12 सितंबर : आरा की मुख्य ख़बरें

0
आरा की मुख्य ख़बरें

बुनियाद संजीवनी सेवा के तहत स्वास्थ्य जांच शिविर का आयोजन

आरा : गड़हनी प्रखंड के ग्राम पंचायत इचरी में कल्याण विभाग एवं विश्व बैंक के संयुक्त प्रयास से संचालित बुनियाद संजीवनी सेवा के तत्वाधान में स्वास्थ्य जांच शिविर का आयोजन किया गया।

शिविर में मरीजों की स्वास्थ्य जांच कर उन्हें जरूरी परामर्श दिए गये। वरीय भौतिक चिकित्सक डॉ. कुमार सुजीत प्रोरथेटिक एवं औथेटिक डॉ.संदीप प्रभाकर वाक् एवं श्रवण डॉ.हेमंत कुमार एवं विक्रम कुमार की देखरेख में जांच शिविर का आयोजन संपन्न हुआ। इस मौके पर डॉ. कुमार सुजीत ने बताया कि इस केंद्र द्वारा वृद्धजनों, दिव्यांगों, मानसिक एवं किसी प्रकार के विकलांगता से ग्रसित रोगियों का इलाज इस केंद्र के माध्यम से बिहार समेकित सामाजिक सुरक्षा, सुदृढ़ीकरण, समाजिक देखभाल उपेत्रित लोगों की देखभाल कर उन्हें एवं उनके परिवार की मदद करता है। इस मौके डॉ. कुमार सुजीत, डॉ. संदीप प्रभाकर, डॉ. हेमंत कुमार एवं सहयोगी समेत कई लोग मौजूद थे।

swatva

छात्रा को सांप ने डंसा, झाड़-फूंक में गयी जान

आरा : भोजपुर के तरारी प्रखंड के बंधवा गांव में शुक्रवार की रात सांप के डंसने से एक बच्ची की मौत हो गयी। इलाज के बदले झाड़-फूंक के कारण उसकी जान चली गयी। मृत बच्ची बंधवा गांव निवासी मुख्तार राम की पुत्री नेहा कुमारी थी। वह पांचवी की छात्रा थी। इससे पहले उसके भाई और चचेरी बहन की भी सर्पदंश से मौत हो चुकी है।

बताया जाता है कि नेहा रात घर के फर्श पर सोयी थी। देर रात उसे सांप ने डंस लिया। इस पर उसकी नींद खुल गयी, तो सांप को भागते हुए देख शोर मचाने लगी। तब तक सांप भाग गया। परिजन उसे झाड-फूंक के लिए तरारी के बड़का गांव व रोहतास जिले के अर्जुन बिगहा ले गये। तबतक छात्रा ने दम तोड़ दिया।

बताया जाता है कि चार साल में मुख्तार राम के घर में सांप के डंसने से तीन बच्चों की मौत हो गयी। पहले बड़े पुत्र सूरज, उसके बाद भतीजी प्रिया और अब छोटी बेटी नेहा की जान चली गयी। इसके कारण घर में कोहराम मचा है।

हत्या के मुख्य आरोपित राजा सहित चार फरार, छापेमारी तेज

आरा : मुफस्सिल थाना क्षेत्र के जगवलिया छलका के पास गोली मारकर छात्र रणजीत रजक की हत्या में पुलिस ताबड़तोड़ छापेमारी कर रही है। पुलिस ने इस मामले में अब तक सात आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया है। हालांकि मुख्य आरोपित राजा सहित चार वांटेड अभी भी फरार चल रहे हैं। चारों की धरपकड़ के लिये पुलिस हर ठिकानों पर दबिश दे रही है।

इस मामले में गिरफ्तार आरोपितों को जेल भेज दिया गया है। इनमें सरैयां के सोनू कुमार, जितेन कुमार, मुन्ना कुमार, सोनू कुमार, ऋतिक रौशन, मोबारकपुर के भरत शर्मा व सूरज शर्मा शामिल हैं। इधर, पुलिस पूरी घटना में शामिल लोगों की पहचान के लिये बर्थ डे पार्टी का वायरल वीडियो भी खंगाल रही है।

बताया जा रहा है कि बर्थ डे पार्टी का वीडियो वायरल हो रहा है। उसमें बर्थ डे में केक काटते, डांस व मस्ती करते और कुछ को हर्ष फायरिंग करते देखा जा रहा है। हालांकि वीडियो वायरल होने की आधिकारिक पुष्टि नहीं हो सकी है।

