11 मई : आरा की मुख्य खबरें

0
आरा की मुख्य ख़बरें

आसीएसपी संचालक को गोली मार छह लाख रुपए लूटे

आरा : भोजपुर जिले के संदेश थानान्तर्गत फुलाड़ी गांव के समीप मंगलवार की सुबह हथियारबंद अपराधियों ने एक सीएसपी उपसंचालक को गोली मार दी और फरार हो गए। जख्मी सीएसपी उपसंचालक 22 वर्षीय विकास ओझा फुलाड़ी गांव निवासी तारकेश्वर ओझा का पुत्र है। सीएसपी संचालक ने छह लाख रुपए लूटे जाने की बात भी कही है, हालांकि पुलिस इस दावे को संदिग्‍ध बता रही है।

जख्मी को निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वारदात की सूचना मिलते ही संदेश थानाध्यक्ष पंकज कुमार घटनास्थल पर पहुंचे और मामले की छानबीन में जुट गए है। घायल के स्वजन लूटपाट के दौरान वारदात को अंजाम दिए जाने का आरोप लगा रहे है। हालांकि, पुलिस बच्चों के बीच झगड़े को लेकर घटना घटित होने की बात बता रही है।

swatva

जख्मी के साथी एवं सीएसपी के संचालक रितेश कुमार ने बताया कि दोनों फुलाड़ी गांव में ही स्टेट बैंक का सीएसपी केंद्र चलाते है। दोनों मंगलवार की सुबह पैसा लाने संदेश बाजार स्थित एसबीआई बैंक गए थे। वापस लौटने के दौरान जख्मी युवक का साथी रितेश कुमार फुलाड़ी सीएसपी केंद्र पर उतर गया। इसके बाद उप संचालक विकास ओझा बाइक से घर जा रहा था कि तभी गांव के समीप ही पैसा छिनने को लेकर तीन हथियारबंद बदमाश आ धमके और उसे गोली मार दी। आरोप है कि बैग में रखे करीब पांच- छह लाख रुपये थे छीन लिए। हालांकि पुलिस इसे पूरी तरह संदिग्ध बता रही है।

दूसरी ओर पुलिस ने बताया कि जख्मी युवक विकास के घर के बच्चे एवं गांव के ही दूसरे घर के बच्चों के बीच विवाद हुआ था। देखते ही देखते विवाद ने तूल पकड़ लिया। इसके बाद दूसरे पक्ष के एक युवक द्वारा उप संचालक को गोली मार दी गई। इसके बाद उसे इलाज के लिए सदर अस्पताल लाया गया। जहां, से उसे पटना रेफर कर दिया गया। हालांकि स्‍वजनों ने युवक को पटना नहीं ले जाकर उसका इलाज आरा शहर के बाबू बाजार स्थित निजी अस्पताल में करा रहे हैं।

दबंगों ने घर में घुसकर कर दी पिता की हत्या

आरा : भोजपुर जिला मुख्यालय के मुफस्सिल थानान्तर्गत महुली गांव में सोमवार की देर रात हंसी-मजाक में उपजे विवाद में एक अधेड़ की गोली मारकर हत्या कर दी गई. मृतक महुली गांव निवासी स्व. आसपुरण सिंह का 47 वर्षीय पुत्र अजय कुमार सिंह है. मृतक के बेटे अमित कुमार ने बताया कि गांव के ही कुछ युवक उसे हंसी-मजाक में कुछ दिनों से गालियां दे रहे थे, जब उसने इसका विरोध किया तो उनलोगों ने उसकी पिटाई कर दी।

इसको लेकर मामूली विवाद हुआ. इसके बाद जब देर रात वो अपने पिता के साथ घर में छत पर सोया था उसी वक्त युवक नशे में उसे घर से बुलाने लगे| उनकी आवाज सुनकर उसके पिता घर से बाहर निकले तो युवकों ने उनकी गोली मारकर ह्त्या कर दी| मृतक के पुत्र अमित कुमार ने गांव के ही छह युवकों पर हत्या करने का आरोप लगाया है. हालांकि पुलिस अपने स्तर से इस मामले की छानबीन एवं आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापामारी कर रही है।

सूचना मिलते ही मुफ्फसिल थानाध्यक्ष अनिल कुमार घटनास्थल पर पहुंचे और शव को अपने कब्जे में लेकर उसका पोस्टमार्टम सदर अस्पताल में करवाया. इसके बाद पुलिस मामले की छानबीन में जुट गई है।

