31 मार्च : नवादा की मुख्य खबरें

0

नरहट के राजेश कुमार सिंह बने लोजपा (रा) के प्रदेश प्रवक्ता

नवादा : जिले के नरहट प्रखंड मुख्यालय सह नरहट गांव निवासी राजेश कुमार सिंह को लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के प्रदेश प्रवक्ता सह मीडिया संयोजक के पद पर नियुक्त किया गया है। नियुक्ती प्रदेश अध्यक्ष राजू तिवारी ने की है। बता दें कि नरहट निवासी कांग्रेस नेता स्व नागेश्वर सिंह के पुत्र राजेश कुमार सिंह को लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के प्रदेश प्रवक्ता सह मीडिया संयोजक के पद पर मनोनित किया है।

विचारधारा, सिद्धांत और लक्ष्य के साथ राष्ट्रीय अध्यक्ष चिराग पासवान के विजन “बिहार फ़र्स्ट, बिहारी फ़र्स्ट” को मीडिया में मजबूती के साथ रखने के लिए प्रदेश अध्यक्ष राजू तिवारी ने राजेश कुमार सिंह को महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपते हुए राजू तिवारी ने उम्मीद जताई कि राजेश अपने बेबाक अंदाज में पार्टी की विचारधारा, सिद्धांत और लक्ष्य को मीडिया के माध्यम से जन-जन तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे। राजेश कुमार सिंह ने राष्ट्रीय अध्यक्ष चिराग पासवान, प्रदेश अध्यक्ष राजू तिवारी के साथ पार्टी के अन्य सभी नेताओं और कार्यकर्ताओं का आभार व्यक्त किया।

swatva

नवमानोनित प्रदेश प्रवक्ता राजेश ने कहा कि पार्टी ने जिस तरह से उन पर भरोसा जताया है और महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी है वह उनके लिए गौरव की बात है। उन्होंने ने कहा कि वह शुरू से ही चिराग पासवान की विचारधारा, सिद्धांत और नजरिए के प्रशंसक रहे हैं। और अब जब उन्हें मौका मिला है तो वे बिहार के लिए चिराग पासवान की सोच और विजन “बिहार फ़र्स्ट, बिहारी फ़र्स्ट” को मीडिया के माध्यम से जन-जन तक पहुंचाने के लिए पूरी निष्ठा के साथ कार्य करेंगे।

शराब माफिया ने किया पुलिस पर हमला, वाहन क्षतिग्रस्त, पुलिस गिरफ्त से माफिया फरार, 06 गिरफ्तार

नवादा : जिले के उग्रवाद प्रभावित थाली थाना क्षेत्र में शराब माफियाओं ने पुलिस पर हमला कर दिया है।पुलिस ने त्वरित कार्रवाई कर महिला समेत 6 लोगों को गिरफ्तार किया है। बताया जाता है कि प्रभावित इलाका थाली थाना क्षेत्र के राजनगर इलाका में शराब की सूचना पर छापामारी करने गई पुलिस पर अचानक माफिया व उनके परिवार के लोग रोड़ेबाजी करते हुए पुलिस की गाड़ी पर हमला कर दिया।

इसी दौरान एक गाड़ी पुलिस की क्षतिग्रस्त हो गई। 2 पुलिसकर्मी को भी हल्की चोटें आई हैं। पुलिस के द्वारा तुरंत की गरी जवाबी कार्रवाई में 6 लोगों को दबोचा गया है। जिसमें 3 महिला शामिल है। थाली थाना के एएसआई संतोष पासवान ने बताया कि राजकुमार राजवंशी को 3 लीटर शराब के साथ गिरफ्तार किया गया था। गिरफ्तारी के बाद जब गाड़ी पर बैठा रहे थे तभी राजकुमार के परिवार के द्वारा पुलिस गाड़ी पर हमला कर दिया गया। राजकुमार पुलिस के गिरफ्त से फरार हो गया। इसके बाद पुलिस ने हमला करने वाले 6 लोगों को धर दबोचने में सफल रहा।

