8 अगस्त : आरा की मुख्य ख़बरें

0
आरा की मुख्य ख़बरें

बक्सर में स्कॉर्पियो पलटने से आरा के एक ही परिवार के सात लोग जख्मी

आरा : आरा-बक्सर एनएच पर बक्सर के कृष्णाब्रह्म थाना क्षेत्र के ढकाइच गांव के समीप शनिवार की सुबह एक स्कॉर्पियो अनियंत्रित होकर पलट गई। स्कॉर्पियो पर सवार आरा के एक परिवार के सात लोग जख्मी हो गये। सभी का इलाज आरा सदर अस्पताल में कराया जा रहा है।

घायलों में आरा के टाउन थाना क्षेत्र के काजी टोला मोहल्ला निवासी मो.अब्दुल वहाब, उनकी पत्नी शकीला खातून, बहू रुकसाना खातून, रुही तब्बसुम, पुत्र. शमीम, पोता प्रिंस व नाती शाहनवाज है। जख्मी शमीम के अनुसार बकरीद के अवसर पर परिवार के सभी लोग अपनी बहन के घर बक्सर जिला के सोनीपट्टी गये थे। शनिवार की सुबह सभी एक स्कॉर्पियो से वापस लौट रहे थे। इसी बीच ढकाइच गांव के समीप स्कॉर्पियो अनियंत्रित होकर पलट गई। इससे सभी लोग जख्मी हो गये। इसके बाद सभी के इलाज के लिए सदर अस्पताल लाया गया।

swatva

दुकान के बाहर भीड़ लगाने का विरोध करने पर फायरिग

आरा : नवादा थाना क्षेत्र अन्तर्गत जगदेवनगर मुहल्ला इलाके में शुक्रवार की शाम दो गुटों में भिड़ंत हो गई। इस दौरान हथियार बंद बदमाशों ने ताबड़तोड़ फायरिग भी की। हालांकि, कोई हताहत नहीं हुआ। हमलावर एक बाइक पर दो की संख्या में थे। इसे लेकर फौजी संजीव कुमार सिंह ने संबंधित थाना में शिकायत दर्ज कराई है। जिसमें तीन को नामजद आरोपी बनाया गया है।

घटना के मूल में दुकान के बाहर भीड़ लगाने का विरोध किए जाने को लेकर उपजे विवाद की बात सामने आ रही है। बताया जा रहा कि नवादा थाना के अनाईठ निवासी फौजी संजीव कुमार सिंह का जगदेवनगर मुहल्ला में मार्केट हैं। शुक्रवार को फौजी संजीव अपने मार्केट पर गए हुए थे। इस दौरान मार्केट स्थित सुधा डेयरी दुकान के बाहर कुछ लोग बेवजह भीड़ लगाकर खड़े थे।

इस दौरान दुकान के बाहर बेवजह भीड़ लगाकर खड़े होने का विरोध करने पर वाद-विवाद हो गया। इसके बाद एक बाइक पर सवार होकर आए दो -तीन युवक फौजी से उलझ गए। आरोप है कि आरोपियों ने फौजी सह मार्केट मालिक के ऊपर फायरिग कर दी। जिसमें वे बाल-बाल बच गए। बाद में हमलावर फरार हो गए। सूचना मिलने पर नवादा थाना पुलिस वहां पहुंच गई। फौजी ने नवीन और सुमन नामक दो युवकों पर फायरिग किए जाने का आरोप लगाया है। दोनों मूल रूप से पीरो के बैसाडीह और उदवंतनगर के बेलाउर गांव के निवासी बताए जाते हैं। वर्तमान में जगदेवनगर में रहने वाले बताए जाते हैं। पुलिस मामले की छानबीन कर रही हैं।