क्रॉस मोबाइल के जवानों पर हमले में अज्ञात पर केस

आरा : भोजपुर मुख्यालय के नगर थानान्तर्गत अबरपुल के पास क्रास मोबाइल के जवानों पर रोडे़बाजी के मामले में प्राथमिकी दर्ज कर ली गयी है। पीएसआई चंदन के बयान पर 20 अज्ञात शरारती तत्वों के खिलाफ केस किया गया है। पुलिस शरारती तत्वों की पहचान कर धरपकड़ में जुट गयी है। हालांकि अभी तक किसी की गिरफ्तारी की सूचना नहीं है।

बता दें कि रविवार की रात लॉकडाउन का पालन कराने निकले क्रॉस मोबाइल के जवानों पर अबरपुल के समीप शरारती तत्वों ने रोडे़बाजी कर दी थी। उसमें जवानों की एक बाइक क्षतिग्रस्त हो गयी थी। हालांकि पुलिस जवान बाल-बाल बच गये थे। बता दें कि जिले में लॉकडाउन और कोरोना गाइडलाइन का पालन कराने में जुटी पुलिस को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। अक्सर पुलिस पर हमला कर दिया जा रहा है।

रिश्वत लेने के आरोप में 7 जवानों पर FIR, थानेदार से स्पष्टीकरण

आरा : भोजपुर जिले में रिश्वतखोरी के आरोप में 7 जवानों के खिलाफ थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई गई है। साथ ही भोजपुर पुलिस अधीक्षक ने थानेदार को स्पष्टीकरण की मांग भी की है| एसपी ने कहा है कि दोषी पुलिसकर्मियों के ऊपर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। भोजपुर जिले के अजीमाबाद थानान्तर्गत सैप जवानों पर अवैध वसूली करने का आरोप लगा है. मामला सामने आने के बाद एसपी राकेश कुमार दूबे ने थाने में तैनात सात सैप जवानों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करने का आदेश दिया है. उन्होंने थानाध्यक्ष से भी शोकॉज किया है।

बताया जा रहा है कि पुलिस कप्तान राकेश दूबे जिले के दक्षिणी इलाके के थानों का निरीक्षण करने निकले थे.इस क्रम में एसपी अजीमाबाद थाना पहुंचे तो उनके सामने सैप जवानों ट्रक चालकों से पैसा वसूलते दिखे| इससे नाराज एसपी ने थानेदार की जमकर क्लास लगाई. मौके पर ही 7 सैप जवानों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करने का आदेश जारी कर दिया। भोजपुर एसपी राकेश दूबे ने मीडिया को बताया कि थानेदार को अपने जवानों पर कंट्रोल नहीं है. ऐसी स्थिति बर्दाश्त लायक नहीं है. शोकॉज का जवाब आने के बाद सख्त कार्रवाई की जायेगी।

जाप सुप्रीमों की गिरफ्तारी के विरोद्ध में मुख्य मंत्री का पुतला दहन

आरा : जाप सुप्रीमो पप्पू यादव की गिरफ्तारी के विरोध जाप युवा अध्यक्ष अविनाश कुमार उर्फ़ लड्डू यादव के नेतृत्व में जेपी स्मारक स्थल के समीप मुख्यमंत्री नीतीश कुमार का पुतला दहन किया गया। जाप के प्रदेश प्रवक्ता डॉ बबन यादव ने कहा कि बिहार में मानवता शर्मसार हो गयी है। सेवा करने वाले लोगों को गिरफ्तार करके जेल भेजा जा रहा है। राजनीति का कोई मायने नहीं है। लोगों को आन्दोलन के लिए आगे आना चाहिए और जेल भरो अभियान की शुरुआत होनी चाहिए।

जाप के प्रदेश महासचिव डॉ ब्रजेश कुमार सिंह ने कहा कि जाप के राष्ट्रीय अध्यक्ष राजेश रंजन उर्फ पप्पू यादव जी को पटना में गिरफ्तार कर लिया गया है। उनका दोष यह है कि उन्होंने गरीबों किसानों मजदूरों बेरोजगारों और करोना काल में जो कार्य किया है। उससे सरकार भयभीत है।चाहे केंद्र में बैठी भाजपा सरकार हो या बिहार में नीतीश की कठपुतली सरकार हो उन्होंने दोनों का बैंड बजा रखा था| यह कतई ठीक नहीं है पप्पू यादव गरीबों के मसीहा है उन्हें तत्काल रिहा करना चाहिए यदि ऐसा नहीं होता है तो आंदोलन बड़े पैमाने पर हम लोग करेंगे जिसकी जिम्मेदार सरकार होगी। जो व्यक्ति दिन रात एक कर के 24 घंटा गरीबों की मदद कर रहा है उस को प्रोत्साहित करने के बजाए उसे जेल के सलाखों के पीछे डाला जा रहा है।