उन्होंने बताया कि लालू राम का पुत्र इंदर कुमार व कुंदन कुमार, मालू राम का पुत्र गोरेलाल कुमार, राजकुमार राजवंशी की पत्नी कपूरी देवी व पुत्री सरिता कुमारी एवं छोटेलाल राजवंशी की पत्नी विमला देवी को गिरफ्तार किया गया है। इस बावत थाने में प्राथमिकी दर्ज कर आरोपी को कोरोना जांच के बाद न्यायिक हिरासत में भेज दिया। बता दें जिले में एक सप्ताह के अंदर पुलिस पर हमला का यह दूसरा मामला है। इसके पूर्व नेमदारगंज पुलिस पर हमला किया गया था।

जनमत एनडीए के साथ, नीतीश को धूल चटाने का काम करेगी जनता- चौधरी

नवादा : भाजपा प्रदेश अध्यक्ष सह विधान परिषद के प्रतिपक्ष नेता सम्राट चौधरी ने कहा है कि नीतीश कुमार का अपना कोई जनाधार नहीं है। जनता उन्हें नकार चुकी है। प्रधानमंत्री बनना तो दूर अब वे मुख्यमंत्री भी नहीं बन सकते।उपरोक्त बातें उन्होंने भाजपा कार्यालय में पत्रकारों को संबोधित करते हुए कहा। उन्होंने कहा कि अपरोक्ष रूप से बिहार में नीतीश की नहीं तेजस्वी की सरकार चल रही है। हत्या, दुष्कर्म, छिनतई से लेकर अपहरण उद्योग चालू हो गया है।

जनता त्राहि-त्राहि कर रही है। ओर तो और पुलिस तक अपराधियों का शिकार हो रही है बावजूद नीतीश की चुप्पी समझ से परे है। जंगल राज की वापसी हो चुकी है। बिहार में गुंडा राज की वापसी हो चुकी है। जनता समझ चुकी है और आगामी लोकसभा चुनाव में एनडीए 40 सीटों पर काबिज होगी। दो अप्रैल को हिसुआ इंटर विद्यालय में आयोजित गृहमंत्री अमित शाह का कार्यक्रम ऐतिहासिक होगा। उनके स्वागत की तैयारियां जोरों पर है। इसके पूर्व नवादा सीमा खरांठ पहुंचते ही जिलाध्यक्ष अनिल मेहता के नेतृत्व में जोरदार स्वागत किया गया। उन्होंने गरभू महतो की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की।

हिसुआ इंटर विद्यालय मैदान का निरीक्षण करने के बाद बिहार केसरी की जन्मस्थली नरहट प्रखंड क्षेत्र के आदर्श गांव खनवां पहुंच डा श्रीकृष्ण सिंह की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष चौधरी के प्रेस वार्ता मे पूर्व मंत्री जीवेश मिश्रा, एमएलसी अनिल शर्मा, वारिसलीगंज विधायक अरुणा देवी, पूर्व विधायक कन्हैया रजवार, प्रदेश मंत्री पूनम शर्मा, जिला अध्यक्ष अनिल मेहता , प्रोफेसर विजय कुमार सिन्हा ,संजय मुन्ना, नवीन केसरी जी, मीडिया प्रभारी नंदकिशोर चौरसिया, मनीष आदि उपस्थित थे।

विश्व किन्नर दिवस के अवसर पर हुआ विधिक जागरूकता कार्यक्रम

नवादा : राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकार, नई दिल्ली एवं बिहार राज्य विधिक सेवा प्राधिकार, पटना के निर्देश के आलोक में जिला एवं सत्र न्यायाधीश-सह-अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकार पुरूषोत्तमन मिश्र के मार्गदर्शन में प्रवीण कुमार सिंह, अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश सह सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकार के निर्देश पर जिला विधिक सेवा प्राधिकार द्वारा नवादा कार्यालय में ’’विश्व किन्नर दिवस’’ के अवसर पर विधिक जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया।

भारत के संविधान के अनुच्छेद 14, 15 और 16 में समानता का अधिकार प्रदान किया गया है। कार्यक्रम में उपस्थित किन्नरों को निम्नलिखित बिन्दुओं पर चन्द्रशेखर सिंह, पैनल अधिवक्ता के द्वारा विस्तृत जानकारी प्रदान किया गया यथा:- शिक्षा, रोजगार, स्वास्थ्य सेवा, सार्वजनिक स्तर पर उपलब्ध उत्पादों तक पहुंच, कहीं आने जाने का अधिकार, संपति का अधिकार

