23 जनवरी : आरा की मुख्य खबरें

0
आरा की मुख्य ख़बरें

नेता जी सुभाष चन्द्र बोस की 125वी जयंती पराक्रम दिवस के रूप में मनाई गयी

आरा : नेताजी सुभाष चंद्र बोस की 125वीं जयंती के अवसर पर अखिल भारतीय जनसंघ की जिला इकाई के तत्त्वावधान में फ्रेण्ड्स कॉलोनी कार्यालय में संगोष्ठी का आयोजन किया गया। संगोष्ठी की अध्यक्षता करते हुए जनसंघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष आचार्य डॉ. भारतभूषण पाण्डेय ने कहा कि नेताजी सुभाष चंद्र बोस ने देशभक्ति और इसके लिए संघर्ष की बचपन से ही मिसाल रख दी थी। उनकी अप्रतिम मेधा, दूरदर्शिता, सिद्धांतनिष्ठा और ऊँचा त्याग स्वाधीनता संग्राम के इतिहास के स्वर्णिम अध्याय हैं।

उन्होंने कहा कि आजाद हिन्द फौज के प्रभाव से ब्रिटिश हुकूमत का भारत को स्वतंत्र करने के लिए बाध्य होना पड़ा था एेसी बातें भी प्रसिद्ध हैं। जनसंघ अध्यक्ष ने कहा कि नेताजी के सपनों का भारत और उनके चिंतन के अनुरूप शासन की व्यवस्था कर देश को समुन्नत बनाया जा सकता है। समाज में अनुशासन के स्थान पर बढ़ रही अराजकता पर गंभीर चिंता व्यक्त करते हुए उन्होंने कहा कि नेताजी की अनुशासन व शासन सम्बन्धी सोच ही देश को महान बना सकती है जिसका भावी पीढ़ी को ज्ञान होना चाहिए। जिलाध्यक्ष अधिवक्ता अखिलेश्वर नाथ तिवारी ने पाठ्यक्रम में नेताजी सुभाष चंद्र बोस समेत तमाम गुमनाम महापुरुषों की जीवनी जोड़ने की मांग की।

swatva

उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा नेताजी की 125वीं जयंती के उपलक्ष्य में की गई तैयारियों और पराक्रम दिवस मनाने की घोषणा का स्वागत किया। स्वागत भाषण विश्वनाथ दूबे, संचालन कुमार सौरभ और धन्यवाद ज्ञापन सत्येंद्र नारायण सिंह ने किया। वक्ताओं में ध्रुव कुमार सिंह, नर्वदेश्वर उपाध्याय, डॉ. सत्यनारायण उपाध्याय, उमेश सिंह कुशवाहा, सुनील गुप्ता, सुरेन्द्र ओझा, सुरेन्द्र कुमार मिश्र, सियाराम दूबे, ब्रजकिशोर पाण्डेय आदि प्रमुख थे। नेता जी की 125वी जयंती लोक जागृति आरा के कार्यालय हरि जी हाता में पराक्रम दिवस के रूप में मनाई गयी| संस्था के सदस्यों ने सर्वप्रथम नेता जी के तैल चित्र पर माल्यापर्ण कर उन्हे श्रद्धांजलि दी|

इस अवसर पर बोलते हुए संस्था के सचिव डॉ राजीव नयन अग्रवाल ने चतुर्मुखी प्रतिभा के धनी थे| उन्होंने सबसे कम उम्र में ही इंग्लैंड जाकर आईसी एस की परीक्षा सफलता पूर्वक हासिल की| भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के चुनाव में महात्मा गांधी के उम्मीदवार पट्टाभिसीतारमैया को हराकर अधक्ष बने पर बाद में अध्यक्ष पद से त्याग पत्र यह कहते हुए दे दिया कि वे बिन जवाहर लाल नेहरू, महात्मा गांधी, मौलाना अबुल कलम आज़ाद एवं अन्य के बिना कांग्रेस नही चला सकता| जब द्वितीय विश्व युद्ध शुरू हुआ तो उन्होंने आज़ाद हिन्द फौज की स्थापना की और अपनी बटालियन का नाम नेहरू, आज़ाद के नाम पर रखा| इस अवसर पर संस्था की अध्यक्ष अनुराधा अग्रवाल, कोषाध्यक्ष शिवानी अग्रवाल, सदस्य प्रतिभा कुमारी, नीलाम कुमारी, श्रद्धा, श्रेया, हर्षित, मुदित, पूजा कुमारी, नेहा कुमारी तथा अन्य लोगों ने भी अपने विचार रखे|

