11 नवंबर : आरा की मुख्य खबरें

0
आरा की मुख्य ख़बरें

काफी उतार चढ़ाव के बाद भोजपुर के सभी सात विधानसभा क्षेत्र का परिणाम घोषित

आरा : भोजपुर में विधानसभा चुनाव में महागठबंधन एक बार फिर से एनडीए पर भारी पडा है हालाँकि महागठबंधन 2015 विधान सभा चुनाव के परिणाम को दोहराने में असफल रहा। उस समय एनडीए को भोजपुर के सातों विधानसभा में से कोई सीट हासिल नही हुयी थी| पर इस बार एनडीए दो सीट हासिल करने में सफल रहा है| राजद और भाकपा (माले) का जिले में प्रदर्शन काफी शानदार रहा। इसका असर मतगणना केंद्र पर भी देखा गया।

मगलवार की सुबह वोटों की गिनती शुरू होते ही महागठबंधन के कार्यकर्ताओं में उत्साह देखा गया, वहीं एनडीए के प्रत्याशी और उनके समर्थकों में उदासी। हर राउंड के साथ प्रत्याशी और उनके समर्थकों के चेहरे के रंग बदलते रहे । विधान सभा चुनाव को लेकर आरा की बाजार समिति में मंगलवार को कड़ी और चाक-चौबंद व्यवस्था के बीच मतगणना शुरू हुयी जो देर रात तक चली| इतने उतार चढ़ाव के बीच अंत में भाजपा के दो, भाकपा माले के दो तथा राजद के तीन लोग सफल हुए है| आरा विधान सभा चुनाव क्षेत्र का चुनाव परिणाम काफी देर से आया|

swatva

इस क्षेत्र में कांटे की टक्कर में भाजपा के चार बार के सफल प्रत्याशी तथा पूर्व बिहार सभा उपाध्यक्ष अमरेन्द्र प्रताप सिंह अपने निकटतम प्रतिद्वंदी भाकपा माले के कयामुद्दीन अंसारी को करीब तीन हज़ार मतों से हराकर विजयी घोषित हुए| मतगणना शुरू होते ही भाकपा माले के कयामुद्दीन अंसारी बढ़त बनाए हुए थे जो करीब शाम पांच बजे तक करीब 25000 वोट्स से आगे रहे| उसके बाद धीरे धीरे वोटों का अंतर कम होता गया और अंत में अमरेन्द्र प्रताप सिंह करीब तीन हज़ार वोट से विजयी रहे| अमरेन्द्र प्रताप सिंह को 71,781 वोट मिले जबकि कयामुद्दीन अंसारी को 68,779 वोट मिले|

तीसरे नंबर पर भाजपा के बागी तथा निर्दलीय प्रत्याशी हाकिम प्रसाद 4360 रहे और नोट में 2811 वोट मिले| आरा में 15 में से दो को छोड़कर सभी प्रत्याशियों की ज़मानत ज़ब्त हो गयी है| अगिआव (सुरक्षित) विधान सभा क्षेत्र से भाकपा माले के मनोज मंजिल ने अपने निकटतम प्रतिद्वंदी निवर्तमान विधायक जद(यू) के प्रभुनाथ प्रसाद को हराकर जीत हासिल की| मनोज मंजिल को 86387 वोट मिले है जबकि प्रभुनाथ प्रसाद को 37777 वोट मिले| तीसर नंबर पर लोक जन शक्ति पार्टी के राजेश्वर पासवान 4972 वोट के साथ रहे जबकि नोट में 3787 वोट पड़े| सभी 10 प्रत्याशियों में सात की सिक्यूरिटी मनी जब्त हो गयी|

बडहरा विधान सभा से भाजपा के राघवेन्द्र प्रताप सिंह ने अपने निकटतम प्रतिद्वंदी राजद के निवर्तमान विधायक सरोज यादव को हराया| राघवेन्द्र प्रताप को 76182 वोट मिले है जबकि सरोज यादव को 71209 वोट मिले है| पूर्व भाजपा विधायक तथा भाजपा की बागी निर्दलीय उम्मीदवार आशा देवी 7203 वोट के साथ तीसर नंबर पर रही जबकि नोट में 2784 वोट पड़े है| आशा देवी सहित आठ लोगों की ज़मानत जब्त हो गयी| राजद के राम विशुन सिंह उर्फ़ लोहिया अपनी सीट बचाने में सफल रहे| उन्होंने अपने निकटतम प्रतिद्वंदी पूर्व मंत्री तथा लोक जन शक्ति पार्टी के उम्मीदवार श्री भगवान सिंह कुशवाहा को हराया| राम विशुन सिंह लोहिया को 66632 वोट मिले है जबकि श्रीभगवान सिंह कुशवाहा को 44525 वोट मिले है| 29362 वोट के साथ जद(यू) की सुशुमलता तीसरे स्थान पर रही है| वही नोटा में 817 वोट पड़े है| इसके अतिरिक्त सभी 15 लोगों की ज़मानत ज़ब्त हो गयी है|

