27 जुलाई : बक्सर की मुख्य ख़बरें

0
बक्सर की मुख्य ख़बरें

फर्जी प्रमाणपत्र पर नौकरी कर रहे शिक्षक के ख़िलाफ़ प्राथमिकी

बक्सर : फ़र्जी प्रमाणपत्र पर प्राथमिक विद्यालय में शिक्षक की नौकरी करने की शिकायत पर निगरानी विभाग ने इस संबंध में जाँच शुरू कर दी है, शुरुआती जाँच में यह सामने आया है कि कार्यरत शिक्षक किसी दूसरे के प्रमाण का उपयोग कर नौकरी कर रहे है, जिसके आधार पर शिक्षक के ख़िलाफ़ प्राथमिकी दर्ज की गई है।

जांच में आरोप को सही पाते हुए निगरानी विभाग ने प्राथमिकी दर्ज कराई है। सूचना के अनुसार औद्योगिक थाने ने बड़की कोठिया प्राथमिक विद्यालय के शिक्षक के खिलाफ जांच शुरू की है। हालांकि जिले का यह कोई इकलौता मामला नहीं है। ऐसे कई शिक्षक हैं जिसके खिलाफ पहले भी प्राथमिकी हुई है।फिलहाल भोलानाथ सिंह पर यह आरोप लगा है। जो प्राथमिक विद्यालय कोठिया में शिक्षक हैं। जांच प्रतिवेदन के अनुसार प्रमाण पत्र किसी मनोज पाठक का है। उसी के आधार पर फर्जी नौकरी की जा रही है। थानाध्यक्ष के अनुसार निगरानी विभाग के इंस्पेक्टर ईश्वर प्रसाद ने प्राथमिकी दर्ज करायी है।

swatva

ठंडे बस्ते में पूर्व की प्राथमिकी

पिछले माह ऐसी ही शिकायत निगरानी विभाग ने राजपुर थाने में दर्ज करायी थी। उर्दू मध्य विद्यालय में कार्यरत शिक्षक को फर्जी पाया गया था। शिक्षा विभाग ने उक्त शिक्षक को अभी तक नहीं हटाया। सूचना के अनुसार अप्रैल माह तक उसका भुगतान भी हुआ है। लेकिन, शिक्षा पदाधिकारी के कार्यालय ने अभी तक उसके खिलाफ निलंबन की कार्रवाई नहीं की।

बैंक लूट कांड में एक आरोपी गिरफ्तार

  • बाइक व मोबाइल फोन बरामद

बक्सर : बैंक आफ इंडिया महदह शाखा को लुटने वाले गिरोह का एक और सदस्य गिरफ्तार किया गया है। मुफस्सिल पुलिस के अनुसार उसकी पहचान पहले हो गई थी, तलाश जारी थी। इसी बीच शुक्रवार की रात उसे भागने के क्रम में गिरफ्तार कर लिया गया। थानाध्यक्ष मुकेश कुमार के अनुसार गिरफ्तार मोहन यादव पुत्र नन्हक यादव महदह गांव का निवासी है।लूट की राशि में से जो हिस्सा मिला था। उसी से बाइक खरीद थी। कुछ कपड़े और मोबाइल भी लिया था। पूछताछ के बाद आज शनिवार को उसे जेल भेज दिया गया। पुलिस ने पहले भी इस मामले में कुछ लोगों को गिरफ्तार किया था। जिसमें एक युवक महदह और अन्य दिनारा थानाक्षेत्र के रहने वाले थे।

बाधार में मिला युवक का शव, सनसनी

बक्सर : जिले के छोटका ढ़काइच गांव के समीप एक नौजवान के शव मिलाने से इलाके में सनसनी फ़ैल गई। शनिवार को युवक का शव आबादी से दूर निर्जन जगह पर मिला। लोगों ने कृष्णाब्रह्म पुलिस को सूचना दी। पहचान न होने की स्थिति में उसे पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।

इस संबंध में थानाध्यक्ष मनोरंजन प्रसाद ने कहा युवक के शरीर पर किसी तरह के चोट के निशान नहीं है। पोस्टमार्टम के बाद ही कुछ स्पष्ट हो पाएगा। इसी बीच शव को देखने इकठ्ठा हुई भीड़ में से एक व्यक्ति ने शव की पहचान भरियार निवासी विजय तिवारी के रूप में की। जब यह बात पुलिस तक पहुंची तो पुलिस के कान खड़े हो गए।

फ़िलहाल पुलिस इस संबंध में कुछ भी कहने से क़तरा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही इस संबंध में कुछ स्पष्ट हो पाएगा कि युवक की मौत कैसे हुई और इसका कारण क्या है।

