29 अक्टूबर : नवादा की मुख्य ख़बरें

0

रबी महोत्सव में किसानों को उत्तम खेती के बताए गए गुर

नवादा : जिले के वारिसलीगंज प्रखंड कार्यालय परिसर स्थित ई- किसान भवन में शुक्रवार को रबी महोत्सव सह कृषक प्रशिक्षण कार्यशाला आयोजित कर विशेषज्ञों द्वारा किसानों को उत्तम खेती करने तथा कार्बनिक उर्वरक के प्रयोग के तऱीके बताए गए।

कार्यक्रम का आयोजन कृषि प्रौद्योगिकी अभिकरण (आत्मा) नवादा द्वारा किया गया। जबकि प्रखंड़ विकास पदाधिकारी, अनुमंडल कृषि पदाधिकारी, उप परियोजना निदेशक आत्मा तथा जन प्रतिनिधि ने संयुक्त रुप से कार्यक्रम का उद्घाटन किया।

swatva

कृषि समन्वयक सुभाष रंजन ने किसानों से मिट्टी की उर्वरता बचाने की खातिर कम से कम रासायनिक उर्वरकों एवं कीटनाशक दवाओं का प्रयोग करने को कहा। उन्होंने कहा कि किसान अपने खेतों की मिट्टी की जांच करवाकर उसमें कमी पाए जाने वाले पोषक तत्वो को फसल में दिया जाय तो उत्पादन बेहतर होगा।

उन्होंने कहा कि किसान अपने खेतों में जैविक (कार्बनिक) उर्वरक डाले ताकि उनके खेतों की मिट्टी में ह्यूमरस बरकरार रहे। साथ ही अनुसंशित मात्रा में यूरिया के प्रयोग की सलाह दी। उन्होंने कहा कि अगर खेत को बचाना है तो यूरिया की मात्रा जितना कम से कम प्रयोग करे। किसानों को पराली जलाने से मना करते हुए अपने खेतों में जैविक खेती ढैंचा, मूंग तथा अन्य कार्बनिक फसलों को खेत में सड़ा कर जैविक उर्वरक बनाने पर जोर दिया गया।

कार्यक्रम के दौरान जल वायु परिवर्तन, कृषि, जल जीवन व हरियाली एवं विशेष फसल, कृषि यांत्रिकीकरण आदि के बारे में जानकारी दी गई।कार्यक्रम का संचालन कृषि समन्वयक मदन मोहन कुमार ने किया। मौके पर उप प्रमुख अरुणा देवी, केशव कुमार, प्रीति कुमारी, सहायक तकनीकी प्रशिक्षक संजीत कुमार , काजल कुमारी एवं बड़ी संख्या में विभिन्न पंचायतो से आये किसान उपस्थित थे।

08 दिन पूर्व गायब चावल लदे ट्रकों को पुलिस ने हिसुआ से किया बरामद, तीन गिरफ्तार

-19 अक्टूबर को पकरीबरावां के करतारा मोड़ से दो ट्रक चावल हरियाणा के लिए चला था

नवादा : चावल लोड कर नवादा जिले के पकरीबरावां से हरियाणा के लिए चला ट्रक गंतव्य तक नहीं पहुंचा ट्रक रास्ते से गायब हो गया। सूचना के बाद सक्रिय हुई पुलिस ने 8 दिनों बाद दोनों ट्रक को इसी जिले के हिसुआ थाना इलाके से बरामद किया। आरएस राइस मील के पास से बरामदगी हुई।

पकरीबरावां की पुलिस ने हिसुआ पुलिस की मदद से छापेमारी कर खाली ट्रक को बरामद की। इस मामले में गुरुवार को एक ट्रक के चालक को भी गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तार ट्रक चालक अकबरपुर थाना इलाके के पचगामा निवासी डमरू राजवंशी बताया जाता है। घटना के संबंध में मिली जानकारी के अनुसार 19 अक्टूबर को पकरीबरावां के करतारा मोड़ स्थित जय मां नेतुला राइस मिल से दो ट्रक चावल लेकर हरियाणा के लिए निकला था।

