भगवान बुद्ध की धरती पर आकर खुश हुईं मुर्मू, RJD से पुनर्विचार करने का आग्रह

0

पटना : एनडीए की राष्ट्रपति उम्मीदवार द्रौपदी मुर्मू का मंगलवार को बिहार की राजधानी पटना पहुचंने पर भव्य स्वागत किया गया। पटना हवाई अड्डे से ही उनके स्वागत के लिए विशेष तैयारी की गई। खासकर लोककलाकारों ने मुर्मू के स्वागत के अवसर पर बिहार और विशेषकर जनजातीय समुदाय की लोक संस्कृति को बेहद निराले अंदाज में पेश किया।

दरअसल, आदिवासी समाज से आने वाली राष्ट्रपति उम्मीदवार द्रौपदी मुर्मू के पटना हवाई अड्डे पर पहुंचते ही बिहार भाजपा के कई नेताओं ने उनका जोदार स्वागत किया। इसी कड़ी में पटना के होटल मौर्या में एनडीए विधायक दल की बैठक में राष्ट्रपति उम्मीदवार द्रोपदी मुर्मू ने कहा कि ‘भगवान बुद्ध की पावन धरती पर सभी से मिलकर खुशी हुई। देश के यशस्वी प्रधानमंत्री ने हमे उम्मीदवार बनाया है। आपके समक्ष राष्ट्रपति पद के समर्थन के लिए आई हूं।

swatva

भाजपा के वरिष्‍ठ नेता, राज्‍यसभा सदस्‍य और बिहार के पूर्व उप मुख्‍यमंत्री सुशील कुमार मोदी ने राष्‍ट्रीय जनता दल से राष्‍ट्रपति चुनाव को लेकर पुनर्विचार करने का आग्रह किया है। उन्‍होंने कहा कि राजद को द्रौपदी मुर्मू का समर्थन करते हुए मिसाल पेश करनी चाहिए। उन्‍होंने कहा कि भाजपा को मौका मिला तो एक मुसलमान को राष्‍ट्रपति बनाया। दूसरी बार अनुसूचित जाति से राष्‍ट्रपति बनाया। अब पार्टी आदिवासी समुदाय की महिला को यह गौरव दिलाने की कोशिश कर रही है। राजद को इसका समर्थन करना चाहिए।

मुर्मू के बहाने सभी एक साथ

इधर, एनडीए उम्मीदवार मुर्मू के स्वागत के बहाने बिहार एनडीए के सभी घटक दल लम्बे समय के बाद एक मंच पर आए और राजग की एकजुटता दिखाई दी। जदयू के राष्ट्रीय ललन सिंह ने कहा कि जब से आदिवासी समाज से आने वाली उम्मीदवार के नामों की घोषणा हुई तो मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को खुशी हुई और आपको समर्थन देने का ऐलान किया। जदयू के सभी सांसद और विधायक आपके पक्ष में वोट करेंगे और आपका राष्ट्रपति बनना तय है।

मुर्मू को उम्मीदवार बनाकर चौंका दिया

पूर्व मुख्यमंत्री जीतन राम मांझी ने भी उत्साहित भाव से अपने दल हम का समर्थन द्रौपदी मुर्मू के लिए करने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मुर्मू को उम्मीदवार बनाकर चौका दिया। उन्होंने कहा कि कहीं-कहीं भाजपा के बारे में भ्रम फैलाया जाता है कि भाजपा आदिवासी समाज और दलित समाज के खिलाफ है, लेकिन पीएम नरेंद्र मोदी के इस फैसले से सभी हैरान हैं।

विपक्ष भी करे समर्थन

इसके अलावा केंद्रीय राज्‍य मंत्री अश्विनी कुमार चौबे ने कहा कि एनडीए उम्मीदवार द्रौपदी मुर्मू को पक्ष का समर्थन पूरी तरह से मिला हुआ है, वह भारी बहुमत से जीत हासिल कर रही है। हालांकि, उन्होंने वीपक्षी दलों से यह अपील किया है कि वह भी अपना समर्थन द्रौपदी मुर्मू को दें।

लोजपा का पूर्ण समर्थन

इसके साथ ही साथ केंद्रीय मंत्री और लोजपा नेता पशुपति पारस ने भी कहा है कि मुर्मू राष्ट्रपति पद पर जीत के लिए निश्चिन्त रहें, उनकी जीत सुनिश्चित है। इसके साथ ही साथ इन्हीं के पार्टी के नेता प्रिंस राज ने कहा है कि द्रौपदी मुर्मू आदिवासी समाज से आती हैं, जिसको अति पिछड़ा समाज भी कहा जाता है, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का यह बहुत ही बेहतर निर्णय है और देशवासियों के लिए इससे अधिक खुशी की बात कुछ नहीं हो सकती है लोजपा उनको पूरी तरह से समर्थन दे रहा है।

भाजपा की विचारधारा को दर्शाने वाला निर्णय

इसके अलावा बिहार भाजपा नेता और जमुई की विधायक श्रेयसी सिंह ने कहा कि द्रौपदी मुर्मू देश की दूसरी महिला राष्ट्रपति बनने जा रही है इससे अधिक खुशी की बात क्या होगी देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी महिलाओं का सम्मान करते हैं। साथ ही साथ यह भारतीय जनता पार्टी की विचारधारा को भी दर्शाने वाला निर्णय है।

अगला राष्ट्रपति बनना तय

वहीं भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष डॉ संजय जायसवाल ने भी मुर्मू को स्वागत करते हुए उन्हें राष्ट्रपति पद पर जीत के लिए अग्रिम शुभकामनाएं दी। उन्होंने कहा कि इनका अगला राष्ट्रपति बनना तय है। इस अवसर पर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, जेडीयू राष्ट्रीय अध्यक्ष ललन सिंह, प्रदेश अध्यक्ष उमेश कुशवाहा, बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष संजय जायसवाल, दोनों डिप्टी सीएम तारकिशोर प्रसाद, रेणु देवी, हम पार्टी के वरिष्ट नेता जीतन राम मांझी, सुशील कुमार मोदी, शाहनवाज हुसैन, विधान परिषद सभापति अवधेश नारायण सिंह, केंद्रीय मंत्री पशुपति पारस, मंगल पांडे, अश्विनी चौबे, नित्यानंद राय, रविशंकर प्रसाद, महेश्वर हजारी, श्रम संसाधन मंत्री जिवेश मिश्रा, पथ निर्माण मंत्री नितिन नवीन आदि मौजूद रहे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here