09 अगस्त : आरा की मुख्य खबरें

0
आरा की मुख्य ख़बरें

लूट मामले में चार गिरफ्तार, कैश बरामद

आरा : भोजपुर जिला के पीरों के बरौली पेट्रोल पंप के पास लूट की घटना का पुलिस ने उद्भेदन किया गया। लूट में शामिल चार अपराधियों के साथ लूटे गए 15000 रुपया, एक कट्टा, एक मोटरसाइकिल, तीन ज़िंदा गोली तथा पांच मोबाइल भी बरामद किया। पुलिस अन्य तीन अपराधियों की गिरफ्तारी हेतु छापेमारी कर रही है।

गिरफ्तार अपराधियों में सहार थानान्तर्गत नोनौर गाँव के सोमनाथ साह का पुत्र सूरज कुमार साह उर्फ़ धूपा साह, पवना थानान्तर्गत पवना गाँव के कामेश्वर सिंह का पुत्र दीपक कुमार, लालजीत सिंह का पुत्र सोनू कुमार एवं अगिआव बाज़ार थानान्तर्गत अमेहता गाँव के हरेन्द्र पासवान का पुत्र प्रीतम कुमार उर्फ़ गोलू हैं| इस में सूरज कुमार साह गिरोह का मास्टर माइंड है|

swatva

भोजपुर आरक्षी अधीक्षक ने मीडिया से वार्ता के दौरान बताया कि सात अज्ञात हथियारबंद अपराधियों ने हथियार के बल पर बरौली पेट्रोल पंप के पास एक व्यक्ति से नकदी लूट ली थी| लूट की घटना को गंभीरता से लेते हुए उन्होंने पीरो डीएसपी के नेतृत्व में एक पुलिस दल का गठन किया| पुलिस दल ने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की गई। इसी के तहत छापेमारी अभियान में चार अपराधियों को गिरफ्तार किया गया साथ में हथियार और मोबाइल भी बरामद किए गए।

15 अगस्त से पहले कैदियों को रिहा करने का आया आदेश

आरा : स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर गंभीर अपराध जैसे हत्या, बलात्कार और दहेज हत्या में शामिल कैदियों को छोड़कर कुछ कैदियों को रिहा करने की कवायद तेज़ कर दी गयी है| अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश सह सचिव, जिला विधिक सेवा प्राधिकार मिथिलेश कुमार ने बताया कि नेशनल लीगल सर्विस अथॉरिटी का एक कैंपेन है जो अंदरट्रायल कैदी जिनका विचारण अभी चल रहा है और जो सजायाफ्ता नहीं है,को रिहा किया जाएगा|

इस सम्बन्ध में नालसा ने सोलह श्रेणी दी है। उसी सोलह श्रेणी में हम लोग पहचान करेंगे कि उस श्रेणी में कौन-कौन से कैदी आते है। इसमें एक ऐसी श्रेणी है जिसमें बुजुर्ग आते है, जिनकी उम्र 65 वर्ष से ऊपर हो गई हो। दूसरी श्रेणी में वैसी महिलाएं है, जो दूध पिलाती है। तीसरे श्रेणी में छोटे-छोटे केसों के कैदी और सात साल की सजा में से आधी सजा काट चुके कैदी है।

उन्होंने बताया कि इनमें ऐसे भी कैदी की श्रेणी है जिनका चार्ज सीट नहीं आया है उन कैदियों को भी रिहा करना है। फिलहाल अभी 39 कैदियों की पहचान की गई है। उन्होंने बताया कि जेल से जो डाटा आया है, उसमें दो हजार से ज्यादा विचारणीय कैदी है। 13 अगस्त को कैंपेन खत्म हो जाएगा। साथ ही कैदियों को भी बताया जाएगा कि अगर आप लोग आधी सजा काट लिए है तो हमें सूचित करें। इसके लिए भी एक कार्यक्रम जेल में रखा जाएगा।

