05 फ़रवरी : नवादा की मुख्य खबरें

0

जिले का बहुमूल्य धरोहर बना गोवर्धन मंदिर, मंदिर में दर्शन कर सकेंगे गोकुल का

नवादा : जिला मुख्यालय में दक्षिण भारतीय शैली में करोड़ों की लागत से बनकर तैयार हुआ गोवर्धन जिलावासियों के लिए बहुमूल्य धरोहर बन गया है। इसके साथ ही अब गोवर्धन अर्थात भगवान श्री कृष्ण का अति प्रिय \”गोकुल\” भी मंदिर परिसर में अस्तित्व में आ गया है। जी हां! गोकुल यानी गोवंश का धाम जहां भगवान कृष्ण गाय बछड़े के बीच खुद को आनंदित महसूस करते हैं। नवादा में भी गोवर्धन मंदिर प्रबंधन को सुचारू रखने के लिए ऐसा ही कुछ इंतजाम हुआ है।

गोवर्धन मंदिर का निर्माण करने वाले पूर्व मंत्री राजबल्लभ प्रसाद के परिवार ने मंदिर की व्यवस्था का सफल संचालन कराने के लिए 155 दुधारू गायें दान की है। गायों के दुग्ध उत्पादन से होने वाली आमदनी से मंदिर की व्यवस्था संचालित होगी। यानी कहें तो गोवर्धन मंदिर में स्थापित राधा कृष्ण समेत सभी देवी देवताओं का लालन पालन गौ माता के जिम्मे है। राजबल्लभ परिवार के सभी सदस्यों ने अपने अपने हिसाब से गाय दान की है। इस दान से 155 गायें हो गई है। इसके अलावा मंदिर में आए दान से भी भविष्य में गाय खरीदी जाएगी।

swatva

शास्त्रों और पुराणों में है गोदान का महत्व

सनातन धर्म में गाय को माता की उपाधि दी गई है। इसके लिए गाय को गौ माता कहकर पुकारा जाता है। वेदों, पुराणों एवं शास्त्रों में गाय को धन बताया गया है। उत्तर वैदिक काल में गौ माता की सेवा का वर्णन विस्तार से किया गया है। भगवान श्रीकृष्ण को गाय अतिप्रिय है।

द्वापर युग में ग्वालों के साथ भगवान श्रीकृष्ण वन जाते थे। वैज्ञानिक दृष्टिकोण से भी गाय एक धन है। इसमें माता की ममता होती है। भारत में गौ सेवा, गौ पालन और गौ रक्षा पर विशेष बल दिया जाता है। शास्त्रों में गौ दान का उल्लेख भी निहित है।

पूर्व मंत्री की मां ने दी 111 गायें

यज्ञ की पूर्णाहुति के दौरान पूर्व श्रम राज्यमंत्री राजबल्लभ प्रसाद और उनकी माता ललिता देवी की ओर से गोवर्धन मंदिर समिति को एक सौ ग्यारह गायें दान की। उनके भाइयों रोहिताश्व प्रसाद, बाल्मीकि प्रसाद यादव , बिनोद यादव और स्व. कृष्णा प्रसाद की धर्मपत्नी प्रमिला देवी ने ग्यारह-ग्यारह गायें समिति को भेंट की। समिति के सचिव महेंद्र यादव ने बताया कि राजबल्लभ परिवार से कुल 155 गायें प्राप्त हुई है जबकि दान में आये सभी राशियों का उपयोग भी गाय खरीदने में किया जायगा। यह गोवर्धन मंदिर की अक्षय निधि होगी। क्योंकि इसी की आमदनी से मंदिर की अर्थ व्यवस्था का संचालन किया जायेगा।

