मोकामा शेल्टर होम से भागी सातवीं लड़की जयनगर से बरामद

0

पटना : पिछले दिनों मोकामा नाजरथ हास्पिटल शेल्टर होम से फरार सातवीं लड़की को एसआईटी ने बीती रात मधुबनी के जयनगर से बरामद कर लिया। इससे पहले छह लड़कियों को दरभंगा से बरामद किया गया था। सातवीं लड़की को एसआईटी ने रेल पुलिस के सहयोग से कार्रवाई करते हुए बरामद किया है। बरामद सातवीं लड़की मुजफ्फरपुर बालिका गृह यौन शोषण मामले की अहम गवाह भी है। इसी सातवीं लड़की ने मुजफ्फरपुर बालिका गृह कांड के मुख्य आरोपित ब्रजेश ठाकुर पर सीधे तौर पर रेप का आरोप लगाया था।
पटना की एसएसपी गरिमा मलिक ने बाढ़ की एएसपी लिपि सिंह के नेतृत्व में एक एसआईटी टीम गठित की थी। इसी टीम ने पूर्व में छह ल​ड़कियों को दरभंगा से बरामद करने के बाद अब मधुबनी के जयनगर स्टेशन क्षेत्र से सातवीं लड़की को बरामद किया। पुलिस सूत्रों ने बताया कि लड़की दरभंगा तक अन्य लड़कियों के साथ थी। दरभंगा से वह अपने ब्वायफ्रेंड के साथ फरार हो गयी थी। फरार हुईं सात लड़कियों में से पांच को मुजफ्फरपुर बालिका गृह से हटाकर मोकामा के बालिका गृह में रखा गया था।
मोकामा बालिका गृह से लड़कियाें के भागने पर पूरे प्रशासन में हड़कम्प मच गया था। मुजफ्फरपुर बालिका गृह कांड की मॉनिटरिंग सुप्रीम कोर्ट कर रहा है। सुप्रीम कोर्ट ने सख्त रुख अपनाते हुए इस मामले को बिहार से दिल्‍ली के साकेत कोर्ट में स्‍थानांतरित कर दिया है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here