29 मार्च : नवादा की मुख्य ख़बरें

0

नाबालिग से गैंग रेप, दुष्कर्म का वीडियो वायरल

नवादा : जिले के उग्रवाद प्रभावित कौआकोल थाना क्षेत्र के एक गांव में नाबालिग से दुष्कर्म का मामला सामने आया है। दुष्कर्म का वीडियो वायरल कर दिया गया। घटना 20 मार्च की बतायी जा रही है। सोमवार को पीड़िता थाना पहुंच कर आपबीती बतायी।

बताया जाता है कि नाबालिग शौच करने गई थी। तभी छह लड़कों ने घेर लिया। इस दौरान दो लड़कों ने उसके साथ दुष्कर्म किया और चार लड़कों ने मिलकर दुष्कर्म का वीडियो बना लिया। इसके बाद वीडियो वायरल कर दिया गया।

swatva

पीड़ित के परिजनों ने बताया कि छह युवकों ने मिलकर दुष्कर्म करने के बाद वीडियो वायरल कर दिया है। इसके बाद हम लोग थाना पहुंचे हैं और आवेदन देकर न्याय की गुहार लगायी है। इस बावत थानाध्यक्ष ने बताया कि फिलहाल प्राथमिकी दर्ज नहीं की गई है। महिला थानाध्यक्ष को घटना की जानकारी दी गई है।

प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र में फैली अव्यवस्था से युवक की मौत, परिजनों ने किया जमकर हंगामा

नवादा : जिले के उग्रवाद प्रभावित सिरदला थाना क्षेत्र के एसएच 70 पर परना डाबर मोड़ के समीप टेम्पो और ट्रैक्टर की भिड़ंत हो गयी जिसमें टेम्पो चालक सहित पांच लोग बुरी तरह से जख्मी हो गये। सभी घायलों को स्थानीय ग्रामीणों व पुलिस की मदद से पीएचसी में भर्ती कराया।

इस क्रम में टेम्पो चालक युवक की मौत इलाज के अभाव में तड़प-तड़प कर हो गई। एक अन्य गंभीर रूप से जख्मी महिला पिपरहिया निवासी रेखा देवी को चिंताजनक हालत में परिजन गया लेकर चले गए जबकि एक अन्य महिला और डेढ़ वर्ष का मासूम बच्चा इलाज के इंतजार में बेड पर पड़ा रहा।

युवक की मौत के बाद ग्रामीणों ने अस्पताल परिसर में फैली अव्यवस्था पर जम कर हंगामा किया। सूचना पर पंहुचे रजौली एसडीओ आदित्य कुमार पीयूष ने हंगामा कर रहे ग्रामीणों को समझाने बुझाने के बाद आक्रोशित लोग शांत हुए।

आर्म्स सप्लायर समेत दो गिरफ्तार, भारी मात्रा में असलहे बरामद

नवादा : जिले के अकबरपुर थाना की पुलिस ने एक आर्मस सप्लायर को गिरफ्तार किया है। उसके पास से भारी मात्रा में असलहे की बरामदगी हुई है। फरहा गांव से गिरफ्तारी की बात कही जा रही है। पुलिस आर्म्स की बरामदगी व सप्लायर की गिरफ्तारी की बात कबूल रही है, लेकिन विशेष जानकारी नहीं दे रही है।

फिलहाल, गिरफ्तार सप्लायर से पूछताछ की बात कही जा रही है। गुप्त सूचना पर पुलिस द्वारा सोमवार की रात काे यह कार्रवाई की गई। गिरफ्तार सप्लायर का नाम मो. नादिर बताया जा रहा है। वैसे औपचारिक पुष्टि होना बाकी है।

यह भी बताया जा रहा है कि गिरफ्तार सप्लायर नवादा के किसी शस्त्र की दुकान में काम करता है। पूर्व में भी वह जेल जा चुका है। रजौली एसडीपीओ संजय कुमार पाण्डेय ने पूछताछ के बाद पूरी कार्रवाई से संबंधित जानकारी सार्वजनिक करने की बात कही है।

अनियंत्रित बस ने युवक को रौंदा, मौत से आक्रोशित लोगों ने किया सड़क जाम

नवादा : जिले के खराठ पथ पर मंगलवार की सुबह वारिसलीगंज थाना क्षेत्र के दौलतपुर गांव के पास अनियंत्रित बस ने एक नवयुवक को रौंद दिया। युवक की मौके पर ही मौत हो गई। यह हादसा दौलतपुर गांव के पेट्रोल पंप के निकट हुआ। मृतक की पहचान चंडीपुर (सौर) ग्रामीण हीरा नट के 18 वर्षीय पुत्र पंकज नट के रूप में हुई। दुर्घटना बाद चालक बस लेकर भागने में सफल रहा।

आक्रोशित लोगों ने युवक के शव को सड़क पर रखकर आवागमन को ठप कर दिया। लोग दुर्घटना की वजह बनी बस को जब्त करने व उचित मुआवजे की मांग कर रहे थे। सूचना बाद वारिसलीगंज थाना की पुलिस घटना स्थल पर पहुंच कर लोगों को समझाने में जुट गई। काफी मशक्कत के बाद आक्रोशित लोग शांत हुए। तब शव को उठाया गया।

पुलिस आवश्यक कार्रवाई कर शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेजी है। स्थानीय लोगों ने बताया कि युवक सकरी नदी की ओर से पैदल अपने घर जा रहा था। तभी खराठ की ओर जा रही एक बस की चपेट में आ जाने उसका सिर बुरी तरह से कुचल गया। फलत: मौके पर ही मौत हो गई। इधर, युवक की मौत के बाद घर परिवार में कोहराम मचा हुआ है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here