3 अगस्त : आरा की मुख्य ख़बरें

0
आरा की मुख्य ख़बरें

हत्या के ममले में 7 लोगों पर नामज़द प्राथमिकी

आरा : बहोरनपुर ओपी क्षेत्र के लक्ष्मणपुर गांव में शुक्रवार की देर शाम सरकारी चापाकल के विवाद में लाठी-डंडे से पीट-पीटकर ओमप्रकाश रजक उर्फ ज्योति रजक की हत्या करने के मामले में मृतक के पिता महावीर रजक के बयान पर 7 लोगों के खिलाफ नामजद प्राथमिकी दर्ज करायी गयी है। दर्ज करायी गयी प्राथमिकी में मृत युवक के चाचा श्रीराम रजक, चचेरे भाई जितेन्द्र रजक, राकेश रजक व निर्मल रजक के अलावा घर की महिलाओं पुष्पा देवी, गुड़िया देवी व सुगान्धी देवी को नामजद किया गया है. ओपी पुलिस मामले की छानबीन व गिरफ्तारी में जुटी हुई है।

कुल्हड़िया के जावेद अशरफ देश-विदेशों में लहरा रहे परचम

आरा : भारतीय वायु सेना में राफेल जेट से भारतीय सेना के साथ-साथ पूरे विश्व में देश की ताकत में इजाफा हुआ है। देश की जनता द्वारा दिए गए टैक्स से खरीदे गए पांच राफेल देश की सुरक्षा के लिए भारतीय वायु सेना को सौंपे हैं। चीन तथा पाकिस्तान के साथ चल रहे गंभीर माहौल में इन विमान का भारतीय वायुसेना को मिलना सोने पर सुहागा है।

swatva

वहीं राफेल को भारत के बेड़े में शामिल कराने में फ्रांस में तैनत उच्चायुक्त जावेद असरफ की भूमिका को ले उनका पैतृक गांव कुल्हड़िया भी गदगद है। आसमान में शोर कर दुश्मन देश को गर्जना सुनाने वाले फ्रांस में तैनात भारत के उच्चायुक्त जावेद अशरफ पर भोजपुरवासियों को नाज है। जिले के कोईलवर प्रखंड के कुल्हड़िया गांव के निवासी जावेद अशरफ देश व विदेश में अपना परचम लहरा रहे हैं। 1991 में यूपीएससी की परीक्षा पास कर वह भारतीय विदेश सेवा में शामिल हुए थे।

1993 से लेकर 1999 तक फ्रैंकफर्ट और बर्लिन में स्थित भारतीय दूतावास में भी तैनात रहे। इसके बाद 1999 से लेकर 2004 तक उन्होंने नई दिल्ली में विदेश मंत्रालय के अमेरिका डिवीजन में काम किया। फिर 2004 में उन्हें नेपाल का उच्चायुक्त नियुक्त किया गया था। यहां उन्होंने 2007 तक काम किया और अपनी सेवाएं दी थीं। जावेद अशरफ को 2016 नवंबर को सिंगापुर में भारत के उच्चायुक्त के तौर पर नियुक्त किया गया था और फिर फ्रांस में उच्चायुक्त बनाया गया। राफेल डील में उन्होंने भारत और फ्रांस के बीच तारतम्यता बिठाने में सहयोग किया। इनके पिता सुलेमान अशरफ गणित विभाग के विभागाध्यक्ष व प्रधानाचार्य के पद को भी सुशोभित किया था।

जावेद असरफ के पूर्वजों की मजार पर परिवार के लोगों ने इस उपलब्धि पर दुआ मांगी। उनके परिवार के मोहम्मद इकबाल ने कहा कि पूरा परिवार बहुत शिक्षित है। समाजसेवी मुकेश सिंह ने कहा कि पूरी ग्राम पंचायत में शैक्षणिक सामाजिक स्तर को ऊंचा करने में सदैव अशरफ साहब के परिवार की भूमिका रही है। इस मौके पर मोहम्मद इकबाल मियां, महमूद कैसर आलम, रंजीत कुमार सिंह, मिथिलेश समेत कई लोग मजार पर उपस्थित होकर खुशियां मनाई और भारत माता की जय के नारे लगाए।