सन्देश विधान सभा क्षेत्र में राजद के निवर्तमान विधायक अरुण यादव की पत्नी किरण देवी ने अपने निकटतम प्रतिद्वंदी अपने पति के पड़े भाई तथा पूर्व विधायक एवं जद(यू) प्रत्याशी विजयेन्द्र यादव को हराया तथा राजद की सीट को बरकरार रखा| किरण देवी को 79599 वोट मिले है जबकि विजयेन्द्र यादव को 28992 वोट मिले है| तीसरे स्थान पर लोक जन शक्ति पार्टी की श्वेता सिंह को 28500 वोट मिले जबकि नोट में 3449 वोट पड़े है| इन तीन के अतिरिक्त सभी आठ की ज़मानत जब्त हो गयी है| अगर बात करे शाहपुर विधान सभा क्षेत्र की तो वहाँ से अपने दादा रामानंद तिवारी तथा पिता शिवानन्द तिवारी की विरासत को कायम रखते हुए राहुल तिवारी ने दूसरी बार राजद के उम्मीदवार के रूप में अपने निकटतम प्रतिद्वंदी निर्दलीय उम्मीदार तथा भाजपा के पूर्व प्रदेश उपाध्यक्ष विशेश्वर ओझा की पत्नी शोभा देवी को हराया जबकि पूर्व विधायक भाजपा की मुन्नी देवी को तीसरे स्थान पर रहना पडा|

राहुल तिवारी को 64393 वोट मिले है जबकि शोभा देवी को 41510 वोट मिले है| मुन्नी देवी को 21355 वोट पड़े वही नोटा में 978 वोट पड़े है| इन तीन के अरितिक्त सभी 20 लोगों की ज़मानत जब्त हो चुकी है|तरारी विधानसभा क्षेत्र से भाकपा माले के निवर्तमान विधायक सुदामा प्रसाद अपनी सीट बचाने में सफल रहे है| उन्होंने अपने निकटतम प्रतिद्वंदी पूर्व दिहायक तथा निर्दलीय उम्मीदवार नरेन्द्र कुमार पाण्डेय उर्फ़ सुनील पाण्डेय को हराया जबकि भाजपा के उम्मीदवार कौशल कुमार विद्यार्थी को तीसर स्थान पर संतोष करना पड़ा|

सुदामा प्रसाद को 73945 वोट जबकि को सुनील पाण्डेय को 62930 वोट मिले है| कौशल कुमार विद्यार्थी को 13833 वोट मिले जबकि नोटा में 2550 वोट पड़े है| इन तीन के अतिरिक्त सभी आठ लोगों की ज़मानत जब्त हो चुकी है| भोजपुर जिले के सभी सात विधान सभा क्षेत्र से 98 प्रत्याशी चुनाव लड़ रहे थे जिसमे 16 लोग ही अपनी ज़मानत बचा पाए है| सबसे मजेदार बात यह है कि इनमे से कई को नोटा में मिले वोट से भी कम वोट मिले है| लोगों में चर्चा है कि सरकार को चाहिए कि अगर नोटा में दो क्षेत्र में हुए वोट का दो प्रतिशत के अधिक वोट आये तो उसे क्षेत्र से चुनाव लड़ने वाले सभी प्रत्याशियों पर कम से कम 11 वर्ष तक चुनाव लड़ने पर प्रतिबन्ध लगाया जाये तभी नोटा का कोई महत्त्व होगा|

शाहपुर में राहुल तिवारी ने रचा इतिहास

आरा : अपने दादा रामानंद तिवारी और पिता शिवानन्द तिवारी की राह पर चलते हुए राहुल तिवारी उर्फ मंटू तिवारी ने भी इतिहास रच दिया। शाहपुर विधानसभा क्षेत्र से लगातार दूसरी बार निर्वाचित होकर राहुल तिवारी अपनी पीढ़ी के तीसरे सदस्य बने जो लगातार दो बार जीत कर विधानसभा पहुंचे। इसके पूर्व उनके दादा महान समाजवादी नेता व स्वतंत्रता सेनानी पंडित रामानंद तिवारी एवं पिता शिवानंद तिवारी भी शाहपुर से ही लगातार दो बार चुनाव जीत कर शाहपुर का प्रतिनिधित्व कर चुके है।

