31 मार्च : आरा की मुख्य खबरें

0
आरा की मुख्य ख़बरें

आरा में हथियारबंद बदमाश ने युवक को मारी गोली

आरा : भोजपुर जिला मुख्यालय के नगर थानान्तर्गत बिन्द टोली मोहल्ले में बदमाशों ने एक युवक को गोली मार दी। बताया जाता हैं कि गोली युवक के बाएं पैर में लगी हुई है। जख्मी युवक का इलाज सदर अस्पताल आरा में कराया जा रहा है। जख्मी युवक बिन्द टोली मोहल्ला निवासी चंद्रिका बिन्द का 24 वर्षीय पुत्र दिलीप बिन्द है।

जख्मी ने बताया कि उसके घर के पास रहने वाले कुछ युवकों के बीच आपस में झगड़ा हुआ था। उस झगड़े से उसका कोई विवाद नहीं था। आज सुबह कटरा में मछली बेचने जा रहा था तभी उक्त युवक ने उसे रास्ते में घेर कर गोली मार दी। इससे वह जख्मी हो गया। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय थाना घटनास्थल पर पहुंच मामले की छानबीन में जुट गई।

swatva

दीपू चौधरी हत्याकांड में हथियार और बाइक के साथ दो लाइनर गिरफ्तार

आरा : कुख्यात बूटन के भतीजे दीपू चौधरी हत्याकांड में पुलिस ने लाइनर का काम करने वाले दो अपराधियों को गिरफ्तार किया है। इनके पास से दो देसी कट्टा, पांच गोलियां, हत्या में इस्तेमाल एक बाइक और दो मोबाइल बरामद भी किये गये हैं। पकड़े गये अपराधियों में सहार थाना क्षेत्र के एकवारी गांव निवासी बंटी कुमार उर्फ पंकज कुमार और संदेश थाना क्षेत्र के चिल्हौस गांव निवासी शिवम कुमार हैं। दोनों ने हत्याकांड में शामिल होने की बात भी स्वीकार कर ली है।

भोजपुर एसपी हर किशोर राय ने बताया कि बंटी कुमार उर्फ पंकज कुमार और शिवम कुमार ने दीपू चौधरी की हत्या में लाइनर का काम किया था। इन दोनों के पास से हत्या में इस्तेमाल की गयी बाइक, दो देसी कट्टा पांच गोलियां और दो मोबाइल बरामद किया गया है।

एसपी ने बताया कि दीपू चौधरी की हत्या की वारदात के पीछे जेल में बंद कुख्यात रंजीत चौधरी की साजिश सामने आयी है। उन्होंने बताया कि गिरफ्तार बंटी कुमार उर्फ पंकज कुमार का पहले से आपराधिक रेकॉड रहा है। उसके खिलाफ सहार थाने में एक कांड दर्ज है। कहा कि हत्या में चार अन्य अपराधियों के भी संलिप्तता रही है। उन सभी की गिरफ्तारी के लिये छापेमारी की जा रही है। जल्द ही उन चारों को की भी गिरफ्तार कर लिया जायेगा।

विदित हो कि 24 मार्च को शहर के पकड़ी-सर्किट हाउस रोड में दिनदहाडे़ कुख्यात बूटन चौधरी के भतीजे दीपू चौधरी समेत दो लोगों को गोली मार दी गयी थी। घटना के समय दीपू चौधरी पिता और दोस्तों के साथ चाचा बूटन चौधरी से मिलकर कोर्ट लौट रहा था। पांच गोली मारे जाने से दीपू चौधरी की मौत हो गयी थी। वहीं उसके साथ रहे अजय चौधरी जख्मी हो गया था। हमले में दीपू चौधरी के पिता उपेंद्र चौधरी सहित दो लोग बच गये थे। उसके बाद से ही एसपी के निर्देश पर गठित विशेष टीम अपराधियों की लगातार छापेमारी कर रही है।

युवती की गला दबाकर हत्या

आरा : भोजपुर पुलिस ने सन्देश थानान्तर्गत डिहरी पुल के समीप कुम्हारी नदी किनारे एक झाडी से एक युवती का शव बरामद किया तथा उसका आरा सदर अस्पताल में पोस्त्मर्तेम करवाया| मृतक की पहचान संदेश थानान्तर्गत जमुआंव गांव की शाहजहां खातून के रूप में हुयी है। हालांकि हत्या का कारण स्पषट नहीं हो सका है। युवती सुबह से घर से रहस्यमय ढंग से गायब थी। सूचना मिलते ही पुलिस पहुंची और शव का पोस्टमार्टम कराया गया।