विद्युत करंट की चपेट में आए दो भाई

आरा : भोजपुर जिले के मुफस्सिल थाना क्षेत्र के गोठहुला गांव में रविवार की शाम करंट प्रवाहित तार की चपेट में आने से सगे भाई झुलस गये। दोनों का इलाज आरा सदर अस्पताल में कराया गया। झुलसने वालों में सूचित बिंद के पुत्र सुगम बिंद व सोना बिंद है।

बताया जाता है कि गोठहुला गांव में उनके घर में लगे मड़ई का बांस गिर गया था। इसे दोनों भाई बांध रहे थे। वहां पहले से बिजली के पोल से तार टूटकर गिरा हुआ था। बांस बांधने के दौरान उनका हाथ करंट प्रवाहित तार से स्पर्श कर गया। इससे पहले एक भाई चपेट में आया। बचाने के दौरान दूसरा भाई भी चपेट में आ गया। इससे दोनों गंभीर रूप से झुलस गये। इसके बाद उन्हें इलाज के लिए आरा सदर अस्पताल लाया गया।

प्रेमी संग भागी छात्रा, पिता ने अपहरण का दर्ज कराया केस

आरा : भोजपुर जिला के शाहपुर थाना क्षेत्र के हरिहरपुर गांव से एक नाबालिक छात्रा के अपहरण का केस उसके पिता शिवजी साह द्वारा शाहपुर थाने में दर्ज कराया गया है। अपहृत छात्रा ने 10वी बोर्ड की परीक्षा इसी वर्ष उतीर्ण किया है। अपहृत छात्रा के पिता ने अपहरण का आरोप शाहपुर प्रखंड के हरिहरपुर गांव निवासी हरिओम गुप्ता व शाहपुर थाना के बनाही गांव निवासी वसंत गुप्ता पर लगाया गया है।

अपहृत छात्रा के पिता शिवजी साह के अनुसार 30 जुलाई की सुबह उसकी लड़की करीब 10 बजे दुकान से सामान लेने गई थी। उसी दौरान नामजद आरोपियों द्वारा छात्रा को दूसरे किसी के साथ भगा दिया गया। हालांकि दोनों ही आरोपियों से जब पुलिस द्वारा पूछताछ की गई तो पुलिस भी हैरान रह गई।

आरोपियों के अनुसार छात्रा के कई लड़को के साथ अच्छे रिलेशन व उन सभी से प्रेम की बाते करती थी। अपहृत छात्रा शाहपुर स्थित हरिनारायण हाई स्कूल से इसी वर्ष 10वी बोर्ड की परीक्षा पास की है। पढ़ाई के दौरान उसका संपर्क कई लडको के साथ होने की बात बतायी गयी। आरोपी लड़को द्वारा पुलिस के सामने ही अपहृत छात्रा को फोन किया गया। जिससे छात्रा के बंगलोर में अपने प्रेमी के साथ रहने की बात सामने आई है। अपने प्रेमी के साथ भागी छात्रा व आरोपियों के द्वारा भगाने में मदद की गयी है या नही स्थानीय पुलिस द्वारा मामले की छानबीन की जा रही है।

पूर्व के मामले में फरार पांच आरोपितों के घर की गयी कुर्की

आरा : भोजपुर जिले के कृष्णागढ़ थाना की पुलिस ने कोर्ट के आदेश पर दो दिनों में पूर्व के मामले में फरार पांच आरोपितों के घर कुर्की-जब्ती की कार्रवाई की। इनमें रविवार को तीन और सोमवार को दो आरोपितों के घर कुर्की की गयी।

