16 मार्च : नवादा की मुख्य खबरें

0

01 अरब पांच करोड़ का बजट, 8 करोड़ का बनेगा पार्क

नवादा : नवादा नगर के विकास के लिए नया बजट आ गया है और पहली बार नवादा नगर परिषद का बजट एक अरब पार कर गया है। अगले वित्तीय वर्ष में नवादा शहर में एक अरब 5 करोड़ से अधिक खर्च करने का बजट बनाया गया है। नए वित्तीय वर्ष में खर्च से ज्यादा आय की उम्मीद है , इसलिए 29 करोड़ के लाभ का बजट पेश हुआ है। नवादा नगर परिषद के अध्यक्ष पिंकी कुमारी की अध्यक्षता और नगर परिषद के कार्यपालक अधिकारी कन्हैया कुमार की देखरेख में बजट पेश हुआ और पारित हुआ।

नगर परिषद की ओर से वित्तीय वर्ष 2023-24 के लिए सरप्लस का बजट पारित किया गया है । नया बजट एक अरब 5 करोड़, 96 लाख 85 हजार 500 रुपए का है। यह राशि शहरी गरीबों के विकास, शहर के सुंदरीकरण, साफ सफाई, सड़क नाला, रोशनी, भवन निर्माण, आवास निर्माण आदि पर खर्च होंगे। बजट में नगर परिषद में नवादा शहर को एक बड़े राशि के पार्क की सौगात दी है। अगर सब कुछ ठीक-ठाक रहा तो नवादा शहर को भव्य पार्क मिल सकता है।

swatva

बजट के सारांश के अनुसार इस बार 59 करोड़ 17 लाख 81 हजार 640 रुपए ओपनिंग राशि है। इसके अलावा अगले वित्तीय वर्ष में 76 करोड़ 35 लाख 21 हजार की आमदनी की उम्मीद है। इस तरह कुल मिलाकर नगर परिषद की अनुमानित आय एक अरब 35 करोड़ 53 लाख 2 हजार 640 रखी गई है। इस आय के परिपेक्ष्य में नगर सरकार ने एक अरब 5 करोड़, 96 लाख 85 हजार 500 रुपए का बजट रखा है।

इस तरह इस बार 29 करोड़ 56 लाख 17 हजार 140 रुपए मुनाफा का बजट पेश हुआ है। आमदनी से कम खर्च का प्रावधान रखा गया है और 29 करोड़ से अधिक की बचत का अनुमान रखा गया है लिहाजा इसे 29 करोड़ के मुनाफे का बजट कहा जा सकता है।

सड़क और नाला निर्माण में नौ करोड़ खर्च का अनुमान

कहां कितना खर्च होगा बजट में सबसे ज्यादा गरीबों के लिए फंड देने का प्रावधान किया गया है। शहरी गरीबों के लिए बजट का कुल 28.5% खर्च करने का प्रावधान है इसके तहत 39 करोड़ दो लाख खर्च किया जाएगा। सड़क एवं नाला निर्माण में 9 करोड़ों रुपए, पब्लिक टॉयलेट एवं कम्युनिटी टॉयलेट निर्माण में 4 करोड़ों रुपए सबके लिए आवास योजना के तहत 6 करोड़ रुपए, शहरी गरीबों के लिए बहुमंजिला आवासन में 50 लाख का खर्च होगा। शवदाह गृह सहित मोक्षधाम के लिए 50 लाख रुपए , वृद्धजनों हेतु आश्रय स्थल के लिए दो करोड़ रूपए, नगर सुंदरीकरण कार्यक्रम के तहत 60 लाख खर्च होगा।

पार्क निर्माण पर 8 करोड रुपए खर्च किए जाएंगे। सामुदायिक भवन पर दो करोड़ रुपए तथा पुस्तकालय निर्माण पर एक करोड़ खर्च किए जाएंगे। सबसे ज्यादा राशि शहरी गरीबों पर खर्च करने का प्रावधान है। 28.5 प्रतिशत राशि शहरी गरीबों पर खर्च करने की बात कही गई है। नगर परिषद के इस बार के बजट में महिला सशक्तिकरण पर भी जोर दिया गया है। कुल बजट का बड़ा हिस्सा महिला सशक्तिकरण के लिए खर्च होगा।

