पश्चिम चम्पारण में पुल-पुलियों व सड़कों का मजबूत हुआ नेटवर्क: संजय जायसवाल
पटना: बिहार के पथ निर्माण मंत्री एवं वरिष्ठ भाजपा नेता नंद किशोर यादव ने कहा है कि सरकार के सेवा कार्य पर सवाल उठाने का विपक्षी दलों को कोई नैतिक अधिकार नहीं है। कोरोना को लेकर लाॅकडाउन की अवधि और उसके बाद केन्द्र और राज्य सरकार ने पीड़ित मानवता के लिए जितना कार्य किया उसकी विपक्ष ने कल्पना तक नहीं की थी।
यादव आज यहाँ वीडियो काॅन्फ्रेंसिंग के जरिये नौतन विधान सभा क्षेत्र की वर्चुअल रैली को सम्बोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि देश के पूर्वी भाग और विशेषकर बिहार के विकास के प्रति प्रधान मंत्री नरेन्द्र मोदी की चिन्ता बनी रहती है। बिहार पर जब-जब संकट आया, प्रधान मंत्री मोदी ने आगे आकर मदद की। इसका ज्वलंत उदाहरण है, 50 हजार करोड़ रूपये के गरीब कल्याण अभियान का श्रीगणेश बिहार के खगड़िया जिले से करना और इसके लिए चयनित देश के 116 में से 32 जिले बिहार का होना है।
यही नहीं लाॅकडाउन की अवधि में राज्य के 8 करोड़ 71 लाख गरीबों को 3 महीने तक प्रति माह प्रति व्यक्ति 5-5 किलो चावल, 1.67 करोड़ परिवार को 1-1 किलो दाल का वितरण किया गया। गांव, गरीब, किसान और मजदूरों के लिए केन्द्र और राज्य की सरकार ने मिलकर लाॅकडाउन की अवधि में जो किया वह अपने आप में एक इतिहास है।
नंदकिशोर यादव ने आपात काल को याद करते हुए कांग्रेस पर जमकर हमला किया और कहा कि आज का दिन देश के इतिहास का काला दिन है। आपात काल राजनीतिक सत्ता पाने के लिए कांग्रेस का गहरा कुचक्र था और पूरा देश कैदखाने में तब्दील था। लोकतंत्र को कुचलने वाले फिर से सत्ता पाने को मुंह बाये खड़े हैं।
भारत-चीन सीमा पर घटी घटना की चर्चा करते हुए यादव ने कहा यह सब पूर्व में कांग्रेस की करतूतों का परिणाम है। हमें देश की अस्मिता के साथ समझौता करने वालों को सबक सीखाना है। प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी भारत-भूमि की रक्षा करने के लिए पूरी तरह संकल्पित हैं।
रैली को संबोधित करते हुए प्रदेश भाजपा के अध्यक्ष और बेतिया के सांसद डाॅ॰ संजय जायसवाल ने कहा कि पश्चिम चम्पारण में पुल-पुलियों और सड़कों का जितना विकास पथ निर्माण मंत्री नन्द किशोर यादव के कार्यकाल में हुआ उतना पहले कभी नहीं हुआ था। इसके लिए चम्पारण की जनता इन्हें बधाई देती है। जिला भाजपा के अध्यक्ष दीपेन्द्र सर्राफ ने रैली की अध्यक्षता की। रैली को नौतन के विधायक नारायण प्रसाद, विधान सभा प्रभारी प्रदीप सर्राफ, रवि सिंह आदि ने संबोधित किया।