25 मई : आरा की मुख्य खबरें

0
आरा की मुख्य ख़बरें

आरा व्यवहार न्यायालय के अधिवक्ता को जान से मारने की धमकी

आरा : व्यवहार न्यायालय के अधिवक्ता विजय शंकर तिवारी को कुछ अपराधी तत्वों ने जान से मारने की धमकी दी है। डरे सहमे अधिवक्ता ने आरा आरक्षी अधीक्षक से अपनी रक्षा हेतु सुरक्षा गार्ड देने की गुहार लगाई है| भोजपुर आरक्षी अधीक्षक को लिखे अपने आवेदन में अधिवक्ता स्व श्रीराम तिवारी के पुत्र अधिवक्ता विजय शंकर तिवारी ने निवेदन किया है कि वे भोजपुर जिला के जगदीशपुर थानान्तर्गत पिलियां गाँव के निवासी है तथा आरा में रहकर वकालत करता हूँ| उन्हें हमेशा कृषि कार्य हेतु गाँव आना जाना पड़ता है|

उनके गाँव और आसपास के अपराधी प्रवृति के लोग खासकर गाँव के ही महेंद्र राय के पुत्र विवेकानंद राय एवं शिव बिहारी राय, स्व राजेश्वर राय के पुत्र देव कुमार राय और देव प्रसाद राय उर्फ़ गामा राय तथा बक्सर जिला के छोटकी नैनीजोर थानान्तार्गत उनका खेत हथियाना चाहते हैं और उनके गाँव जाने से इन अपराधियों को परेशानी हो रही है| इसलिए ये हमको धमकी देने लगे हैं| इनलोगों ने धमकी देते हुए कहा कि गाँव आना छोड़ दो वरना जान माल से हाथ धोना पडेगा|

swatva

विजय शंकर तिवारी ने कहा कि वे उनलोगों के व्यवहार से काफी डरा सहमा हैं कि कहीं उनके एवं उनके परिवार के साथ कोइन अप्रिय घटना ना हो जाए क्योंकि ये सभी अपराधी प्रवृति के हैं तथा उनका अपराधियों से सांठ गाँठ भी है| विजय शंकर तिवारी ने भोजपुर आरक्षी अधीक्षक से गाँव आने जाने के लिए सुरक्षा गार्ड मुहैया कराने का निवेदन किया हैं ताकि वे अपना कृषि कार्य बिना किसी परेशानी करवा सके साथ ही अपनी संपत्ति एवं जीवन की रक्षा भी कर सके।

विजय शंकर तिवारी ने जगदीशपुर थानाध्यक्ष एवं आरा बार एसोसिएशन के अध्यक्ष एवं सचिव को भी इस सम्बन्ध में पत्र लिखा है| आरा बार एसोसिएशन के अध्यक्ष नागेश्वर दुबे ने परिस्थिति की गंभीरता को देखते हुए भोजपुर आरक्षी अधिक्षक से विजय शंकर तिवारी को तुरन्त सुरक्षा गार्ड मुहैया कराने का निवेदन किया है।

बारात में नाश्ता चलाने के विवाद में बाप-बेटा सहित तीन की पिटाई

आरा : भोजपुर जिले के हसन बाजार ओपी अंतर्गत कचनथ गांव में सुबह बारात में नाश्ता चलाने के विवाद में बाप-बेटा सहित तीन की पिटाई कर दी गई। इससे तीनों जख्मी हो गए। उन्हें इलाज के लिए पीरो अनुमंडलीय अस्पताल से आरा सदर अस्पताल लाया गया। जानकारी के अनुसार जख्मियों में रामजीत सिंह, उनका पुत्र परशुराम सिंह एवं उनका चचेरा भाई इंद्र सिंह है।

परशुराम सिंह ने बताया कि बीते शनिवार को हसन बाजार ओपी क्षेत्र के कचनथ गांव में ही बारात आई थी। जिसमें नाश्ता चलाया जा रहा था। इसी दौरान कुछ युवकों ने एक युवक की पिटाई कर दी। वे भी उसे बचाने चले गए थे पर उन युवकों से कहासुनी हो गयी|