अपराधी को पकड़ने गयी पुलिस पर गोलियों से किया हमला

  • हत्यारोपी को सात किलोमीटर खदेड़ कर दबोचा

बक्सर : अपराधी को दबोचने गई पुलिस ने जाल बिछाया पर वह भाग निकला। पुलिस पीछे लपकी तो उसपर दनादन गोलियां दाग दी। एक बार तो पुलिस के पैर उखड़ गए। लेकिन, पीछे डीएसपी को देख थानाध्यक्ष ने अपने साथियों को जोश दिया। फिर क्या था, सात किलोमीटर तक खेदा-खेदी हुई और अंतत: विक्रम यादव पकड़ा गया। उसके पास से एक देसी पिस्तौल व दो जिंदा कारतूस कुछ खोखे मिले।

डुमरांव एसडीपीओ केके सिंह ने बताया विक्रम यादव पुराना अपराधी है। आज उसे पनियारी गांव के पास घेरा गया। वह भागने का प्रयास करने लगा। पिछले एक सप्ताह से पुलिस उसके पीछे लगी थी। लेकिन वह बार-बार चकमा देकर निकल जाता था। उसकी संलिप्तता सब्जी विक्रेता ददन भर की हत्या में है। छह मई को ददन की हत्या भखवा लख के पास हुई थी। वह बड़का गांव पंचायत के गडिय़ा टोला का निवासी था। इसी ने उसे मारा है। ऐसा पुलिस की जांच में स्पष्ट हुआ है। हत्या के 70 दिन बाद यह पकड़ में आया है। पुलिस इससे जरुरी पूछताछ कर रही है।

ट्रैक्टर की ठोकर से आटो सवार की मौत, दो घायल

बक्सर : ऑटो रिक्शा में सवार होकर तीन लोग जा रहे थे। सुबह के पांच बज रहे थे। केसठ ईट भट्ठा के समीप ट्रैक्टर की ट्राली ऑटो रिक्शा में टकरा गई। वाहन पलट गया। उसमें सवार हरेन्द्र कुशवाहा (50) की मौत हो गई। दो लोग घायल हो गए। अशोक पासवान और उनका पुत्र पंकज पासवान। सूत्रों के अनुसार पंकज की हालत गंभीर है।दोनों घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद सदर अस्पताल भेज दिया गया। यह सभी लोग नावानगर थाना के भटौली गांव के निवासी हैं। ऑटो हाल ही में खरीदा गया था। वे लोग सब्जी का कारोबार कर रहे थे। आज रविवार की सुबह अपने गांव से धरहरा सब्जी खरीदने जा रहे थे। इसी क्रम में यह हादसा हो गया। ट्रैक्टर चालक भागने में सफल रहा।

दुर्घटना में युवक की मौत, भीड़ ने ट्रैक्टर को किया आग के हवाले

  • विरोध में सड़क जाम, इटाढ़ी रोड की घटना

बक्सर : रविवार की सुबह इटाढ़ी मुख्य पथ पर लालगंज के समीप दुर्घटना हुई। तीन युवक बाइक से जा रहे थे। ओवरटेक करने के दौरान संतुलन बिगड़ा और एक युवक नीचे जा गिरा। ट्रैक्टर की चपेट में आने से मौके पर ही उसकी मौत हो गई। आक्रोशित लोगों ने घटना के बाद ट्रैक्टर को रोक लिया। सड़क जाम कर प्रदर्शन करने लगे। सूचना मिलने पर मुफस्सिल थाने की पुलिस वहां पहुंची।

मृत युवक संजय कुमार (22) पुत्र श्रीराम सिंह मूल रुप से पुराना भोजपुर का निवासी है। वह अपने नाना रामनगिना सिंह यादव के यहां गुरुदास मठिया में रहकर नानी की देखभाल करता था। हाल ही में यूपी से इंटर की परीक्षा दी थी। बाइक पर सवार दो अन्य युवक भी घायल हुए थे। जिनके नाम सोनू यादव निवासी मठिया मोड व दीपक कुमार लालगंज है।यह जानकारी थानाध्यक्ष मुकेश कुमार ने दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। पुलिस के हटते ही कुछ लोगों ने ट्रैक्टर को आग के हवाले कर दिया। सूत्रों ने बताया दो टैक्ट्रर भूसा लेकर जा रहे थे। दुर्घटना एक से हुई थी। लेकिन आक्रोशित लोगों ने दोनों को नुकसान पहुंचाया है। आग लगने की सूचना मिलते ही पुलिस ने अग्निशामक दल की मदद ली। जिन्होंने आग पर काबू पाया।