किन्नर वह व्यक्ति होते हैं जिनकी पहचान रूढ़िवादी लिंग मानदंडों से भिन्न होती है जो केवल पुरूष या महिला के रूप में लिंग की पहचान करते हैं। समाज उनकी लिंग पहचान को स्वीकार करने में विफल रही है। जिसके कारण भेदभाव, सामाजिक उत्पीडन और शारीरिक हिंसा का सामना करना पडा है। इस अवसर पर मीना किन्नर, सोनम किन्नर आदि एवं पैनल अधिवक्ता चन्द्रशेखर सिंह, जिला विधिक सेवा प्राधिकार के कर्मी एवं पारा विधिक स्वयं सेवक उपस्थित हुए।

वार्ड पार्षदों ने किया नप कार्यालय का घेराव

नवादा : नवादा नगर परिषद के वार्ड पार्षदों ने अध्यक्ष की मनमानी के विरोध में नप कार्यालय का घेराव किया। मांगों से संबंधित ज्ञापन कार्यपालक अधिकारी को सौंपा। लगातार तीन बार चुनाव जीत पार्षद बनी रीना कुमारी ने बताया कि अध्यक्ष समेत कार्यपालक अधिकारी द्वारा लगातार पार्षदों की उपेक्षा की जा रही है।

यहां तक कि वार्डों के विकास के लिए उपलब्ध कराई गई राशि का बगैर बैठक किये दुरुपयोग किया जा रहा है जिससे कार्य बाधित है। और तो वार्ड पार्षदों की सहमति व सूचना के बगैर बस पड़ावों की नीविदा निकाल अपने चहेते को बस स्टैंड सौंपा दिया।बता दें इसके पूर्व उपाध्यक्ष भी इस मामले पर अपनी आबाज बुलंद कर चुकी है। आश्चर्य तो यह कि उपाध्यक्ष द्वारा उठाए गए मामले पर प्रशासन ने चुप्पी साध रखी है। ऐसे में अब वार्ड पार्षदों ने मोर्चा खोल दिया है।

नगर में प्रशासन का फ्लैग मार्च जारी

नवादा : नगर में शनिवार को आयोजित रामनवमी जुलूस को ले प्रशासन पूरी तरह अलर्ट है। फिलहाल पश्चिम बंगाल व मुम्बई में जुलूस के दौरान हुई सांप्रदायिक तनाव के मद्देनजर प्रशासन किसी प्रकार की जोखिम को तैयार नहीं है।

जगह जगह दंडाधिकारी के नेतृत्व में पुलिस पदाधिकारी व जवानों की तैनाती की गई है। बावजूद फ्लैग मार्च निकाल लोगों को अपनी सतर्कता व तैयारी की जानकारी उपलब्ध कराने का काम कर रही है। इसी क्रम में देर शाम नगर में फ्लैग मार्च का आयोजन कर लोगों को आगाह किया।

केन्द्रीय गृह मंत्री के आगमन को ले यातायात व्यवस्था में किया गया परिवर्तन

नवादा : अम्बरीष राहुल पुलिस अधीक्षक के द्वारा अमित शाह गृह एवं सहकारिता मंत्री भारत सरकार का दिनांक 02 अप्रैल 2023 को हिसुआ आगमन के क्रम में यातायात प्रबंधन के लिए वैकल्पिक यातायात एवं पार्किंग व्यवस्था के संबंध में कई आवश्यक निर्देश दिये गए हैं।

वाणिज्य वाहन

1. गया से आने वाले बस, ट्रक, पिकअप, ट्रैक्टर आदि हिसुआ बाईपास से होते हुए गया राजगीर रोड में प्रवेश करेगी।

2. नारदीगंज से आने वाले वाणिज्यिक वाहन हिसुआ बाईपास से होते हुए गया के तरफ जायेगी।

3. नारदीगंज चौराहा से रजौली, राॅची आदि जाने वाली वाणिज्यिक वाहन जो राजगीर गया से होकर आयेगी वह नारदीगंज नवादा रोड होते हुए एनएच-31 बख्तियारपुर-रजौली रोड होकर जायेगी।

4. सद्भावना चौक से कोई भी वाणिज्यिक वाहन हिसुआ गया रोड में प्रवेश नहीं करेगी। अगर इन्हें गया राजगीर जाना है तो नवादा नारदीगंज मोड़ होते हुए वनगंगा होकर जायेंगे।

5. नवादा, रजौली एवं अन्य जगहों से आने वाली बसें, प्राईवेट कार हिसुआ या गया जाने के लिए सकरा मोड़ होते हुए बस्ती विगहा को जायेंगे।

