13 दिसंबर : आरा की मुख्य खबरें

0
आरा की मुख्य ख़बरें

गोली लगने से जख्मी कांग्रेस यादव की मौत

आरा : भोजपुर जिले के पवना थानान्तर्गत पवार गांव में गोली से जख्मी कांग्रेस यादव की मौत हो गयी। करीब डेढ़ माह पूर्व जमीन विवाद में युवक को गोली मारी गयी थी। आज अहले सुबह अपने घर में उसने दम तोड़ दिया। मृत युवक पवार गांव के बबन यादव का 40 वर्षीय पुत्र कांग्रेस यादव है। सूचना मिलने पर स्थानीय थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और शव का पोस्टमार्टम करवाया।

मृतक के भतीजे धर्मेंद्र कुमार ने बताया जाता है कि बीते 26 अक्टूबर माह की रात पूर्व के जमीन विवाद को लेकर गांव के ही संजय यादव और भोला यादव ने उसके चाचा कांग्रेस यादव को गोली मार दी थी। गोली उनकी पीठ की रीढ़ के पास लगी थी, जो फंसी हुई थी। इससे वह गंभीर रूप से जख्मी हो गया था। उसे इलाज के लिये आरा सदर अस्पताल लाया गया था। वहां से प्राथमिक उपचार के बाद चिंताजनक देखते हुये पटना रेफर कर दिया गया था।

swatva

पटना में 23 दिन भर्ती रहने के बाद डॉक्टर ने हालत में कोई सुधार नहीं होने की बात कही। उसके बाद 19 नवंबर को घर भेज दिया था। इसी बीच आज सुबह उसने घर पर ही दम तोड़ दिया। इसके बाद स्थानीय थाना को सूचना दी गयी। पुलिस मौके पर पहुंच मामले की छानबीन जुट गई है। बताया जाता है कि मृत युवक अपने दो भाइयों में छोटा था।उसकी शादी नहीं हुई थी।

जयमाला के दौरान हुई हर्ष फायरिंग में युवक की मौत

आरा : भोजपुर जिले में शादी समारोह के दौरान हर्ष फायरिंग में महज़ 24 घंटे के अंदर गोली लगने से दो लोगों की मौत हुई है. पहली घटना चरपोखरी थाना क्षेत्र के पड़रिया गांव की है, जहां शुक्रवार को अहले सुबह मध्यरात्रि हर्ष फायरिंग का विरोध करने पर एक युवक ने गोली मारकर एक युवक की हत्या वहीं ताजा मामला जिले के सिकरहटा थाना क्षेत्र के चंदा गांव का है जहाँ शनिवार की रात को शादी समारोह में पूजा के दौरान एक युवक की गोली लगने से बुरी तरह घायल हो गया जहां इलाज के लिए सदर अस्पताल लाने के दौरान उसने रास्ते में ही दम तोड़ दिया. घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय थाना घटनास्थल पर पहुंच मामले की छानबीन में जुट गया है। जानकारी के अनुसार मृतक चंदा गांव निवासी सजीवन राम का 18 वर्षीय पुत्र मुन्ना राम है।

बिहिया थानाध्यक्ष ने बताया कि दोघरा गांव से सिकरहटा थाना क्षेत्र के चंदा गांव विनोद पाल के घर बारात आई थी। जिसमें जयमाला का कार्यक्रम चल रहा था. इसी दरम्यान किसी युवक ने फायरिंग कर दी जिसमें मुन्ना राम को गोली लग गई इससे वह गंभीर रूप से जख्मी हो गया। उसे इलाज के लिए सदर अस्पताल लाया जा रहा था। तभी उसने रास्ते में ही दम तोड़ दिया, बावजूद इसके परिजन उसे सदर अस्पताल ले आये जहां चिकित्सकों ने देख उसे मृत घोषित कर दिया। हालांकि घटना का कारण स्पष्ट नहीं हो पाया है कि आखिर किसने और किधर से फायरिंग की है. दूसरी ओर मृतक के परिजनों का कहना है कि मृतक की पहले से भी किसी से कोई दुश्मनी नहीं है। इधर घटनास्थल पर पहुंची पुलिस अपने स्तर से मामले की छानबीन कर रही है।

