6 अगस्त : बक्सर की मुख्य ख़बरें

0
बक्सर की मुख्य ख़बरें

115 नए मामलों के साथ कुल आंकड़ा पहुंचा 1445

बक्सर : जिले में कोरोना संक्रमित का आंकड़ा तेजी के साथ बढ़ रहा है। आज गुरूवार को जारी रिपोर्ट के अनुसार जिले में कुल 115 नए पॉजिटिव केस सामने आए हैं। यह अब तक का सर्वाधिक आंकड़ा है। एक दिन में इतने ज्यादा संक्रमित पहले नहीं मिले । 5 अगस्त को कुल 95 लोग संक्रमित मिले थे। लेकिन, आज गुरुवार को जो रिपोर्ट आई है। उसके बाद जिले का कुल आंकड़ा 1445 पहुंच गया है।

जिला प्रशासन की रिपोर्ट के अनुसार फिलहाल जिले में सक्रिय रोगियों की संख्या 633 है। ठीक होने वालों की कुल संख्या 812 है। एक दिन पहले यह आंकड़ा 738 था। इन दोनों के अंतर का अवलोकन करने पर पता चलता है कि कुल 74 लोग स्वस्थ्य हुए हैं। यह आंकड़ा भी अब तक का सर्वाधिक है। वहीं दूसरी तरफ संक्रमित लोगों की सूची पर नजर डालें तो राजपुर प्रखंड में बीस नए मामले सामने आए हैं। जिसमें सर्वाधिक सिकठी से हैं। वहीं पुलिस लाइन में भी 14 आरक्षी संक्रमित मिले हैं। यही हाल जिले के अन्य प्रखंडों का भी है।

swatva

स्वच्छता अभियान के तहत आम जन को सुपुर्द की गई सामुदायिक शौचालय

बक्सर : लॉकडाउन के दौरान भी बहुत से कार्य हो रहे हैं। इनमें मनरेगा और निर्माण कार्य प्रमुख हैं। ताकि कामगारों को रोजगार मिल सके। इसी कड़ी में दो जगह सामुदायिक शौचालय की शुरूआत भी की गई है। पिछले दिनों जिलाधिकारी अमन समीर ने इसी कार्य योजना के तहत चौसा प्रखंड के सरेंजा पंचायत में बनकर तैयार हुए सामुदायिक शौचालय को आमजन को सुपुर्द किया।

डीएम ने इसके लिए सभी प्रखंड़ों को आवश्यक निर्देश दे रखे हैं। लोहिया स्वच्छता अभियान के तहत बने शौचालयों से गांव के वैसे लोगों को लाभ मिलेगा। जिनके घरों में शौचालय नहीं है। जिले में बहुत से ऐसे गांव और टोले हैं। जहां घर वालों के पास इतनी भूमि नहीं है। जहां वे शौचालय का निर्माण कर सकें। उनकी जरूरत को ध्यान में रखते हुए इनका निर्माण कराया जा रहा है। यह कार्य लोक स्वास्थ्य अभियंत्रण विभाग के जिम्मे है। लेकिन, सार्वजनिक भूमि न मिलने के कारण इसके निर्माण में व्यवधान भी आ रहा है। फिलहाल जिले में चौसा के सरेंजा और ब्रह्मपुर मे इसका लोकार्पण हो चुका है।

चौकीदार पर लगाया दुष्कर्म के प्रयास का अरोप, गिरफ्तार

बक्सर : चौकीदार ने मुसहर टोली की महिला के साथ दुष्कर्म का घिनौना प्रयास किया। इतना ही नहीं विरोध करने पर मारपीट करने और आगजनी के प्रयास का अरोप भी लगा है। घटना सोनवर्षा ओपी के रामनगर मुसहर टोली की है। इस सम्बंध में माझिल मुसहर द्वारा चौकीदार तेजनारायण यादव व दो अज्ञात के विरुद्ध थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई गई है। पुलिस ने घटना की गंभीरता को देखते हुए चौकीदार को हिरासत में ले लिया है।प्राथमिकी के अनुसार मंगलवार रात साढ़े नौ बजे चौकीदार अपने दो साथियों के साथ मुसहर टोली में घूस आया। महिलाओं के साथ छेडख़ानी कर रहा था। जिसका विरोध किए जाने पर नशे में धुत्त चौकीदार ने दहशत फैलाने के लिए अवैध हथियार से कई राउंड फायरिंग भी की।