दैनिक सफाई मजदूरों का आरा नगर निगम के समक्ष अनिश्चितकालीन धरना शुरू

आरा : बिहार राज्य स्थानीय दैनिक सफाई मजदूर कर्मचारी महासंघ की ओर से आरा नगर निगम के समक्ष दैनिक सफाई मजदूरों का वेतन बढ़ाने उन्हें स्थाई करने की मांग को लेकर आज से अनिश्चितकालीन धरना आरा नगर निगम गेट पर शुरू हुआ| पूरे शहर के सभी सफाई मजदूरों ने अपने संघर्ष का ऐलान किया है इस धरना का नेतृत्व बिहार राज्य स्थानीय निकाय कर्मचारी महासंघ के नेता पूर्व व पूर्व वार्ड पार्षद गोपाल प्रसाद के नेतृत्व में शुरू किया गया है|

विदित हो कि आरा नगर निगम में सफाई मजदूरों का कुशल वेतन 269 रुपया दिया जाता है, जबकि वही दूसरे सभी नगर निगम पटना, दरभंगा, मुजफ्फरपुर नगर निगमों में 400 रुपया दैनिक सफाई मजदूरों का वेतन मिलता है साथी साथ इन मजदूरों का कोई ईपीएफ नहीं कटता है जो इन मजदूरों के साथ नाइंसाफी है इस धरना को संबोधित करते हुए कर्मचारी महासंघ के नेता गोपाल प्रसाद ने कहा कि बिहार में नीतीश कुमार की सरकार दलित- महादलित विकास की बात करती है वहीं दूसरी तरफ आरा शहर के दैनिक सफाई मजदूरों के साथ यह सरकार सौतेला व्यवहार कर रही है।

दूसरे राज्यों में दूसरे नगर निगमों में इन सफाई मजदूरों का ₹400 प्रतिदिन के हिसाब से वेतन मिलता है लेकिन आरा नगर निगम के दैनिक सफाई मजदूरों का ₹269 ही दिया जाता है जो सरासर इन मजदूरों के साथ नाइंसाफी है इसलिए इन मांगों को लेकर धरना दिया गया इस धरना को संबोधित करने वालों में भाकपा माले राज्य कमेटी सदस्य क्यामुद्दीन अंसारी,भाकपा-माले आरा नगर सचिव दिलराज प्रीतम,तरुण राम,श्याम बाबू राम, भूषण राम,महावीर राम,उपेंद्र राम,लालती देवी,धर्मेंद्र राम,मंजू देवी,राजा राम,उर्मिला देवी, बबीता देवी,लालती देवी,अजय राम,बबलू राम,कुणाल राम आदि शामिल थे!

किसान विरोधी तीन कृषि कानून के विरोध में 30 जनवरी को बनेगी विशाल मानव शृंखला! – राजू यादव

आरा : सर्किट हाउस में महागठबंधन के नेताओं की एक बैठक दिल्ली सहित देश मे चल रहे किसान आंदोलन के समर्थन में हुयी। बैठक में कहा गया कि केंद्र की मोदी सरकार तीन किसान विरोधी कृषि कानून देश के कॉरपोरेट घरानों के फायदा के लिए लाई है और उन्ही के दबाव में वापस नही ले रही है। बिहार की नीतीश सरकार ने भी कृषि उत्पादन बाजार समिति को समाप्त कर दिया है। इस लिए बिहार में भी किसान आंदोलन के समर्थन में विभिन्न आंदोलन का निर्णय लिया गया। महात्मा गांधी के शहादत दिवस के अवसर पर 30 जनवरी 2021 को पूरे जिले में मानव श्रृंखला बनायी जायेगी।

