09 अप्रैल : आरा की मुख्य खबरें

0
आरा की मुख्य ख़बरें

शादी का झांसा देकर एक शिक्षक ने अपनी शिष्या का किया यौन शोषण

आरा : भोजपुर में शादी का झांसा देकर एक शिक्षक ने अपनी शिष्या का यौन शोषण किया गया। बाद में उसने शादी से इंकार कर दिया। घटना तियर थाना क्षेत्र के एक गांव की है। इसे लेकर पीड़ित इंटर की छात्रा ने संबंधित थाना में ट्यूशन पढ़ाने वाले एक शिक्षक अनुराग ठाकुर के विरुद्ध नामजद प्राथमिकी दर्ज कराई है।

इसके आधार पर पुलिस मामले की छानबीन कर रही है। पीड़ित छात्रा का मेडिकल जांच सदर अस्पताल, आरा में कराई गयी। बाद में कोर्ट में भी 164 के तहत बयान दर्ज कराया जाएगा। शुरुआती जांच में पुलिस इस घटना को प्रेम-प्रसंग से भी जोड़कर देख रही है। अभी तक आरोपित शिक्षक की गिरफ्तारी नहीं हो सकी है।

swatva

बताया जाता है कि तियर थाना के एक गांव की निवासी 18 वर्षीय इंटर की छात्रा बिहिया जाती थी। छात्रा का आरोप है कि शिक्षक ने शादी का झांसा देकर उसे विश्वास में लिया। इस दौरान करीब एक साल तक उसका याैन शोषण करता रहा। बाद में शादी से इंकार कर दिया गया। जिसके बाद उसने तियर थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई।

पुलिस के अनुसार छात्रा के लिखित बयान के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। मामला प्रेम-प्रसंग का प्रतीत हो रहा है। पुलिस के अनुसार पीड़िता की मेडिकल जांच कराई गयी है। रिपोर्ट आने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस इस घटना को लेकर हर ऐंगल पर जांच कर रही है। प्रेम प्रसंग के बिंदु पर भी जांच चल रही है। जांच में आरोप सही पाए जाने पर गिरफ्तारी की जाएगी। बहरहाल शिक्षक पर छात्रा के शोषण का आरोप लगने से लोगों में गुस्‍सा है।

चौथे तल्ले से गिरा युवक, मौत

आरा : भोजपुर जिले मुख्यालाय आरा के पूर्वी नवादा रस्सी बगान मोहल्ले में गुरुवार की शाम छत से गिरकर एक युवक की मौत हो गई। मृत युवक पूर्वी नवादा रस्सी बागान मोहल्ला निवासी 24 वर्षीय पुत्र दीपक कुमार था।

बताया जाता है कि गुरुवार की शाम वह छत पर कुछ काम कर रहा था। इसी दौरान वह असंतुलित होकर चार तल्ले से नीचे गिर पड़ा। इससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। इसके बाद उसे स्थानीय लोगों ने आरा सदर अस्पताल में भर्ती कराया पर प्राथमिक उपचार के बाद डाक्टर पटना रेफर कर दिया गया था। परिजन अभी उसे पटना ले जाने की तैयारी ही कर रहे थे तभी उसने इमरजेंसी वार्ड में ही दम तोड़ दिया। इसके बाद परिजन बिना पोस्टमार्टम कराये शव लेकर चले गये।

डोली उठने से पहले निकली अर्थी

आरा : भोजपुर के सहर थानान्तर्गत बरूहीं स्थित फौजी घाट जाने वाले रास्ते पर रात रोहतास जिले के एक हाईवा चालक की संदिग्ध स्थिति में मौत हो गई। उसके सिर और ठूडी के पास गंभीर चोट लगी है। मृत चालक रोहतास जिले के दावथ थाना क्षेत्र के डेढ़गांव गांव निवासी वंशीधर रविदास का पुत्र मिलाप रविदास था। वह पिछले साल लॉकडाउन के बाद महाराष्ट्र से गांव आया था।

हालांकि उसकी मौत हादसा है या हत्या यह स्पष्ट नहीं हो सका है। उसके परिजन हत्या किये जाने की आशंका जता रहे हैं। वहीं पुलिस शुरुआती जांच में सड़क हादसे में मौत की बात कह रही है। पुलिस का कहना है कि पोस्मार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की असली वजह पता चल सकती है।

मृत चालक के चाचा ललन राम ने एक साजिश के तहत हत्या की बात कही है। उन्होंने थाने में शुक्रवार को प्राथमिकी भी दर्ज करायी है। उसमें हत्या किये जाने की आशंका जतायी है। उन्होंने बताया कि गुरुवार की सुबह करीब सात बजे मोबाइल से सूचना मिली कि उनके भतीजे की सड़क हादसे में मौत हो गई है। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करा दिया गया था।

हाइवा चालक की शादी से कुछ दिन पहले ही मौत हो गयी। बताया जा रहा है कि उसकी शादी तय हो गयी थी। अगले 7 मई को तिलक और 11 को बारात थी। लेकिन डोली से पहले उसकी अर्थी उठ गई। बताया जा रहा है कि मिलाप रविदास पहले महाराष्ट्रा में हाईवा चलाता था। लेकिन पिछले साल लॉकडाउन होने के कारण गांव लौट आया। उसके बाद से ही वह यहीं हाईवा चला रहा था।

भोजपुर में ब्रॉडसन कंपनी के कर्मचारियों पर पत्थरबाजी एवं फायरिंग

आरा : भोजपुर के बड़हरा थानान्तर्गत बबुरा बैरियर के समीप गुरुवार की देर रात हथियारबंद बदमाशों ने ब्रॉडसन कंपनी के कर्मचारियों पर पत्थरबाजी एवं फायरिंग कर दी जिसमे चार लोग जख्मी हो गये. जख्मी कर्मचारियों का निजी अस्पताल में इलाज कराया गया। जख्मी युवक सहार थानान्तर्गत एकवारी गांव निवासी श्रीभगवान यादव का 35 वर्षीय पुत्र विनय कुमार है।

ब्रॉडसन बालू कंपनी में बैरियर पर चालान चेक करने का काम करता है। जख्मी विनय कुमार ने बताया कि बबुरा बैरियर पर बिना चालान के ट्रैक्टर गुजर रहा था। जिसे पकड़ कर रखा गया था। गुरुवार की रात जब सभी कर्मचारी खाना खाकर सोने जा रहे थे तभी हथियारबंद बदमाश वहां आ धमके। उन्होंने पहले पत्थरबाजी की। इसके बाद फायरिंग शुरू कर दी। पत्थरबाजी में चार लोग जख्मी हो गए जबकि फायरिंग के दौरान गोली लगने से वह जख्मी हो गया। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय थाना घटनास्थल पर पहुंच मामले की छानबीन में जुट गया है।

राजीव एन० अग्रवाल की रिपोर्ट

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here