8 जुलाई : बांका /जमुई की मुख्य ख़बरें

0

चातुर्मास प्रवास को लेकर लौटी लछुआड़ में रौनक

जमुई : सत्य अहिंसा के उपासक भगवान महावीर की मूर्ति चोरी प्रकरण के बाद दूसरी बार चातुर्मास प्रवास के मौके पर जैन धर्म के 24 वें तीर्थंकर श्रवण भगवान महावीर के दर्शनार्थ अपने चार माह के प्रवास के लिए कोलकाता से पद यात्रा कर आचार्य नयब‌र्द्धन सुरेश्वर जी महराज पहुंचे। जैन शासन मूर्धण्य आचार्य रामचन्द्र सुरेश्वर महराज के शिष्य आचार्य नयब‌र्द्धन सुरेश्वर महराज के साथ 19 मांडवी जैन साधु व साध्वियों के समागम में तीर्थ यात्रियों की चकाचौंध के रूप में उमड़ी भीड़ ने एक बार फिर लछुआड़ जैन धर्मशाला की रौनक बढ़ा दी है। चारों ओर फैले उत्सवी माहौल का नजारा देखते ही बन रहा था। जैन भक्तगण जैन मुनियों के इस समागम में बड़ी संख्या में पहुंचे हैं। जैन साधु के स्वागत में मुंबई, अहमदाबाद, बड़ौदा, कोलकाता सहित अन्य प्रदेशों से जैन तीर्थ यात्री बढ़-चढ़कर भाग लिया है। तीर्थ यात्री जैसे भी हो अपने पथ प्रदर्शक के स्वागत के साथ प्रवास के लिए आए जैन मुनियों के समागम में आतुर दिखे। इधर, आचार्य के आगमन को लेकर लछुआड़ धर्मशाला स्थित भगवान महावीर मंदिर को दुल्हन की तरह सजा दिया गया था। अपने प्रवास में आचार्य देव ने बताया कि यह भगवान महावीर की जन्मभूमि के साथ साधनास्थली है। इसलिए इस भूमि को पर्यटनस्थल के रूप में विकसित करने की आवश्यकता है।

जैन साधु का स्वागत करते नहीं थक रहे थे श्रद्धालु

अपने चातुर्मास चौमासे प्रवास के साथ श्रवण भगवान महावीर के पूजन दर्शन के लिए आए क्षत्रिय कुंड तीर्थोद्धारक आचार्य नयव‌र्द्धन सूरी महाराज का स्वागत करते जैन श्रद्धालु थक नहीं रहे थे। अपने आराध्य देव का स्वागत किस प्रकार करें श्रद्धालु सुध बुध खोकर गाजे बाजे के साथ ढोल नगाड़ों संग जोशो उमंग के बीच नाच गा रहे थे। इसके अलावा हाथी, घोड़े के साथ जगह जगह पर रंगोली बनाकर महिला तीर्थ यात्रियों द्वारा माथे पर कलश लेकर उनका स्वागत किया गया।पूज्य आचार्य के सानिध्य में चातुर्मास का हुआ आयोजन

swatva

चातुर्मास के आयोजन में सोमवार को भगवान महावीर की जन्मस्थली क्षत्रियकुंड नगरी जन्मस्थान में पूज्य आचार्य का ढोल नगाड़ों के बीच जन्मस्थली मंदिर में प्रवेश हुआ। वहीं 15 जुलाई को जैनाचार्य के सानिध्य में भगवान की जन्मस्थली मंदिर में चातुर्मास समारोह का आयोजन किया जाएगा। पूज्य आचार्य तीन माह तक क्षत्रियकुंड नगरी में ही प्रवास करेंगे।

क्या है चातुर्मास?

जैन धर्म में चौमासे का बहुत अधिक महत्व होता है। वे सभी पुरे महीने मंदिर जाकर धार्मिक अनुष्ठान करते हैं एवं सत्संग में भाग लेते हैं। घर के छोटे बड़े लोग जैन मंदिर परिसर में एकत्र होकर नाना प्रकार के धार्मिक कार्य करते हैं। गुरुवरों एवं आचार्यों द्वारा सत्संग किए जाते हैं एवं मनुष्यों को सद्मार्ग दिखाया जाता हैं। इस तरह इसका जैन धर्म में बहुत महत्व है।भगवान महावीर के दर्शन के लिए आए मुंबई के महेंद्र भाई जैन, अहमदाबाद के दर्शन भाई, महेंद्र जी डागा ने बताया कि हम लोगों अपने के पथ प्रदर्शक के स्वागत में लंबी दूरी तय कर गुरु की सेवा में आए हैं। उनके स्वागत में हर कष्ट सहने को तैयार हूं। तीर्थ यात्रियों ने कहा कि ऐसे हमलोग पूरे लाव लश्कर के साथ हूं। किसी प्रकार की कोई परेशानी नहीं है। मेरा मन आराध्य देव के चरणों में समर्पित है।