हालांकि बात खत्म हो गई थी। परशुराम सिंह ने बताया कि आज सुबह वे अपने पिता, एवं चाचा के साथ बाज़ार से वापस आ रहे थे तभी उक्त युवकों ने उन्हें बीच रास्ते में घेर कर तीनों की पिटाई कर की जिसमे वे सभी घायल हो गये। उन्हें इलाज़ के लिए पिरो अनुमंडल अस्पताल लाया गया पर डॉक्टर्स ने उन्हें प्राथमिक इलाज़ के बाद आरा सदर अस्पताल भेज दिया।

नोट बदलने के नाम पर बैंक से 44 हजार रुपये उड़ाया

आरा : भोजपुर जिला मुख्यालय आरा के नगर थाने से महज़ कुछ दूरी पर डी टी रोड अवस्थित बैंक ऑफ़ इंडिया परिसर में बडका डुमरा गाँव निवासी अशोक सिंह से नोट बदलने के नाम पर उच्चकों ने 44 हजार रुपये उड़ा लिया। अशोक सिंह ने नगर थाने में इस सम्बन्ध में एक शिकायत दर्ज़ कराई है।

अशोक सिंह ने बताया कि वह अपनी बहन के साथ पैसे निकालने बैंक ऑफ़ इंडिया की शाखा में गये थे। उन्होंने बैंक से एक लाख तीस हजार रुपये की निकासी की। तभी एक अंजान व्यक्ति पहुंचा और पैसे बदलने की बात कहने लगा। उसने 50 हजार रुपये ले लिया और बदले में सिर्फ छह हजार रुपये देकर भाग निकला।

आरा टाउन थाना क्षेत्र के डीटी रोड स्थित बैंक ऑफ़ इंडिया की शाखा में हुई घटना की सुचना मिलते ही पुलिस मामले की छानबीन में जुटी है। बता दें कि शहर के बैंकों और आसपास उचक्के व छिनतई गिरोह के सदस्य मंडराते रहते हैं। उनके द्वारा अक्सर इह तरह की घटनाओं को अंजाम दिया जाता रहा है। वहीं साइबर क्राइम के साथ छिनतई की घटनायें बढ़ गयी है। अक्सर बैंक से पैसे निकाल कर जाने के दौरान छीन लिये जा रहे हैं।

जिला सतर्कता एवं अनुश्रवण समिति की बैठक संपन्न

आरा : भोजपुर जिला पदाधिकारी, रौशन कुशवाहा ने आज वर्चुअल माध्यम से अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति अत्याचार निवारण अधिनियम अंतर्गत विभिन मुद्दों पर जिला सतर्कता एवं अनुश्रवण समिति की बैठक की| बैठक में शैलेन्द्र कुमार, भुवनेश्वर पासवान, रामबाबू पासवान, छदन राम, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, सदर आरा, जिला कल्याण पदाधिकारी, भोजपुर आदि ने वर्चुअल माध्यम से भाग लिया।

सर्वप्रथम गत बैठक के अनुपालन की समीक्षा की गयी एवं सभी सदस्यों को इससे अवगत कराया गया। जिला स्तरीय सतर्कता एवं अनुश्रवण समिति की गत दिनांक 18.02.2021 को संपन्न बैठक में अत्याचार अनुदान से संबंधित कुल 41 मामलों का अनुमोदन समिति द्वारा किया गया था, इसके तहत कुल 38 लाभार्थियों को उनके बैंक खाते में आर0टी0जी0एस0 के माध्यम से राशि का अन्तरण किया गया है। शेष 03 लाभुकों को बैंक खाता प्राप्त नहीं होने के कारण राशि अंन्तरण नहीं की जा सकी है। बैंक खाता प्राप्त होते ही शेष लाभुकों के खाते में राशि अन्तरण कर दी जाएगी।

अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति अत्याचार अधिनियम अंतर्गत दर्ज कांडों के संबंध में मुआवजा भुगतान हेतु पुलिस विभाग द्वारा भेजे गये कुल 68 प्रस्तावों जिसमें जाति सूचक गाली-गलौज एवं मारपीट के 58, हत्या के 03, छेड़खानी के 06 एवं सामूहिक बलात्कार के 01 मामले में कुल 4000000.00 (चालीस लाख रू0) भुगतान की स्वीकृति दी गयी।

