बेतिया : बेतिया पुलिस ने चार लाख के जाली नोट के साथ एक तस्कर को गिरफ्तार किया है। सभी नोट दो-दो हजार के हैं। एसपी जयंतकांत ने बताया कि मामले में मिलजुल शेख को पकड़ा गया है। वह पश्चिम बंगाल का रहने वाला है। जानकारी के अनुसार शनिवार को एसपी को गुप्त सूचना मिली थी कि कुछ तस्कर भारतीय जाली नोट की बड़ी खेप तस्करी की नीयत से शहर में लाने वाले हैं। सूचना पर एसपी ने सदर एसडीपीओ पंकज कुमार रावत, नगर थानाध्यक्ष नित्यानंद चौहान की एक टीम गठित की। टीम ने शहर के कोतवाली चौक पर छापेमारी की। इस दौरान मिलजुल पुलिस के हत्थे चढ़ गया। उसके पास से दो-दो हजार के 200 भारतीय जाली नोट बरामद किए गए। नोटबंदी के बाद शहर में पकड़ा गया जाली नोट का एक बड़ा मामला है। तस्कर की गिरफ्तारी से जाली नोट धंधेबाजों में हड़कंप का माहौल है। एसपी ने बताया कि छापेमारी टीम में शामिल सभी सदस्यों को पुरस्कृत किया जाएगा।
राजन दत्त द्विवेदी