20 अक्टूबर को ट्रक चालक से जय मां नेतुला राइस मिल के प्रोपराइटर शैलेंद्र कुमार का संपर्क टूट गया। कई बार प्रयास करने के बाद भी ट्रक चालक सहित ट्रांसपोर्टर एवं गाड़ी मालिक से संपर्क नहीं होने पर प्रोपराइटर शैलेंद्र कुमार ने इसकी शिकायत पकरीबरावां थाना में दर्ज कराई। 23 अक्टूबर को पकरीबरावां थाना में कांड संख्या- 511/22 दर्ज कर पुलिस छानबीन में जुट गई। इस बीच चार दिन पूर्व ट्रक हिसुआ के आरएस राइस मिल के पास से खाली स्थिति में पाया गया।

पुलिस ट्रक को कब्जे में लेकर ट्रक चालक की खोजबीन में जुट गई। गुरुवार को पुलिस ने एक ट्रक चालक को गिरफ्तार कर पूछताछ किया। जिसके बाद शुक्रवार को आरएस राइस मिल के मैनेजर विकास सिंह और चावल क्रेता बीरेंद्र साव को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। साथ ही गायब 500 क्विंटल में से 200 क्विंटल चावल बरामद किया। अन्य आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस छापेमारी कर रही है।

ट्रक चालक ने बेच दिया चावल

एसडीपीओ पकरीबरावां महेश चौधरी ने बताया कि ट्रक चालक अन्य लोगों को साथ मिलकर चावल को बेच दिया है। खरीद- बिक्री में शामिल लोगों को चिन्हित किया गया है। ड्राइवर ने कई लोगों के नाम का खुलासा किया है।

बेचे गए 200 क्विंटल चावल बरामद कर दो और लोगों की गिरफ्तारी की गई है। अन्य आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस छापेमारी कर रही है। चालक पूर्व में भी अन्य घटना का अंजाम दे चुका है। वाहन मालिक पर भी कई तरह का आपराधिक मामला हिसुआ थाना में दर्ज है। बहरहाल, मामले का उद्भेदन कर पुलिस ने अच्छी कामयाबी हासिल की है।

कष्टी देने आती हूं, सभी कष्ट को व्रत का हिस्सा मान सह लेती हूं

नवादा : जिले के नारदीगंज प्रखंड क्षेत्र का द्वापरयुगीन हडिया सूर्यमंदिर के समीप अर्घ्य के लिए जुटते हैं 50 हजार से अधिक छठव्रती, सुविधाएं भगवान भरोसे, रात में बिजली जाने पर मोमबती के सहारे रहना पड़ता है, हड़ि़या स्थित प्राचीन सूर्यमंदिर के समीप चरौल की रीता देवी अर्घ्य प्रदान करने के लिए आई हैं। वह एक पेड़ के नीच शरण ले रखीं हैं। साथ में उनकी बेटी और परिजन भी हैं। रीता बताती हैं कि उनकी बेटी तकलीफ में थी। मन्नत मांगी थी। पूरी हो गई।

लिहाजा, वह पिछले छह साल से हड़िया में अर्घ्य प्रदान करने के लिए आ रही हैं। लेकिन यहां कोई सुविधाएं नही हैं। इसके चलते काफी दिक्कत होती है। धर्मशाला है। लेकिन कमरा कम है। इसलिए जो पहले आते हैं, उन्हें मिल जाता है।यहां 50000 से अधिक लोग जुटते हैं, लेकिन मात्र चार शौचालय है। दिन में भी शौच जाना मुश्किल होता है। रात्रि में बिजली कट जाती है मोमबती के सहारे रहना पड़ता है। पेयजल के लिए मुक्कमल व्यवस्था नही है।

रीता कहती हैं कि वह यह मानकर चलती हैं कि कष्टी के लिए आईं हैं इसलिए थोड़ा कष्ट होगा।इसलिए भगवान भरोसे रह लेती हूं। रीता अकेली ऐसी व्रती नहीं हैं जिनके समक्ष ऐसी स्थिति है। जिले के नारदीगंज प्रखंड के हड़िया स्थित द्वापरकालीन सूर्यमंदिर के समीप छठ के लिए पहुंचनेवालों अधिकांश लोगों की कमोबेश यही कहानी है।

