6 सितंबर : चंपारण की मुख्य ख़बरें

0
चंपारण की मुख्य ख़बरें

आजादी के बाद सिर्फ वोट बैंक की हुई राजनीति, जनअधिकारों की नहीं : रमा देवी

चंपारण : भाजपा बिहार प्रदेश भाजपा के निर्देश पर शिवहर सांसद रमा देवी संपर्क अभियान के तहत आज नवयुवक पुस्तकालय मोतिहारी सहित मधुबनी घाट एवं मनियारी टोला, ढेकहां में जन सम्पर्क कार्यक्रम में शामिल हुईं। सांसद ने कहा कि आजादी के बाद सिर्फ वोट बैंक की राजनीति होती रही। जन समस्याओं के निदान और जन अधिकारों के रक्षार्थ किसी सरकार ने कारगर कदम नहीं उठाया।

उन्होंने कहा कि भाजपा के शासन काल में कई ऐतिहासिक और भारतीय वैभव को बढ़ाने वाले कार्य हुए। भारत को एक सूत्र में बांधने का श्यामा प्रसाद मुखर्जी का सपना साकार हुआ। सांस्कृतिक राष्ट्रवाद को आयाम देने के लिए बहुप्रतीक्षित श्री राम मंदिर के निर्माण की आधारशिला रखी गई। अल्पसंख्यक बहनों के अधिकारों की रक्षा के लिए तीन तलाक कानून बनाया गया। जीवन के लिए रोटी, कपड़ा और मकान जैसी बुनियादी आवश्यकताओं को सुलभ बनाया गया।

swatva

कार्यक्रम में बिहार के कला संस्कृति मंत्री प्रमोद कुमार ने अपने संबोधन में केंद्र एवं राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं और उपलब्धियों से संबंध में विस्तार से चर्चा की। मौके पर भाजपा जिला महामंत्री डॉ. लाल बाबू प्रसाद,कृष्ण कुमार, सुरेंद्र चौधरी, योगेंद्र प्रसाद, शंकर जाय सवाल, अशोक डॉलर, संजय जायसवाल, दुर्गा जी, कृष्णा राजगढ़िया, डॉ. विवेक गौरव, बीरेंद्र जालान, अप्पू जायसवाल,सुधीर गुप्ता,त्रिलोक कुमार,बबलू कुमार, अरविंद कुमार,विद्या सागर प्रसाद, बीर बहादुर प्रसाद, मदन सिंह, सुरेंद्र साह सहित बड़ी संख्या में गणमान्य उपस्थित थे। यह जानकारी जिला मीडिया प्रभारी गुलरेज शहजाद ने दी।

राजन दत्त द्विवेदी

पाॅल्ट्री फाॅर्म, मत्स्य पालन, डेयरी के लिए माइक्रोप्लान विकसित करने पर जोर

चंपारण : बेतिया, पश्चिम चम्पारण जैसे कृषि प्रधान जिला के किसान गन्ना, धान जैसे मुख्य फसल आधारित कार्य करते हैं। यहां सर्वाधिक लोगों की निर्भरता कृषि पर है। इसलिए कृषि एवं कृषि उत्पाद के क्षेत्र के विकास से लोगों को खुशहाल बनाने की दिशा में सभी संबंधित पदाधिकारी समन्वय स्थापित कर कार्य करें। इस कार्य में लाॅकडाउन के दौरान जिला में लौटे व्यक्तियों को प्राथमिकता दें। इसके क्रियान्वयन को जिला कृषि पदाधिकारी अविलंब 20-25 ऊर्जावान कर्मियों के दल का गठन करें।

यह दल सर्वें कर कृषि एवं कृषि उत्पादों के संदर्भ में संभावनाओं की तलाश कर शीघ्र प्रतिवेदन दें। उक्त बाते डीएम कुंदन कुमार ने अपने कार्यालय कक्ष में कृषि, उद्योग, मत्स्य, उद्यान विभागों के कार्य प्रगति की समीक्षा के दौरान कही। कहा कि जिला में आनन्दी भूजा, बासमती चावल, मर्चा चिउड़ा का प्रचूर मात्रा में परम्परागत उत्पादन होता है। ये उत्पाद देश-विदेशों में काफी प्रसिद्ध है। इन उत्पादों के विकास को समन्वित प्रयास की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि पश्चिम चम्पारण जिला में गन्ना व धान की खेती होती है। गन्ना से विभिन्न प्रकार के अन्य उत्पादों को विकसित करने की आवश्यकता है। जिससे अन्य लोगों को रोजगार मिल सके तथा उनकी आर्थिक उन्नति हो सके।