राजनीति की भेंट चढ़ गया नरहट में स्वच्छ भारत अभियान

– लाखों का सामान फांक रहा धूल, अधिकारियों ने साध रखा है मौन

नवादा : जिले में राजनीति किस कदर हावी है इसकी बानगी देखनी हो तो नरहट पर नजर डालिए। यही कारण है कि विकास के मामले में प्रखंड आज भी फिसड्डी है। शहरों की तर्ज पर गांवों में भी डोर टू डोर कचरा उठाव करने की योजना थी। इसके लिए बड़े पैमाने पर राशि भी खर्च की गई लेकिन नरहट प्रखंड के दो पंचायतों में यह योजना भी कागजों की शोभा बढ़ा रही है।

प्रखंड के नरहट व छोटा शेखपुरा पंचायत में कचरा उठाव के लिए बाल्टी सहित अन्य साजो सामान की खरीदारी हुई लेकिन सिस्टम की उदासीनता के चलते कचरा उठाने का सामान खुद कचरा बनता जा रहा है। नरहट और शेखपुरा दोनों ही पंचायतों में डोर टू डोर कचरा उठाव के लिए खरीद कर लाई गई हजारों बाल्टियां, रिक्शा और बैटरी गाड़ियां धूल फांक रही है।

शहरों के तर्ज पर गांवों में भी डोर टू डोर कचरा उठाव करने की योजना के तहत नरहट प्रखंड के दो पंचायत नरहट और शेखपुरा का चयन किया गया था। दोनों ही जगह करीब 10-10 लाख रुपए की लागत से बाल्टियां, रिक्शे और ई रिक्शा खरीदे गए, लेकिन पंचायतों में डोर टू डोर कचरा उठाने का काम अबतक शुरू नहीं हो पाया। विभागीय उदासीनता और पंचायत के भीतर राजनीतिक खींचतान के कारण कई माह से लाखों रुपये लागत मूल्य की साफ-सफाई करने के लिए लायी गयी सामग्रियां धूल फांक रही है। स्वच्छ भारत मिशन के तहत सफाई का कार्य दम तोड़ता दिख रहा है।

शिकायत के बावजूद कार्रवाई नहीं

नरहट पंचायत की मुखिया एहतेशाम कैसर उर्फ गुड्डू ने बताया कि कचरा डंपिंग के लिए स्पॉट नहीं बनने के कारण सारा साफ- सफाई का कार्य अधर में लटका है। उन्होंने बताया कि कचरा डंपिंग के लिए पहले चांदनी चौक से पश्चिम मोहन नगर में जमीन दिया गया, जहां निर्माण कार्य प्रारंभ हुआ लेकिन वहां निर्माण कार्य को अवरूद्ध कर दिया गया। जबकि वह जगह अंचल प्रशासन के द्वारा उपलब्ध कराया गया था। इसके बाद अंचलाधिकारी ने नरहट पंचायत अन्तर्गत छठ घाट के पहले जमीन मुहैया कराया गया, वहां भी निर्माण कार्य प्रारंभ किया गया, लेकिन वहां भी स्थानीय लोगों के प्रयास से कार्य अवरुद्ध करा दिया गया।

सूचना अंचल अधिकारी और प्रखंड विकास पदाधिकारी के साथ ही मनरेगा के अधिकारीयों को दी गई लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। जबकि गिला कचरा और सूखा कचरा के लिए करीब 1700 बाल्टी, 16 रिक्शा, एक ई रिक्शा, 32 से अधिक ड्रेस खरीदा गया है। डंपिंग प्वाइंट बनाया। पिलर बनाया गया लेकिन उखाड़ दिया गया। अधिकारी को इसकी जानकारी दी गई लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। कुल मिलाकर 10 लाख का सामान खरीदा जा चुका है।

डंपिंग प्वाइंट तैयार नहीं होने से विफल हो रही योजना

बताया जाता है कि कचरा डंप करने या कचरा निस्तारण के लिए डंपिंग स्पॉट और प्रोसेसिंग प्लांट तैयार नहीं रहने के चलते कचरा उठाव शुरू नहीं हो पाया है। ऐसा तब है जब सरकार के द्वारा कचरा उठाव और डंपिंग प्वाइंट बनाने का निर्देश काफी पहले दिया गया है और इसके लिए भारी-भरकम राशि भी उपलब्ध कराई गई है।