रोह रतोई की कौशल्या देवी कहती हैं कि दो साल से आ रही हूं, जहां जगह मिल जाता है। ठहर जाती हूं। दिक्कत तो है। लेकिन कष्टी देने आती हूं। इसलिए जो कष्ट होता है, उसे व्रत का हिस्सा मान लेती हूं। नरहट के आदर्श गांव खनवां की रेखा देवी कहती हैं छह साल से आ रही हूं। लेकिन सरकार और प्रशासनिक स्तर पर कोई व्यवस्था नही दिखती है। स्थानीय लोग सक्रिय रहते हैं। इसलिए थोड़ा सहूलियत हो जाती है।

अधिकारी, जनप्रतिनिधि नहीं दिखाते अभिरुचि

ग्रामीणों का कहना है कि हड़िया प्राचीन सूर्य मंदिर है। बिहार के अलावा झारखंड और पश्चिम बंगाल के लोग जुटते हैं। लेकिन सरकार और प्रशासन छठ व्रतियों को उन्हें भगवान भरोसे छोड़ देते हैं। अविनाश और पुरूषोतम कहते हैं कि ग्रामीण युवाओं की एक कमिटि है, जो लोगों से सहयोग राशि एकत्रित कर व्रतियों की सुविधा उपलब्ध कराने की कोशिश करती है। साफ सफाई, लाइट और पानी आदि की व्यवस्था किया जाता है।

श्रीकृष्ण के पुत्र सांब ने बनवाया था यह मंदिर

हड़िया सूर्यमंदिर के पुजारी वंदन पांडेय कहते हैं कि श्राप से मुक्ति के लिए श्रीकृष्ण के पुत्र सांब ने इस मंदिर को बनाया था। मगध सम्राट जरासंध की पुत्री धन्यावती यहां पूजा करने आती थीं। पुजारी संजय पांडेय कहते हैं कि यह मंदिर कुष्ठ निवारण से मुक्ति और पुत्र प्राप्ति के लिए ख्यात है। सरोवर में स्नान कर भास्कर की पूजा से उनकी मुरादें पूरी होती है। पुजारी विनोद पांडेय कहते हैं कि छठ के अलावा प्रत्येक रविवार को सैकड़ों लोग भगवान भास्कर की पूजा के लिए आते हैं।

बस-स्कार्पियो की जोरदार टक्कर, दाह संस्कार में शामिल होने जा रहे 10 जख्मी

नवादा : बड़ी खबर सामने आ रही है जिले में तेज रफ़्तार का कहर देखने को मिला है। दरअसल सहरसा से रांची जा रही स्कार्पियो की हाईवे पर सामने से आ रही बस से जोरदार भिड़ंत हो गई। हादसे में 10 लोग जख्मी हो गए। जानकारी मिल रही है कि स्कार्पियो सवार सभी दाह संस्कार में शामिल होने जा रहे थे। मामला जिले के मुफस्सिल थाना अंबिका बीघा गांव इलाके का है जहां हाईवे पर बस और स्कार्पियो की आमने-सामने टक्कर हो गई। सभी घायलों को स्थानीय लोगों के सहयोग से इलाज के लिए सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया।

जानकारी मिल रही है कि सभी घायल सहरसा जिले के सितुआ गांव के रहने वाले हैं। सभी लोग सहरसा से अपने परिजन के दाह संस्कार में रांची जा रहे थे तभी हादसे का शिकार हो गए। घायलों में ब्रम्हदेव यादव, मुकेश कुमार, राहुल कुमार, मन्नू कुमार, अंकुश कुमार, सोनी देवी सहित 10 लोग शामिल हैं।जीवनदायिनी सकरी नदी के आस पास है धार्मिक स्थल, झारखंड से निकलकर नवादा होते हुए नालंदा टाल तक बहती है यह नदी

आलेख : रामरतन प्रसाद सिंह, “रत्नाकर”

नवादा : नदी, मानव जीवन और सभ्यता का उद्गम स्थल है। जमाने से एक कहावत प्रचलित है। ‘कौन नदी, कौन गांव, केकर बेटा, की नाम’ अर्थात नदी के नाम से गांव की पहचान होती थी। सनातन मतवादी नदी वंदना करते हैं और अपनत्व के कारण मां का दर्जा देते हैं। नदी छोटी हो या बड़ी, सबका अपना इतिहास और भूगोल है। झारखंड राज्य के हजारीबाग और गिरिडीह पर्वतमाला से दो अलग-अलग नाले से प्रवाहित जल, गिरिडीह जिले के घोड़सिमर नामक स्थल तक तेज धारा वाले जल श्रोत का सकरी नदी के रूप में पहचान है।

