नवादा : सौतेली मां के व्यवहार से तंग आकर पंचम वर्ग का 12 वर्षीय छात्र श्याम कुमार ने घर में ही जहर खाकर अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली। मामला पकरीबरांवा प्रखंड क्षेत्र का बताया गया है। बताया जाता है कि पकरीबरावां-कौआकोल पथ पर अवस्थित अमरपुर वेल्दरिया गांव में 2 बजे बलराम चौहान के 12 वर्षीय पुत्र श्याम को जब भूख लगी तो उसने अपनी सौतेली माँ विमला देवी से खाना मांगा। खाना नहीं होने की बात वह झुंझला कर बोली। श्याम वहां से चला गया। परन्तु भूख की ज्वाला थमने का नाम नहीं ले रही थी। उसने फिर सौतेली मां के पास जाकर खाना मांगा। फिर वही बात हुई। तब जाकर मां ने उसे चूड़ा खाने की बात कही। फिर क्या था, वह अपनी भूख को मिटाने के लिये चूड़ा ही जाकर ले लिया। जब वह चूड़ा लेकर घर से निकलने लगा तो उसकी मां ने वह चूड़़ा भी उससे छीन लिया। चूड़़ा उसके ननिहाल से आया था। बच्चे के पिता दो माह पूर्व से ही नवादा जेल में मारपीट के मामले में बंद हैं जिसके कारण मृतक बच्चा काफी परेशान था। उसके सिर से मां का साया 6 वर्ष पूर्व उठ गया था। और अब पिता भी जेल में थे। दो-दो छोटी बहन ज्योति और सुहानी की भी उसे चिंता सताने लगी थी। अंततः पारिवारिक कलह के दबाव में आकर उसने सोमवार को घर में रखा थाइमेट खा लिया।
जब उसे अकबक होने लगी तो उसने घर से बाहर आकर अपनी चाची को इसकी जानकारी दी। और कहा हमे डॉक्टर के पास ले चलो। तब उसकी चाची ने गुलनी चर्च के एक निजी किलिनीक में ले जाकर इलाज करवाया। परन्तु रात्रि के लगभग 2 बजे बच्चे ने दम तोड़ दिया। घटना की जानकारी मिलने के बाद उसके मामा ने पकरीबरावां थाना को सूचना देकर कहा कि उसकी सौतेली माँ ने ही उसे जहर देकर मार डाला। घटना की जानकारी मिलने के बाद शव को पुलिस ने बरामद कर उसे पोस्टमार्टम के लिये नवादा भेजा। जानकारी के अनुसार सौतेली मां को भी एक 5 वर्ष का पुत्र है। जिसके कारण उसकी सौतेले पुत्र-पुत्री से सम्बन्ध ठीक नहीं थे।