पटना : राजधानी के पाॅश इलाके आशियानानगर से सटे नेपाली नगर में रविवार की सुबह करीब नौ बजे 12 की संख्या में रहे अपराधियों ने जमीन कारोबारी एमएलए राय के 20 वर्षीय पुत्र विशाल राय की गोली मारकर हत्या कर दी। शूटरों के निशाने पर मृतक का एक मित्र भी था। गोलीबारी होते ही वह मौके से भाग गया। उसे मामूली चोटें आयीं हैं। विशाल राय को तीन गोलियां लगीं और उसने वहीं दम तोड़ दिया।
घटना की पुष्टि करते हुए राजीवनगर थाना प्रभारी निशान्त कुमार ने बताया कि मृतक के परिजनों ने एक जिला पार्षद पुत्र पर आरोप लगाते हुए करीब आधा दर्जन लोगों को घटना का आरोपी बनाया है।
गोली की आवाज सुनते ही वहां अफरातफरी मच गयी। लोग भागने लगे। मृतक वहीं का निवासी है। विशाल के मौत की खबर पर आक्रोशित लोगों ने सड़क जाम कर पुलिस के खिलाफ नारेबाजी शुरू कर दी। इस मामले में अभी तक किसी के अरेस्ट होने की खबर नहीं मिली है।