जिसकी शुरुआत रेल स्टेशन से होगा। इसके प्रचार – प्रसार के लिए विभिन्न निर्णय लिए गया जिसमे महागठबंधन की ओर से पूरे जिले में 28 , 29 जनवरी 2021 को नुक्कड़ सभा किया जाएगा। बैठक की अध्यक्षता राजू यादव,भाकपा – माले केंद्रीय कमिटी सदस्य व अखिल भारतीय किसान महासभा के राष्ट्रीय कार्यकारणी सदस्य ने किया। राजू यादव ने कहा कि केंद्र की मोदी सरकार किसान विरोधी है। किसानों के प्रति असंवेदनशील बनी हुई है। इस कड़ाके की ठंड में भी अपनी मांगों के समर्थन में दिल्ली बॉडर पर हजारों की संख्या में किसान दो माह से बैठे हैं लेकिन सरकार वार्ता का नाटक कर रही है। वह पूर्णतः पूंजीपतियों के दबाव में है। उन्होंने ने कहा कि तीन किसान विरोधी कृषि कानून के वापसी तक बिहार के किसान भी आंदोलन जारी रखेंगे।

बैठक में जगदीशपुर विधायक राम विष्णु सिंह लोहिया ने कहा कि यह कानून किसान ही नही देश को गुलाम बनाने वाला कानून है। इस कानून से देश की अर्थव्यवस्था होगा बर्बाद और जनता पूंजीपतियों के गुलाम बन जाएगी। इस लिए किसान आंदोलन को तेज करें। बैठक में भाकपा – माले केंद्रीय कमिटी सदस्य व अखिल भारतीय किसान महासभा के राष्ट्रीय कार्यकारणी सदस्य राजू यादव, जगदीशपुर राजद विधायक राम विष्णु सिंह लोहिया, राजद जिला अध्यक्ष वीरबल यादव, त्रिवेणी सिंह, कांग्रेस जिला अध्यक्ष, सीपीआई के जिला सचिव, ज्योतिश कुमार, सीपीएम जिला सचिव शिवकेश्वर, राजद प्रधान महासचिव राम बाबू पासवान, भाकपा – माले राज्य कमिटी सदस्य क्यामुद्दीन अंसारी, नगर सचिव दिलराज प्रीतम,जिला कमिटी सदस्य राजनाथ पासवान, आलोक रंजन ,छात्र राजद, पूर्व वार्ड पार्षद जगदीश सिंह सहित कई महागठबंधन के नेता उपस्थित थे।

बड़हरा में पैक्स चुनाव को लेकर अधिसूचना जारी

आरा : बडहरा प्रखंड के चार पंचायतों में पैक्स चुनाव को लेकर बिहार निर्वाचन प्राधिकारी ने अधिसूचना जारी कर दी गयी है। पैक्स चुनाव 15 फरवरी को होगा। प्रखंड के चार पंचायतों में 15 फरवरी को मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग कर पैक्स अध्यक्ष और प्रबंध समिति का चुनाव करेंगे। इस दौरान कोरोना संक्रमण के मद्देनजर बिहार निर्वाचन प्राधिकार ने कोरोना वायरस के संक्रमण से बचाव को ले भीड से बचने के लिए मतदान का समय सुबह 6.30 बजे से शाम 4.30 बजे तक निर्धारित किया गया है।

चुनाव के लिए नामांकन 30 जनवरी से दो फरवरी तक दिन के 11 बजे से तीन बजे तक रखा गया है। और नामांकन पत्रों की जांच तीन व चार फरवरी को होगी। नामांकन वापसी की समय सीमा 6 फरवरी तक होगा। इसी दिन शाम तक चुनाव चिन्ह आवंटित कर दिए जाएगी। मतदान 15 फरवरी को होगा। उसी दिन मतदान समाप्ति के बाद मतगणना भी होगी।

