी उम्मीद नहीं छोड़ी है। वे सिनेमा हॉल खुलने के सरकारी निर्देश का इंतजार कर रहे हैं।

आरा के करमन टोला स्थित मोती महल सिनेमा का अपना सुनहरा इतिहास रहा है। रोटी फिल्म के प्रमोशन के लिए सुपरस्टार राजेश खन्ना भी यहां आये थे और उसी दिन इस सिनेमा हाल का उद्घाटन भी किया गया था| संचालक कन्हैया साह बताते हैं कि कोरोना की ऐसी मार पड़ी कि यह बिजनेस मुत्यु-शैय्या पर पहुंच गया है। लिहाजा सिनेमा घर को पूरी तरह बंद कर दिया गया है। यह सिनेमा घर 1975 से ही संचालित हो रहा था।

करीब सात साल पहले इसे नये ढंग से सुसज्जित किया गया। यूएफओ सिस्टम, सेटेलाइट, जेबीएल साउंड बॉक्स, महंगी स्क्रीन, लक्जरियस सीटों जैसी आधुनिक सुविधाओं से लैस किया गया। तब आरा शहरवासियों ने बेहिचक परिवार के साथ इस सिनेमाघर की ओर दोबारा रूख किया, लेकिन कोरोना की दो लहरों ने सब कुछ तबाह कर दिया। कुल 33 कर्मचारियों में से धीरे-धीरे संख्या घटी और अब तो सभी दूसरे रोजगार में जुट गये हैं या तलाश कर रहे हैं।

मैनेजर वीरेंद्र पांडेय बताते हैं कि मोती महल सिनेमा हॉल में सबसे आखिरी फिल्म चक्र का रखवाला 18 अप्रैल, 2021 को चली। फिर कोरोना की दूसरी लहर में सिनेमा हॉल बंद कर दिये गये। अब यह सिनेमा घर भी रूपम और मोहन सिनेमा घरों की तरह इतिहास बन गया है। आरा के जेल रोड स्थित रूपम सिनेमा घर के मालिक एसपी देशमुख को 2006 में दादा साहेब फाल्के पुरस्कार से पुरस्कृत होने का गौरव हासिल है। उसी समय आरा का यह सिनेमा घर सबसे पहले इतिहास बना। यहां आज एनएस मॉल खड़ा है।

फिल्मों के शौकीन शहरवासी बताते हैं कि शुरुआती दिनों में रूपम सिनेमा घर का कोई जवाब नहीं था। साउंड से लेकर पिक्चर क्वालिटी बेजोड़ थी। परिवार के साथ लोग इस सिनेमा घर की ओर रुख करते थे। विद्यार्थियों में इसका खासा क्रेज था। इसकी वजह थी विद्यार्थियों के लिए टिकट दर में विशेष छूट। नई फिल्में रिलीज के साथ लगती थीं, जिसका पहला शो देखने के लिए भी दर्शकों में होड़ सी रहती थी। बताते हैं कि रूपम सिनेमा घर की लीज अवधि खत्म होने और लाभ अपेक्षाकृत कम होने के चलते इसे बंद करना पड़ा।

कमाई के लिए लिहाज से सिंगल स्क्रीन की हालत पहले ही खस्ता हो गई थी। आरा शहर के रूपम सिनेमा हॉल के अलावा भोजपुर जिले के जगदीशपुर के डीएम रोड में स्थित सिनेमा हॉल, बिहिया के ठाकुरबाड़ी रोड स्थित पिक्चर पैलेस, राजा बाजार के कटेया रोड स्थित उर्मिला सिनेमा हॉल बंद हो चुके हैं। लिहाजा उन इलाकों के दर्शक भी कुछ समय पहले तक आरा शहर के सिनेमाघरों की ओर रुख करते थे।

सिंचाई मंत्री का पुतला दहन किया गया इसाढ़ी बजार पर

आरा : कटेया नहर, नारायणपुर और ज्ञानपुर राजवाहा जगदीशपुर विधानसभा क्षेत्र भोजपुर के सभी नहरों पानी के सवाल पर पुर्व विधायक भाई दिनेश जी के आहवान पर आज इसाढ़ी बाज़ार पर सिंचाई मंत्री का पुतला फूंका गया| भाई दिनेश ने कहा कि अगर एक सप्ताह में इसाढ़ी बाज़ार के नीचे पानी नहीं पहुचता है तो नहर के अन्दर जन अधिकारी पार्टी किसानों के साथ धरना देगी|

जन अधिकार पार्टी के राष्ट्रीय मुख्य प्रवक्ता, राष्ट्रीय महासचिव सह संगठन प्रभारी बिहार भाई दिनेश कटेया नहर, नारायणपुर राजवाहा और ग्यानपुरा राजवाहा नहर पर किये तथा नहर मे निचले छोर तक पानी नही पहुँचने पर आक्रोशित हुए.

जन अधिकार पार्टी प्रखंड अध्यक्ष बिरेन्द्र सिंह ने कहा की एक सप्ताह के अंदर पानी निचले छोर तक नही पहुँचा तो इसाढ़ी बाजार पर नहर मे धरना पर जन अधिकार पार्टी किसानों के साथ बैठेगी l पुतला दहन में सम्लित जन अधिकार पार्टी के जगदीशपुर प्रखण्ड अध्यक्ष बिरेंद्र सिह, बीर बहादुर सिह, राजू यादव सुरेन्द्र सिंह बिनोद सिह, कैलाश राम, सुदेशवर् सिह, बाड़ू सिंह थे l

राजीव एन० अग्रवाल की रिपोर्ट

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here