जिला कल्याण पदाधिकारी को निदेशित किया गया कि जिन वादी/लाभार्थियों का खाता संख्या प्राप्त नहीं है, उसका खाता संख्या अविलंब प्राप्त कर राशि उनके खाते में अंतरण कराना सुनिश्चित करें। साथ ही पीड़ितो का बैंक खाता संख्या उपलब्ध कराने के लिए संबंधित थानाध्यक्ष को भी सूचित करने का निदेश दिया गया। सभी अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी को निदेश दिया गया कि अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति अत्याचार निवारण अधिनियम अंतर्गत दर्ज कांडों में संबंधित थाना से निर्धारित समय सीमा के अंदर मुआवजा प्रस्ताव/आरोप पत्र भेजवाना सुनिश्चित करेंगे।

बैठक में माननीय सदस्यों ने अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति अत्याचार निवारण अधिनियम अंतर्गत कुछेक मामलों में थाना के स्तर से मुआवजा प्रस्ताव ससमय नहीं भेजने के संबंध में जानकारी दी। जिस पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी एव जिला कल्याण पदाधिकारी, भोजपुर को आवश्यक कार्रवाई करने का निदेश दिया गया।

लॉकडाउन पालन हेतु समीक्षा बैठक

आरा : जिला कृषि भवन सभागार में अनुमंडल पदाधिकारी सदर आरा वैभव श्रीवास्तव एवं अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सदर आरा पंकज रावत ने संयुक्त रुप से दंडाधिकारी एवं पुलिस पदाधिकारियों की एक बैठक लॉकडाउन के सख्ती से पालन हेतु तथा इस अवधि में विधि व्यवस्था को बनाए रखने के लिए बैठक की गई|

बैठक में अनुमंडल पदाधिकारी सदर आरा ने मुकेश कुमार भूमि सुधार उप समाहर्ता आरा सदर को वरीय प्रभारी नियुक्त करते हुए पदाधिकारियों को लॉकडाउन के पालन हेतु दिशा निर्देश दिए गए| उक्त कार्य हेतु अनुमंडलाधिकारी आरा सदर द्वारा 22 स्थानों को चिन्हित करते हुए उक्त स्थल पर 44 अधिकारियों की प्रतिनियुक्ति की गई है एवं 5 वरीय पदाधिकारियों को अनुश्रवण हेतु निर्देश दिए गए हैं।

कोविड संक्रमण की रोकथाम के लिए जिला प्रशासन एवं स्वास्थ्य विभाग के द्वारा हर संभव कदम उठाए जा रहे हैं ।जिला पदाधिकारी के निर्देशानुसार जिले के सभी प्रखंडों में प्रखंड स्तर पर अधिकारियों के द्वारा निरंतर स्वास्थ्य केंद्र के संचालन की स्थिति, आधारभूत संसाधनों की उपलब्धता, एवं सामुदायिक किचन के संचालन की स्थिति सहित प्रभावी लाकडाउन की स्थिति का जायजा लिया जा रहा है। इसके लिए सैंपल की जांच एवं टीकाकरण बड़े पैमाने पर किया जा रहा है। इसमें लोगो की सुविधा के लिए चलंत जांच टीम भी भेजी गई है।

साथ ही मोबाइल टीकाकरण की व्यवस्था भी की जा रही है।आज सुबह की जानकारी के अनुसार पिछले 24 घंटे में 3874 सैंपल की जांच की गई जिसमें 23 पॉजीटिव केस मिले हैं। एक्टिव मरीजों की संख्या जिले में 247 हो गई जो कल तक 239 थी।,covid हेल्थ केयर सेंटर में 15 जबकि आइसोलेशन सेंटर में 2 एवं होम आइसोलेशन में 230 व्यक्ति स्वास्थ्य लाभ ले रहे हैं। पिछले 24 घंटा में 15 व्यक्ति स्वस्थ होकर छुट्टी दी गयी है|

जिले में एक्टिव 247 केस की प्रखंड वार गणना इस प्रकार है – आगियाओं में 16 ,आरा सदर में 50, बड़हरा में 24 , बिहिया में शून्य, चरपोखरी में 3, गढ़हनी में 32, जगदीशपुर में 57, कोईलवर में 4, पीरो में 3, सहार में 10, संदेश में 3, शाहपुर में 14 ,तरारी में 23 उदवंतनगर में दो एवं जिले में अन्य 6 मरीज हैं।

राजीव एन अग्रवाल की रिपोर्ट

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here