बता दें कि पैक्स चुनाव रिक्त पदों पर भी होगा। प्रखंड विकास पदाधिकारी सुशील कुमार ने बताया कि 4 पैक्सों का चुनाव लंबित हैं। जिनमें से फरना, बखोरापुर, पकड़ी व पूर्वी बबुरा पैक्स का चुनाव होना है। उन्होंने बताया कि पूर्व में भी इन सभी पैक्सों के चुनाव की तैयारी पूरी हो चुकी थी। लेकिन कोरोना संक्रमण को लेकर चुनाव टल गया था। राज्य निर्वाचन प्राधिकार से प्राप्त निर्देश के आधार पर अधिसूचना जारी होने के साथ ही चुनाव की प्रक्रिया शुरू हो गई है। मतदान से एक दिन पूर्व सभी बुथों को सेनेटाइज किया जायेगा।

पांच वर्ष में पांच पुलिस कर्मियों ने की आत्महत्या

आरा : भोजपुर जिले में पिछले पांच साल में पांच पुलिस वालों ने आत्महत्या की है। किसी ने फांसी लगा तो किसी ने जहर खाकर जान दी। दो पुलिस वालों ने तो खुद को गोलियों से उड़ा लिया। खुदकुशी करने वालों में सिपाही से लेकर दारोगा तक शामिल हैं। हालांकि किसी भी मामले में खुदकुशी की ठोस वजह सामने नहीं आ सकी।

ऐसे में सवाल उठ रहे हैं कि आखिर खुदकुशी की वजह क्या है? डिप्रेशन, स्ट्रेस, काम का बोझ, उच्च अधिकारियों का व्यवहार या कुछ और?15 जुलाई 2016 को जिले के कृष्णागढ़ थाने में तैनात जमादार ओमप्रकाश पासवान ने अपनी ही सर्विस रिवाल्वर से थाने में ही खुद को गोली मारकर आत्महत्या कर ली थी।

इसी तरह 4 सितंबर 2017 को जिले के धनगाई थाने में पदस्थापित दारोगा बासकी पासवान ने अपने को कमरे में बंद कर गोली मार खुदकुशी कर ली थी। वहीं 18 दिसंबर 2018 को जिले करनामेपुर थाना में तैनात एएसआई प्रकाश रजक ने फांसी लगाकर जान दी थी। तब बताया गया था कि प्रकाश रजक लम्बे समय से तनाव में चल रहे थे। उसके बाद दो महिला सिपाहियों ने भी खुदकुशी कर ली। आरा शहर में भी महज 13 माह में दो महिला सिपाहियों द्वारा खुदकुशी कर ली गयी है। दोनों महिला सिपाही दंगा निरोधक दस्ते में ही तैनात थी। गुरुवार की शाम सिपाही शारदा कुमारी की खुदकुशी के पहले सिपाही रिचा शर्मा ने भी अपनी जान दे दी थी। घटना 20 दिसंबर 2019 को हुई थी।

दंगा निरोधक दस्ता में तैनात रिचा शर्मा को 20 दिसंबर की दोपहर साथी सिपाहियों के साथ महिला सिपाही को विशेष वाहन से ड्यूटी पर टाउन थाने भेजा गया था। यहां पुलिस वैन से उतरने के बाद वह थाने के भवन के छत पर गई और सल्फास की गोलियां खाकर अपनी जान दे दी| रिचा शर्मा मूल रूप से नालंदा जिला के एकंगरसराय थाना क्षेत्र के पारथू गांव की रहने वाली थी। वह 2015 में बिहार पुलिस में सिपाही के पद पर बहाल हुई थी। 2019 में ही उसकी शादी आरा के राहुल शर्मा के साथ हुई थी। उस घटना के ठीक 13 माह बाद 21 जनवरी 2021 को शहर के कश्यप नगर में किराये के मकान में रहने वाली शारदा कुमारी ने पंखे से लटक कर खुदकुशी कर ली।

कपड़ा व्यावसायी को मारी गोली

आरा : भोजपुर जिले के चौरी थानान्तर्गत .बंगौटी गांव के समीप शुक्रवार की रात हथियारबंद बदमाशों ने एक कपड़ा व्यावसायी को गोली मार दी।पेट में गोली लगने से वह गंभीर रूप से जख्मी हो गया। हालांकि पुलिस मामले की अपने स्तर से छानबीन कर रही है। जख्मी व्यावसायी सिकरहटा थाना क्षेत्र के बागर गांव निवासी शिवजी राय का 30 वर्षीय पुत्र विनायक राय है।