सकरी नदी सतगामा के पास ( झारखंड) पूरब से पश्चिम प्रवाहित है। इसके ऊपर पेट्रो नामक झरना है. झरने के पास एक प्राचीन शिव मंदिर को नए रूप में बनाया गया है। आगे नदी दस किलोमीटर के सफर के बाद बासोडीह और मरचोय गांव के बीच के दक्षिण से उतर दिशा में प्रवाहित है। मिरचोय गांव के बीच से दक्षिण से उतर दिशा में प्रवाहित है।

मिरचोय और वासोडीह गांव के बीच में एक छोटे पर्वत पर शिवलिंग हैं जो प्राचीन है। लेकिन अब नया मन्दिर बना दिया गया है। शिव विवाह के मौके पर दो दिनों का मेला लगता है। इस स्थान के पास सकरी नदी में फागुन महीने तक जल रहता है। इस शिवलिंग के आगे ‘नौशरवानाथ’ शिवलिंग है। सभी शिवलिंग सकरी नदी के किनारे है, इसके दो किलोमीटर उत्तर में बालीमहादेव नामक शिव मंदिर है। यह मंदिर शिवपुर गांव के पास है।

सकरी नदी के एक किनारे में पर्वत है और दूसरे किनारे में गांव है। पेट्रो झरना के आगे आधा दर्जन शिव मंदिर हैं। बीस कलोमीटर उत्तर और नवादा जिले के गोविन्दपुर कस्बा से पांच किलोमीटर दक्षिण में धरती से 30 फीट ऊंचा एक गढ़ पर विशाल शिवलिंग एक पत्थर से निर्मित मंदिर में स्थापित है। शिवमंदिर 22 फीट ऊंचा है और पत्थर पर पत्थर रखकर चूना एवं बलुआ मिटटी से जोड़ा प्रतीत होता है।

इसका गर्भगृह 10 फीट वाई 10 फीट तक फैला है। पुरा मंदिर परिसर आठ फीट ऊचे चहर दिवारी से घिरा हुआ है। इस पूरे क्षेत्र में शिव परिवार के 13 मूर्तियाँ है। सकरी नदी के बीस किलोमीटर सफर में आधा दर्जन शिव के धाम हैं और हर-हर महादेव का जयघोष सालो भर सुनायी देता है। आस-पास के लोगों की मान्यता है कि यह शिव मंदिर देवघर से भी पुराना है।

घोड़सिमर के आगे सकरी नदी का 65 किलोमीटर का सफर में दस की संख्या में विष्णु का धाम मंदिर और मूर्ति विराजमान है। यह सकरी का समतल क्षेत्र है जो बिहार प्रदेश के नवादा, शेखपुरा, नालन्दा, जिले तक फैला है। यह नदी कुल 230 किलोमीटर सफर करने के बाद मोकामा- बड़हिया टाल होते हुए गंगा मे मिली है।

नवादा जिले के लोग सकरी को गंगा मानते है। घोड़सिमर से चालीस किलोमीटर सफर करते हुए सकरी कादिरगंज और जमुआवा नवादा पहुँची। जमुयावां में प्राचीन वैष्णव मंदिर है जिसमें शंख चक्र, गदा और कमल के फूल लिए भगवान विष्णु की अदमकद प्रतिमा है। यह मूर्ति पालकालीन प्रतीत होती है। मूर्ति प्राचीन है लेकिन मंदिर का निर्माण 150 वर्ष पूर्व होने का अनुमान है।

जमुआवा के आगे 15 किलोमीटर आगे उत्तर में बढ़ने पर सकरी नदी का छाड़न क्षेत्र दर्शन होता है और छाड़न क्षेत्र के मंजौर बलवापर नामक गांव से वर्तमान सकरी तीन किलोमीटर पश्चिम में प्रवाहित है। इस गांव से सामस (शेखपुरा जिला) तीस किलोमीटर क्षेत्र में वलवापर, वलोपुर बाली जैसा दस की संख्या में गांव है। छाड़न क्षेत्रों में बालू के ऊचे गढ़ पर बसने के कारण इन छाड़न क्षेत्र के भूगोल को स्पष्ट करता है।

