भागलपुर : बिहार के भागलपुर स्थित जवाहर लाल नेहरू मेडिकल कॉलेज अस्पताल में इलाजरत एक कैदी आज पुलिस को चकमा देकर हथकड़ी सहित फरार हो गया। पुलिस सूत्रों ने बताया कि मुजाहिदपुर थाना क्षेत्र के मिरजानहाट इलाके से कल शाम एक मामले में 19 वर्षीय आनंद दुबे को पुलिस ने गिरफ्तार किया था। इसके बाद इलाज के लिए उसे भागलपुर के जवाहरलाल नेहरु मेडिकल कॉलेज अस्पताल के ट्रामा वार्ड में भर्ती कराया गया था। सूत्रों ने बताया कि उक्त कैदी पुलिस वालों को पेशाब करने का बहाना बनाकर शौचालय गया और वहां कमरे का वेंटिलेटर तोड़कर नीचे उतरा और हथकड़ी सहित फरार हो गया। बाद में इसकी भनक लगते ही जवानों ने घटना की जानकारी वरीय अधिकारियों को दी। फरार कैदी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस ने अस्पताल परिसर के आसपास के इलाके सहित विभिन्न क्षेत्रों की नाकेबंदी कर छापेमारी शुरू कर दी है।