‘माछ—भात’ को मात दे गया एनडीए का ‘दही—चूड़ा’

0

पटना : मकर-संक्राति को लेकर आज राजधानी पटना में दिनभर सियासी दही—चूड़ा की धूम रही। जहां एनडीए के घटक दलों के नेता चूड़ा-दही के बहाने अपनी दोस्ती को नई बुलंदी देने में मशगुल रहे, वहीं लालू के जेल में रहने के कारण राजद खेमे में पर्व को लेकर उत्साह की कमी दिखी। एक तरह से एनडीए का आज का ‘दही—चूड़ा’ आयोजन हाल ही में महागठबंधन के ‘माछ—भात’ को मात ​देता दिखा। पटना में शाखा मैदान में केंद्रीय मंत्री अश्विनी चौबे तो लोजपा दफ्तर में रामविलास पासवान ने दही—चूड़ा मिलन किया। जदयू के प्रदेश अध्यक्ष वशिष्ठ नारायण सिंह के आवास और भाजपा एमएलसी रजनीश कुमार के आवास तथा रामविलास द्वारा आयोजित चूड़ा-दही भोज में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और उप मुख्यमंत्री सुशील कुमार मोदी समेत एनडीए के कई कद्दावर नेता शामिल हुए। इस दौरान नेताओं ने चूड़ा-दही—तिलकुट और आलूदम के साथ एनडीए की मजबूती को नई ऊंचाई दी।

लोजपा के मुखिया रामविलास पासवान अपने पुत्र व सांसद चिराग पासवान के साथ भाजपा एमएलसी रजनीश कुमार के घर भोज में शामिल हुए। यहां भाजपा एमएलसी डा. संजय पासवान भी मौजूद थे। रामविलास ने खुद भी लोजपा दफ्तर में भोज का आयोजन किया था। इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री सुशील कुमार मोदी और बिहार सरकार के मंत्री ललन सिंह भी मौजूद थे। इसके बाद सभी जदयू के प्रदेश अध्यक्ष वशिष्ठ नारायण सिंह के आवास पर भोज में शामिल हुए। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और प्रशांत किशोर भी वहां मौजूद थे। रजनीश कुमार के आवास की अपेक्षा यहां भीड़ ज्यादा थी। यहां चूड़ा-दही के कई काऊंटर बने हुये थे। यहां मुख्यमंत्री नीतीश कुमार समेत एनडीए के तमाम वरिष्ठ नेता मौजूद थे। लोजपा के दफ्तर में भी कमोबेश यही स्थिति थी। रामविलास पासवान और चिराग पासवान अपने परिवार के अन्य सदस्यों के साथ मेहमानों का गर्मजोशी से स्वागत करते नजर आये। केंद्रीय मंत्री अश्वनी चौबे ने राजेंद्र नगर स्थिति शाखा मैदान में अलग से चूड़ा दही-भोज का इंतजाम किया था। इसमें ज्यादातर भाजपा के ही लोग शामिल हुए। इसी तरह कांग्रेस की ओर से सदाकत आश्रम में प्रदेश अध्यक्ष मदन मोहन झा ने भोज का आयोजन किया। दूसरी तरफ लालू के जेल में रहने के चलते इस बार राजद ने अपनेआप को ऐसे आयोजन से दूर रखा है। कांग्रेस के भोज में भी कोई राजद नेता नहीं पहुंचा।

swatva

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here