12 मार्च : आरा की मुख्य खबरें

0
आरा की मुख्य ख़बरें

फर्जी पुलिस बनकर महिला से छिना कंगन

आरा : भोजपुर जिला मुख्यालय आरा के नगर थानान्तर्गत शनिवार की सुबह करीब चार उचक्के फर्जी पुलिस बनकर एक महिला के हाथों से सोने के दो कंगन और सोने की एक अंगूठी उतरवाकर ले उड़े। महिला ने तुरंत टाउन थाना जाकर इस घटना की लिखित जानकारी पुलिस को दी। इसके बाद पुलिस मामले की छानबीन में जुट गई है। पीड़ित महिला टाउन थानान्तर्गत खेताड़ी मोहल्ला निवासी आसिफ अनवर की पत्नी फिजा रहमान है। बता दें कि चार-पांच माह पूर्व शहर के जेल रोड में इसी तरह उच्चको ने एक महिला के हाथों से सोने का कंगन उतरवा लिया था। इस संबंध में टाउन थाना में एफआईआर दर्ज कराया गया था।

पीड़ित महिला फिजा रहमान ने बताया कि उनका 8 वर्षीय पुत्र अहरान रमना रोड स्थित जॉ पॉल्स स्कूल में पड़ता है। हर रोज की तरह आज सुबह भी वह रिक्शा से उसे स्कूल छोड़ने के लिए जा रही थी। तभी दो बाइक सवार उचक्के वहां आए और रिक्शे वाले को बोला कि कब से मैं आवाज दे रहा हूं। तुम रुक क्यों नहीं रहा है। उनलोगों ने कहा की हम लोग पुलिस वाले हैं। यह सुनकर चालक ने रिक्शा रोक दिया। इसके बाद उन्होंने महिला से कहा कि शुक्रवार को एक व्यक्ति का सोना एवं चांदी लुटा गया है। जिसको लेकर हम लोग सर्वे कर रहे हैं आप भी अपना हाथ का कंगन एवं अंगूठी उतार कर अपने पर्स में रखें। इसे जल्दी उतारिए।

swatva

हमें डीएम और एसपी को सर्वे कर रिपोर्ट सबमिट करना होता है। जिसके बाद पीड़ित महिला अभी अपने हाथों से कंगन उतार ही रही थी तभी पीछे से दो उचक्के आ गए और उन्होंने कहा कि हां मैंने भी अपना सोने का चेन उतार कर रख लिया है। आप भी रख दीजिए। इसके बाद जब महिला अपने सोने के कंगन को अपने पर्स में रखने लगी, तभी दूसरे उचक्के ने कहा कि लाइए मैं अपनी हाथों से रखता हूं और यह कह कर उसने ओरिजिनल सोने के कंगन की जगह डुप्लीकेट्स कंगन को महिला के बैग में रख दिया और ओरिजिनल सोने के कंगन ले उड़े।

वही सिंगही निवासी रिक्शा चालक अलीशेर ने बताया कि जैसे ही हम लोग ग्राण्ड होटल के पास पहुंचे, बाइक सवार चार की संख्या में उचक्के हमारे अगल-बगल आकर खड़े हो गए और बोले कि शुक्रवार को सोने की लूटी गयी है। इसलिए वेलोग छानबीन कर रहे हैं और वे पुलिस वाले हैं। आप अपने सोने का कंगन उतार कर थैले में रख दीजिए। इसके बाद जब महिला सोने का कंगन उतार अपने पर्स में रख रही थी। तभी दूसरे उचक्के ने उस कंगन ले लिया और उसे बदलकर नकली कंगन दे दिया और असली कंगन ले उड़े।

अनाइठ गोली कांड में मुखिया पुत्र गिरफ्तार

आरा : भोजपुर जिला मुख्यालय आरा के नवादा थानान्तर्गत अनाइठ मठिया के समीप गुरुवार की सुबह छात्र को गोली मारने के मामले में पुलिस ने एक मुखिया पुत्र चरपोखरी थानान्तर्गत चांदी गांव निवासी प्रीतम यादव को गिरफ्तार किया है। उसका पूर्व से ही आपराधिक इतिहास रहा। उसके खिलाफ पहले से भी हत्या सहित कई संगीन मामले दर्ज हैं।

जख्मी छात्र राजकुमार के बयान पर प्राथमिकी दर्ज किये जाने के बाद पुलिस ने यह कार्रवाई की है। भोजपुर एसपी विनय तिवारी ने बताया कि जख्मी राजकुमार के बयान पर दो प्रीतम यादव और अमित कुमार के खिलाफ नामजद और दो अज्ञात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करायी गयी है।

उन्होंने बताया कि दोनों के बीच पहले से ही झगड़ा चल रहा था। एक रोज पूर्व भी झगड़ा हुआ था। तब अमित को थप्पड़ जड़ दिया था। उसका बदला लेने के लिये प्रीतम यादव ने गुरुवार की सुबह अपने साथियों के साथ राजकुमार को गोली मार दी थी। बता दें कि गुरुवार की सुबह अनाइठ निवासी राजकुमार अपने चचेरे भाई के साथ मोहल्‌ले की ही दुकान पर चाय पीने गया था। तभी चार की संख्या में बदमाशों ने उसे गोली मार दी थी। उसे पैर और गर्दन में गोली लगी थी। उसका अभी इलाज चल रहा है।