छापेमारी करने गई पुलिस पर पथराव, आरोपी गिरफ्तार

आरा : टाउन थाना क्षेत्र अन्तर्गत आनंदनगर रेलवे क्रासिग पुल के समीप शनिवार की सुबह छापेमारी करने गई पुलिस पर पथराव किया गया। जिसके बाद पुलिस ने एक आरोपी को रंगे हाथ धर दबोचा। इसे लेकर पुलिस ने एफआईआर दर्ज किया है। पकड़ा गया आरोपित विमल कुमार सिंह उर्फ अंटू मिस्त्री आरा मुफस्सिल थाना क्षेत्र के पिपरहियां गांव का निवासी बताया जाता हैं। घटना सुबह करीब पांच बजे की हैं। इसे लेकर काफी देर अफरातफरी मची रही। पकड़े गए आरोपी पर शराब पीकर हंगामा और पुलिस पर पथराव करने का गंभीर आरोप है।

बताया जा रहा कि टाउन थाना पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि पिपरहियां-आनंदनगर के रास्ते तस्कर अवैध शराब लेकर जाने वाले हैं। जिसके बाद इंस्पेक्टर धर्मेन्द्र कुमार के निर्देश पर पुलिस टीम को छपेमारी के लिए भेजा गया था। एएसआई राज विजय सिंह के नेतृत्व में गई पुलिस आनंदनगर पुल के समीप टोह में खड़ी थी कि इसी दौरान शराब के नशे में धुत आरोपित ने पुलिस पर पथराव कर दिया। जिसके बाद पुलिसकर्मियों में भगदड़ मच गई। इस दौरान पुलिस ने घेराबंदी कर पथराव करने वाले एक तत्व को पीछा कर धर दबोचा।

पूछताछ करने पर उसने अपना नाम विमल कुमार सिंह उर्फ मन्टू तथा घर पिपरहियां बताया। बाद में ब्रेथ एनलाइजर से उसकी जांच कराई गई। जांच के दौरान अल्कोहल की मात्रा पाई गई। पुलिस इंस्पेक्टर ने बताया कि शराब पीकर हंगामा करने और पुलिस पर पथराव किए जाने को लेकर एएसआई राज विजय सिंह के बयान पर एफआईआर दर्ज की गयी है। आरोपी को जेल भेज दिया गया है। वह पूर्व से भी आरा मुफस्सिल, नवादा और बड़हरा थाना से जुड़े आ‌र्म्स एक्ट और शराब के केस में दागी रहा है तथा जेल जा चुका है|

अग्निपथ पर ‘तेजस्वी’ के पीछे बिहार चल पड़ा है : हीरा ओझा

आरा : राजद नेता हीरा ओझा ने कहा कि अग्निपथ पर “तेजस्वी जी” के पीछे पीछे राजद एवं बिहार चल पड़ा है. देश व राज्य की सरकार ने देर से ही सही तेजस्वी जी की बातों पर अमल शुरू कर दिया है राजद नेता हीरा ओझा ने कहा कि परिभ्रमण के क्रम में गंगापुर, जवईनिया, चक्की नौरंगा, दामोदरपुर के किसानों, बेरोजगार युवकों एवं कोरोना काल में बाहर से आए श्रमिकों के मनोभावों को जानने और समझने के क्रम में ज्ञात हुआ कि किसान की सटीक परिभाषा क्या होती है। “विशेषकर बिहार तथा गंगा के किनारे का किसान-सरल एवं सीधा होता है, सहन शक्ति आपार है, भविष्य के बारे में सकारात्मक सोच रखता है, कभी निराश नही होता, सब पर विश्वास करता है, जल जंगल तथा जमीन का सजग पहरुआ है- परिणाम स्वरूप बार बार छला जाता है।”

हीरा ओझा ने कहा कि “दिलीप राय” हो चाहे “रामाशीष पासवान” या “सत्येंद्र यादव” हो अथवा “मार्कण्डेय चौबे” सभी इस बिंदु पर आकर सहमत हो जाते है कि हमारे देश के निवासियों की जीवनशैली और यहाँ की अर्थव्यवस्था में पारंपरिक एवं अधुनिक तत्वों का अनोखा मिश्रण है, इसीलिए बार बार लुटे एवं रौंदे जाने के बावजूद सोने की चिड़िया नामक देश बुनियादी रूप से आत्मनिर्भर अर्थव्यवस्था को पुनर्स्थापित कर लेता है।