बता दें कि पिछले बुधवार की रात सरैयां से बर्थ डे पार्टी से लौट रहे आरा के तीन दोस्तों पर ताबड़तोड़ फायरिंग की गयी थी। घटना मुफ्फसिल थाना क्षेत्र के जगवलिया छलका के समीप हुई थी। उसमें बलबतरा निवासी बीए के छात्र रंजीत कुमार रजक की मौके पर ही मौत हो गयी थी। जबकि मुन्ना कुमार और मुकेश कुमार जख्मी हो गये थे। उसके बाद गुरुवार को आरा में जमकर हंगामा हुआ था।

भाकपा माले और जाप की ओर से रोड जाम भी किया गया था। सदर विधायक अनवर आलम भी जाम में शामिल थे। वहीं पुलिस ने घटना के बाद छापेमारी कर सात आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया था। सूत्रों की मानें तो उसी क्रम में पुलिस को बर्थ डे पार्टी का वीडियो हाथ लगा है। वहीं अन्य आरोपितों की धरपकड़ के लिये सदर एसडीपीओ के नेतृत्व में टीम बना कर छापेमारी की जा रही है।

वायरल वीडियो में बर्थे पार्टी के दौरान हर्ष फायरिंग और डांस पर युवकों की मस्ती करने से पुलिस की काफी किरकिरी हो रही है। बताया जा रहा है कि कृष्णागढ़ थाने से महज कुछ दूरी पर पार्टी मन रही थी। उसमें फायरिंग भी हो रही थी, लेकिन पुलिस को भनक तक नहीं लग सकी।

आरा जेल में फिर लावारिस हालत में फेंके गये मोबाइल व चार्जर

आरा : स्थानीय जेल में बाहर से मोबाइल व गांजा सहित आपत्तिजनक सामान फेंके जाने का सिलसिला थम नहीं रहा है। शुक्रवार की रात भी जेल में मोबाइल और चार्जर फेंक दिये गये। हालांकि शनिवार की सुबह मोबाइल बरामद कर लिये गये। ऐसे में मोबाइल बंदियों के हाथ नहीं लग सका। इस बार तीन मोबाइल व दो चार्जर बरामद किये गये हैं। इसे लेकर कारा प्रशासन द्वारा टाउन थाने में सनहा दर्ज कराया गया है।

कारा प्रशासन के अनुसार शनिवार की सुबह कक्षपाल कौशल कुमार और प्रभारी उच्च कक्षपाल अंजनी कुमार सिन्हा को चांदमारी चक्कर के दौरान दक्षिणी मुख्य पैरिमीटर वॉल से सटे वार्ड नंबर-23 के पीछे कपड़े की पोटली मिली। जांच के दौरान पोटली से तीन मोबाइल और दो चार्जर मिले।

बता दें कि जेल में अक्सर बाहर से मोबाइल व गांजा सहित अन्य सामान फेंक दिये जाते हैं। अभी एक सितंबर को ही जेल से 80 ग्राम गांजा और 23 अगस्त को तीन मोबाइल बरामद किये गये थे। इससे पहले भी कई बार इस तरह के प्रयास किये जा चुके हैं। हालांकि कि कारा प्रशासन की सख्ती और सक्रियता के कारण अक्सर सामान बंदियों तक पहुंचने से पहले ही जब्त कर लिया जा रहा है।

लूट के बाद राजगीर में आरा के युवक की हत्या

आरा : सैलानी युवक की हत्या से एक बार फिर पर्यटक स्थल राजगीर दहल गया। शुक्रवार को रत्नागिरी पर्वत मार्ग में लूटपाट के बाद बदमाशों ने पर्यटक युवक की चाकू गोद कर हत्या कर दी। वारदात के बाद लुटेरे युवती को गलत नीयत से खींचकर जंगल ले जा रहे थे। किसी तरह युवती बदमाशों के चंगुल से भागकर थाना पहुंच गई। मृतक आरा जिला के तरारी थाना क्षेत्र के खरौना गांव निवासी भिखारी राय का पुत्र सन्नी कुमार है। चश्मदीद युवती बदमाशों की संख्या चार बता रही है। नवादा निवासी युवती मृतक की भांजी है।

