प्रखंड के सिकरहना नदी में बढ़ते जल स्तर व तेज धारा के चलते प्रखंड के शुकुल पाकड़ पंचायत के बेलवतिया व कचहरिया टोला सहित कई गांवों में नदी कटाव कर रही है।
(चम्परण ब्यूरो)
सुगौली। नेपाल के तराई क्षेत्रों में वर्षा से सिकरहना नदी उफान पर है। नदी का प्रचंड वेग ग्रामीण किनारों के मिट्टी की कटाई कर रहा है। जिससे कई गांवों के लोग दहशत में हैं। ग्रामीण रात जागकर काट रहे है। बच्चों के लिए कटाव किसी क्रीड़ा की तरह भले लगता हो लेकिन यहां बाढ़ की आशंका और कटाव की गति ने लोगों का चैन छीन रखा है। स्थिति का जलसंसाधन विभाग द्वारा शनिवार को आकलन किया गया।
प्रखंड के सिकरहना नदी में बढ़ते जल स्तर व तेज धारा के चलते प्रखंड के शुकुल पाकड़ पंचायत के बेलवतिया व कचहरिया टोला सहित कई गांवों में नदी कटाव कर रही है। जिसका निरीक्षण जल संसाधन विभाग के एसडीओ, मुखिया असफाक आलम, जेई ने किया। अधिकारियों ने बताया कि आवश्यक कदम उठाया जाएगा।
स्थानीय लोगों को भय है कि जलस्तर और कटाव की यही गति रही तो दर्जनभर गांवों की जलसमाधि हो जाएगी। लोगों के सामने भयावह स्थिती उत्पन्न हो गई है। तेज कटाव को देख स्थानीय लोग अपने मकान की सामग्री को सुरक्षित करने में लगे है। नदी जिस गति से कटाव कर रही तो अंदेशा है कि भारी संख्या में लोगों के मकान को अपने आगोश में ले लेगी। कई मकानों पर कटाव का खतरा मंडरा रहा है।
नदी के कटाव को देख ग्रामीणों में दहशत का आलम है। ब्रह्मदेव सहनी, मनोज सहनी, रवि पटेल सहित कई लोगों ने बताया कि गांव के लोग नदी के कटाव की समस्या से दहशत में है। लेकिन अब तक कटाव निरोधक कार्य पूरा नहीं किया गया है। हमलोगों का जीना मुश्किल हो गया है। स्थानीय मुखिया असफाक आलम ने बताया कि नदी से हो रही कटाव की सूचना पर जल संसाधन विभाग के अधिकारी आये और निरीक्षण किया। कटाव को रोकने की तैयारी की गयी है।