हीरा ओझा ने कहा कि अनुभूत सत्य के आधार पर मेरा कथन यह है कि- कर्ज में डूबे पैदा होना, हाड़ तोड़ परिश्रम के बावजूद सारा जीवन भूख एव कर्ज से छुटकारा पाने के लिए छटपटाना और अंत मे अपनी संतति पर कर्ज का भारी बोझ छोड़कर इस असार संसार से प्रस्थान कर जाना ही नियति बन गयी है किसान की। झांसा देकर इस स्थिति का निदान नही हो सकता है। एक बार इन्हें कर्जमुक्त कर देने का साहस तो हमे करना ही पड़ेगा। प्रकृति प्रदत्त एव मानवीय निर्मित आपदाओं, झंझावातों से हम लड़ रहे है। देश की सरहद की रक्षा करने में पूर्णरूपेण हम सक्षम नहीं हो पाए है। वहाँ पर सड़कों, बंकरों एव अनगिनत पुलों का निर्माण अपेक्षित है।

हीरा ओझा ने कहा कि कोरोना के कहर ने लगभग 50 हजार हमारे प्रिय लोगों को हमसे अकारण असमय छीन लिया। कारण साफ है कि अस्पतालों, दवाओं, डॉक्टरों, पनाहगाहों का अत्यंत अभाव है। जाहिर है अभी भादों मास चल रहा है। लोग बाग बाढ़ की विभीषिका से भी डरे हुए है। सरकार को अपने कर्मों से आश्वस्त करना चाहिए की आवश्यक संसाधन जैसे कि नावों, तिरपालों, दवा एव भोजन आदि की आपूर्ति आवश्यकता के अनुरूप की जाएगी। हमे वह हर संभव प्रयास करना होगा ताकि किसानों, मजदूरों, गरीबों का मनोबल ऊँचा रहे।

हीरा ओझा ने कहा कि बिडम्बना यह है कि सत्ताधारी राजनीतिक दलों के व्यवहार से परिलक्षित होता है कि वे पार्टी हित को राष्ट्रहित से बड़ा मानते है जो अनअपेक्षित है। इसीलिए अग्निपथ पर “तेजस्वी जी” के पीछे पीछे राजद एवं बिहार चल पड़ा है।

बीरमपुर में किसान की गोली मारकर हत्या

आरा : भोजपुर जिले के कोईलवर थाना क्षेत्र के बीरमपुर गांव में शुक्रवार की देर रात्रि एक अधेड़ किसान की सुषुप्तावस्था में गोली मारकर हत्या कर दी गई। मृतक किसान को सिर में काफी करीब से गोली मारी गई है। घटना को लेकर गांव तथा आसपास के इलाके में सनसनी मच गई। मामला पारिवारिक विवाद का बताया जा रहा है। पुलिस मामले की तफ्तीश कर रही है।

जानकारी के अनुसार मृतक किसान बीरमपुर गांव निवासी बिंदेश्वर सिंह का पुत्र पप्पू सिंह उर्फ हरिशंकर सिह (45 वर्ष) है। वे पेशे से किसान थे। बताया जाता है कि शुक्रवार की रात्रि वह खाना खाकर दलान में सोए हुए थे। इसी क्रम में अपराधियों ने उनके सिर में गोली मार दी। इससे किसान की मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस का कहना है कि घटना का स्पष्ट कारण अभी पता नहीं चल पाया है। वैसे पुलिस दो बिंदुओं को केंद्र में रखकर तफ्तीश कर रही है।

बाइक दुर्घटना में युवक जख्मी

आरा : भोजपुर जिले के मुफस्सिल थाना क्षेत्र के बरौली गांव के समीप शुक्रवार की रात बाइक दुर्घटना में एक युवक जख्मी हो गया। उसे इलाज के लिए सदर अस्पताल लाया गया।जानकारी के अनुसार जख्मी मुफस्सिल थाना क्षेत्र के गोठहुला गांव निवासी लालजी बिन्द है।