जहर खाने से विवाहिता की मौत

आरा : भोजपुर जिलाके तीयर थानान्तर्गत आमी के टोला गांव में गुरात जहर खाने से एक विवाहिता की मौत हो गई। मृतिका आमी के टोला गांव निवासी अरुण कुमार सिंह की 24 वर्षीय पत्नी प्रियांशु कुमारी थी। उसके मायके वाले दहेज के लिए ससुराल वालों पर ही हत्या करने का आरोप लगा रहे हैं। मामा रंजन कुमार ने पति और चचेरे ससुर सहित अन्य पर गला दबाकर और जहर देकर मारने का आरोप लगाया है। सूचना मिलने पर पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और शव का पोस्टमार्टम करवाया गया।

पुलिस अपने स्तर से मामले की छानबीन कर रही है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की असली वजह सामने आ सकती है। वैसे जहर खाने से मौत होने की आशंका है। रंजन कुमार के अनुसार उनकी भांजी प्रियांशु कुमारी की शादी 2 जून 2021 को तीयर थानान्तर्गत आमी के टोला गांव निवासी अरुण कुमार सिंह के साथ हुई थी। शादी के कुछ दिन सब कुछ ठीक रहा।

कुछ दिन के बाद उसके पति अरुण सिंह द्वारा डीजे बजाने के लिए 407 गाड़ी की मांग की जाने लगी। 407 गाड़ी देने में सक्षम नहीं होने की बात कहने पर उसके पति और ससुराल के अन्य सदस्यों द्वारा प्रताड़ित किया जाने लगा। इसी बीच रात उसकी जहर खाने से मौत हो गई। सुबह ग्रामीणों के जरिए सूचना मिली। उस पर वे लोग उसके ससुराल पहुंचे, तो उसकी भांजी का शव बरामदे में पड़ा था और ससुराल के सभी लोग घर छोड़कर फरार थे।

गांजा तस्करी में एकवना मुखिया गिरफ्तार

आरा : भोजपुर जिला के बड़हरा थानान्तर्गत एकवना पंचायत स्थित एकवना गांव के वर्तमान मुखिया संजय सिंह को आर्थिक अपराध इकाई केशोपुर बाजार से गिरफ्तार कर पुछताछ के लिए पटना ले गयी।

पुलिस के मुताबिक वर्तमान मुखिया संजय सिंह ने छः वर्ष पहले गांजा तस्करी के मामले में अवैध धंधे से अकूत संपत्ति इकठ्ठा की थी। वर्ष 2016 में पुलिस व आर्थिक अपराध इकाई ने इनके घर से भारी मात्रा में गांजा बरामद किया था।

उसी समय आर्थिक अपराध इकाई ने मुखिया के खिलाफ स्थानीय थाना में कांड संख्या (20/16) दर्ज कराया था जिसमें मुखिया संजय सिंह फरार चल रहे थे। आर्थिक अपराध इकाई टीम द्वारा केशोपुर बाजार से मुखिया संजय सिंह को गिरफ्तारी कर विशेष पुछताछ के लिए पटना ले गए।

मुहर्रम पर निकाली गई ताजिया

आरा : आरा में मुहर्रम के अवसर पर विभिन्न स्थानों से ताजिया निकाली गयी जो शहर के मुख्य मार्गों से होते हुए बड़ी कार्बला में जाकर पहलाम किया गया| मुहर्रम के मौके पर भोजपुर जिला प्रशासन ने पुख्ता इंतजाम किया था| चप्पे चप्पे पर दंडाधिकारी के’ साथ पुलिस बल तैनात किया गया था। ताजिया जुलूस में भी बड़ी संख्या में पुलिस बल था।

कर्बला के मैदान में हजरत इमाम हुसैन और उनके 72 साथियों की शहादत को लेकर सिया समुदाय द्वारा हर साल मुहर्रम के मौके पर ताजिया निकाली जाती है। यह आने वाली पीढियों के लिए मिसाल बन गई। उनकी शहादत युवा पीढ़ी को जुल्म और नाइंसाफी के खिलाफ आवाज बुलन्द करने तथा इंसानियत, इंसाफ और इमान की राह पर चलने की प्रेरणा देती है।

मोहर्रम का यह महीना इंसानियत और मोहब्बत का पैगाम देता है। मोहर्रम के इस मुबारक महीने में हम सभी प्रदेशवासी संकल्प लें कि अपने देश और प्रदेश की हिफाज़त के लिए हम हर तरह की कुर्बानी देने को तत्पर रहेंगे।

राजीव एन अग्रवाल की रिपोर्ट

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here