बिहार में एनडीए की सीटें घोषित, भाजपा की First लिस्ट फाइनल!

0

नयी दिल्ली/पटना : एनडीए ने 2019 लोकसभा चुनाव में पहली बाजी मार ली है। भाजपा, जदयू और लोजपा ने आज पटना में अपने—अपने कोटे के सीटों का आधिकारिक ऐलान कर दिया। उधर नयी दिल्ली में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और अध्यक्ष अमित शाह के नेतृत्व में भाजपा केंद्रीय चुनाव कमेटी की देर रात 2 बजे तक चली मैराथन बैठक के बाद देशभर के 100 सीटों पर प्रत्याशी फाइनल कर दिये गए। इसमें बिहार की सीटों पर प्रत्याशियों का नाम फाइनल किया गया।

नित्यानंद, वशिष्ठ व पारस ने जारी की सीट सूची

रविवार 17 मार्च को पटना जदयू कार्यालय में प्रेसवार्ता कर तीनों घटक दलों के प्रदेश अध्यक्षों ने इसकी घोषणा की। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष नित्यानंद राय और लोजपा के प्रदेश अध्यक्ष पशुपति पारस की मौजूदगी में जदयू के प्रदेश अध्यक्ष वशिष्ठ नारायण सिंह ने बिहार की सभी 40 सीटों की एक—एक जानकारी दी। साथ ही उन्होंने कहा कि एनडीए के सभी घटक दल आगामी चुनाव में एक यूनिट की तरह काम करेंगे। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष नित्यानंद राय ने कहा कि पार्टियां जल्द ही नाम तय करेगी। उन्होंने कहा कि तीनों दल के पार्लियामेंट्री बोर्ड के लोग अपने सदस्यों के साथ सहमति से नाम तय करेंगे जिसकी सूची जल्द जारी की जाएगी।

swatva

मोदी—शाह ने 100 नाम फाइनल किये, ऐलान शीघ्र

उधर नयी दिल्ली में प्रधानमंत्री और भाजपा अध्यक्ष के नेतृत्व में हुई केंद्रीय चुनाव समिति की बैठक के बाद देशभर में लगभग 100 सीटों पर कैंडिडेट के नाम तय कर लिये जाने की खबर है। इसमें बिहार से भाजपा उम्मदवारों के नाम शामिल होने की भी सूचना है।

इन्हें मिला टिकट, भागलपुर जदयू को

जानकारी के अनुसार पटना साहिब सीट पर रविशंकर प्रसाद को उम्मीदवार बनाया जाना तय माना जा रहा है। हालांकि इस सीट के लिए राज्यसभा सांसद आर के सिन्हा के नाम की भी चर्चा की गई। रिपोर्टों के अनुसार आरा से केंद्रीय मंत्री आरके सिंह, पूर्वी चंपारण से राधामोहन सिंह और पश्चिम चंपारण से डॉ. संजय जायसवाल को भाजपा का प्रत्याशी घोषित किया गया है। ये तीनों पिछले चुनाव में इन्हीं सीटों से चुनाव जीते थे। भागलपुर लोकसभा क्षेत्र एनडीए के घटक दल जदयू को दिया गया है। इस सीट से पिछले चुनाव में भाजपा के शहनवाज हुसैन चुनाव हार गए थे।

गडकरी को नागपुर से टिकट

महाराष्ट्र के नागपुर से पार्टी ने केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी, मुंबई सेंट्रल से पूनम महाजन और मुंबई नॉर्थ ईस्ट से किरीट सोमैया को टिकट दिया है। केंद्रीय चुनाव समिति की बैठक में प्रधानमंत्री, अमित शाह, राजनाथ सिंह और सुषमा स्वराज भी मौजूद रहीं। बिहार के उप मुख्यमंत्री सुशील कुमार मोदी और पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष नित्यानंद राय भी बैठक में शामिल थे।
(सत्यम दुबे)

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here