13 जुलाई : मधुबनी की मुख्य खबरें

0
swatva samachar

स्वतंत्रता सेनानी सह बिहार के पूर्व विधानसभा के उपाध्यक्ष स्व० शकूर अहमद को उनके पुण्यतिथि पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने किया याद।

मधुबनी : जिला कांग्रेस कमिटी कार्यालय के सभागार में महान स्वतंत्रता सेनानी,बिहार के पूर्व विधानसभा के उपाध्यक्ष स्व० शकूर अहमद का 40वीं पुण्यतिथि जिलाध्यक्ष प्रो० शीतलाम्बर झा के अध्यक्षता में सादगी से मनाई गई। सर्वप्रथम उनके तैल चित्रों पे कांग्रेसजनों ने पुष्पांजलि कर शिद्दत से याद किया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिलाध्यक्ष प्रो० शीतलाम्बर झा ने उनके ब्यक्तित्व एवं कृतत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि स्व० शकूर अहमद सादगी के प्रतिमूर्ति थे। वे देश के आज़ादी की लड़ाई में बढ़चढ़ कर भाग लिए और कई बार उन्हें जेल की यातना भी सहना पड़ा।

प्रो० झा ने कहा आजादी के बाद उन्होंने बिहार कांग्रेस के बरिष्ट नेता के रूप में उभरे और मधुबनी जिला के खजौली एवं हरलाखी से कुल पांच बार विहार विधानसभा के सदस्य निर्वाचित हुए। वे बिहार विधानसभा के उपाध्यक्ष भी रहे। उन्होंने अपने कार्यकाल में मिथिलांचल सहित अपने क्षेत्र में कई विकासात्मक कार्य किए। जिला में कई सड़के खासकर किसानों के हित के लिए सिंचाई की व्यवस्था करबाए। शकूर सर्वधर्म समभाव में विश्वास करने बाले महान व्यक्ति थे।

swatva

उक्त कार्यक्रम में अकील अंजुम, मिथिलेश कुमार झा, प्रफुल्ल चन्द्र झा, साबिर अहमद, अनुरंजन सिंह, राजकमल सिंह कुशवाहा, आलोक कुमार झा, सुनील कुमार झा, जय कुमार झा, मो० अबू बकर, कुसुमकान्त झा, अनिल चन्द्र झा, मुकेश कुमार, रमेश पासवान, अशोक ठाकुर, राकेश यादव आदि थे।

कालाजार उन्मूलन के द्वितीय चक्र के लिए सिंथेटिक पायराथाइड का होगा छिड़काव

मधुबनी : जिले में कालाजार उन्मूलन को लेकर सिंथेटिक पायराथाइड का छिड़काव 15 जुलाई से अगले 66 दिनों तक चिह्नित करीब 82 गाँव में छिड़काव के लिए आदेश दिया गया है। छिड़काव के लिए 30 टीम का गठन किया गया है प्रत्येक टीम में 6 लोगों को रखा गया है। जिसे सदर अस्पताल सभागार में 13 तथा 14 जुलाई को प्रशिक्षण दिया जा रहा है। प्रशिक्षण में कर्मियों को एक भी घर नहीं छूटे इसका ख्याल रखने को कहा गया। छिड़काव में आशा, फैसिलिटेटर व प्रखंड स्तर के कर्मियों व अधिकारियों को शामिल किया गया है।

जिला वेक्टर जनित रोग नियंत्रण पदाधिकारी डॉ. एसएस झा ने बताया कि कालाजार की वाहक बालू मक्खी को खत्म करने तथा कालाजार के प्रसार को कम करने के लिए इंडोर रेसीडूअल स्प्रे (आईआरएस) किया जाता है। यह छिड़काव घर के अंदर दीवारों पर छह फीट की ऊंचाई तक होता है। कहा कि लोगों को प्रत्येक घरों में अवश्य छिड़काव करानी चाहिए, चाहे वह पूजा घर हो, बाथरूम हो या मवेशियों का स्थान। सभी जगहों पर छिड़काव कराने से कालाजार संक्रमण का खतरा कम हो जाता है। छिड़काव के दो घण्टा बाद घर मे प्रवेश करना चाहिये। साथ ही छिड़काव के छह महीने तक घर मे पेंटिग नहीं करानी चाहिए। इसे लेकर लोगों को जागरूक करने की ज़रूरत है।