जख्मी व्यावसायी ने बताया कि वह आरा से अपनी पत्नी के साथ बाइक से वापस गांव लौट रहा था। इसी बीच बंगौटी गांव के समीप दो की संख्या में रहे हथियारबंद बदमाशों ने उसकी बाइक को रोका और उस पर फायरिंग कर दी। जिससे एक गोली व्यावसायी को पेट में जा लगी। उसे एक प्राइवेट अस्पताल में लाया गया। जहां डॉ ने ऑपरेशन कर गोली निकाल दिया गया है।

चिकित्सक ने बताया कि जख्मी युवक को गोली पेट में लगी थी। जिस समय वह यहां आया था।उस वक्त उसकी स्थिति काफी नाजुक थी। इसके बाद ऑपरेशन करके गोली निकाल दी गयी है। अब मरीज की हालत स्टेबल है। बावजूद इसके मरीज को अभी 72 घंटों तक ऑब्जर्वेशन में रखा जाएगा। जख्मी ने एक व्यक्ति पर गोली मारने का आरोप लगाया है।

ओवरलोड ट्रैक्टर वाहन के आवागमन से टूटा पीपा पुल की प्लेट

आरा : बड़हरा प्रखंड के महुली- खवासपुर गंगा नदी पर लगे पीपा पुल पर ओवरलोड ट्रैक्टर वाहन के चलने से शुक्रवार को पीपा पुल की प्लेट टूट गयी जिससे पीपा पुल पर वाहनों का आवागमन बाधित हो गया| इससे बिहार और यूपी के लोगों को भारी परेशानी झेलनी पड़ी। सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार महुली- खवासपुर गंगा नदी पर लगे पीपा पुल पर लगी प्लेट टूट गयी|

पीपा पुल पर करीब दो घंटा तक दोनों तरफ से वाहनों की लंबी कतारें लग गई। पुल की प्लेट खराब होने से तकरीबन दो घंटा तक पीपा पुल पर वाहनों का आवागमन बाधित रहा। पीपा पुल पर आवागमन बाधित रहने से खवाशपुर के लोगों के साथ उत्तर प्रदेश के लोगों को भी काफी परेशानी झेलनी पड़ी। पीपा पुल खराब होने के बाद पीपा पुल पर लगी लंबी कतार और भारी वजन से पीपा पुल टूट ना जाए, इस डर से लोग काफी परेशान दिख रहे थे। पीपा पुल के खराब होते ही स्थानीय लोगों ने आनन-फानन में पुल को मरम्मत करने वाले लोगों को सूचना दी। कई घंटे बीत जाने के बाद खराब पुल को मरम्मत किया गया। इसके बाद पीपा पुल पर आवागमन शुरू हो सका।

बता दें कि पीपा पुल को खराब होना यह पहली घटना नहीं है। इसके पूर्व में भी कई बार पीपा पुल खराब हो चुका है। स्थानीय लोगों ने कहा कि पूरे दिन और पूरी रात पीपा पुल के रास्ते ओवरलोड ट्रैक्टर वाहन सिन्हा की तरफ से खवासपुर जाता है। लोगों ने बताया कि पीपा पुल के रास्ते उत्तर प्रदेश में सोन का बालू ले जाया जाता है। समय रहते ओवर लोड ट्रैक्टर वाहनों को रोका नहीं गया तो किसी ना किसी दिन पीपा पुल पर बड़ा हादसा हो सकता है। स्थानीय लोगों ने मांग की है कि महुली- खवासपुर गंगा नदी घाट पर पक्का पुल का निर्माण करवाया जाए। इस संबंध में पूछे जाने पर बिहार राज्य पुल निर्माण निगम के कनीय अभियंता कौशलेंद्र कुमार ने बताया कि पीपा पुल को मरम्मत करके पुल पर आवागमन शुरू करवा दिया गया है। पीपा पुल पर ओवरलोड बालू और गिट्टी लदे ट्रैक्टर वाहन के चलने से पुल में खराबी आ रही है।