मृतिका पिता ने बताया कि सोमवार की रात वह बेटे के साथ चारपाई पर सोया था। उसकी बेटी अपनी मां के साथ कमरे में सोयी थी। मंगलवार की सुबह वह गेहूं की कटनी करने चले गये। वह वापस करीब 9 बजे घर लौटा, तो पत्नी ने कहा कि उसकी बेटी घर पर नहीं है। उसके बाद काफी खोजबीन की गयी, लेकिन कुछ पता नहीं चल पाया। इसके बाद स्थानीय लोगों से पता चला कि उसकी बेटी का शव डिहरी पुल के समीप कुम्हारी नदी के तट से बरामद हुआ है। उसके बाद वह सदर अस्पताल पहुंचे और शव की पहचान की।

पुलिस के अनुसार गला दबा कर मारपीट करने के कारण मौत होना प्रतीत होता है। हालांकि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत का कारण पूरी तरह स्पष्ट हो पायेगा। इस संबंध में युवती के पिता ने अज्ञात लोगों के खिलाफ हत्या किये जाने की प्राथमिकी दर्ज करायी गयी है। पुलिस अपने स्तर से इस मामले की छानबीन कर रही है। बताया जाता है कि मृत युवती की इसी साल जून में शादी होने वाली थी।

मुखबधिर नाबालिग के साथ दुष्कर्म का प्रयास

आरा : चौरी थानान्तर्गत एक गांव में मुखबधिर नाबालिग के साथ दुष्कर्म किये जाने एक मामला सामने आया है। पीड़िता की मां के बयान पर आरोपित के खिलाफ स्थानीय थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई गई है।

चौरी थानाध्यक्ष ने बताया कि पीड़िता सोमवार की देर शाम अपनी मां के साथ बधार में शौच के लिए जा रही थी। तभी गांव का ही एक युवक ने उसे कुछ दूरी पर पुआल के टाल पर ले जाकर दुष्कर्म का प्रयास करने लगा। तब पीड़िता की मां ने शोर मचाया। शोर की आवाज सुनकर ग्रामीण टूट पड़े। जिसके बाद मौके से आरोपी फरार हो गया। सूचना मिलते ही स्थानीय थाना घटनास्थल पर पहुंच मामले की जानकारी ली।

एसपी हर किशोर राय ने बताया कि एक मुखबधिर नाबालिग के साथ दुष्कर्म का प्रयास करने का मामला सामने आया है। जिसके बाद प्राथमिकी दर्ज कर आरोपित के गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है। उन्होंने बताया कि जो आरोपित है। उसी गांव का एक बदमाश युवक है।

सवारियों से भरी ऑटो पलटी, एक की मौत, दो जख्मी

आरा : भोजपुर के चांदी थानान्तर्गत रूपचकिया मठिया के समीप कल देर शाम ट्रक से चकमा खाकर सवारी से भरी ऑटो पलट गई जिसमे एक व्यक्ति की मौत हो गई तथा दो अन्य लोग घायल हो गए| दोनो घायलो का इलाज आरा सदर अस्पताल कराया गया। मृतक चांदी थानान्तर्गत रुकचकिया गांव निवासी शंकर सिंह का 28 वर्षीय पुत्र प्रमोद कुमार है। वही जख्मियों में उसी गांव के निवासी निरंजन यादव का पुत्र संजय कुमार एवं शेषनाथ यादव का पुत्र नवलेश कुमार है। संजय यादव ऑटो का चालक है।

मृतक के परिजनों ने बताया कि वे लोग शाम गांव से ऑटो पर सवार होकर चांदी बाजार गए थे। जब वे लोग देर शाम वापस गांव लौट रहे थे। इसी बीच रूपचकिया मठिया के समीप विपरीत दिशा से आ रही ट्रक से चकमा खाकर उनकी ऑटो अनियंत्रित होकर पलट गई। जिससे तीनों गंभीर रूप से जख्मी हो गए। उन्हें इलाज के लिए सदर अस्पताल लाया जा रहा था। तभी प्रमोद कुमार ने रास्ते में ही दम तोड़ दिया। बावजूद इसके परिजन उसे सदर अस्पताल ले आए। जहां चिकित्सक ने उसे मृत घोषित कर दिया। जबकि जख्मियों का इलाज सदर अस्पताल में कराया गया। टाउन थाना पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम सदर अस्पताल में करवाया।

बताया जाता है कि मृतक की शादी तीन साल पहले चांदी थाना क्षेत्र के जोकटा गांव में हुई थी। हालांकि उसकी कोई संतान नहीं है। घटना के बाद मृतक के घर में कोहराम मच गया है। हादसे के बाद मृतक की पत्नी इंदू देवी एवं परिवार के सभी सदस्यों का रो-रोकर बुरा हाल था।

राजीव एन० अग्रवाल की रिपोर्ट

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here