04 फ़रवरी : नवादा की मुख्य ख़बरें

0

दो दिनों से लापता अधेड़ का शव कुएं से बरामद

नवादा : जिले के वारिसलीगंज थाना क्षेत्र के कोचगांव बधार कुएं से अधेड़ की लाश मिली। वो दो दिनों से घर से लापता था। काफी खोजबीन के बाद भी उसका कहीं पता नहीं चल रहा था। इसी बीच कुएं में उसकी लाश मिलने की सूचना परिजनों को मिली। मृतक की पहचान वारिसलीगंज थाना क्षेत्र के कुटरी पंचायत नारोमुरार महादलित टोला गणेश नगर निवासी श्रवण रविदास (46) के रूप में की गई।

थानाध्यक्ष आशीष कुमार मिश्रा के नेतृत्व में पहुंची पुलिस टीम मामले की जांच में जुट गई है। मौके पर जुटे लोगों ने बताया कि श्रवण कुएं में गिर गया होगा, जिसकी वजह से यह घटना हुई। पुलिस भी यही मान रही है। श्रवण चिमनी भट्ठा पर कार्य करता था, जहां से मजदूरी मिलने के बाद घर आया और फिर घूमने निकला। दो दिनों बाद कुंए से शव बरामद किया गया।

swatva

थाना चहारदीवारी से सटे लाखों रुपए मूल्य के शीशम वृक्षों की चोरी

नवादा : जिले के अकबरपुर थाना के पास चिराग तले अंधेरा वाली कहावत चरितार्थ हुई है। थाना चहारदीवारी से सटे पूरब कृषि भूमि पर लगे लाखों रुपए मूल्य के दर्जनों शीशम वृक्षों की अज्ञात चोरों ने कटाई कर गायब कर दिया। बावजूद अधिकारियों का ध्यान इस ओर नहीं जा पा रहा है। ऐसे में पर्यावरण के साथ ही सरकारी राजस्व का जबर्दस्त नुकसान हुआ है।

ऐसा कर पाना किसी के लिए एक दिन में संभव नहीं है। इसके लिए कि दिनों का समय अवश्य लगा होगा। आश्चर्य यह कि थाना चहारदीवारी से सटे वृक्षों की कटाई वह ढुलाई होती रही और पुलिस को भनक तक नहीं लगी? ऐसे में सुरक्षा व्यवस्था पर सवालिया निशान लग रहा है। थाना परिसर में दर्जनों अधिकारियों व पुलिस कर्मियों का रहना होता है। बजाप्ता दिन रात संतरी का पहरा होने के साथ परिसर को सीसीटीवी कैमरे से लैस किया गया है। बावजूद वृक्षों की कटाई आम लोगों के समझ से परे है।

तस्वीरों के साथ वीडियो में स्पष्ट देखा जा सकता है कि किस प्रकार कीमती वृक्षों की कटाई के बावजूद शासन- प्रशासन का अबतक ध्यान इस ओर नहीं जा पा रहा है। राजद व्यावसायिक प्रकोष्ठ के जिलाध्यक्ष राजीव कुमार बावी ने मुख्यमंत्री समेत तमाम अधिकारियों से कृषि भूमि पर चरवाहा विद्यालय के दर्जनों शीशम वृक्षों की कटाई व चोरी की जांच करा दोषी को दंडित करने की मांग की है।

पुत्री से यौन शोषण मामले में आरोपी गिरफ्तार

नवादा : जिले के मेसकौर पुलिस ने पुत्री से यौन शोषण के आरोपी ग्रामीण चिकित्सक को शराब के नशे में धुत्त बिजुबिगहा बाज़ार से गिरफ्तार कर लिया। इस बावत पाक्सो ऐक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज कर आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया।

गिरफ्तार व्यक्ति ग्रामीण चिकित्सक अजय प्रसाद है जो हिसुआ के महादेव मोड़ का रहने वाला है तथा वर्तमान में बिजु विगहा बाजार में प्राइवेट नर्सिंग होम चलाता था। थानाध्यक्ष धर्मेंद्र कुमार यादव द्वारा अजय प्रसाद को प्राथमिकी दर्ज करने के बाद बाजार से गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया।