आदेश के बावजूद ऐसा नहीं हो पा रहा है। नरहट पंचायत में कचरा डंपिंग प्वाइंट बनाने का काम शुरू हुआ तो अज्ञात तत्वों ने पिलर को ही क्षतिग्रस्त कर दिया और निर्माण रुक गया। कमोवेश छोटा शेखपुरा का भी वही हाल है और अब तक डंपिंग प्वांइंट नहीं बनने से खरीदी गई सामग्री धूल फांक रही है । बावजूद अधिकारियों का ध्यान इस ओर नहीं जा पा रहा है।

मो राजिक बने आल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल के प्रदेश सचिव

नवादा : जिला कांग्रेस के पूर्व कार्यकारी अध्यक्ष मो राजिक खान को आल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल कमिटी का प्रदेश सचिव मनोनीत किया गया है। मनोनयन पत्र पार्टी के प्रदेश कार्यालय में सौंपा गया। प्रदेश महासचिव आफताब अहमद द्वारा सौंपे गए मनोनयन पत्र में कहा गया है कि आपके समर्पित योगदान को देखते हुए प्रदेश सचिव मनोनीत कर गौरवान्वित महसूस कर रहा हूं।

आशा ही नहीं बल्कि पूर्ण विश्वास है आप अपनी जिम्मेदारी पूरे मनोयोग से निभाने का न केवल कार्य करेंगे बल्कि संगठन विस्तार में महत्वपूर्ण योगदान देंगे। बता दें इसके पूर्व कांग्रेस में अल्पसंख्यकों की लगातार की जा रही उपेक्षा से असंतुष्ट हो दल की प्राथमिक सदस्यता से इस्तीफा सौंप दिया था।

पैसों के लेनदेन को ले किन्नरों का हाईवोल्टेज ड्रामा, अपने ही साथी को निर्वस्त्र कर घुमाया

नवादा : नगर में किन्नरों के हाई वोल्टेज ड्रामा का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो नगर थाना क्षेत्र के भीड़ वाले इलाके जवाहर नगर मोहल्ले का है। वायरल वीडियो में 3 किन्नरों ने मिलकर एक किन्नर को सरेआम सड़कों पर निर्वस्त्र कर जमकर पिटाई की। पूरे कपड़े को शरीर से उतार दिया। पिटाई के बाद तीनों किन्नरों ने मिलकर निर्वस्त्र कर सरेआम रोड पर पकड़ कर ले जा रही थी, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल किया गया।

मामले की जानकारी जैसे ही पुलिस को मिली पुलिस घटनास्थल पर पहुंचकर सभी लोगों को हिरासत में ले थाना लाया । इस क्रम में सड़क पर अफरा-तफरी मची गई। नगर के मिर्जापुर निवासी किन्नर मीना तथा अकबरपुर प्रखंड क्षेत्र के बकसंडा की किन्नू के बीच पैसा उगाही को ले पूर्व से काफी विवाद चल रहा था। इसी को लेकर दोनों में मारपीट हुई। दोनों को नगर थाने में पुलिस ले आई।

नगर थानाध्यक्ष अरुण कुमार सिंह ने बताया कि दोनों पैसे को लेकर आपस में उलझ रही थीं। बीच-बचाव कर किसी तरह से दोनों को थाने लाया गया। मीना किन्नर व पीड़ित ने किन्नर के खिलाफ अलग-अलगआवेदन दिया है। थानाध्यक्ष ने बताया कि पीड़ित ने मीना किन्नर पर निर्वस्त्र कर बाजार में घुमाने का आरोप लगाया है। फिलहाल दोनों के आरोपों की जांच की जा रही है।

एसी एसटी मामले का आरोपी पिता पुत्र गिरफ्तार

नवादा : नगर के बुंदेलखंड थानाध्यक्ष साज़ियाद अख्तर ने थाना कांड संख्या 1303/22 एसी एसटी केस के अभियुक्त डोभरा पर निवासी राजू सिंह उर्फ राजकुमार व उनके पुत्र विक्की कुमार को गिरफ्तार कर लिया। सदर अस्पताल में कोरोना जांच के बाद न्यायिक हिरासत में भेज दिया।