नए बोर्ड से नई उम्मीदें

वैसे तो नगर में समस्याओं की कमी नहीं है और तकरीबन हर क्षेत्र में नगर वासियों को असुविधा झेलनी पड़ रही है लेकिन नए बोर्ड के गठन के साथ ही उनकी उम्मीदें भी नई हो जाती हैं। नगर में साफ-सफाई की व्यवस्था सबसे बड़ी चुनौती बनी हुई है। पानी की तरह पैसा बहाने के बाद भी शहर को गंदगी से निजात नहीं मिल पा रहा है। बजबजाती नालियां, जलजमाव और जहां-तहां फैला कचरा बिमारियों को आमंत्रण दे रहा। प्रयास के बावजूद अब तक कचरा डंप करने के लिए डंपिंग यार्ड नहीं बन पाया है और ना ही कचरा निस्तारण की मुकम्मल व्यवस्था हो पाई है।

यहां से होगी आय

नगर परिषद की आय विभिन्न माध्यमों से अर्जित होगी। इनमे होल्डंग, संपति कर, संरक्षण कर, व्यापार लाइसेंस, सार्वजनिक स्थानों में विज्ञापन, नगर परिषद की संपत्तियों की सामुदायिक बुकिंग, जन्म-मृत्यु प्रमाण-पत्र जारी कर, जल सप्लाई कर शामिल है। सरकार से प्राप्त अनुदान के रूप में भी नगर परिषद को प्रस्तावित आय प्राप्त होगा। वहीं, शहरी क्षेत्र के गरीबों को मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने, राजस्व भुगतान, शहर के साफ-सफाई, सीवरेज-ड्रेनेज, पानी, लाइटिंग और सड़क जैसे कई मदों पर बजट में खर्च करने का प्रावधान किया गया है।

प्रेमी के घर मोनिका की हुई हत्या?, ग्रामीण मुंह खोलने से कर रहे परहेज़

नवादा : जिले के उग्रवाद प्रभावित रजौली थाना क्षेत्र के डोपटा गांव में प्रेमिका की प्रेमी के घर तीन दिनों पूर्व रहस्यमय मौत हो गयी। प्रेमिका इंटरमीडिएट की छात्रा बतायी जा रही है। आसपास के गांवों में इसकी चर्चा जोरों पर है लेकिन ग्रामीण मुंह खोलने को तैयार नहीं है। फिर सवाल यह कि मोनिका आखिर है कहां? उसकी हत्या हुई या फिर स्वयं आत्महत्या की घटना को अंजाम दिया?

बताया जाता है कि मोनिका पांच वहन है। इंटरमीडिएट में पढ़ाई के क्रम में गांव के ही संभ्रांत परिवार के अंतर्जातीय लड़के को अपना दिल दे बैठी। सूत्रों के अनुसार इस क्रम में वह गर्भवती हो गई। शादी का दबाव बनाना आरंभ किया तो प्रेमी टाल मटोल करने लगा।

अंततः मोनिका ने तीन दिनों पूर्व प्रेमी के घर पहुंच गयी। घर में देख परिजन परेशान हो उसके शरीर पर पेट्रोल छिड़क आग लगा दिया जिससे उसकी मौत हो गई। आनन फानन में ग्रामीणों ने साक्ष्य को नष्ट करने के लिए शव का अंतिम संस्कार कर दिया। इस क्रम में प्रेमी जख्मी हो गया जिसका इलाज किया जा रहा है।आश्चर्य तो यह कि मोनिका की मौत की चर्चा तक ग्रामीण नहीं कर रहे हैं जबकि आसपास के गांवों इसकी चर्चा जोरों पर है। इस बावत थानाध्यक्ष दरबारी चौधरी ने बताया कि इस प्रकार की कोई सूचना नहीं मिली है। सूचना मिलते ही अग्रेतर कार्रवाई की जाएगी।