लगातार दूसरी बार विधायक निर्वाचित होने के बाद राहुल तिवारी ने अपनी जीत को शाहपुर की जनता को समर्पित किया। उन्होंने जीत पर जनता को बधाई और धन्यवाद दिया। उन्होंने कहा कि शाहपुर के विकास और जनता की आवश्यकता के अनुरूप कार्य करना उनकी प्राथमिकता होगी। विधायक ने कहा कि अधूरे कार्यो को तुरंत पूरा करना व नाराज चल रहे साथियों को साथ लेकर चलने का कार्य होगा। बहुत सारे अधूरे कार्य है जिन्हें शीघ्र ही जनता के सहयोग से पूरा करूंगा।

जमीन विवाद में की गयी वकील की हत्या

आरा : आरा टाउन थाना क्षेत्र के सुंदर नगर निवासी वकील की हत्या में पुलिस ने दो आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस दोनों से पूछताछ कर रही है| भोजपुर एसपी हर किशोर ने बताया कि सोमवार की रात ही दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया था। दोनों से पूछताछ की जा रही है। एसपी ने बताया कि अब तक की जांच में ज़मीनी विवाद में वकील की हत्या की बात सामने आयी है। गिरफ्तार दोनों आरोपितों से हत्या में शामिल अन्य लोगों की पहचान की जा रही है। मृतक वकील के पुत्र प्रियदर्शी ने भी जमीन विवाद में पिता की ह्त्या की बात कही थी| उसने अपने चाचा पर हत्या का आरोप लगाया था। वकील के बेटे के अनुसार उसके चाचा ने एक कुख्यात के साथ मिलकर वारदात को अंजाम दिया है।

बता दें कि सोमवार की शाम करीब साढ़े साढ़े पांच बजे सुंदर नगर निवासी वकील प्रीतम नारायण सिंह की गोली मार हत्या कर दी गयी थी। घटना के समय वकील आरा व्यवहार न्यायालय से अपनी मोटरसाइकिल से अपने आवास लौट रहे थे। तभी सुंदर नगर मोड़ के समीप अपराधियों ने चाचा कह उनको रोक लिया। उसके बाद गोली मार दी। वकील को गंभीर स्थिति में शहर के एक प्राइवेट अस्पताल में इलाज के बाद पटना रेफर कर दिया गया था। पटना पहुंचने पर उन्हें मृत घोषित कर दिया गया था।

गोली से जख्मी युवक की इलाज़ के दौरा मौत

आरा : भोजपुर जिला मुख्यालय आरा के नगर थानान्तर्गत मीरगंज बिहार कॉलोनी मोहल्ले में शुक्रवार की रात अपराधियों की गोली से जख्मी युवक की मौत हो गई। पटना के एक निजी अस्पताल में इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया। शव का पोस्टमार्टम टाउन थाना पुलिस ने सदर अस्पताल में कराया गया।जानकारी के अनुसार मृत युवक टाउन थाना क्षेत्र के मछुआ टोली निवासी सुरेंद्र प्रसाद गुप्ता का 32 वर्षीय पुत्र संजय कुमार गुप्ता है।

गोली लगने के बाद जख्मी युवक ने बताया था कि शुक्रवार की रात कुछ युवक भलुहीपुर जाने वाले रास्ते में जुआ खेल रहे थे। उस समय वह वहां से गुजर रहा था। तब एक युवक ने उसका मोबाइल छीन लिया। उसने अपना मोबाइल मांगा, तो उसने मारपीट शुरू कर दी। विरोध करने पर गोली मार दी। जख्मी युवक ने टाउन थाना क्षेत्र के भलुहीपुर मोहल्ला निवासी एक युवक पर गोली मारने का आरोप लगाया। पुलिस अपने स्तर से इस मामले की छानबीन में कर रही है। बताया जाता है कि मृतक चार भाइयों में तीसरे नंबर पर था। बड़ा भाई सोनू कुमार, मांझिल भाई मुन्ना कुमार गुप्ता तथा छोटा भाई टिंकू कुमार है। मृतक के परिवार में उसके पिता सुरेंद्र प्रसाद, मां उर्मिला देवी पत्नी रुचि देवी, 10 वर्षीय पुत्र सत्यम कुमार तथा 5 वर्षीय पुत्री दीपा कुमारी है।

राजीव एन० अग्रवाल की रिपोर्ट

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here