जख्मी लालजी बिन्द ने बताया कि वह सब्जी गोला से सब्जी खरीदकर बाइक से चांदी थाना क्षेत्र के सलेमपुर गांव जा रहा था। उसी बीच बरौली गांव के समीप सड़क के बीचोबीच अचानक मवेशी आ गया। जिसे बचाने के क्रम में उसकी बाइक अनियंत्रित हो गई।जिससे वह बाइक से गिर पड़ा और जख्मी हो गया।

पत्नी से झगड़े के बाद पति ने खाया जहर

आरा : शहर के टाउन थाना क्षेत्र के महादेवा मोहल्ले में पत्नी से झगड़े के बाद एक युवक ने जहर खा लिया। इससे उसकी हालत काफी बिगड़ गई। आरा सदर अस्पताल में इलाज के बाद उसे पटना रेफर कर दिया गया है। युवक कुश कुमार बताया जा रहा है।

उसके अनुसार उसकी पत्नी और उसके बीच कुछ दिनों से अनबन चली आ रहा थी। सुबह किसी बात को लेकर दोनों के बीच झगड़ा हो गया। उसके बाद गुस्से में आकर युवक ने जहर खाया लिया। जहर के असर से उसकी हालत बिगड़ने लगी देख इलाज के लिए आरा सदर अस्पताल लाया गया। जहां से पटना रेफर कर दिया गया।

डांसर के साथ नाचने के विवाद को लेकर मारपीट, चार जख्मी

आरा : भोजपुर जिले के उदवंतनगर थाना क्षेत्र के दक्षिण एकौना गांव में शनिवार की सुबह डांसर के साथ नाचने के विवाद को लेकर दो पक्षों के बीच मारपीट हुई। इसमें एक पक्ष के चार लोग जख्मी हो गए। इसके बाद उन्हें इलाज के लिए सदर अस्पताल लाया गया।

जानकारी के अनुसार जख्मियों में दक्षिणा एकौना गांव निवासी गौरी शंकर राम, उनका पुत्र हंसराज राम, भतीजा सूरज कुमार एवं मुनु कुमार है। जख्मी गौरी शंकर राम ने बताया कि बीते शनिवार को उनके रिश्तेदार दिलीप कुमार के लड़का का बरही था। जिसमें नाच का कार्यक्रम था। शाम में जब डांसर स्टेज पर नाच रही थी। तभी गांव का ही एक युवक डांसर के साथ डांस करने लगा। जब जख्मी के दोस्त ने इसका विरोध किया। तो दूसरे पक्ष के लोग गाली-गलौज करने लगे। इस दौरान एक की पिटाई कर दी गयी। हालांकि बात खत्म हो गई थी। आज सुबह पुनः पूछताछ करने के दौरान दोनो पक्ष भीड़ गये।

भोजपुर में बाइक की टक्कर से वृद्ध की मौत

आरा : बहोरनपुर ओपी के करजा राजपुर सड़क पर बाइक के धक्के से एक 90 वर्षीय बृद्ध की मौत हो गयी।मृतक शिवजी यादव बहोरनपुर ओपी क्षेत्र के उमरावगंज के रहने वाले थे।घटना शुक्रवार की शाम तब घटी जब बृद्ध सड़क के किनारे बैठा था।इसी दौरान बिहिया की ओर से तेज गति से आ रही बाइक ने जोर की टक्कर मार दी।

घटना के बाद बृद्ध बेहोश हो गया जिसकी थोड़ी देर बाद मौत हो गयी।घटना के बाद मौके पर काफी संख्या में लोग जुट गए तथा बाइक चालक को पकड़ कर पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर अंत्यपरीक्षण के लिए सदर अस्पताल आरा भेज दिया है।पुलिस मामले को लेकर कार्रवाई कर रही है।