कहा कि गन्ना के विभिन्न उत्पादों यथा-जोगिया मिट्ठा (गुड़), शक्कर, गन्ना जूस, प्लेट निर्माण, फाईबर टू फेब्रिक्स का उत्पादन भी इसी जिला में कर इसकी ब्रांडिंग के लिए विस्तृत रिपोर्ट अविलंब कार्यकारी विभाग को उपलब्ध कराएं। इसके साथ ही हर्बल प्लान्टेशन के क्षेत्र में भी अपार संभावनाएं हैं। हर्बल प्लान्टेशन के क्षेत्र में मेंथा, लेमन ग्रास, पामा रोजा, आर्टीमिशिया, भेटेबल के व्यापक उत्पादन की दिशा में ठोस कदम उठाने का निर्देश संबंधित पदाधिकारियों को दिया। जिला पदाधिकारी ने कहा कि कृषि एवं कृषि से सम्बद्ध क्षेत्रों के विकास के लिए युवाओं को प्रोत्साहित कर, प्रगतिशील एवं ऊर्जावान व्यक्तियों की लाईन लिस्टिंग करें। कृषि एवं कृषि से सम्बद्ध प्रत्येक विभाग को “एग्रीस्मिता” नाम से एक व्हाट्सएप ग्रुप बना जोड़े। इस ग्रुप में किसानों को जोड़कर उनसे सुझाव एवं फीडबैक लें।उन्होंने जिला कृषि पदाधिकारी, जिला पशुपालन पदाधिकारी, जिला मत्स्य पदाधिकारी, जिला गव्य विकास पदाधिकारी को कृषि एवं कृषि उत्पाद से सम्बद्ध विभिन्न क्षेत्रों यथा-पाॅल्ट्री, मत्स्य पालन, डेयरी (दूध उत्पादन) को आपस में समन्वय स्थापित कर और अधिक विकसित करने का निदेश दिया। उन्होंने कहा कि जिलान्तर्गत जितने भी पाॅल्ट्री का निर्माण हुआ है। उसे जीविका के माध्यम से फंडिंग उपलब्ध कराए। पाॅल्ट्री के साथ पाॅल्ट्री फीड का निर्माण, चूजे का उत्पादन एवं उसके दाने के निर्माण की दिशा में कार्रवाई करें।

जिला में खेत-पोखर का निर्माण मनरेगा के माध्यम से किया गया है, जिससे मतस्य पालन को बढावा मिले। जिला कृषि पदाधिकारी को कृषिसम्बन्धित उत्पाद जैसे दलहन, तेलहन, सब्जी व मसाले की खेती कराने पर जोर दिया। जिला पदाधिकारी ने “मशरूम विलेज” तैयार करने की आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया। कहा कि मधुमक्खी पालन, प्रोसेसिंग एवं पैकेजिंग को बढ़ावा देने के लिए कार्रवाई की जाय। हनीबाॅक्स के निर्माण में लाॅकडाउन के दौरान जिला में वापस लौटे कामगारों/श्रमिकों को लगाएं।

डीएम ने कहा कि चनपटिया बाजार समिति में निर्माणाधीन कलस्टर में विद्युत सम्पर्क स्थापित करने, रौशनी की व्यवस्था करने, पेयजल एवं शौचालय की व्यवस्था करने, मशीनों तथा अन्य आवश्यक सामग्रियों का इन्स्टाॅलेशन कराने को अविलंब अग्रेत्तर कार्रवाई की जाय। उन्होंने डीडीसी एवं कार्यपालक पदाधिकारी नगर परिषद बेतिया को इस कार्य का लगातार अनुश्रवण एवं निरीक्षण करने का निदेश दिया है। मौके पर उप विकास आयुक्त रवीन्द्र नाथ प्रसाद सिंह, वरीय उप समाहर्ता मयंक सिंह, कार्यपालक पदाधिकारी, नगर परिषद, बेतिया विजय उपाध्याय, जिला कृषि पदाधिकारी विजय प्रकाश, जिला शिक्षा पदाधिकारी, जिला पशुपालन पदाधिकारी, जिला मत्स्य पदाधिकारी, जिला गव्य विकास पदाधिकारी, सहायक निदेशक, उद्यान, जिला अग्रणी प्रबंधक समीक्षा बैैैठक उपस्थित रहे।

अवधेश कुमार शर्मा

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here