शराब के लिए मां से बेटा ने मांगा पैसा, नहीं देने पर की आत्महत्या की कोशिश, हालत गंभीर

नवादा : युवक ने जहर खाकर अपने जीवन समाप्त करने की कोशिश की। चिंताजनक हालत में सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया। युवक जिले के उग्रवाद प्रभावित गोविंदपुर थाना क्षेत्र के गोविंदपुर बाजार मोहल्ला का रहने वाला है। बताया जाता है कि धर्मेंद्र राजवंशी का पुत्र 22 वर्षीय सनोज कुमार ने जहर खाकर आत्महत्या करने की कोशिश की है। मां रीता देवी ने बताया कि बेटे द्वारा शराब पीने को ले ₹500 मांगा गया।

पैसा नहीं देने पर बेटा ने इस तरह का कदम उठाया। जिसे चिंताजनक हालत में सदर अस्पताल में भर्ती करवाया। बेटा ₹500 शराब पीने के लिए मांग रहा था। कहा कि मेरे पास पैसा नहीं है। हम पैसा नहीं देंगे, इतना सुनते ही बेटा काफी गुस्सा हो गया और लगातार पैसा मांगना शुरू कर दिया। अंत में आकर गुस्सा में कहा तो तुम जाओ, यहां से तुम्हें कुछ भी नहीं देंगे, और कोई शराब नहीं पिएगा।

इतना सुनते ही गुस्से में बेटा घर से बाहर चला गया। और फिर कुछ देर बाद आया तो अचानक उसकी तबीयत बिगड़ नी शुरू हो गयी। फिर बेटा ने कहा कि जहर खा लिए हैं और अपने जीवन को समाप्त कर लेंगे, जिसके बाद पूरे परिवार का होश उड़ गया।स्थानीय लोगों की मदद से सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया जहां चिंताजनक हालत देखते ही इलाज के बाद डॉक्टर के द्वारा पावापुरी मेडिकल अस्पताल रेफर कर दिया गया।

बताया जाता है कि गुस्से में आकर युवक ने जहर खाकर अपने जीवन को समाप्त करने की कोशिश की है। युवक के पिता मजदूरी का काम करते हैं। डॉक्टर ने बताया कि जहर खाकर युवक आया है। काफी देर के बाद अस्पताल पहुंचने से हालत काफी गंभीर है। बेहतर इलाज के लिए मेडिकल अस्पताल पावापुरी रेफर किया गया है।

श्री हरिहर महायज्ञ सह प्रतिष्ठा महोत्सव की पूर्णाहुति पर पूर्व श्रम राज्यमंत्री राजबल्लभ परिवार ने गोवर्धन मंदिर को दान किए 155 गायें

नवादा : पूर्व श्रम राज्यमंत्री राजबल्लभ परिवार द्वारा गोवर्धन मंदिर को 155 गायों का दान, आचार्यों का मनोवांछित दक्षिणा, भव्य भोज भंडारा, रासलीला समापन और श्रद्धालुओं के लिए सभी मंदिरों में भगवान दर्शन हेतु पट खुलने के साथ ही नौ दिवसीय श्री हरिहर महायज्ञ सह प्रतिष्ठा महोत्सव की पूर्णाहुति संपन्न हो गई।