रिया चक्रवर्ती छोटी मछली है, बड़ी मछलियों को बचाया जा रहा : पप्पू यादव

आरा : बिहार के रहने वाले बॉलीवुड अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत की मौत के मामले में CBI ने केस दर्ज कर लिया है। सीबीआई इस केस की जांच में जुट गई है। सुशांत केस में सबसे पहले सीबीआई जांच की मांग करने वाले जन अधिकार पार्टी के सुप्रीमो पप्पू यादव अब सीबीआई अफसर की भूमिका पर ही सवाल खड़ा करने लगे हैं।

पप्पू यादव ने कहा कि सुशांत सिंह राजपूत की लाश पर राजनीति का विचित्र नाटक किया जा रहा है। उनका मानना है कि एक फेलियर अफसर को इस केस में जांच के लिए लगाया गया है। वे शुक्रवार को आरा परीसदन में पत्रकारों से बातचीत के दौरान बोल रहे थे। पप्पू यादव ने कहा कि ‘रिया चक्रवर्ती एक मर्डरर है, इसमें कोई बहस नहीं है। इस केस में सिर्फ अभिनेत्री रिया चक्रवर्ती ही नहीं है।सुशांत की मौत के पीछे कई पार्टियों के नेता भी शामिल हैं। इसके अलावे अंडरवर्ल्ड से जुड़े लोग भी इस हत्याकांड के पीछे हैं। सुशांत की पूर्व मैनेजर दिशा सालियान की मौत के पीछे किसका हाथ है। इसकी भी अच्छे तरीके से जांच होनी चाहिए। इस केस में रिया चक्रवर्ती को केंद्रित किया जा रहा है जबकि सुशांत की मौत के पीछे कई बड़ी मछलियां हैं।

पप्पू यादव ने कहा कि ‘मैं बॉलीवुड इंडस्ट्री में गैंग से आजादी चाहता हूं।बॉलीवुड इंडस्ट्री में सभी दलों के नेताओं की भागीदारी है। इसमे अंडरवर्ल्ड के लोगों की मिलीभगत है, सब लोग शामिल हैं। महाराष्ट्र सरकार ने इस केस को समाप्त कर दिया।बहुत पहले ही इस केस को सीबीआई को देने की जरूरत थी। वही बिहार के डीजीपी गुप्तेश्वर पांडेय की बयानबाजी पर उन्होंने कहा कि डीजीपी को तो बिहार के लोगों को न्याय दिलाना चाहिए। माफियाओं और अपराधियों ने नाक में दम कर रखा है।

पप्पू यादव ने कहा कि सुशांत की मौत के बाद ही लगातार इस केस की जांच सीबीआई द्वारा कराने की मांग कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि डेढ़ महीने तक सरकार कहां थी। क्या सबूत मिटाने की कोशिश की गई? सुशांत सिंह राजपूत के हत्यारों को बचाने की कोशिश की जा रही है। पप्पू यादव ने कहा कि जिस सीबीआई अफसर को इस केस में जांच का जिम्मा सौंपा गया है, उस पर भी सवाल खड़ा किया। उन्होंने कहा कि इसी अफसर को भागलपुर सृजन घोटाला, मुजफ्फरपुर नारुणा केस और आरा के ब्रम्हेश्वर मुखिया हत्याकांड का जिम्मा सौंपा गया था। लेकिन इन सभी मामलों में आज तक कोई खुलासा नहीं हो पाया। उन्होंने कहा कि पटना हाईकोर्ट के जज की मॉनिटरिंग में इस केस की जांच होनी चाहिए। इतना ही नहीं तीन महीने के भीतर हत्यारों को सलाखों के पीछे डालना चाहिए।