इस 30 किलोमीटर के छाड़न क्षेत्र में 10 वैष्णवद मंदिर एवं मूर्ति के दर्शन हो रहा है। जमुआवा कादिरगंज से 16 किलोमीटर पर प्राचीन मुकुन्दपुर और वर्तमान के मकनपुर गाँव में भगवान विष्णु की तीन मूर्तियॉ जिसमें एक बराह अवतार की मूर्ति है, मिली जो मन्दिर बनाकर स्थापित है। यह मूर्ति गुप्तकालीन प्रतीत होती है। पूर्ण कलात्मक काले पत्थर की है। मकनपुर से दो किलोमीटर पर चैनपुरा गांव में एक पाषाण और भगवान विष्णु कि प्रतिमा इस साल मिली है जो भक्तिभाव से मंदिर में स्थापित की गई है।

मकनपुर से तीन किलोमीटर पर वारिसलीगंज बाजार है। बाजार के पूरब बलवापर नामक गांव के पास सौ साल पूर्व रेलवे लाईन के निर्माण के समय भगवान विष्णु की भूरे पत्थर से निर्मित मूर्ति मिली थी। अब मंदिर बनाकर मूर्ति स्थापित है। यही नहीं, जमुआवां में भगवान विष्णु की प्रतिमा का दर्शन गांव वासियों को हुआ जमुआवां से चार किलोमीटर पर शाहपुर नामक गांव में वर्षों से एक वृक्ष के नीचे भगवान विष्णु की मूर्ति है।

जमुआवा गाँव के पश्चिम अपसढ़ नामक गाँव में धरती से चालीस फीट उंचा एक गढ़ है। खुदाई के बाद यह स्पष्ट हुआ है कि यह वैष्णव विश्वविद्यालय का अवशेष है। इस गढ़ के ऊपर भगवान विष्णु की मूर्ति है जो खंडित स्थिति में है। गढ़ के उत्तर में एक 12 फीट उंची वराह की मूर्ति बलुआ मिटटी से निर्मित है जिसमें पूरे ब्रहाराण्ड को दर्शाया गया है। इस साल गढ़ के उत्तर बड़े सरोवर की खुदाई में खंडित भगवान विष्णु की मूर्ति मिली है।

वैष्णव माधवगुप्त दक्षिण भारत के संत अरपर के कहने पर षिव भक्त हो गये थे लेकिन अपसढ़ वैष्णव मंदिर के कारण जाना जाता है। अपसढ़ से 5 किलोमीटर पर महरथ से प्राप्त हरिहर’ की छः फीट की मूर्ति वर्तमान में नारद: संग्रहालय में है। मूर्ति एक भाग में ‘हरि’ अर्थात विष्णु और दूसरे भाग में ‘हर’ अर्थात् शिव को दर्शाया गया है। महरथ से दो किलोमीटर पश्चिम में पार्वती पर्वत के एक गुफा का नाम चुलक गुफा है। इस पर्वत के नीचे एक विष्णु और एक बुद्ध की मूर्ति भी थी।

सरपंच पर लगा इंदिरा आवास हड़पने का आरोप, पीड़िता ने बीडीओ से की शिकायत कर लगाई न्याय की गुहार

नवादा : जिले के उग्रवाद प्रभावित सिरदला-प्रखंड के बाँधी पंचायत के चैली निवासी बालेशर यादव की पत्नी देवमंती देवी ने सिरदला बीडीओ राजेश कुमार दिनकर को आवेदन देकर बाँधी ग्राम कचहरी के सरपंच रविन्द्र कुमार पर संगीन आरोप लगाते हुए प्रधानमंत्री आवास हड़पने की शिकायत की है।