सभी प्रखंड में किया जाएगा छिड़काव :

जिला वेक्टर जनित रोग नियंत्रण पदाधिकारी डॉ. एस एस झा ने बताया कि जिले के सभी 21 प्रखंड के 82 गांव में 1,10,206 घरों में,2,81,954 कमरों में, 5,48,308 प्रभावित लोगों के बीच छिड़काव किया जाएगा|

ऐसे फैलता है कालाजार :

जिला वेक्टर जनित रोग नियंत्रण सलाहकार नीरज कुमार सिंह ने कहा कि कालाजार एक संक्रमण बीमारी है जो परजीवी लिस्मैनिया डोनोवानी के कारण होता है। यह एक वेक्टर जनित रोग भी है। इस बीमारी का असर शरीर पर धीरे-धीरे पड़ता है। कालाजार बीमारी परजीवी बालू मक्खी के जरिये फैलती है जो कम रोशनी वाली और नम जगहों जैसे कि मिट्टी की दीवारों की दरारों, चूहे के बिलों तथा नम मिट्टी में रहती है। बालू मक्खी यही संक्रमण एक व्यक्ति से दूसरे व्यक्ति में फैलाती है। इस रोग से ग्रस्त मरीज खासकर गोरे व्यक्तियों के हाथ, पैर, पेट और चेहरे का रंग भूरा हो जाता है। इसी से इसका नाम कालाजार यानि काला बुखार पड़ा ।

हर पीएचसी पर मुफ्त जांच सुविधा उपलब्ध :

डॉ. झा ने बताया हर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पर कालाजार जांच की सुविधा उपलब्ध है। कालाजार की किट (आरके-39) से 10 से 15 मिनट के अंदर टेस्ट हो जाता है। हर सेंटर पर कालाजार के इलाज में विशेष रूप से प्रशिक्षित एमबीबीएस डॉक्टर और स्वास्थ्यकर्मी उपलब्ध हैं।

कालाजार के कारण :

केयर इंडिया के डीपीओ धीरज कुमार ने बताया कालाजार मादा फाइबोटोमस अर्जेंटिपस(बालू मक्खी) के काटने के कारण होता है, जो कि लीशमैनिया परजीवी का वेक्टर (या ट्रांसमीटर) है। किसी जानवर या मनुष्य को काट कर हटने के बाद भी अगर वह उस जानवर या मानव के खून से युक्त है तो अगला व्यक्ति जिसे वह काटेगा वह संक्रमित हो जायेगा। इस प्रारंभिक संक्रमण के बाद के महीनों में यह बीमारी और अधिक गंभीर रूप ले सकती है, जिसे आंत में लिशमानियासिस या कालाजार कहा जाता है।

कालाजार उन्मूलन के लिए भारत सरकार का मानक प्राप्त :

जिला वेक्टर जनित रोग नियंत्रण सलाहकार नीरज कुमार सिंह ने बताया जिले में लगातार छिड़काव के कारण कालाजार उन्मूलन के लिए भारत सरकार का जो मानक है उसे प्राप्त किया जा चुका है। मरीजों की संख्या शून्य करने के लिए लगातार प्रयास किया जा रहा है। जिले में वर्ष 2009 में 730 मरीज, 2010 में 630, वर्ष 2011 में 538, वर्ष 2012 में 415, वर्ष 2013 में 321, वर्ष 2014 में 256, वर्ष 2015 में 187, मरीज 2016 में 108, मरीज, 2017 में 85 मरीज, 2018 में 50, 2019 में 31,और 2020 में 28, 2021 में 7 मरीज कालाजार के मिले हैं।

सरकार द्वारा रोगी को मिलती है आर्थिक सहायता :

कालाजार से पीड़ित रोगी को मुख्यमंत्री कालाजार राहत योजना के तहत श्रम क्षतिपूर्ति के रूप में पैसे भी दिए जाते हैं। बीमार व्यक्ति को 6600 रुपये राज्य सरकार की ओर से और 500 रुपए केंद्र सरकार की ओर से दिए जाते हैं। यह राशि वीएल (ब्लड रिलेटेड) कालाजार में रोगी को प्रदान की जाती है। वहीं चमड़ी से जुड़े कालाजार (पीकेडीएल) में 4000 रुपये की राशि केंद्र सरकार की ओर से दी जाती है।

सुमित कुमार की रिपोर्ट

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here