अश्विनी चौबे की पहल, सांसदों व केंद्रीय मंत्रियों को भिजवाया गया बक्सर का श्रीराम भोग महाप्रसादम
बक्सर की पौराणिक-सांस्कृतिक गर्व से अवगत कराने के लिए की गई है पहल
बक्सर : स्थानीय सांसद सह केंद्रीय पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन तथा उपभोक्ता मामले, खाद्य एवं सार्वजनिक वितरण राज्यमंत्री अश्विनी कुमार चौबे की पहल पर भारतीय नव वर्ष के अवसर पर प्रथम रामेश्वरनाथ धाम एवं श्री वामनेश्वर भगवान का महाप्रसादम श्रीराम भोग देश के सभी केंद्रीय मंत्रियों, सांसदों, अधिकारियों, सामाजिक संस्थाओं आदि को भिजवाया गया है।
इसके साथ बक्सर के पौराणिक सांस्कृतिक गर्व से संबंधित पत्रक भी भेजा गया। इसका उद्देश्य बक्सर के आध्यात्मिक, धार्मिक व सांस्कृतिक महत्व से अवगत कराना है। ताकि देश के प्रमुख धार्मिक एवं आध्यात्मिक शहर के रुप में पुनः इसकी पहचान स्थापित हो।
ज्ञात हो कि हाल ही में भारतीय नववर्ष के अवसर पर केंद्रीय राज्य मंत्री चौबे ने रामरेखा घाट पर गंगा आरती एवं किला मैदान में सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया था। साथ ही भगवान वामनेश्वर मंदिर पर पूजा अर्चना की थी। चौबे ने कहा कि बक्सर का आध्यात्मिक, सांस्कृतिक व धार्मिक महत्व है। “सबका साथ-सबका प्रयास” से इसके गौरव को पुनः प्राप्त करना है। यह जो संकल्प है, उसे सिद्धि की ओर अग्रसारित हो रहा है।
जिस तरह से प्रमुख धार्मिक स्थलों का प्रसाद होता है, जिसे विशेष नाम से जाना जाता है। श्रीराम भोग के माध्यम से बक्सर की पहचान पूरे देश में ले जाने का प्रयास है। साथ ही इसके साथ पत्रक भी दिया जा रहा है, ताकि सभी बक्सर के आध्यात्मिक व धार्मिक महत्व से सभी अवगत हो सकें।