छः दिनों से लापता छात्र का नहीं मिला सुराग, परिजनों को सता रही अनहोनी की आशंका

नवादा : जिले के वारिसलीगंज थाना क्षेत्र नगर परिषद क्षेत्र के बलवापर निवासी सुरेश राउत ने अपने इंजियानरिंग की पढ़ाई कर रहे पुत्र नितिन कुमार के पिछले 6 दिनों से लापता होने की प्राथमिकी थाने में दर्ज कराई है। प्राथमिकी में पिता ने कहा कि नितिन दिल्ली में रह कर इंजियानरिंग की पढ़ाई करता था।होली पर घर आया था।

अचानक 10 मार्च 2023 की सुबह जो घर से निकला अब तक घर वापस नहीं आ सका है।पीड़ित पिता ने किसी अनहोनी की आशंका से भयभीत पुलिस से पुत्र की बरामदगी की गुहार लगाई है। दूसरी ओर रजौली नगर पंचायत क्षेत्र से अपहृत युवती की अबतक बरामदगी नहीं होने से परिजनों में निराशा देखी जा रही है।

नाव पर आएंगी मां दुर्गा, डोली पर होंगी विदा

नवादा : इस वर्ष चैत्र नवरात्रि का शुभारंभ 22 मार्च से होगा। माता का आगमन नाव पर व विदाई डोली पर होगी। नाव पर आगमन जहां शुभ है वहीं डोली पर विदाई कष्टकर। ज्योतिषाचार्य पांडेय विद्यानंद के अनुसार बुधवार को नौका पर माता के आने से विश्व कल्याण होगा। सभी कार्यों की सिद्धि होगी। वहीं, दशमी तिथि शुक्रवार को माता डोली पर सवार होकर जाएंगी, जो प्राणियों के लिए कष्ट कारक होगा। इससे प्राकृतिक आपदाओं के संकेत हैं।

उन्होंने बताया कि नवरात्र के पहले दिन कलश स्थापना कर देवी के पहले स्वरूप शैलपुत्री की आराधना की जाएगी। दरअसल, मान्यता है कि नवरात्र में माता का पाठ करने से देवी भगवती की खास कृपा होती है। मां दुर्गा को सुख,समृद्धि और धन की देवी माना जाता है। ज्योतिषाचार्य पांडेय ने बताया कि जो भक्त पूरी श्रद्धा से मां दुर्गा की पूजा करते हैं, उन्हें माता का खास आशीर्वाद प्राप्त होता है।

उन्होंने बताया कि साल में चार बार नवरात्र का पर्व मनाया जाता है। इसमें चैत और शारदीय नवरात्र के अलावा और दो गुप्त नवरात्रि के मनाए जाने का विधान है। हिंदू पंचांग के अनुसार, चैत मास की शुक्ल पक्ष की प्रतिपदा तिथि को नवरात्र का त्योहार मनाया जाएगा। इस दौरान मां दुर्गा के नौ स्वरूपों की विधि-विधान के साथ पूजा की जाती है। चैत नवरात्र का त्योहार 22 मार्च से शुरू होकर 30 मार्च को समाप्त होगा।

हिंदू नव वर्ष की शुभ योग में होगी शुरुआत

इस साल 22 मार्च से हिंदू नव वर्ष यानी विक्रम संवत 2080 की शुरुआत शुभ योग में हो रही है। जानकारों का मानना है कि इस साल हिंदू नव वर्ष कई राशियों के लिए बहुत शुभ रहने वाला है। 22 मार्च से नवरात्रि की शुरुआत से ही शुभ संयोगों की शुरुआत हो रही है।

ज्योतिषाचार्य ने बताया कि नए साल बुधवार से शुरू हो रहा है। इस कारण आकाशीय मंत्रिमंडल के राजा बुध रहेंगे, जबकि भोग विलास और सुख संपत्ति के कारक शुक्र ग्रह मंत्री की भूमिका में होंगे। बुध के राजा होने की वजह से धार्मिक कार्य में लोगों की रुचि बढ़ेगी और स्वास्थ्य के प्रति अधिक जागरूक होंगे। उन्होंने बताया कि 22 अप्रैल 2023 से 25 मई 2023 तक चर्तुग्रही योग बन रहा है और 10 मई से 30 जून तक मंगल और शनि के बीच षड्यंत्र योग बनने से विश्व के कुछ देशों में आपसी टकराव बढ़ेगा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here