विगत नौ दिनों से तपस्वी की तरह जीवन व्यतीत करने वाले यजमान नवादा विधायक श्रीमती विभा देवी, रजौली विधायक श्री प्रकाशवीर, जिला परिषद अध्यक्ष पुष्पा कुमारी, राजद के प्रदेश महासचिव बिनोद यादव, मंदिर समिति के सचिव महेंद्र यादव, वरिष्ठ पत्रकार अजय कुमार, श्री राज कृष्णा ट्रस्ट के नंदकिशोर बाजपेयी, समाजसेवी अंबिका साव, ब्रजेंद्र कुशवाहा, सुरेन्द्र यादव, अजय यादव और संतोष सिन्हा ने यज्ञ की पूर्णाहुति बेला में कहा कि हम सभी सनातन धर्म के वसुधैव कुटुंबकम गुरुमंत्र से दीक्षित हैं इसलिए विश्व कल्याण की कामना हम सबों ने की है। खासकर नवादावासियों समेत संपूर्ण बिहार के सुख समृद्धि के लिए हम सबों ने भगवान हरिहर से वरदान माँगा है। यज्ञाचार्यो ने महायज्ञ की निर्विघ्न पूर्णाहुति पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि सबकुछ मंगलमय रहा। अब गोवर्धन मंदिर देश के नामचीन तीर्थस्थानों में सुमार हो गया है क्योंकि यज्ञ के दौरान श्रद्धालुओं की उमड़ती भीड़ ने इसका प्रमाणपत्र दे दिया है।

माननीय विधायक विभा देवी और प्रकाशवीर ने बताया कि यज्ञ पूर्णाहुति के पश्चात् ब्रामण भोजन, कन्या पूजन एवं भोजन और हरिश्चंद स्टेडियम में भव्य भंडारा का आयोजन आशातीत सफलता के साथ संपन्न हो गया। यज्ञाचार्य गौरव दत्त शुक्ल ने पूर्णाहुति अवसर पर यजमानों से वांछित दक्षिणा ग्रहण करते हुए ग्राम वासियों, क्षेत्र वासियों, प्रदेश वासियों को सुख समृद्धि का आशीर्वाद दिया।

राजबल्लभ परिवार ने किया 155 गायों का दान

यज्ञ की पूर्णाहुति के दौरान पूर्व श्रम राज्यमंत्री राजबल्लभ प्रसाद की 85 वर्षीय माता जी श्रीमती ललिता देवी ने गोवर्धन मंदिर समिति को एक सौ ग्यारह गायें दान की। उनके भाइयों रोहिताश्व प्रसाद, बाल्मीकि प्रसाद यादव, बिनोद यादव और स्व. कृष्णा प्रसाद की धर्मपत्नी प्रमिला देवी ने ग्यारह-ग्यारह गायें समिति को भेंट की। समिति के सचिव महेंद्र यादव ने बताया कि राजबल्लभ परिवार से कुल 155 गायें प्राप्त हुई है जबकि दान में आये सभी राशियों का उपयोग भी गाय खरीदने में किया जायगा। यह गोवर्धन मंदिर की अक्षय निधि होगी क्योंकि इसी की आमदनी से मंदिर की अर्थ व्यवस्था चलेगी।

आज बिरज में होरी रे सखिया

आज रासलीला के आखिरी दिन व्यास पीठ से व्यास भावेश कृष्ण भारद्वाज ने रासमंच को वृन्दावन की गलियों में तब्दील करते हुए लठमार होली का जीवन्त दर्शन कराया। अपने सुमधुर कण्ठ से ब्रज की पारंपरिक होली का रसपान कराते हुए उन्होंने खचाखच भरे दर्शक दीर्घा को भावविभोर कर दिया । सर्वप्रथम यमुना तट पर राधा कृष्ण का प्रथम मिलन, राधा कृष्ण की सगाई और गोद भराई, राधा द्वारा कृष्ण को बरसाने की होली के लिए आमंत्रण, कृष्ण का गोपियों के साथ बरसाने पहुंचना और राधा के सखियों संग होली खेलना आदि प्रसंग को देखते हुए दर्शकों ने खूब आनंद लिया। “होली खेल रहे बांके बिहारी रंग बरस रहा ” और “आज बिरज में होरी रे रसिया ” जैसे पारंपरिक होली गीतों पर लोग देर रात तक थिरकते रहे। व्यास पीठ ने इतनी भीड़ में भी दर्शकों के अनुशासन और श्रद्धाभक्ति की सराहना करते हुए कहा कि मैं अपनी रास मंडली के साथ बार-बार यहां आना चाहूँगा। उन्होंने समिति के आदर सत्कार की भी दिल खोलकर प्रशंसा की।

रिपोर्ट :- शम्भु विश्वकर्मा

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here