इस घटना से आक्रोशित लोगों ने चौकीदार की जमकर पिटाई कर दी, तथा उसके पास से अवैध देसी कट्टा छीन लिया। ग्रामीणों का यह भी आरोप है।घटना के बाद वह भाग गया। कुछ देर बाद बाइक से दो साथियों को लेकर आया। एक झोपड़ी में आग लगा दी। इसके बाद आज बुधवार की सुबह वहां के लोग एसपी से मिलने जिला मुख्यालय आ गए। यहां प्रदर्शन करने लगे। खबर मिलते ही सदर डीएसपी सतीश कुमार व नगर कोतवाल मौके पर पहुंचे। उचित कार्रवाई का भरोसा दिला उन्हें वापस भेजा। पूछे जाने पर एस पी यूएन वर्मा ने बताया चौकीदार को गिरफ्तार कर लिया गया है।

डीएम ने जिले में कोरोना जाँच के लिए रखे 2500 लक्ष्य

बक्सर : जिलाधिकारी अमन समीर ने बुधवार को वीडियो संवाद के माध्यम से स्वास्थ्य विभाग की बैठक की। उन्होंने कहा जांच की रफ्तार गुरुवार से 1800 सौ की जाए। सिविल सर्जन को दिए गए निर्देश में उन्होंने कहा। 10 अगस्त से इसे और बढ़ाया जाएगा। प्रतिदिन ढ़ाई हजार लोगों की जांच हो सके। इसकी मुक्कमल तैयारी विभाग अभी कर लें । पाठक यह जान लें। जुलाई में प्रतिदिन दो से ढ़ाई सौ लोगों की जांच हो रही थी। जिसे कीट की उपलब्धता के आधार पर बढ़ाकर एक हजार कर दिया गया था।पिछले तीन दिनों के आंकड़े पर हम नजर डालें तो एक हजार लोगों की जांच प्रतिदिन हो रही है। अब इसे 18 सौ किया जाना है।

स्वास्थ्य विभाग ने इस कार्य में तेजी लाने के लिए सभी प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्रों को कार्य योजना बनाने के लिए कहा है। सूचना के अनुसार प्रत्येक पंचायत में शिविर लगाया जा रहा है। वहां जो लोग भी संभावित लक्षण वाले हैं। उनकी प्रमुखता से जांच की जा रही है।इतना ही नहीं, जिला प्रशासन ने हेल्प लाइन नंबर जारी किए हैं। जो लोग जांच कराना चाहते हैं। वे स्वयं संपर्क कर सकते हैं। डीएम ने इसी सप्ताह कहा था। वृद्ध, लाचार, कमजोर, गर्भवती महिलाओं की जांच घर पर जाकर की जाएगी। अगर वे सूचना देते हैं। यह प्रयास इस लिए हो रहे हैं। जिससे संक्रमित लोगों की पहचान हो सके। ऐसा करने से सामुदायिक संक्रमण का खतरा कम हो सकेगा।

भाकपा माले ने मनाया विरोध दिवस

बक्सर : राजनीति को धर्म से दूर रखें। इस बात को लेकर राष्ट्रव्यापी आह्वान पर बुधवार को भाकपा माले ने प्रदर्शन किया। चौगाई प्रखंड के मुरार गांव में पार्टी से जुड़े लोगों ने सामाजिक दूरी का ध्यान रखते हुए इसके खिलाफ प्रदर्शन किया। अपने विरोध के दौरान उन्होंने कहा, सरकार को धार्मिक आयोजनों से दूर रखें। संविधान के धर्मनिरपेक्ष स्वरुप का उल्लंघन न करें। पार्टी के प्रखंड सचिव विरेन्द्र सिंह ने कहा, प्रधानमंत्री मंदिर का शिलान्यास करेंगे। यूपी का पूरा प्रशासन उसमें शामिल हुआ। यह तो सरकारी आयोजन हो गया। भारत एक धर्म निरपेक्ष गणराज्य है। यहां सभी धर्मों का आदर होता है। इस लिए सरकार को ऐसा नहीं करना चाहिए। संघ के इशारे पर मोदी धर्म की राजनीति कर रहे हैं। हम इसका विरोध करते हैं। इस कार्यक्रम में सत्यनारायण पासवान, भदेश्वर साह, विरेन्द्र महतो, जगदीश प्रसाद, राकेश राम, मुन्ना राम, अरूण महतो, सरोज पासवान आदि शामिल हुए।

चंद्रकेतु पांडेय

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here