अविनाश कुमार उर्फ लड्डू यादव ने कहा कि आज लोगों की सेवा करने की उनको यह सजा मिली है। लेकिन मैं सत्ताधारी दल को बताना चाहता हूं कि यह नेता नहीं जो पुलिस के डर से और प्रशासन के डर से खामोश बैठ जाएं। सुजीत कुशवाहा ने कहा कि बिहार का वह शेर है जो आने वाला समय में ईट का जवाब पत्थर से भी देना जानता है। परंतु परिस्थितियों को देखते हुए कोरोना माहामारी को देखते हुए हम बिहार सरकार का बिहार प्रशासन का पुरजोर विरोध करते हैं और आशा करते हैं कि जल्द से जल्द पप्पू यादव को रिहा करें।

पुतला जलाने वालों में प्रदेश प्रवक्ता डॉ बबन यादव, प्रदेश महासचिव डॉ ब्रजेश कुमार सिंह, रंगकर्मी अशोक मानव, बैजनाथ यादव, प्रखंड अध्यक्ष संतोष कुमार, बंटी कुमार, अर्जुन यादव, पुतुल यादव, रजनीश यादव, आशीष कुमार, सतीश कुमार आदि लोग शामिल थे।

बहन के तिलक के दिन 4 भाइयों की दर्दनाक मौत

आरा : बिहार के आरा-सासाराम मुख्य मार्ग पर रोहतास जिले के संझौली थाना क्षेत्र के सिकठी गांव के पास मंगलवार की शाम अज्ञात वाहन की चपेट में आने से बाइक सवार चार लोगो की मौत हो गयी जिसमे एक नाबालिग भी शामिल है| हादसे के बाद चालक वाहन लेकर फरार हो गया। पुलिस ने मौके पर पहुँच कर शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल सासाराम भेज दिया।

जानकारी के अनुसार मृतको में भोजपुर जिले के आयर थाना के बलिगांव के ख्याली चौधरी के टोला के 35 वर्षीय बुटन चौधरी, 40 वर्षीय वकील चौधरी , 8 वर्षीय अमित कुमार एवं भोजपुर के ब्रम्हपुर निवासी 35 वर्षीय यमुना चौधरी हैं। बताया जाता है कि सभी मृतक एक ही मोटरसाइकिल पर रोहतास जिले के नोखा थाना क्षेत्र के कदवा गांव में चचेरी बहन का तिलक चढाने जा रहे थे। इसी बीच संझौली थाना क्षेत्र के सिकठी थाना क्षेत्र में अज्ञात वाहन ने बाइक में ठोकर मार दी। हादसे के दौरान बाइक सवार चारों की मौके पर ही मौत हो गई। संझौली थानाध्यक्ष शम्भू कुमार ने बताया कि क्षतिग्रस्त बाइक को स्थानीय पुलिस की निगरानी में रखा गया है। शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल सासाराम भेज दिया गया है।

नशे में धुत्त बाप ने अपने ही बेटे की पीटकर कर दी हत्या

आरा : भोजपुर जिले के तियर थानान्तर्गत देवराढ गांव मे नशे की हालत में बाप ने अपने 7 साल के बेटे की इतनी बेरहमी से पिटाई की कि उसकी अंदरूनी चोट की वजह से मौत हो गई। मृतक का नाम जीतू कुमार है जिसकी उम्र 7 वर्ष बताई जा रही है। वह देवराढ है गांव निवासी उपेंद्र मुसहर का पुत्र है। मृतक की मां नीतू देवी ने अपने पति के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई है। बताया जा रहा है कि उपेंद्र मुसहर नशे में धुत होकर अपने तीन बेटों में से सबसे बड़े 7 वर्षीय जीतू को बेरहमी से पीटने लगा, पत्नी जब छुड़ाने गई तो उसे भी पीट कर अधमरा कर दिया ।जिससे बच्चे को अंदरूनी चोट आई और घटनास्थल पर ही उसकी मौत हो गई| उपेन्द्र मुसहर घटना के बाद फरार बताया जा रहा है|

राजीव एन० अग्रवाल की रिपोर्ट

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here