इसी बीच भोजपुर पुलिस ने चरपोखरी थानान्तर्गत पडरिया गाँव में हर्ष फायरिंग में रोहतास जिला के शिवसागर थानान्तर्गत मोरकप गाँव के दूल्हा के पिता विजय सिंह समेत तीन लोगो को गिरफ्तार किया है| भोजपुर एसपी हर किशोर राय ने बताया कि द्वार पूजा के समय चरपोखरी थानान्तर्गत पडरिया गाँव में द्वार पूजा के समय शुक्रवार को हर्ष फायरिंग में एक युवक की जान चली गयी थी| इस सम्बन्ध में दुल्हे के पिता विजय सिंह समेत पांच पांच लोगो के विरुद्ध नामजद प्राथमिकी दर्ज की गयी थी| एसपी ने कहा कि ग्रामीण फायरिंग का विरोद्ध कर रहे थे पर बाराती नही मान रहे थे|

ग्रामीणों के विरोद्ध को लेकर ही विश्वनाथ सिंह के पुत्र निकेश उर्फ़ छोटू को गोली मारी गयी थी| एसपी ने कहा कि बाराती मनपसंद गाने बजाने की जिद कर रहे थे और जब निकेश समझाने गया तो उसे गोली मार दी गयी| निकेश पिता विश्वनाथ सिंह ने चरपोखरी थाने में दुल्हे के पिता विजय सिंह, भाई अनूप सिंह, दोस्त अशोक सिंह, आशुतोष सिंह और प्रशांत चौहान के खिलाप प्राथ्मिमिकी दर्ज कराई है| विश्वनाथ सिंह ने बताया कि विजय सिंह के ललकारने पर अशोक सिंह ने गोली मारी थी|

ट्रेन से कटकर छात्र समेत दो की मौत

आरा : दानापुर-पीडीडीयू रेलखंड पर आरा एवं कुल्हड़िया स्टेशन के बीच अलग-अलग जगहो पर ट्रेन की चपेट में आने से छात्र समेत दो की मौत हो गई। इसमें एक शव की पहचान हो गई है। जबकि दूसरे शव की शिनाख्त नहीं हो पाई है। सूचना मिलते ही आरा रेल थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंची। इसके बाद दोनो शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम आरा सदर अस्पताल में करवाया। पहली घटना शाम करीब पांच बजे आरा एवं कुलड़िया स्टेशन के बीच डाउन लाइन पर घटी। जहां ट्रेन से कटकर एक अज्ञात 40 वर्षीय युवक की मौत हो गई। स्थानीय थाना ने शव का पोस्टमार्टम सदर अस्पताल में करवाया। खबर लिखे जाने तक शव की शिनाख्त नहीं हो पाई है।

दूसरी घटना शाम करीब 6 बजे आरा स्टेशन के पूर्वी गुमटी के समीप घटी। जहां ट्रेन की चपेट में आने से एक छात्र की मौत हो गई। जानकारी के अनुसार मृतक उदवंतनगर थाना क्षेत्र के असनी गांव निवासी शिवजी सिंह का 25 वर्षीय पुत्र राकेश कुमार है। वह वर्तमान में नवादा थाना क्षेत्र के बिहारी मिल के समीप किराये का रूम लेकर पढ़ाई करने के लिए रहता था। वह स्नातक का छात्र था। मृतक के परिजनों ने बताया कि वह शाम में ट्यूशन पढ़ कर वापस अपने रूम पर लौट रहा था। इसी दरमियान वह ट्रेन की चपेट में आ गया। जिससे उसकी मौत हो गई।