बिहार में बाढ़ की भयावह स्थिति को लेकर भी पप्पू यादव ने राज्य और केंद्र सरकार पर हमला बोला। उन्होंने कहा कि बिहार में 65 लाख लोग बाढ़ में फंसे हुए हैं।लेकिन डबल इंजन की सरकार इन्हें अनदेखी कर रही है। बाढ़ की इतनी बड़ी त्रासदी के बावजूद एक भी केंद्रीय टीम को भारत सरकार ने बिहार नहीं भेजा। इतना ही नहीं इसे अब तक आपदा क्षेत्र भी घोषित नहीं किया गया। इस डबल इंजन की सरकार को तत्काल इस्तीफा दे देना चाहिए। इनलोगों ने उत्तर बिहार को बाढ़ से बर्बाद कर दिया है।

यही दूसरी ओर कोरोना को लेकर पप्पू यादव ने कहा कि ‘क्या करोना एंटी बीजेपी वायरस है ? एक के बाद एक बीजेपी नेताओं को पकड़ रहा है। गृह मंत्री अमित शाह और धर्मेंद्र प्रधान संत जैसे कई नेता इसकी चपेट में आ चुके हैं। पप्पू यादव ने कहा कि वह कई दिनों से लगातार घूम रहे हैं।बाढ़ में फंसे लोगों की मदद कर रहे हैं। लोगों तक भोजन-पानी पहुंचा रहे हैं, लेकिन आज तक उनको कोरोना नहीं हुआ। यह बात समझी जा सकती है| बीजेपी नेता सिर्फ लोगों की सहानुभूति के लिए यहसब नाटक कर रहे है|

सफाई कर्मियों ने शाहपुर नगर पंचायत के मुख्य द्वार के समक्ष किया प्रदर्शन

आरा : पिछले दो महीने से दैनिक मजदूरी नहीं मिलने के आक्रोशित शाहपुर नगर पंचायत के सफाई कर्मियों ने नगर पंचायत के मुख्य द्वार के समक्ष प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के दौरान सफाई कर्मियों ने शाहपुर नगर पंचायत के कार्यपालक पदाधिकारी जुल्फिकार अली के विरोध में काफी देर तक नारे लगाए।

सफाई कर्मियों ने बताया कि वो लोग पिछले एक वर्ष से दैनिक मजदूरी पर सफाई का काम शाहपुर नगर पंचायत में करते आ रहे है। लेकिन पिछले दो महीने से आज, कल व परसो कह दैनिक मजदूरी देने का आश्वासन दिया जाता। लेकिन अभी दैनिक मजदूरी नही मिलने के कारण स्थिति भूखों मरने की आ गई है। पैसे नहीं होने के कारण लॉकडाउन में उन्हें खाने-पीने का सामग्री भी दुकानदारों द्वारा नहीं दी जाती है।

विदित हो कि शाहपुर नगर पंचायत में कार्यपालक पदाधिकारी द्वारा शाहपुर नगर पंचायत के विभिन्न वार्डो की सफाई हेतु गैर सरकारी संस्था को हटाकर अपने स्तर से दैनिक मजदूरी पर रखकर सफाई का कार्य कराया जा रहा था। हालांकि कुछ दिन पूर्व नपं के कार्यपालक पदाधिकारी जुल्फेकार अली प्यामी ने दुरभाष पर बताया था कि सफाई कर्मियों को मजदूरी दी गई है।

बारिश के खुशनुमा मौसम में कजरी व झूला ने अद्भुत छटा बिखेरी

आरा : बारिश के खुशनुमा मौसम में कजरी व झूला ने अद्भुत छटा बिखेरी। अवसर था आरा एचडी जैन कॉलेज के प्रदर्श कला विभाग द्वारा आयोजित चार दिवसीय ऑनलाइन कार्यक्रम वार्ता -व्याख्यान-प्रदर्शन की तीसरी कड़ी का। प्रदर्श कला विभाग एचडी जैन कॉलेज आरा के एक वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में तीसरे दिन हरियाणा की बहुचर्चित शास्त्रीय गायिका श्वेता दुबे ने अपने स्वरो के जादू से सबको सम्मोहित कर लिया।