पीड़ित महिला ने आवेदन के माध्यम से बताया है कि बाँधी ग्राम कचहरी का सरपंच रविन्द्र कुमार ने फर्जी दस्तावेज के आधार पर उसका प्रधान मंत्री आवास योजना से मिली राशि को अपने मां के नाम से आवंटित करा लिया है। इसकी जानकारी जब ग्रामीणों से मिली तो आवास सहायक से तथा कार्यालय से जानकारी ली गयी। जिसमे बताया गया कि आपका आवास का लाभ सरपंच अपनी मां के नाम से तीनों किस्तों की राशि प्राप्त कर लिया है। जबकि आवास आईडी संख्या BH149056453 में आवास सॉफ्ट पर मौजूद दस्तावेज आधार कार्ड फोटो आदि पीड़ित महिला का अपलोड है।

गौरतलब है कि आवास लाभ हड़पने की जानकारी मिलते ही दोनो खेमो में काफी रोष की स्थिति बनी हुई है। पीड़ित महिला न्याय पाने को ले दर-दर की ठोकरे खा रही है। जबकि सरपंच के द्वारा अपना पद और पावर का हवाला देकर महिला को लगातार धमकी दे रहा है।

पूर्व महादलित वार्ड सदस्य के साथ मारपीट

नवादा : नगर बुन्देलखण्ड थाना क्षेत्र के डोभरा पर वार्ड संख्या 28 के समाजसेवी व पूर्व नगर परिषद वार्ड सदस्य सुबोध कुमार उर्फ जॉनी जी के साथ जमकर मारपीट हुई। जख्मी को इलाज के लिए सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है। सूचना के आलोक में पहुंचे बुंदेलखंड थाना प्रभारी ने मामले की जांच आरंभ की है।

बताया जाता है कि राजू सिंह व उनके परिवार के सदस्यों ने उस समय हमला कर दिया जब वे बाजार से घर वापस लौट रहे थे। मारपीट के कारणों का फिलहाल पता नहीं चल सका है।

कन्या मध्य विद्यालय के छात्राओं का आंदोलन हुआ सफल

नवादा : नगर के प्रतिष्ठित कन्या मध्य विद्यालय प्रसाद बिगहा की छात्राओं का आंदोलन उस समय सफल हुआ जब राजद विधायक विभा देवी ने अपने वादे के अनुरूप विद्यालय परिसर में 24 घण्टे के भीतर बोरिंग प्लांट लगा दिया और सप्ताह भर के भीतर एक समरसेबुल मोटर पंप चालू कर दिया।

20 अक्टूबर को दिशा की बैठक में छात्राओं के समाहरणालय घेराव का त्वरित संज्ञान लेते हुए विधायक विभा देवी ने वादा किया था कि एक सप्ताह के अंदर यहां से पेय जल की समस्या खत्म कर दी जायगी। दीपावली और छठ की छुट्टी के बाद जब छात्राएं विद्यालय आएँगी तो यहां हर जगह पेय जल उपलब्ध होगा क्योंकि एक समरसेबुल अभी चालू हुआ है और दूसरा अगले चार दिन में चालू कर दिया जायगा।

राजद के वरिष्ठ नेता सुरेन्द्र यादव और राजेन्द्र यादव ने बताया कि 200 फिट के बाद बालू की मात्रा अधिक होने पर फ़िलहाल चापाकल लगाया जायगा और समरसेबुल का पानी टंकी और नल के माध्यम से विद्यालय के जरुरी स्थानों तक पहुँचाया जायगा। उन्होंने बताया कि विधायक का निर्देश है कि छात्राओं को शीतल और मीठा जल प्राप्त हो इसके लिए जितनी गहराई तक बोरिंग किया जा सकता है उसे पूरा किया जाय।

ड्यूटी के दौरान होमगार्ड जवान की मौत

नवादा : जिले के अनुमंडल कार्यालय में कार्यरत होमगार्ड जवान की अचानक तबीयत बिगड़ने के बाद उन्हे अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। मौत के बाद परिवार में कोहराम मच गया है, मामला शनिवार का है।

अचानक सीने में हुआ तेज दर्द

घटना के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। वहीं घटना के बाद मृतक होमगार्ड जवान के परिजनों में कोहराम मच गया। बताया जा रहा है कि नारदीगंज थाना क्षेत्र के परमा गांव निवासी 50 वर्षीय होमगार्ड जवान केदार प्रसाद नवादा अनुमंडल कार्यालय में कार्यरत थे।

