15 अप्रैल : मधुबनी की मुख्य ख़बरें

0
swatva samachar

आग से सुरक्षा हेतु उपाय को लेकर बिहार अग्निशमन सेवा कर्मियो ने किया मॉक ड्रिल

मधुबनी : नगर के राजनगर रोड के लहेरियागंज स्थित एक निजी होटल में अग्निशमन सुरक्षा सप्ताह के अन्तर्गत बिहार अग्निशमन सेवा मधुबनी द्वारा आग से सुरक्षा हेतु उपाय पर होटल के कर्मियों के बीच मॉक ड्रिल का आयोजन किया गया।

इस मौके पर होटल के जेनरल मैनेजर के साथ कई कर्मी एवं अन्य कई स्थानीय लोग उपस्थित रहे। होटल में मॉक ड्रिल आयोजन का नेतृत्व बिहार अग्निशमन सेवा मधुबनी के अग्निशमन पदाधिकारी जितेंद्र राम ने किया। उनके साथ अग्निक दीपक कुमार, संतोष ठाकुर, नारायण जी सिंह एवं चालक राजीव रंजन शर्मा ने होटल के कर्मियों को सिलिंडर में लगी आग को तत्काल बिना डरे कैसे बुझाया जाय, उसे मॉक ड्रिल के माध्यम से सिखाया गया। सीखने के बाद होटल के कर्मियो ने उसी समय ख़ुद भी सिलिंडर पर लगे आग पर काबू पा कर बिहार अग्निशमन सेवा के पदाधिकारियो व कर्मियों को दिखाया।

swatva

प्रेस को संबोधित करते हूए अग्निशमन पदाधिकारी जितेंद्र राम ने कहा अग्निशमन सुरक्षा सप्ताह को लेकर हमलोग लगातार कई संस्थानो में आग पर काबू पाने के लिए मॉक ड्रिल के माध्यम से लोगो को जागरूक कर रहे है। आग लगने पर बिल्कुल नहीं घबराये, बल्कि 101 पर डायल करें और अपना लोकेशन और परेशानी बताए।

वहीं होटल के जेनरल मैनेजर ने बताया की बिहार अग्निशमन सेवा मधुबनी द्वारा हमारे होटल में आग से सुरक्षा हेतु मॉक ड्रिल के आयोजन से हमारे कर्मियों ने काफी कुछ सीखा है। हम चाहते है की इस तरह का मॉक ड्रिल बिहार अग्निशमन सेवा द्वारा बराबर चलता रहे, जिससे लोगो में जागरूकता आ सके और आग से ख़ुद एवं अपने परिवार की सुरक्षा कर सके।

25 को मलेरिया दिवस पर जिलेभर में आयोजित होंगे कार्य़क्रम

मधुबनी : आगामी 25 अप्रैल को जिले भर में विश्व मलेरिया दिवस दिया मनाया जाएगा। इसे लेकर अभी तैयारी चल रही है। इस दौरान जिला मुख्यालय से लेकर प्रखण्ड स्तर पर मलेरिया से बचाव को लेकर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इस दिन आयोजित होने वाले जागरूकता कार्यक्रम के सफल संचालन को लेकर वेक्टर जनित रोग नियंत्रण कार्यक्रम बिहार के अपर निदेशक सह राज्य कार्यक्रम निदेशक ने मधुबनी सहित अन्य जिलों के सिविल सर्जन, एसीएमओ और जिला वेक्टर रोग नियंत्रण पदाधिकारी को पत्र जारी कर निर्देश जारी किया है।