प्रभारी थानाध्यक्ष सुभाष चंद्र के नेतृत्व में पुलिस ने रविवार को गुंडी गांव में बाप-बेटे सहित तीन आरोपितों के खिलाफ कुर्की की कार्रवाई की। प्रभारी एसएचओ ने बताया कि गुंडी गांव निवासी रवीन्द्र राय उर्फ राजेंद्र राय, सर्वा राय व उनके पुत्र के घर कुर्की की गयी।

वहीं सोमवार को बभनगांवा गांव निवासी सिपाही यादव व पद्मिनिया गांव निवासी एक आरोपित के घर कुर्की की कार्रवाई की गयी। उन्होंने बताया कि सभी पूर्व के मामलों में आरोपित थे और फरार चल रहे थे।

रास्ता घेरने का विरोध करने पर महिला मुखिया के साथ मारपीट व छेड़खानी

आरा : भोजपुर जिले के कृष्णागढ़ थाना क्षेत्र के बभनगांवा गांव में रास्ता घेरने का विरोध करने पर महिला मुखिया के साथ मारपीट की गयी। इस दौरान मुखिया के साथ छेड़खानी भी की गयी और साड़ी खींच लज्जा भंग करने का प्रयास भी किया गया। इस संबंध में मुखिया इंदू उपाध्याय द्वारा कृष्नागढ़ थाने में नामजद प्राथमिकी दर्ज करायी गयी है। इसमें गोरख चौधरी, संजीत चौधरी, नंदबुटन चौधरी व हरिशंकर उपध्याय सहित अन्य को आरोपित किया गया है। सभी पर सरकारी जमीन पर दीवार खड़ी कर आम रास्ता रोकने और विरोध करने पर पंचायती के दौरान मारपीट व छेड़खानी करने का आरोप लगाया गया है।

प्राथमिकी के अनुसार आरोपितों द्वारा गुंडी मौजा की सरकारी जमीन (आम रास्ते) पर कब्जा कर लिया गया है। एक जमीन पर तो दीवार भी खड़ी कर दी गयी है। इसे लेकर कुछ ग्रामीणों द्वारा सीओ को आवेदन देकर जांच करने की मांग की गयी। मुखिया द्वारा भी डीएम को पत्र भेजकर जांच की मांग की गयी है।

उसी क्रम में रविवार की शाम मुखिया द्वारा पंचायत के ग्रामीणों की बैठक बुलायी गयी थी। उसमें मुखिया द्वारा सरकारी जमीन खाली करने की बात कही गयी। इस पर सभी आरोपित भड़क उठे और मुखिया के साथ मारपीट की जाने लगी। इस दौरान उनकी साड़ी खोलने व लज्जा भंग करने का भी प्रयास किया गया। मुखिया के गले से सोने की चेन व लॉकेट भी निकाल लिया गया। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।

शाहपुर में किराना दुकानदार के पुत्र को मारी गोली

आरा : भोजपुर जिले के शाहपुर के पावर हाउस रोड में रविवार की देर शाम किराना दुकानदार के पुत्र को बाइक सवार अपराधियो ने गोली मार कर घायल कर दिया। जिसका ईलाज शाहपुर रेफरल अस्पताल में चल रहा है। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस ने शाहपुर रेफरल अस्पताल में जाकर जख्मी से पूछताछ की।

अपराधियों ने घटना को तब अंजाम दिया जब वैजनाथ गुप्ता सुनील कुमार गुप्ता(40) अपनी बाइक से बाजार से घर आ रहे थे। इसी दौरान उनका पीछा करते हुए बाइक सवारों ने गोली मार दी। गोली युवक के जांघ में लगी और घायल होकर गिर पड़ा। जिसे आसपास के लोगो के सहयोग से शाहपुर रेफरल अस्पताल ईलाज के लिए लाया गया। चिकित्सको ने प्राथमिक उपचार के बाद जख्मी आरा सदर अस्पताल रेफर कर दिया।

जख्मी युवक मुंबई में रहता था जो लॉक डाउन के कारण दो माह से शाहपुर अपने घर आया हुआ था। युवक के पिता अपने पावर हाउस रोड स्थित आवास में ही किराना की दुकान चलाते है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here