दुनिया को भारत ने सिखाया ‘आपदा में अवसर’ तलाशना : गजेंद्र सिंह शेखावत

0

नई दिल्ली : बड़ाबाजार कुमारसभा पुस्तकालय, कोलकाता द्वारा आयोजित विवेकानंद सेवा सम्मान समारोह में केंद्रीय जल शक्ति मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने कहा कि आज जब पूरा विश्व कोरोना महामारी का सामना कर रहा है, तो इस दुनिया में सिर्फ भारत के प्रधानमंत्री हैं, जिन्होंने कहा कि हम इस आपदा को अवसर में बदलेंगे। सच्चे अर्थों में भारत और भारतीयता के प्रति यह विश्वास और स्वाभिमान की भावना है। इस वर्ष यह सम्मान कोलकाता के प्रख्यात समाजसेवी बनवारी लाल सोती को दिया गया।

कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए गजेंद्र सिंह शेखावत ने कहा कि देश आज जिस मुकाम पर खड़ा है, वहां हमें हर पल भारतीय होने पर गर्व महसूस होता है। लेकिन इस मुकाम को पाने का रास्ता स्वामी विवेकानंद जैसे प्रेरणा पुरुषों ने दिखाया है। उन्होंने कहा कि भारतीयों को इतिहास से सीखने और समझने की आवश्यकता है और जब हम इतिहास को पढ़ेंगे, तो हम पाएंगे कि स्वामी विवेकानंद जैसे लोगों के ऋण को चुका पाना बेहद मुश्किल है।

swatva

उन्होंने कहा कि स्वामी विवेकानंद जिस भारत की बात करते थे, उस भारत के निर्माण का संकल्प समाज के हर वर्ग को लेना होगा और इस संकल्प में युवाओं की महत्वपूर्ण भागीदारी होगी।

इस अवसर पर आईआईएमसी के महानिदेशक प्रो. संजय द्विवेदी ने कहा कि भारत का भारत से साक्षात्कार करवाने में अगर कोई व्यक्ति सफल हो सका है, तो वो सिर्फ स्वामी विवेकानंद हैं। उन्होंने समाज को नवाचार से परिचित कराया। स्वामी विवेकानंद ने मानव समाज की सेवा को महत्त्वपूर्ण स्थान दिया। वे शिक्षा, स्त्री पुनरुद्धार तथा आर्थिक प्रगति के पक्ष में थे। रूढिवादिता, अंधविश्वास, निर्धनता और अशिक्षा की उन्होंने हमेशा आलोचना की।

प्रो. द्विवेदी ने कहा कि कुछ प्रतिबद्ध लोग देश का जितना भला कर सकते हैं, उतना भला कोई बड़ी भीड़ एक पूरी सदी में भी नहीं कर सकती। इसलिए युवाओं को सफलता का सूत्र देते हुए विवेकानंद कहते थे कि कोई एक विचार लो और उसे अपनी जिंदगी बना लो। उसी के बारे में सोचो और सपने में भी वही देखो। उस विचार को जियो। सफलता का रास्ता यही है। इस दुनिया में आए हो तो अपनी छाप छोड़कर जाओ।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here