इजराइली जोड़े ने क्यों बिहार पुलिस से कहा-‘थैंक्यू इंडियन पुलिस’?

0

अररिया : विदेशी पर्यटक की मदद कर फारबिसगंज पुलिस सुर्खियों में आ गयी। पुलिस की मदद से अभिभूत इजराइली दंपति ने विदा लेते समय कहा ‘थैंक्यू इंडियन पुलिस’।
दरअसल जापान, नेपाल और भारत के टूर पर निकले इजराइली दंपति मिस्टर बार एवं मिसेज अतालिया अपनी मारुति कार से सिक्किम से आगरा की यात्रा पर थे। इसी यात्रा क्रम में फारबिसगंज स्थित फोरलेन पर रात को उनकी कार खराब हो गयी। कार का रेडीवाटर फट गया। फोरलेन स्थित हमसफर कार्यालय में मो अबसार द्वारा उनकी मदद की गई। मगर वाहन ठीक नहीं हुआ।

कार हुई खराब तो की मदद

रात होते देख इसकी सूचना स्थानीय पुलिस को दी गयी। सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष शिव शरण साह, दारोगा भुटकुन राय सदल बल के साथ फोरलेन पहुंचे और विदेशी दंपति की मदद में जुट गए। पुलिस ने पहले शोरूम के प्रबंधक नैयर को बुलाया मगर कहा गया कि मुजफ्फरपुर स्थित शोरूम में ही नया रेडीवाटर मिल सकता है। उसके बाद पुलिस ने इजराइली दंपति को अपनी सुरक्षा में स्थानीय ज्योति होटल में ठहराया। सवेरे पुलिस ने ना केवल खराब मारुति वाहन को टोचन कर मुजफ्फरपुर भिजवाया बल्कि दोनों पर्यटकों को भी भिजवाया।
इससे पहले दोनों विदेशी मेहमानों को नाश्ता वगैरह भी करवाया गया तथा उनकी तमाम सुविधाओं का ख्याल रखा गया। जब दोनों इजराइली दंपति जाने लगे तो दोनों ने थानाध्यक्ष से हाथ मिलाकर और अभिवादन कर कहा—’थैंक्यू इंडियन पुलिस’। इसके बाद दोनों ने पुलिसकर्मियों के साथ फोटो भी खिंचवाए। लोगों ने विदेशी पर्यटक के साथ फारबिसगंज पुलिस के व्यवहार की जमकर प्रशंसा की।
संजीव कुमार झा

swatva

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here