21 मार्च : आरा की मुख्य खबरें

0
आरा की मुख्य ख़बरें

कट्टा और हथियार बनाने के औजार साथ दो गिरफ्तार

आरा : भोजपुर पुलिस ने शनिवार की रात मिनी गन फैक्ट्री भंडाफोड़ किया पुलिस ने एक देसी कट्टा सहित हथियार बनाने के कई औजार भी बरामद किये गये हैं। मिनी गन फैक्ट्री के मुख्य सरगना और उसके भाई को गिरफ्तार भी किया गया है। हथियार बनाने का खेल शहर के विष्णु नगर में चल रहा था।

गिरफ्तार मुख्य सरगना संतोष शर्मा है। उसके भाई जनार्दन शर्मा को भी पुलिस ने गिरफ्तार किया है। उसकी शहर के जीरो माइल के पास अल्यूमीनिम की दुकान है। पुलिस दोनों से पूछताछ कर रही है। दोनों की निशानदेही पर अन्य जगहों पर छापेमारी भी की जा रही है।

swatva

जानकारी के अनुसार पुलिस को विष्णु नगर में हथियार बनाने और बेचने की सूचना मिली। इस आधार पर पुलिस ने विष्णु नगर में रहने वाले संतोष शर्मा के घर छापेमारी की तथा एक देसी कट्टा, दो मैगजीन, राइफल की एक मैगजीन और चैंबर सहित अन्य औजार बरामद किये गये। उसके बाद संतोष शर्मा और उसके भाई को गिरफ्तार कर लिया गया।

नवादा थानाधय्काश ने बताया कि संतोष शर्मा पहले वेल्डिंग का काम करता था। उसके बाद हथियार बनाने लगा। पुलिस उससे अब तक बनाये गये हथियार के बारे में पूछताछ कर रही है। यह भी पता लगा रही है कि हथियार की बिक्री किसे और कहां की जाती है। एसपी हर किशोर राय ने बताया कि अभी इस मामले में छापेमारी की जा रही है। उसके बाद ही कुछ स्पष्ट जानकारी दी जा सकती है। पुलिस का मानना है कि संतोष शर्मा से पूछताछ और छापेमारी के बाद हथियारों के बारे में महत्वपूर्ण जानकारी हाथ लगेगी।

सवारी गाड़ी के चालक का शव बरामद

आरा : भोजपुर के मुफस्सिल थानान्तर्गत हसनपुरा गांव में रविवार की सुबह सवारी गाड़ी के चालक की मौत हो गई। उसका शव सवारी गाड़ी में ही पड़ा मिला। सूचना पाकर पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए आरा सदर अस्पताल भेज दिया। मृतक हसनपुरा गांव निवासी स्वर्गीय निर्मल शर्मा का पुत्र धर्मेंद्र शर्मा है।

परिजनों के मुताबिक वह शनिवार को आरा लख से चांदी के सलेमपुर गांव सवारी लेकर गया था। वह रात्रि में वापस लौटा और गाड़ी में ही सो गया। आज सुबह जब सवारी गाड़ी का दरवाजा खोला गया, तो उसका शव पड़ा मिला। परिजन मुआवजा देने की मांग कर रहे हैं।

सूचना पाकर मुफस्सिल थानाध्यक्ष अनिल कुमार, जिला पार्षद धनंजय यादव घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस का कहना है कि मौत का कारण स्पष्ट नहीं है। पोस्टमार्टम के बाद ही मौत के सही कारणों का पता चल पाएगा। तब तक कुछ कहना मुश्किल है। वैसे पुलिस अपने स्तर से जांच कर रही है।

ग्रामीणों ने लूटपाट करते तीन अपराधियों को दबोचा

आरा : भोजपुर के सिन्हा ओपी क्षेत्र के चंदा और परशुरामपुर गांव के बीच शनिवार को लूटपाट कर रहे तीन अपराधियों को ग्रामीणों ने पकड़ लिया। अपराधियों ने दहशत फैलाने के लिए गोली भी चलायी। बावजूद इसके भीड़ ने तीन को दबोच लिया तथा जमकर उनकी पिटाई भी की जिसमें तीनों जख्मी हो गये। उसके बाद तीनों को मौके पर पहुंची पुलिस के हवाले कर दिया गया।

पकड़े गये अपराधियों के पास से एक देसी कट्टा भी बरामद किया गया है। कुछ खोखे भी मिले हैं हालाँकि एक अपराधी भीड़ के चंगुल से भाग निकला। भीड़ के हत्थे चढ़े अपराधियों में बड़हरा थाना क्षेत्र के चातर गांव निवासी रवि यादव, रवि शंकर कुमार और उत्कर्ष कुमार है।

एसपी हर किशोर राय ने बताया कि बिंदगावा-बक्सर तटबंध पर बने मुख्य पथ पर चंदा और परशुरामपुर गांव के बीच अपराधी दिनदहाड़े हथियार के बल पर वाहन चालकों से लूटपाट कर रहे थे। इसकी सूचना मिलने पर ग्रामीण आक्रोशित हो उठे और अपराधियों पर टूट पड़े। इसे देख अपराधियों द्वारा फायरिंग भी की गयी। लेकिन भीड़ पीछे नहीं हटी और तीन बदमाशों को दबोच लिया।

हालांकि एक अपराधी भाग निकला। उसके बाद भीड़ ने तीनों की जमकर पिटाई कर दी। सूचना मिलने पर सिन्हा ओपी पुलिस मौके पर पहुंची और तीनों को अपने कब्जे में ले लिया। पुलिस के अनुसार चार लुटेरे चंदा-परशुरामपुर रोड पर छिनतई की घटना को अंजाम दे रहे थे। ग्रामीणों ने तीन अपराधियों को दबोच लिया। जबकि एक बदमाश भाग निकला। पकड़े गये लुटेरे के पास एक कट्टा भी बरामद हुआ है।

बुजुर्ग को लगी गोली

आरा : भोजपुर के संदेश थानान्तर्गत खंडोल गांव में शनिवार की देर रात संदेहास्पद स्थिति में एक बुजुर्ग को गोली लग गई। जख्मी को इलाज के लिए संदेश पीएचसी से आरा सदर अस्पताल लाया गया। जहां से प्राथमिक उपचार करने के बाद उन्हें पटना रेफर कर दिया है। जख्मी खंडोल गांव निवासी 70 वर्षीय योगेश्वर सिंह है। जख्मी का कहना है कि शनिवार के रात वह घर के बरामदे में सोए थे, तभी करीब 12 बजे अज्ञात अपराधियो ने उन्हें गोली मार दी गई जिससे वह जख्मी हो गए।

सूचना मिलते ही स्थानीय थाना घटनास्थल पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल से गोली का एक खोखा बरामद किया है। पुलिस ने बताया कि मामला संदेहास्पद है। बुजुर्ग को कैसे गोली लगी है यह स्पष्ट नहीं हो सका है। पुलिस अपने स्तर से छानबीन कर रही है। एसपी हर किशोर राय ने बताया कि जख्मी के परिवार में ही विवाद है। अभी कुछ क्लियर नहीं बता रहे हैं। दो बेटों में जमीन को लेकर विवाद चल रहा है। पुलिस जांच कर रही है।

राजीव एन० अग्रवाल की रिपोर्ट

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here