पीपा पुल पर ओवरलोड बालू और गिट्टी लदे वाहनों के परिचालन को रोकने के लिए बिहार राज्य पुल निर्माण निगम के ने पूर्व में कई बार सिन्हा और खवासपुर ओपी पुलिस को पत्र भेजा है लेकिन बार-बार पत्र भेजने के बाद भी पीपा पुल पर ओवरलोड ट्रैक्टर वाहन का परिचालन जारी है। बिहार राज्य पुल निर्माण निगम के द्वारा भेजे गए पत्र पर दोनों थानों की पुलिस कोई एक्शन नहीं ले रही है। ऐसा लगता है कि कई लोगों की जान लेने के बाद ही जिला प्रशासन की कुम्भकर्णी नीद खुलेगी|

वाहन से कुचल कर मजदूर की मौत

आरा : भोजपुर के सिकरहटा थानान्तर्गत मोपती बाजार पर शुक्रवार की शाम अज्ञात वाहन ने एक मजदूर को रौंद दिया जिससे उसकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने मुआवजे की मांग को लेकर मोपती बाजार पर शव के साथ रोड जाम कर दिया। जिससे घंटों आवागमन बाधित रहा। सूचना मिलते ही स्थानीय थाना घटनास्थल पर पहुंचा और लोगों को समझा-बुझाकर जाम को हटवाया। इसके पश्चात पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम सदर अस्पताल में करवाया। मृतक चौरी थाना क्षेत्र के जनकपुरिया गांव निवासी स्व.कोमल राय का 30 वर्षीय पुत्र रितेश कुमार है। वह पलदारी करता था।

मृतक के परिजनों ने बताया कि वह लगभग 8 वर्षो से मोपती बाजार पर रहकर ही पलदारी करता था और दो-चार दिनों के लिए घर जाया करता था। शुक्रवार शाम भी वह मोपती बाजार पर पलदारी कर रहा था। इसी दौरान विपरीत दिशा से आ रहे अज्ञात वाहन ने उसे रौंद दिया। जिससे उसकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई।

पुलिस के हत्थे चढ़ा कई लूटकांड का आरोपी मास मियां

आरा : भोजपुर के एसपी हर किशोर राय के निर्देश पर गठित भोजपुर पुलिस की टीम ने कई लूट कांड के आरोपी मांस मियां उर्फ शहजाद आलम को धर दबोचा. पूछताछ के बाद उसे जेल भेज दिया गया है|

भोजपुर एसपी हर किशोर राय ने बताया कि बिहिया सहित कई लूट कांडों में उसकी तलाश की जा रही थी. अब वह गिरफ्तार कर लिया गया है. पकड़ा गया मास मिया बहोरनपुर थाना क्षेत्र के गौरा गांव का रहने वाला है. एसपी ने बताया कि बिहिया के अलावा गजराजगंज एवं जीआरपी थाने में उसके खिलाफ केस दर्ज था.

नशा मुक्त भारत अभियान पर परिचर्चा आयोजित

आरा : सामाजिक न्याय एवं सशक्तिकरण मंत्रालय, भारत सरकार के निर्देशानुसार आज आरा सदर अस्पताल के प्रांगण में एक दिवसीय नशा मुक्त भारत अभियान पर परिचर्चा का आयोजन किया गया| ए टी एफ भोजपुर के नोडल पदाधिकारी डॉ प्रवीण कुमार सिन्हा ने नशा करने वाले मरीजों एवं इलाज़ के उत्सुक व्यक्तियों को इकठ्ठा कर, नशा के सम्बन्ध में विस्तृत जानकारी दी|

उन्होंने सभी प्रकार के नशीले पदार्थ के सेवन से होने वाले दुष्परिणामों को अलग अलग डाक्यूमेंट्री फिल्मों के माध्यम से लोगों के समक्ष पेश कर समझाया| उन्होंने लोगों से अपील की कि वे किसी भी प्रकार के नशा से अपने को दूर रखे और अगर वे किसी नशा के शिकार हो गए है तो आरा सदर अस्पताल में उनके इलाज़ की समुचित व्यवस्था है| इस अवसर पर डॉ दिव्य प्रकाश, फ़िज़ियोथेरेपिस्ट, जीएनएम रीना कुमारी, एएनएम वीणा आर्य, पुष्पलता, गीता, मनोविज्ञानी याशिका रंजन, काउंसलर रत्नेश उपाध्याय और अन्य लोग उपस्थित थे|