चश्मदीद एकता कुमारी ने बताया कि वह मामा सन्नी के साथ राजगीर घुमने आई थी। उसी दौरान वह रत्नागिरी पर्वत की ओर चली गई। जहां घटना राजगीर वनक्षेत्र के जयप्रकाश उद्यान से दक्षिणी पूर्वी दिशा स्थित रत्नागिरी पर्वत पर मुनिसुब्रत नाथ स्वामी जैन मंदिर को जाने वाली मार्ग में हुई। पूर्व से मौजूद चार बदमाशों ने चाकू का भय दिखाकर सन्नी से नगदी, मोबाइल और सोने की अंगूठी लूट ली। चश्मदीद युवती ने बताया कि घटना के बाद चारों बदमाश जंगल में भाग गए थे। उसने पुलिस को इसकी जानकारी भी दी। मगर बदमाशों की तलाश नहीं की गई। पुलिस कार्रवाई करती तो सभी बदमाश पकड़े जाते।

विरोध करने पर बदमाशों ने युवक को चाकू गोद जख्मी कर दिया। इसके बाद लुटेरे युवती को गलत नीयत से जबरन खींचकर जंगल की ओर ले जाने लगे। जहां से युवती किसी तरह भागकर थाना पहुंची। इसके बाद पुलिस जख्मी को इलाज के लिए अस्पताल लाई। जहां से सदर अस्पताल ले जाने के दौरान रास्ते में जख्मी की मौत हो गई। मौत की सूचना पाकर मृतक के अन्य रिश्तेदार भी पहुंच गए। जहां उनकी चीत्कार गूंज रही थी।

सन्नी की हत्या ने एक एक बार फिर राजगीर में पर्यटकों की सुरक्षा पर सवाल खड़ा कर दिया है। यहां आए दिन पर्यटकों के साथ अप्रिय घटना होती है। कभी पर्यटकों को सड़क पर दौड़ाकर पीटा जाता है तो कभी हत्या व दुष्कर्म जैसी घटनाएं हो जाती है। बावजूद इसके पर्यटकों की सुरक्षा को चौकस नहीं किया जा रहा। पर्यटकों की सुरक्षा के लिए पर्यटक मित्र वाहन की व्यवस्था की गई, मगर इन दिनों पर्यटक मित्र वाहन से गश्ती का काम लिया जा रहा है।

सन्नी स्नातक का छात्र था। वह अपनी बहन के लिए जिउतिया का सामान लेकर अपने जीजा के पास नवादा गया हुआ था। सन्नी का परिवार आरा शहर के विष्णु नगर मोहल्ले में एक किराए के मकान में रहता है। पिता भिखारी राय उर्फ बृजभूषण राय पूजा-पाठ कराते हैं। परिवार गांव लौट आया है।

सन्नी दो भाई में बडा़ था। एक बहन है। बहन की शादी अरवल जिला में संभरिया गांव में हुई है।उसके बहनोई नवादा शहर में जॉब करते हैं। बहन और बहनोई के नवादा में रहने के कारण सन्नी वहां गया था।

थानाध्यक्ष संतोष कुमार ने बताया कि जख्मी अवस्था में मृतक ने बयान दिया था। जिसके आधार पर बदमाशों पर केस दर्ज किया गया है। पुलिस हत्यारों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकाने पर छापेमारी कर रही है। पर्यटक युवती के साथ सुनसान इलाके में घुम रहा था। उसी दौरान घटना हुई।

आरा में कालाबाजारी कर वेंडर मनमाने भाव पर बेच रहे हैं 100 और 500 के स्टांप

आरा : आरा शहर में विगत 20 दिनों से कई प्रकार के स्टांप पेपरों के समाप्त हो जाने के कारण आम लोगों को कई प्रकार की परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। दूसरी तरफ कई वेंडर इसकी कालाबाजारी कर जमकर मुनाफा कमा रहे हैं। इधर, प्रशासन पूरी तरह से बाहर से स्टांप पेपर नहीं आने को ले निश्चिंत बैठा हुआ है।

मालूम हो जिले में 20 दिन से ज्यादा हो गया 10, 20, 50, 100, 500 और 1000 के स्टांप पेपर समाप्त हुए। 5000 के स्टांप पेपर अभी भी मिल रहे हैं। स्टांप पेपर के समाप्त होने से सबसे ज्यादा परेशानी किसी भी प्रकार के एग्रीमेंट कराने वाले लोगों, परीक्षार्थियों और बैंक से लोन लेने वाले लोगों को हो रही है। जिले के कई ग्रामीण क्षेत्रों से लोगों को आरा आने के बाद स्टांप पेपर नहीं मिलने पर निराश होकर वापस लौटना पड़ रहा है। वैसे स्टांप पेपर जनवरी के बाद ही भोजपुर जिला में नहीं आया है। अगस्त के लास्ट में सभी प्रकार के स्टांप पेपरों का स्टॉक लगभग समाप्त हो गया। स्टॉक समाप्त होने और नया नहीं आने के कारण इसकी समस्या हो गई है।