भीषण सड़क दुर्घटना में एक की मौत, दो घायल

जमुई : जिले के सदर थाना क्षेत्र के जमुई-लखीसराय मुख्य मार्ग पर एक भीषण सड़क दुर्घटना में एक व्यक्ति की मौत हो गई। जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। इस दुर्घटना के संबंध में बताया जाता है कि जमुई नगर परिषद के कल्याणपुर के शम्भू राम के तीनों दामाद पचमहला, मोकामा के चिंटू राम, लखीसराय के राजकुमार राम और बड़हिया के चिन्टू राम एक ही बाईक पर सवार होकर अपने ससुराल कल्यानपुर जा रहे थे। लेकिन ताजपुर के पास उनकी बाईक भीषण दुर्घटना का शिकार हो गई। इस दुर्घटना में पचमहला, मोकामा निवासी चिन्टू राम की मौके पर ही मौत हो गई जबकि राज कुमार राम लखीसराय और चिन्टू राम बड़हिया बुरी तरह घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को सदर अस्पताल जमुई में भर्ती कराया लेकिन डॉक्टरों ने दोनों की गंभीर हालत को देखकर पटना रेफर कर दिया जहाँ दोनों जिन्दगी की जंग लड़ रहे हैं। साथ ही पुलिस ने इस दुर्घटना में जान गंवाने वाले चिन्टू राम, मोकामा के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। एक ही परिवार के तीन लोगों के इस तरह दुर्घटना के शिकार होने से परिवार के लोग सदमे में हैं।

वज्रपात से दो बच्चों की हुई मौत

जमुई : जिले के सोनो प्रखंड में आकाशीय बिजली गिरने से एक मासूम सहित दो बच्चे की मौत हो गई। मिली जानकारी के अनुसार सोमवार दोपहर में लगभग 2 बजे आकाशीय बिजली कड़कने और गिरने से सोनो गांव के मंडल टोला में एक 11 वर्षीय लड़के की मौत हो गई। मृतक अमन कुमार मंडल उक्त गांव के लाला मंडल का पुत्र बताया जाता हैं। यह घटना इस बच्चे के कहीं से खेलकर कर घर आने के बीच रास्ते में बारिश आ जाने से और बिजली कड़कने से उसके शरीर पर गिर गया और उसकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई। वहीं दूसरी घटना में मजरो गांव निवासी मासूम पिता-लालू साह के पुत्र सिद्धार्थ कुमार साव अपने घर के बाहर खेल रहा था की अचानक बिजली कड़कने से और गिरने से झटका लगा और उसकी भी मौत घटनास्थल पर ही हो गई। सोनो पुलिस ने दोनों  शब को जमुई पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। इस घटना से दोनों के घरवालों का रो-रोकर बुरा हाल है, घर में कोहराम मचा हुआ है। बताया जाता है कि दोनों बच्चो की मौत घटनास्थल पर ही हो गई। जिसके तुरंत बाद बच्चे को लेकर हॉस्पिटल ले जाया गया जहां डॉक्टर उन्हें मृत घोषित कर दिया।

कोलकाता से 15 लाख के जेवर लेकर भागा घरेलू नौकर गिरफ्तार

बांका : कोलकाता स्थित जोड़ाबागान थानाक्षेत्र में एक व्यापारी के घर से हीरा व अन्य जेवरात तथा 50 हजार की नकदी लेकर चंपत हुए घरेलू नौकर को आज बांका जिले के कटोरिया थाना क्षेत्र के नारदो गांव से पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। घरेलू नौकर कटोरिया के नारदो गांव का रहने वाला है और उसे आज सुबह बंगाल पुलिस ने कटोरिया पुलिस की मदद से गिरफ्तार कर लिया।

जानकारी के अनुसार आरोपित नौकर का नाम अजय यादव बताया जाता है। उसके घर से चोरी के हीरे जड़ित सोना के लाखों के आभूषण एवं पंद्रह हजार रूपये नगदी भी बरामद किए गए। छापेमारी में कोलकाता के जोड़ाबगान थाना के सब इंस्पेक्टर अमित कुमार चौधरी, सादन कुमार साहा एवं कटोरिया थानाध्यक्ष राजेश कुमार, सहायक अवर निरीक्षक भूषण प्रसाद सिंह, अनिल कुमार दल बल के साथ शामिल थे। गिरफ्तार नौकर को कोलकाता पुलिस अपने साथ लेकर रवाना हो गई है। पुलिस ने बताया कि घरेलू नौकर अजय यादव कोलकाता में एक सेठ कैलाश सुल्तानिया के घर पिछले दो महीने से झाड़ू पोछा कर रहा था। मौका देख वह लगभग पंद्रह लाख रूपये के आभूषण व पचास हजार रुपये नकदी लेकर फरार हो गया था।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here