जिला वेक्टर रोग नियंत्रण पदाधिकारी डॉ० विनोद कुमार झा ने कहा कि मलेरिया प्लाजमोडियम नामक परजीवी से संक्रमित मादा एनोफिलिज मच्छर के काटने से होता है। मलेरिया एक प्रकार का बुखार है जो किसी भी उम्र के लोगों को हो सकता है। इसमें कंपकंपी के साथ 103 से लेकर 105 डिग्री तक बुखार होता है। कुछ घंटों के बाद पसीने के साथ बुखार उतर जाता है, लेकिन बुखार आते-जाते रहता है। उन्होंने कहा कि फेलसीपेरम मलेरिया (दिमारी मलेरिया) की अवस्था में तेज बुखार होता है। खून की कमी हो जाती है। बुखार दिमाग पर चढ़ जाता है। फेफड़े में सूजन हो जाती है। पीलिया एवं गुर्दे की खराबी फेलसीपेरम मलेरिया की मुख्य पहचान है।

सोते समय मच्छरदानी का करें प्रयोग

डॉ० झा ने मलेरिया से बचने की सलाह देते हुए कहा कि पूरे बदन को ढकने वाले कपड़े पहनें। सोते समय मच्छरदानी का प्रयोग करें। घर के आसपास जलजमाव वाली जगहों को मिट्टी से भर दें। जलजमाव वाले स्थान पर केरोसिन तेल या डीजल डालें। घर के आसापस बहने वाली नाले की साफ-सफाई करते रहें। उन्होंने कहा कि मलेरिया प्रभावित क्षेत्रों में सरकार की तरफ से डीडीटी का छिड़काव कराया जाता है। छिड़काव कर्मियों के आने पर उनका सहयोग करें और छिड़काव की तिथि की जानकारी ग्रामीणों को दें।

सरकारी अस्पतालों में जांच और इलाज की मुफ्त व्यवस्था

जिला वेक्टर रोग नियंत्रण पदाधिकारी विनोद कुमार झा ने कहा कि मलेरिया बुखार होने पर पीड़ित व्यक्ति को नजदीकी सरकारी अस्पताल जाना चाहिए। खून की जांच में मलेरिया निकलने पर डॉक्टर की सलाह के अनुसार दवा लेनी चाहिए। सरकारी अस्पतालों में इसकी निःशुल्क जांच और इलाज की व्यवस्था है। मलेरिया फैलाने वाला मच्छर किसी स्थान पर ठहरे हुए साफ पानी और धीमी गति से बहने वाली नालियों में अंडे देती है और वहां पर पनपती है।

आशा के लिए प्रोत्साहन राशि की भी व्यवस्था

जिला वेक्टर जनित रोग नियंत्रण सलाहकार नीरज कुमार सिंह ने बताया कि आशा कार्यकर्ता क्षेत्र में जाकर मलेरिया के संदिग्ध मरीजों की आरडीटी किट से जांच कर रही हैं। प्रति जांच उन्हें 15 रुपये की राशि देने की भी व्यवस्था है। साथ ही मरीज मिलने पर उसका इलाज कराने पर 75 रुपये प्रति मरीज अलग से दिए जाने की व्यवस्था है। साफ है कि जिले को मलेरिया से मुक्त करने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। 2030 तक मलेरिया को खत्म करने का लक्ष्य है, इसे लेकर प्रोत्साहन राशि भी दी जा रही है।

सामाजिक क्षेत्र मे बेहतर सेवा के लिए मिथिला जागरूकता अभियान फाउंडेशन को मिला राज्यस्तरीय सम्मान

मधुबनी : मिथिला जागरूकता अभियान फाउंडेशन की संचालिका ने कहा कि शुक्रवार को मिथिला के पावन धरती झंझारपुर, मधुबनी में सम्राट अशोक जयंती पर सम्राट अशोक रक्त सेवा समिति द्वारा आयोजित राज्यस्तरीय सम्मान समारोह में मिथिला जागरूकता अभियान फाउंडेशन परिवार को महिला सशक्तिकरण एवं सामाजिक उत्थान के साथ-साथ शिक्षा, स्वास्थ्य एवं रोजगार ,जागरूकता एवं अन्य सामाजिक कार्यों के लिए सम्मानित किया गया।