मालूम हो लॉकडाउन लगने के कारण स्टांप पेपर बिहार में नासिक और हैदराबाद से ही नहीं आ रहे हैं। जिला मुख्यालय में स्टांप पेपर समाप्त हो जाने के बाद भी निबंधन कार्यालय में स्टॉक होल्डिंग से स्टांप पेपर रोजाना मिल रहा है। इसकी जानकारी देते हुए आरा सब रजिस्ट्रार ने बताया कि सुबह 10 बजे से दोपहर एक बजे तक रजिस्ट्री कार्यालय के स्टॉक होल्डिंग काउंटर पर कोई भी व्यक्ति को जितनी आवश्यकता है, उतनी मात्रा में ई स्टांप पेपर ले सकता है।

स्टांप पेपरों की किल्लत मुख्य रूप से आरा मुख्यालय में ही हुई है। इसकी किल्लत होते ही कई वेंडरों के द्वारा डेढ़ गुना से भी ज्यादा दामों पर स्टांप पेपरों को अवैध रूप से बेचा जा रहा है। कई ग्राहकों ने बताया कि 100 वाला 150 रुपए, 500 वाला 800 रुपए में और 1000 वाला स्टांप पेपर 1700 से 1800 रुपए में अवैध रूप से बेचा जा रहा है। वह भी काफी आरजू विनती और पैरवी करने के बाद वेंडर वाले छुपा कर दे रहे हैं। वहीं ट्रेजरी अफसर भानु प्रताप सिंह का कहना है कि लॉकडाउन के कारण राज्य मुख्यालय से स्टांप पेपर नहीं आ रहे हैं। वहां से मिलने के साथ ही सभी को फिर से सप्लाई शुरू कर दी जाएगी।

ममेरे भाई ने ही आलू व्यवसायी के भाई को मारी थी गोली

आरा : भोजपुर पुलिस ने एक पखवाड़े के भीतर ही शाहपुर के आलू व्यवसायी के भाई भरत गुप्ता को गोली मारने के मामले का पर्दाफाश करने में सफलता पा ली। पुलिस के अनुसार आलू व्यवसायी पिंकू गुप्ता के छोटे भाई भरत कुमार गुप्ता को उसके ममेरे भाई ने ही उसके पट्टीदार के एक लड़के शिवम गुप्ता के सहयोग से ही घटना को अंजाम दिया था। साथ ही फोन से धमकी देते हुए सात लाख रुपये रंगदारी की मांग की थी।

फिलहाल शिवम को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। जिसने पूछताछ के दौरान उसने सहयोग करने के आरोप को स्वीकार भी कर लिया है। शाहपुर थानाध्यक्ष अविनाश कुमार के अनुसार घटना के वैज्ञानिक अनुसंधान के आधार पर घटना को अंजाम देने वालो में से एक को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस द्वारा सीडीआर के आधार पर उक्त गोली कांड का उद्भेदन किया। हालांकि मुख्य आरोपी विकास कुमार बक्सर जिले के धनसोई में चोरी के मामले में स्थानीय पुलिस द्वारा गिरफ्तार कर रिमांड होम भेज दिया गया है।

व्यवसायी के मामा तेजनारायण गुप्ता उर्फ तेजू बक्सर जिले के धनसोई के रहने वाले हैं। जिनका पुत्र विकास कुमार ने उसके पट्टीदार के पुत्र शिवम कुमार गुप्ता के सहयोग से 31 अगस्त की रात को सोते वक्त भरत गुप्ता को गोली मारकर हत्या का प्रयास किया था। इस संबंध में घायल भरत गुप्ता के बड़े भाई आलू व्यवसायी पिंकू गुप्ता द्वारा शाहपुर थाने में अज्ञात लोगों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कराई गई थी।

विदित हो कि 31 अगस्त की रात शाहपुर के आलू व्यवसायी पिंकू गुप्ता के छोटे भाई भरत गुप्ता को उस वक्त गोली मारी गई थी जब वह शाहपुर स्थित अपने आवास के सामने आलू के दुकान पर सोया हुआ था।

राजीव एन अग्रवाल

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here