समस्तीपुर : बिहार में रेप और मर्डर की लगातार हो रही वारदातों की कड़ी में अब समस्तीपुर से एक अधेड़ महिला शिकार बनी है। यहां नगर पंचायत के वार्ड 14 स्थित जायजपट्टी निवासी 50 वर्षीय इंदु देवी नामक महिला की रेप के बाद हत्या कर दी गई। शुक्रवार की सुबह उसका शव एक खेत में मिला।
मृतक इंदु देवी जायजपट्टी निवासी उमेसी राम की पत्नी बताई जाती है। परिजनों के अनुसार बीती रात करीब आठ बजे वह शौच के लिए घर से निकली थी। देर रात तक घर नहीं लौटी तो परिजनों ने खोजबीन शुरू की। शुक्रवार की सुबह महिला का शव खेरबन गांव के वार्ड संख्या-3 में एक गेहूं के खेत से अर्धनग्न हालत में मिला। पुलिस को महिला के कपड़े काफी दूर एक निर्माणाधीन मकान के भीतर से बरामद हुए हैं।
स्थानीय सूत्रों ने बताया कि महिला के साथ भटगामा में कुछ बदमाशों ने दुष्कर्म किया और फिर उसकी हत्या कर दी।
मुजफ्फरपुर में सड़क पर उतरे लोग, जाम और प्रदर्शन
मुजफ्फरपुर : इधर मुजफ्फरपुर के अहियापुर थाना क्षेत्र में पिछले दिनों एक युवती को जिंदा जलाने के आरोपी को फांसी देने की मांग को लेकर आज अखाड़ाघाट में मुख्य सड़क पर लोगों ने आगजनी कर दो घंटो तक प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियो का कहना था कि युवती के साथ ऐसी घटना करने वाले को जल्द से जल्द फाँसी की सजा मिलनी चाहिए। मौके पर पहुँची नगर एवं सिकंदरपुर ओपी पुलिस ने काफी मशक्कत के बाद लोगों को समझा बुझाकर शांत कराया।