संचालिका ने कहा कि यह सम्मान हमारे संस्था के सभी कार्यकारिणी सदस्य के मेहनत पर हमें मिला है, जो लगातार पिछले 8 सालों से समाज की सेवा में निस्वार्थ भाव से अपना योगदान दे रहे हैं। मैं संगठन के सभी कार्यकारिणी को कोटि-कोटि आभार व्यक्त करती हूं, जिन्होंने सेवा कर आज संगठन को इस मोकाम तक लाने मैं अपना अपना अहम योगदान दिया है।

बहुत-बहुत धन्यवाद सम्राट अशोक रक्त सेवा समिति को जो हम समाजसेवियों का हौसला एवं उत्साहवर्धन बढ़ाने का काम किये। विशेष आभार ललित शास्त्री का जो इस तरह का कार्यक्रम कर समाज में जागरूकता लाने का काम कर रहे है। संचालिका ने कहा की जिस तरह से हम लोग पिछले 8 सालों से सामाजिक कुरीतियों के खिलाफ लड़ते आ रहे हैं, ऐसे में सभी लोगों को एकजुट होकर आजाद भारत को कुरीति से मुक्त कराने के लिए अपना योगदान देना चाहिए।

संस्था की तरफ से सम्मान ग्रहण करने हेतु संस्था की संचालिका बिट्टू कुमारी मिश्रा के साथ बेनीपट्टी कार्यकारिणी सोनी कुमारी एवं पंडौल प्रखंड कार्यकारिणी नीलू कुमारी संयुक्त रूप से सम्मान ग्रहण की। इस मोके पर मुख्य अतिथि के रूप में शुक्ला ब्लड बैंक के संचालक मृदुल कुमार शुक्ला, मधुबनी के एमएलसी अम्बिका गुलाब यादव, जिला परिषद अध्यक्षा बिंदु गुलाब यादव के साथ साथ कई अन्य गणमान्य लोग भी मौजूद थे।

पंचायतों को सशक्त बनाने का लिया गया संकल्प

मधुबनी : जिले के बिस्फी प्रखंड के बिस्फी चहुटा, सिंगिया पश्चिम, नाहस रूपौली उत्तर, बिस्फी सहित सभी पंचायतों में आम सभा का आयोजन हुआ। आम सभा में पंचायतों को सशक्त बनाने, गरीबी मुक्त समाज की स्थापना, महिला और लड़कियों को आत्मनिर्भर और सशक्त बनाने आदि पर विचार-विमर्श किया गया।

बिस्फी पंचायत भवन में आयोजित ग्राम सभा में पंचायत के सभी लोगों को स्वस्थ जीवन और कल्याणकारी बनाने, सुशासन के माध्यम से पंचायत के सभी निवासियों को सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने, पंचायत को हरा-भरा और प्रदूषण मुक्त बनाने पर विचार-विमर्श किया गया।

आम सभा में बोलते हुए बीडीओ मनोज कुमार ने कहा कि महात्मा गांधी के सपनों का भारत बनाने के लिए गांवों का समृद्ध होना आवश्यक है। पंचायत के प्रतिनिधि इस काम को सफलतापूर्वक कर सकते हैं। आभ सभा में बीडीओ मनोज कुमार, सीओ श्रीकांत सिन्हा, जीपीएस चन्देश्वर नारायण सिंह, मुखिया बेचन सहनी सहित वार्ड सदस्य और आम जनता ने भाग लिया।

जुड़ शीतल पर्व के अवसर थाना परिसर में किया गया वृक्षारोपण

मधुबनी : जिले के कलुआही थाना परिसर में जुड़ शीतल पर्व के अवसर पर थानाध्यक्ष व अन्य पुलिसकर्मी ने संयुक्त रूप से वृक्षारोपण किया। जुड़ शीतल पर्व के अवसर पर कलुआही थाना परिसर में थानाध्यक्ष प्रेम राज पुरुषोत्तम देव व अन्य पुलिसकर्मी द्वारा वृक्षारोपण किया गया, जिसमें पाँच फलदार वृक्ष मौसमी, आमला, गोल्ड मोहर एवं आम का वृक्ष लगाया गया।