केन्द्रीय जेल तक पहुंचा कोरोना, मिले 22 नए मरीज

  • 273 सक्रिय समेत कुल आंकड़ा पहुंचा 684

बक्सर : रविवार को कुल 22 नए पॉजिटिव केस मिले हैं। जिसमें से सर्वाधिक केस बक्सर नगर से हैं। प्रशासन द्वारा जारी सूची के अनुसार कोरोना का संक्रमण केन्द्रीय जेल तक पहुंच गया है। हालांकि यह पहला केस है। जो जेल से संबंधित हैं। लेकिन, यह स्पष्ट नहीं किया गया है। यह कैदी है अथवा जेल का कोई कर्मचारी या अधिकारी।अब जिले में कुल सक्रिय रोगियों की संख्या 273 पहुंच गई है। साथ ही कुल आंकड़ा 684 पहुंच गया है। आज जो 22 केस सामने आए हैं। इनमें दो नावानगर प्रखंड के हैं। अन्य 20 बक्सर नगर के हैं। जिनमें नगर थाना, केन्द्रीय जेल, प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र सदर से दो, शिक्षक कालोनी, मुसाफिर गंज, चीनी मिल, नया बाजार, सिविल लाइन, सोहनी पट्टी, जमुना चौक व पीपी रोड के मरीज शामिल हैं

लेनदेन के विवाद में चला चाकू, युवक घायल

बक्सर :रुपये के लेनदेन में चार युवकों के बीच आज रविवार की सुबह विवाद हो गया। दो ने मिलकर रुपये लेने पहुंचे बबलु कुमार सिंह पुत्र स्व. नारायण सिंह के उपर हमला कर दिया। उन्हें चाकू की चोट से कई जगह जख्मी कर दिया। घायल को उपचार के लिए सदर अस्पताल लाया गया। जहां उन्होंने बताया कि मैं गिरधरबरांव का निवासी हूं।20 हजार रुपये बहुत समय से शुभम और सत्यम के पास बकाया था। उसी को लेने मैं गया था। मेरा भाई भी साथ था। लेकिन अपने दरवाजे पर उन लोगों ने हमारे उपर हमला कर दिया। कुछ रुपये व सोने की चेन छीन ली। घटना की सच्चाई दोनों पक्ष के लोगों का पता होगी। लेकिन, अब मारपीट हुई तो पुलिस नए तरीके से सच का पता लगाएगी। फिलहाल घायल सदर अस्पताल में दाखिल हैं।

नदी में डूबने से किशोर की मौत

बक्सर : रविवार की दोपहर डूबने से किशोर की मौत हो गई। ग्रामीणो ने पुलिस को सूचना दी। विश्रामपुर निवासी छोटेलाल चौधरी का चौदह वर्षीय पुत्र दीपू चौधरी कंचन नदी में डूब गया है। इस गांव के पास से ही नदी गुजरती है। इसमें पानी बहुत कम रहता है। लेकिन, बरसात के कारण इन दिनों नदीयां उफान पर है। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस पहुंची। पूरी स्थिति जानने के बाद उसे पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया गया।

प्रेमी ने करा दी मनझरियां की हत्या, आरोपी गिरफ्तार

  • पुलिस ने बरामद किया इस्तेमाल किया गया असलहा

बक्सर : राजपुर थाना के राजापुर गांव में 19 जुलाई को मनझरियां देवी की हत्या कर दी गई थी। अगली सुबह 20 जुलाई का उसकी लाश गांव से एक किलोमीटर दूर मिली। मौके से खोखे और कुछ कारतूस भी मिले थे। उसका पति बाहर रहता था। इस लिए भसुर सुरेन्द्र राम के बयान पर प्राथमिकी दर्ज हुई। गांव के ही सरजुन उर्फ भदु राम को इसमें मुख्य आरोपी बनाया गया। घर वालों को शक था, हत्या में उसी का हाथ है। पुलिस ने हत्या के पांच दिन बाद सरजुन को गिरफ्तार किया। पूछताछ में पता चला मनझरियां के साथ उसके नाजायज संबंध थे। बात बिगडऩे लगी तो उसने मौका देख उसे रास्ते से हटा दिया। हत्या में इस्तेमाल किया गया असलहा भी पुलिस ने उसकी निशानदेही पर बरामद कर दिया। एसपी यूएन वर्मा ने यह जानकारी आज रविवार को मीडिया के साथ साझा की। उनके अनुसार इसमें कुछ अन्य लोग भी शामिल थे। जिनके खिलाफ प्राथमिकी दर्ज है। उन सात लोगों की तलाश जारी है।

चंद्रकेतु पांडेय

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here