6. बस्ती विगहा से पुनः हिसुआ बाईपास होते हुए गया के लिए प्रस्थान करेंगे। सिरदला नरहट से आने वाली वाणिज्यिक वाहन चांदनी चौक होते हुए एनएच-31 रजौली-बख्तियारपुर में जायेंगे।

7. प्राईवेट कार/चार चक्का वाहन नौआवागी से होते हुए रेलवे क्राॅसिंग होते हुए छोटी पाली के लिए प्रस्थान करेंगे।

पार्किंग स्थल

१, टीएस काॅलेज हिसुआ- सभी प्रकार के वाहन जो नवादा-गया रोड होते हुए आयेंगे, उन्हें टीएस काॅलेज, हिसुआ में पार्किंग की सुविधा उपलब्ध रहेगी।

२, गया-हिसुआ रोड एवं राजगीर, नारदीगंज, गया रोड से आने वाले वाहन की पार्किंग व्यवस्था हिसुआ वाईपास के बगल में खाली परती जगह पर की गयी है।

३नरहट-रजौली-सिरदला से आने वाली वाहन की पार्किंग की व्यवस्था नौआवागी परती भूमि में की गयी है।

४. वी वीआईपी के लिए पार्किंग की व्यवस्थाः-सिंचाई भवन हिसुआ के परती भूमि में की गयी है।

५. पुलिस पदाधिकारी एवं दंडाधिकारी के लिए पार्किंग की व्यवस्था-प्रखंड कार्यालय, हिसुआ के खाली जमीन पर की गयी है। यहां जाने के लिए प्रखंड कार्यालय, हिसुआ के बगल से पीसीसी रोड गयी है जो प्रखंड कार्यालय के पीछे खाली जमीन पर मिलेगी।

नोट:- यह ट्रैफिक व्यवस्था 10ः00 बजे पूर्वा0 से 05ः00 बजे अप0 तक लागू रहेगा।

डीएम के जनता दरबार में 32 में 21 मामले निपटाए गए

नवादा : उदिता सिंह जिला पदाधिकारी के निर्देश के आलोक में दीपक कुमार मिश्रा उप विकास आयुक्त, एवं उज्जवल कुमार सिंह अपर समाहर्ता ने संयुक्त रूप से समाहरणालय सभागार में जनता दरबार का आयोजन किया। उप विकास आयुक्त और अपर समाहर्ता ने फरियादियों की शिकायतों को बड़े ही गंभीरता के साथ सुना और समाधान के लिए आश्वासन भी दिया। जनता दरबार में 32 आवेदन आये जिसमें से 21 आवेदनों को आन स्पाॅट निष्पादन कर दिया गया शेष को संबंधित पदाधिकारी के पास त्वरित कार्रवाई के लिए भेजा गया।

जनता दरबार में वारिसलीगंज प्रखंड, चकवाय प्रखंड के अंजीरा देवी के द्वारा स्वास्थ्य केन्द्र, ग्राम-बाघी, प्रखंड -वारिसलीगंज के भवन निर्माण के संबंध में आवेदन दिया गया। प्रखंड काशीचक, चण्डीनावां के अमरेन्द्र कुमार, कोशमी देवी, वीरन कुमार, आंशी कुमारी एवं आशिष कुमार द्वारा राशन कार्ड उपलब्ध कराने के संबंध में आवेदन दिया गया। प्रखंड पकरीबरावां, ग्राम-अटारी के सीता देवी के द्वारा नली-गली योजना का राशि नये वार्ड सदस्य के द्वारा बकाया राशि ट्रांसफर नहीं करने के संबंध में आवेदन दिया गया।

कौआकोल प्रखंड, पाली ग्राम के आनन्दी देवी द्वारा सेवान्त लाभ के भुगतान के संबंध में आवेदन दिया गया। उप विकास आयुक्त द्वारा सभी आवेदनों को संबंधित पदाधिकारियों के पास त्वरित जाॅच कर कार्रवाई करने का निर्देश दिया। इस अवसर पर अमु अमला वरीय उप समाहर्ता, कुमारी रिता सिंहा डीपीओ आईसीडीएस, सत्येन्द्र प्रसाद जिला जन सम्पर्क पदाधिकारी के साथ अन्य पदाधिकारी उपस्थित थे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here