थानाध्यक्ष ने बताया कि वृक्षारोपण का मुख्य उद्देश प्रकृति में फैल रहे प्रदूषण को रोकता है, जिससे बायुमण्डल शुद्ध हो सके। आजकल पौधा काटने से वायुमंडल में प्रदूषण फैल रहा है, और दूषित हो रहा है। जो जन जीवन के लिए खतरा है, इसीलिए वृक्ष लगाया गया है। वृक्षारोपण कार्यक्रम में कलुआही के थानाध्यक्ष प्रेमराज पुरुषोत्तम देव के साथ पु.अ.नि. राहुल कुमार, गोरख राम, स.अ.नि. निर्मल सिंह यादव, एडवर्ड विजय तिग्गा, आरक्षी संतोष कुमार, काजल कुमारी, निशा कुमारी सहित कई सामाजिक कार्यकर्ता उपस्थित थे।

विलुप्त हो गई जुड़ शीतल पर्व की परंपरा

मधुबनी : मिथिलांचल का महत्वपूर्ण लोक पर्व जुड़ शितल की परंपरा विलुप्त होती जा रही है। जुड़ शीतल पर्व के दिन मुहल्ले की बुजुर्ग महिलाएं लोटा में पानी लेकर सभी के सर पर पानी जुड़ा कर आशीर्वाद देती थी, एवं जुड़ शीतल पर्व को लोग धुरखेल के नाम से जाना जाता था, जो आजकल ये सब पुरानी परम्परा विलुप्त होती जा रही है।

जुड़ शीतल पर्व के दिन गांव मुहल्ला के टोला मुहल्ला के सभी लोग एक साथ मिलकर एक दूसरे के ऊपर धूल गर्दा देते थे, एवं कादो कीचड़ लगाकर जुड़ शीतल पर्व का आनंद लेते थे। सभी लोग एक साथ टोली एवं झुंड बनाकर नदी तालाब में स्नान करने के लिए जाते थे। वहां से स्नान करके पूजा पाठ के बाद घर आकर खाना खाता था, और फिर शाम में जगह-जगह ग्रामीण युवक द्वारा कुश्ती खेला जाता था। ये सब अव अतीत बनकर रह गया, अब लोग इस से परहेज कर रहे हैं। अगर ऐसे ही रहता रहा टी एक दिन ये पर्व भी इतिहास के पन्नों में सिमट कर रह जाएगा।

18 चयनित शिक्षकों को मिलेगा नियुक्ति पत्र

मधुबनी : जिले में प्रारंभिक शिक्षक नियोजन वर्ष 2019-20 के तहत विशेष चक्र की काउंसिल‍िंग में जिन प्रारंभिक शिक्षक अभ्यर्थियों का चयन किया गया था, उन्हें 18 अप्रैल को नियुक्ति पत्र दिया जाएगा। हालांकि विशेष चक्र की काउंसिल‍िंग में चयनित वैसे शिक्षक अभ्यर्थियों को ही नियुक्ति पत्र दिया जाएगा, जिनके शिक्षक पात्रता परीक्षा के प्रमाण पत्र की जांच हो गई है, और जांच में यह प्रमाण पत्र सही पाया गया है।

गौरतलब है कि विशेष चक्र की काउंसिल‍िंग बीते 14 से 16 मार्च तक विभिन्न नियोजन इकाईयों के द्वारा की गई थी। प्रारंभिक विद्यालयों में शेष उपलब्ध कोटिवार रिक्ति के अनुसार इन चयनित अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र देने के लिए शिक्षा विभाग ने 18 अप्रैल की तिथि निर्धारित की है।

हालांकि ऐसे चयनित अभ्यर्थियों के शेष प्रमाण पत्रों की जांच 30 सितंबर 2022 तक पूर्ण कर लेने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। लेकिन चयनित अभ्यर्थियों में से जिन अभ्यर्थियों के शिक्षक पात्रता परीक्षा के प्रमाण पत्र की जांच हो गई है, उन्हें 18 अप्रैल को नियुक्ति पत्र प्रदान किया जाएगा। नियोजन नियमावली के अनुसार नियोजन इकाई द्वारा उपलब्ध पदों के संख्या के अनुरूप चयनित अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र समिति के सदस्य सचिव के हस्ताक्षर से निबंधित डाक द्वारा भेजा जाना है।

