पटना : बिहार भाजपा अध्यक्ष नित्यानंद राय ने ट्वीट करके आज कांग्रेस पर जमकर हमला बोला। कल ही कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी के सलाहकार सैम पित्रोदा ने कहा था कि पुलवामा में हुआ हमला सोची समझी साजिश है। सैम पित्रोदा ने कहा था कि दो-चार लोगों की हरकतों से पूरे पाकिस्तान को बदनाम नहीं किया जा सकता है। उन्होंने ये भी कहा कि बिना किसी सबूत के एयरफोर्स के द्वारा किए गए सर्जिकल स्ट्राइक को कैसे सच मान लिया जाय। भाजपा अध्यक्ष नित्यानंद राय ने कहा कि पूरा देश जवानों की करवाई पर गर्व कर रहा है। शहीद सैनिकों का बदला हमारे देश के जवानों ने पाकिस्तान में घुसकर लिया, इससे पूरे देश में खुशी है और इंडियन एअर फोर्स के बालाकोट में किए गए एअर स्ट्राइक से पूरे देश का सीना चौड़ा हो गया है। लेकिन कांग्रेस अध्यक्ष के सलाहकार सैम पित्रोदा सेना पर संदेह कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि विपक्षी दलों का रवैया देखकर पूरा देश स्तब्ध है। उनकी सोच देखकर ताजुब्ब होता है। बिहार भाजपा अध्यक्ष ने बिहार दिवस के अवसर पर बिहारवासियों को बधाई दी।
(मधुकर योगेश)