रेड क्रास सोसायटी भोजपुर जिला इकाई ने बांटा कम्बल

आरा : स्थानीय रेड क्रॉस सोसाइटी भोजपुर जिला इकाई के प्रांगण में जिला पदाधिकारी सह अध्यक्ष भारतीय रेड क्रॉस सोसायटी भोजपुर ने भीषण ठंड के प्रकोप को देखते हुए लगभग 200 जरूरतमंदों के बीच कंबल का वितरण किया गया।आज के कार्यक्रम की अध्यक्षता सोसाइटी के चेयरमैन डॉक्टर विवेकानंद यादव ने की। इस अवसर पर जिलाधिकारी सह प्रेसिडेंट रोशन कुशवाहा के साथ साथ पुलिस अधीक्षक शहर किशोर राय एवं अनुमंडल पदाधिकारी वैभव श्रीवास्तव तथा जिला परिवहन पदाधिकारी एवं अन्य पदाधिकारी भी उपस्थित थे।

इस इस अवसर पर बोलते हुए जिला पदाधिकारी रोशन कुशवाहा ने अपनी भावनाओं को वयक्त करते हुए कहा कि पीड़ित मानवता की सेवा बहुत ही पुण्य का काम है और रेड क्रॉस एक अंतरराष्ट्रीय संस्था है जो लगातार पीड़ित मानवता की सेवा में विश्व स्तर पर लगी रहती है।जिला स्तर पर रेड क्रास के कार्य काफी सराहनीय है और अपनी पहचान बना चुके हैं। हम सभी भी प्रयासरत रहते हैं कि जिले मे किसी भी प्रकार की आपदा में जरूरतमंदों की पीड़ा को कम से कम किया जा सके।

कार्यक्रम में अतिथियों का स्वागत करते हुए वाइस चेयरमैन डॉ निर्मल कुमार सिंह ने कहा जिला पदाधिकारी के नेतृत्व में रेड क्रॉस का निरंतर विकास और विस्तार हो रहा है और आपके द्वारा दिशा निर्देश एवं प्रेरणा स्वरूप आरा प्रखंड एवं उसके आसपास के गांवों में चिन्हित कर गरीबी रेखा से नीचे रहने वाले जरूरतमंद इंसानों को आज यहां बुलाया गया है और उनको कंबल का वितरण किया गया। इस अवसर पर चेयरमैन डॉ विवेकानंद यादव ने आश्वासन दिया कि भारतीय रेड क्रॉस सोसायटी पीड़ित मानवता के प्रति कटिबद्ध है, और जब जब हमें बुलाया जाएगा हम लोग जिला प्रशासन के सहयोग से और उनकी प्रेरणा से कार्य करते रहेंगे। आज के कार्यक्रम में लगभग 200 लाभार्थियों की चिन्हित किया गया जिनके बीच कंबल वितरित किया गया।

इस अवसर पर कार्यकारिणी के सदस्य प्रोफेसर नरेंद्र कुमार नीरज,उप संरक्षक सरफराज अहमद खान, डॉ अर्चना सिंह, डा राजेश सिंह, डॉ सतीश कुमार सिन्हा, डॉ मधुकर प्रकाश ,डी राजन, वरिष्ठ अधिवक्ता एवं सदस्य कार्यकारिणी तारकेश्वर ठाकुर,डा दिनेश प्रसाद सिन्हा, विजय कुमार सिंह, अनुराधा केसरी आदि भी उपस्थित रहे| रेड क्रास के स्वयंसेवकों ने भी कार्यक्रम से अपना बहुत ही महत्वपूर्ण योगदान दिया ,जिसमें आनंद कुमार, अमित कुमार सिंह, अनूप कुमार, दिव्यांशु मिश्रा, अमन राज, एवं अंकुर कुमार की भूमिका बहुत ही सराहनीय रही। कार्यक्रम का संचालन डॉ० विभा कुमारी सचिव ने तथा धन्यवाद ज्ञापन डा दिनेश प्रसाद सिन्हा ने किया|

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here