पदस्थापन वाले विद्यालय में योगदान देने के लिए तीस दिनों का समय निर्धारित है, जो नियुक्ति पत्र में उल्लेखित रहेगा। संबंधित विद्यालय के प्रधानाध्यापक या प्रभारी प्रधानाध्यापक या प्रभारी शिक्षक का यह दायित्व होगा कि संबंधित नियोजन इकाई से नियुक्ति पत्र की संपुष्टि कराने के उपरांत ही चयनित अभ्यर्थी का योगदान स्वीकृत करेंगे। चयनित अभ्यर्थियों के विद्यालय आवंटन में विभागीय निर्देश का अनुपालन करना अनिवार्य होगा।

शिक्षक नियुक्ति की पूरी प्रक्रिया का अनुश्रवण जिला पदाधिकारी से निर्देश प्राप्त कर जिला शिक्षा पदाधिकारी को करना है। इधर जिला शिक्षा पदाधिकारी नसीम अहमद ने बताया कि इस संबंध में प्रारंभिक नियोजन इकाईयों के सदस्य सचिवों को अवगत कराते हुए विभागीय आदेश का अक्षरश: अनुपालन कर अनुपालन रिपोर्ट डीईओ कार्यालय को उपलब्ध कराने का निर्देश दिया गया है।

राजद कार्यकर्ताओं ने 131वीं जयंती मना के बाबा साहेब को किया याद

मधुबनी : जिले के खजौली प्रखंड में भारत रत्न बाबा साहब डा. भीमराव अंबेडकर की 131वीं जयंती धूमधाम से मनाई गई। इस दौरान राजद कार्यकर्ताओं ने स्थानीय खजौली बाजार में स्थापित बाबा साहब डॉ० भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें नमन किया। इस अवसर राजद जिला महासचिव विरेन्द्रर यादव ने कहा की देश के ऊपर आज चौतरफा खतरा मंडरा रहा है। संवैधानिक मूल्यों को समाप्त करने की बहुत बड़ी साजिश राष्ट्रीय स्तर पर रची जा रही है। राजनीतिक पार्टियां सत्ता का दुरुपयोग कर संविधान में अपने दलीय एजेंडे को लागू करना चाहती है। एक-एक कर सभी सार्वजनिक प्रतिष्ठानों को बेची जा रही है।

वहीं राजद प्रखंड अध्यक्ष रामसागर पासवान ने कहा कि देश बड़ी आर्थिक संकट के दौड़ से गुजर रहा है। देश का संविधान आज असुरक्षित है। हमारे मौलिक अधिकारों का हनन हो रहा है। आज बाबा साहब की जयंती पर हमें संकल्प लेने की जरूरत है कि आजाद भारत के संविधान की सुरक्षा के लिए हमें जो भी संघर्ष करना होगा करेंगे। इस दौरान उपस्थित सभी लोगों ने एक स्वर से कहा कि बाबा साहब के बताए मार्गों पर चलकर ही समरस समाज का निर्माण संभव है।

इस मौके पर जिला महासचिव विरेन्द्र यादव, प्रखंड अध्यक्ष रामसागर पासवान, राजद प्रखंड अध्यक्ष मिथिलेश कुमार यादव, किसान राजद जिला उपाध्यक्ष अमर रानी, युवा राजद जिला सचिव राहुल कुमार, महिला राजद जिला उपाध्यक्ष पुनम भारती, रामशीष रमन, सत्य नारायण यादव, रामनाथ यादव, भरत साफी, शिव कुमार भंडारी, सुरेश कुमार सहित दर्जनों कार्यकर्ता उपस्थित थे।

सुमित कुमार की रिपोर्ट

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here