प्रधानाचार्य डॉ. शैलेंद्र कुमार ओझा ने स्वागत करते हुऐ कहा कि जैन महाविद्यालय आरा में महान विभूतियों का सम्मान करना परंपरा रही हैं। प्रदर्श कला विभाग पिछले एक वर्षों से कला और संस्कृति के विकास में अद्भुत योगदान दे रहा है। इस महत्वपूर्ण कार्य के लिए शिक्षक, कर्मचारी व छात्र-छात्राएं बधाई के पात्र हैं। वहीं इस ऑनलाइन कार्यक्रम में गायिका श्वेता दुबे ने मिश्र खमाज में “ठुमरी ठाड़े रहो बांके श्याम,” मांड़ में दादरा “माना मोर कहनवा”, बरहमास “नई झुलनी की छैया बलम” झुलागीत “झुला धीरे से झुलावो बनवारी रे सांवरिया” कजरी “सजनी छाई घटा घनघोर” व भजन “हरी बिन तेरो कौन सहाई” प्रस्तुत कर समां बांध दिया।

संचालन व धन्यवाद ज्ञापन बक्शी विकास ने किया। बक्शी विकास ने बताया कि चार दिवसीय इस ऑनलाइन कार्यक्रम का समापन सत्र शनिवार 8 जुलाई को संपन्न होगा जिसमें बनारस हिन्दू विश्वविद्यालय के नृत्य विभाग की सहायक प्रोफेसर डॉ. विधि नागर “नई शिक्षा नीति में संगीत का भविष्य” विषय पर व्याख्यान देंगी। वहीं जेडी वीमेंस कॉलेज के संगीत विभाग की विभागाध्यक्ष प्रो. (डॉ.) रीता दास सरोद वादन प्रस्तुत करेंगी।

बिहिया में छह दुकानदारों के खिलाफ प्रशासन ने की कार्रवाई

आरा : पूरे भोजपुर में लॉक डाउन की स्थिति है लेकिन बिहिया में कुछ दिनों से लॉक डाउन की धज्जियां उड़ाई जा रही थी। जिसकी शिकायत प्रशासन को मिल रही थी। अब प्रशासन ने सोशल डिस्टेंसिंग की धज्जियां उड़ाने वालों के खिलाफ कार्रवाई शुरू कर दिया है। जिसके बाद नियमों को ताक पर रखकर दुकान खोलने वालों में हड़कंप मचा हुआ है।पुलिस की इस कार्रवाई की सराहना भी शुरू हो गई है। जिला प्रशासन के नेतृत्व में बिहिया थाने की पुलिस ने कार्रवाई शुरू की है।

लॉकडाउन लागू होने के बावजूद दुकानें खोलकर बेचने को लेकर स्थानीय प्रशासन ने शुक्रवार को सघन छापेमारी अभियान चलाया. बिहिया बीडीओ लोक प्रकाश के नेतृत्व में व दलबल के साथ मौजूद थानाध्यक्ष शशिकांत ने बिहिया नगर में चार व बिहिया चौरास्ता पर दो यानि कुल छह दुकानदारों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए उनकी दुकानों को सील करने की कार्रवाई की. बीडीओ ने बताया कि बिहिया में लड्डू हाशमी के हैप्पी ड्रेसेज, विन्ध्याचल प्रसाद के कपड़ा दुकान, लल्लू चौधरी के चौधरी वस्त्रालय व गुड्डु साह के अनामिका प्लास्टिक स्टोर तथा बिहिया चौरास्ता स्थित मुन्ना पाण्डेय के पान दुकान एवं राजीव कुमार के चंद्रिका श्रृंगार स्टोर को खुला पाया गया जिनके खिलाफ कार्रवाई की गयी है. प्रशासन के सघन छापेमारी अभियान के दौरान नगर में दुकानें खोलकर खरीद बिक्री कर रहे दुकानदारों में हड़कंप मचा रहा. प्रशासन को देखते हीं दुकानदार धड़ाधड़ अपनी दुकानों के शटर गिराते नजर आये जिससे बाजार में कुछ देर तक अफरा-तफरी मची रही।

राजीव एन अग्रवाल

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here