बताते चलें कि एसी एसटी केस के अभियुक्त डोभरा पर निवासी राजू सिंह उर्फ राजकुमार व उनके पुत्र विक्की कुमार को बुंदेलखंड थाना प्रभारी शनिवार की मध्य रात्रि गिरफ्तार कर लिया। थानाध्यक्ष ने बताया कि डोभरा पर विगत कुछ महीने पूर्व जॉनी रविदास के साथ मारपीट की घटना घटी थी। इस सन्दर्भ में बुंदेलखंड थाना कांड संख्या 1303/22 के तहत मामला दर्ज हुआ था। इसी के आलोक में पिता पुत्र को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया।

पेड़ों की कटाई मामले में प्रशासनिक अधिकारियों की चुप्पी से हर कोई हैरान

नवादा : जिले के अकबरपुर प्रखंड मुख्यालय थाना चहारदीवारी से सटे पूरब कृषि भूमि पर लगे दर्जनों शीशम वृक्षों की कटाई व गायब होने की खबर के बावजूद प्रशासनिक अधिकारियों की चुप्पी से हर कोई हैरान है। अबतक कार्रवाई तो दूर इसका संज्ञान तक नहीं लिया जा रहा है। इससे स्पष्ट होता है कि कहीं अधिकारियों की मिलीभगत तो नहीं?

जाहिर है थाना चहारदीवारी से सटे पूरब दर्जनों शीशम वृक्षों की न केवल कटाई की गरी बल्कि आराम से गायब भी कर दिया गया। इस प्रकार का काम न एक दिन में हो सकता है न दो दिनों में। इसके लिए समय अवश्य लगा होगा। बावजूद इतनी बड़ी चोरी होती रही और आसपास के लोगों को भनक तक नहीं लगी? इस प्रकार के कार्य से न केवल पर्यावरण के साथ सरकारी राजस्व का व्यापक पैमाने पर नुकसान हुआ। बावजूद प्रशासनिक अधिकारियों की चुप्पी से हर कोई हैरान है।

मामला कृषि विभाग का है। प्रखंड कार्यालय परिसर में कृषि भवन है जहां से घटनास्थल की दूरी मात्र एक हजार फीट है। बावजूद प्रशासनिक अधिकारियों की चुप्पी से स्पष्ट है कि उक्त मामले में कहीं न कहीं प्रशासनिक अधिकारियों की मिलीभगत है। राजद व्यावसायिक प्रकोष्ठ के जिलाध्यक्ष राजीव कुमार बावी ने पुनः मुख्यमंत्री समेत तमाम अधिकारियों से मामले की जांच के साथ दोषी के विरुद्ध कार्रवाई की मांग की है।

तेज रफ्तार बाइक ने मारी टक्कर, शौच करने निकली वृद्धा की मौत

नवादा : जिले के उग्रवाद प्रभावित रजौली थाना क्षेत्र के केंदुआ करमा गांव में तेज रफ्तार बाइक सवार युवक ने बृद्ध महिला को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में बुजुर्ग महिला की मौत हो गई। बाइक सवार टक्कर मारने के बाद फरार हो गया। चिंताजनक हालत में रजौली अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां बेहतर इलाज के लिए नवादा रेफर कर दिया।

नवादा पहुंचने से पहले हुई मौत

ज़ख्मी महिला ने नवादा पहुंचने से पहले ही दम तोड़ दिया। मौत की खबर मिलते ही पूरे परिवार में कोहराम मच गया। मृतक की पहचान करमा गांव की स्वर्गीय महावीर यादव की 72 वर्षीय पत्नी रधिया देवी के रूप में की गई है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया। मृतका के परिजनों ने बताया कि इस रोड में तेज रफ्तार का कहर अक्सर देखने को मिलता है और तेज रफ्तार के कारण ही आए दिन घटना लगातार घटती रहती है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here