जिलास्तरीय महाशिविर में 370 मरीजों का हुआ इलाज

आरा : बिहार राज्य आयुष समिति के निर्देशानुसार जिला आयुष समिति भोजपुर के सौजन्य से शाहपुर प्रखंड परिसर में शनिवार को आयुष विद्या का विशाल शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का उद्घाटन डॉ.ए.बी. चौधरी कार्यक्रम पधाधिकारी राज्य आयुष समिति बिहार पटना ने किया। अध्यक्षता भोजपुर सिविल सर्जन डॉ. ललितेश्वर प्रसाद झा एवं कार्यक्रम का संचालन जिला देसी चिकत्सा पधाधिकारी डॉ जफर सादिक ने किया। इस मौके पर वक्ताओं ने कहा कि आज बड़ी संख्या में लोग जटिल से जटिल रोगों का इलाज कराने के लिए आयुर्वेद, यूनानी एवं होम्योपैथिक चिकित्सा पद्धति को अपना रहे हैं। इस पद्धति से लोगों का इलाज करने के लिए केंद्र सरकार व राज्य सरकार भी पहल कर रही है।

अर्वेदिक चिकित्सा पधाधिकारी डॉ संजय कुमार मिश्रा, यूनानी चिकित्सा पधाधिकारी डॉ शाइस्ता परवीन, होमियोपैथिक चिकित्सा पदाधिकारी डॉ सौरव कुमार ‘सुमन’ एवं डॉ संजीव कुमार ने रोगियों का मुफ्त इलाज व जांच किया गया। इस दौरान दवाओं का मुफ्त वितरण किया गया। क्षेत्र के ग्रामीणों में इस शिविर को लेकर गजब का उत्साह पाया गया।

जिला देशी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. जफर सादिक ने बताया कि शिविर में प्रातः 10 बजे से शाम 3 बजे तक मरीजों का इलाज किया गया। इस दौरान आयुर्वेदिक पद्धति के द्वारा 124, युनानी पद्धति के द्वारा 122 एवं होमियोपैथिक पद्धति द्वारा 124 यानि कुल 370 रोगियों का मुफ्त उपचार किया गया। शिविर की विशेषता यह रही कि शाहपुर के प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी ने भी भरपूर योगदान किया एवं यहां अपने स्तर से मरीजों का मुफ्त में कोरोना जांच करवाया। इस मौके पर शाहपुर थानाध्यक्ष नित्यानंद शर्मा भी मौजूद रहें। एलोपैथिक चिकित्सा की तरफ से भी आरा के कर्मचारियों ने अपनी उपस्तिथि दर्ज कराई

संदिग्ध स्थिति में जहरीला पदार्थ खाने से महिला की मौत

आरा : भोजपुर के संदेश थाना क्षेत्र के तीर्थकौल गांव में संदिग्ध स्थिति में जहरीला पदार्थ खाने से एक महिला की मौत हो गई। रात में अपने घर में सोयी महिला सुबह मृत मिली। मृत महिला तीर्थकौल गांव निवासी रवीन्द्र खलीफा की पत्नी सूर्य कुमारी देवी है। इधर, महिला की परिजनों ने जहर देकर हत्या करने का आरोप लगाया है। सूचना मिलने पर संदेश थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और शव का पोस्टमार्टम कराया गया।

मृतका के परिजनों ने पड़ोसी पर खाने में जहर देकर मारने का आरोप लगाया है। घटना के संबंध में बड़े बेटे राहुल ने बताया कि उसकी मां का गांव के ही एक व्यक्ति के उनके घर पर आना जाना था। उसको लेकर उस शख्स की पत्नी और बेटे झगड़ा किया करते थे। कल शाम भी मां उस शख्स के घर पर गई थी। उसके बाद जब वह देर शाम घर वापस लौटी और सो गई और आज सुबह जब वह देर तक नहीं उठी तो वे लोग उसे उठाने गये। तभी उन्होंने देखा कि वह मृत अवस्था में पड़ी थी।

इसके बाद पुलिस को सूचना दी गयी। इस मामले में थाने में आवेदन भी दिया गया है। उसमें गांव के ही उस व्यक्ति की पत्नी और बेटे पर खाने में जहर देकर हत्या किये जाने का आरोप लगाया है। हालांकि पुलिस अपने स्तर से इस मामले की छानबीन कर रही है। बताया जाता है कि महिला का पति बाहर रहकर मजदूरी करता है। बड़ा बेटा राहुल खलीफा पटना में रहकर मजदूरी करता है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here