ड्यूटी के दौरान अचानक उनके सीने में तेज दर्द हुआ, जिसके बाद पुलिस कर्मियों के सहयोग से आनन-फानन में इलाज के लिए सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। आशंका जताई जा रही है कि हार्ट अटैक से उनकी मौत हुई है। घटना के बाद शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया। मृतक होमगार्ड जवान अपने पीछे पत्नी, 3 पुत्र और एक पुत्री छोड़ गए हैं। होमगार्ड एसोसिएशन के सदस्यों ने घटना पर संवेदना व्यक्त की है।

डीएम-एसपी ने किया छठ घाटों का निरीक्षण

नवादा : जिलाधिकारी श्रीमती उदिता सिंह और डॉ गौरव मंगला पुलिस अधीक्षक ने कई छठ घाटों का औचक निरीक्षण किया और आस्था का महापर्व छठ पूजा को शांतिपूर्ण एवं सौहार्द वातावरण बनाने के लिए उपस्थित अधिकारियों को कई महत्वपूर्ण निर्देश दिया।

उन्होंने मिर्जापुर छठ घाट खुरी नदी के किनारे स्थित है जहां सर्वाधिक भीड़ लगती है। जिलाधिकारी ने औचक निरीक्षण किया छठ व्रतियों को सभी प्रकार की आवश्यक सुविधा सुलभ कराने के लिए अधिकारियों को निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि किसी भी छठ व्रतियों को किसी प्रकार की कठिनाई छठ घाटों पर नहीं होनी चाहिए।

सत्येंद्र प्रसाद डीपीआरओ ने बताया कि सभी छठ घाटों को तैयारी को अंतिम रूप दिया जा रहा है। सभी घाटों में साफ-सफाई प्रकाश की व्यवस्था एवं सुरक्षा की व्यापक व्यवस्था की गई है। लोक आस्था के महान पर्व छठ पूजा 2022 के अवसर के पर श्रीमती उदिता सिंह जिला पदाधिकारी नवादा ने जिले वासियों से की अपील

लोक आस्था का महापर्व छठ व्रत को सौहार्दपूर्ण वातावरण एवं शांतिपूर्ण ढंग से मनाने की अपील की। उन्होंने जिला वासियों से अपील करते हुए कहा कि प्रेम ,सद्भाव एवं शांति पूर्वक इस त्यौहार को मनाएँ तथा एक दूसरे के धार्मिक भावना का आदर करते हुए जिले में सर्वधर्म सद्भाव का संदेश दें।

उन्होंने कहा कि हम सुरक्षा, पर्यावरण तथा एक दूसरे को सहयोग करने के प्रति सचेष्ट रहेंगे तभी हम सुरक्षित रूप से छठ पर्व मना सकेंगे। जिला प्रशासन, आस्था का महापर्व छठ के अवसर पर जिले वासियों के सुख एवं समृद्धि की कामना करता है। अस्ताचल एवं उदयाचल सूर्य की किरणें लोगों के जीवन में रोशनी और ऊर्जा का संचार करें।

छठ पूजा मनाने सात समंदर पार से नवादा पहुंची मोनी

नवादा : अमेरिकी महिला गा रही छठ गीत, सात समंदर पार अमेरिका से छठ करने नवादा पहुंची—संयुक्त राज्य अमेरिका के कैलिफोर्निया में रहने वाली मोनी सिंह। ससुराल आकर पिछले दो वर्षो से छठ करती हैं। मोनी कहती हैं कि छठ में बहुत याद आते हैं परिवार के लोग इसलिए परिवार के साथ अपने परिवेश में छठ करने की बात ही कुछ और है। ससुराल में उन्होंने पहली बार 2021 में छठ किया था।

इसके बाद छठी मइया की कृपा हुई, तो छठ में इंडिया आकर छठ करने लगी। मोनी कहती है कि अपनी संस्कृति और सभ्यता को कैसे भूल सकती हूं। मेरे लिए छठ पूजा एक पूजा नही, बल्कि एक परिवार का बड़ा उत्सव है। मोनी सिंह अमेरिका के कैलिफोर्निया में बैंक में कर्मचारी है और इनके पति जिले के बुंदेलखंड निवासी धीरज कुमार कैलिफोर्निया में सॉफ्टवेयर इंजीनियर हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here