खुदकुशी मामले में चार हिरासत में

आरा : भोजपुर जिला मुख्यालय आरा नवादा थानान्तर्गत पकड़ी चौक निवासी रिटायर सुबेदार के बेटे की खुदकुशी मामले में भोजपुर पुलिस ने चार लोगों को हिरासमत में लिया है। चारों से कड़ी पूछताछ की जा रही है। इसमें पुलिस को काफी अहम सुराग भी मिले हैं। बता दें कि गुरुवार की रात पकड़ी चौक स्थित एक घर में रिटायर सुबेदार के पुत्र विमल किशोर ने गोली मार खुदकुशी कर ली थी। घटनास्थल से पिस्टल भी बरामद की गयी थी। युवक की मां और बहन ने कर्ज से परेशान हो खुदकुशी किये जाने की बात कही थी।

तकनीकी और वैज्ञानिक ढंग से जांच की जा रही है। मोबाइल की भी जांच की जा रही है। इससे पुलिस को काफी अहम क्लू मिला है। इसके जरिये पुलिस यह पता लगा रही है कि आखिरी बार युवक की किससे बात हुई है? युवक ने किसी के दबाव में खुदकुशी की है या कुछ और मामला है? पुलिस युवक को कर्ज देने वालों की भी पहचान कर रही है।

सूत्रों के अनुसार पुलिस इसे मामले में कुछ लोगों से पूछताछ भी कर रही है। वहीं घटना के बाद युवक के कमरे से मिले पिस्टल की भी जांच की जा रही है। भोजपुर एसपी विनय तिवारी की ने बताया कि कुछ लोगों से पूछताछ की जा रही है। इसमें काफी अहम जानकारी मिली है। अबतक की जांच में जुआ के कारण खुदकुशी की बात सामने आयी है। घटना के पीछे कुछ लोगों का नाम आया है। उन सभी से पूछताछ की जा रही है।

युवक की मां कलावती देवी ने बताया था कि विमल पर लाखों रुपया कर्जा था। उसे लेकर उन्होंने बेटे को करीब 15 लाख रुपये दे दिया था। उसका कर्ज चुकाने के लिये गहने तक बेच दिया। मकान के किराये के पैसे भी दे दिया था। उसके उसने अपनी बुलेट भी बेच दी। इसके बाद भी कर्ज पूरा नहीं हो सका था। शाम को उसने मुझे बुलाया और कहा कि कर्ज देने वालों ने फोन कर पैसे मांग रहे हैं। नहीं देने पर घर पर आकर हंगामा करने की धमकी दे रहे हैं।

पति की दूसरी शादी की सूचना पर ससुराल पहुंची महिला की संदिग्ध मौत

आरा : भोजपुर जिले के शाहपुर थानान्तर्गत इटवा गांव में शुक्रवार को जहरीला पदार्थ खाने से एक महिला की मौत हो गई। इलाज के दौरान उसने गांव के ही निजी अस्पताल में दम तोड़ दिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम आरा सदर अस्पताल में करवाया। मृतका शाहपुर थानान्तर्गत इटवा गांव निवासी शंभू तुरहा की 25 वर्षीया पत्नी सुगी देवी है।

मृतिका की मां मंजू देवी ने उसके पति एवं ससुरालवालों पर गला घोट कर हत्या करने का आरोप लगाया है। उन्होंने बताया कि उसकी शादी 8 वर्ष पूर्व शाहपुर थानान्तर्गत इटवां गांव निवासी शंभू तुरहा से हुई थी। शादी के कुछ वर्ष बाद ही उसका पति बराबर सोने की चेन व बाइक को लेकर प्रताडित करते रहता था। जिसके बाद वह मायके आकर रहती थी।

डेढ़ माह पूर्व उसने पटना जिले के दानापुर निवासी एक लड़की से दूसरी शादी कर ली। पति की दूसरी शादी की सूचना पाकर सुगी देवी ने अपनी मां से कहा कि मुझे वापस अपने ससुराल पहुंचा दो। सुगी देवी की जिद पर वह अपनी मां के साथ अपने ससुराल इटवा चली आई जहां उसकी संदिघ्ध अवस्था में मौत हो गयी|

हृदय की मलिनता को धो देती है कथा : आचार्य भारतभूषण

आरा : जगदेव नगर में आयोजित श्रीमद्भागवत कथा सप्ताह के आज तीसरे दिन प्रवचन करते हुए आचार्य भारतभूषण जी महाराज ने कहा कि कथा के द्वारा हृदय की मलिनता धुल जाती है। नित्य कथा सुनने से भगवान हृदय में विराजमान हो जाते हैं। जीवन आत्म साक्षात्कार के लिए है। इसका सुगम साधन भगवान की कथा और सत्संग ही है। उन्होंने कहा कि भगवान वेदव्यास देवर्षि नारद के सत्संग तथा विदुर जी उद्धव एवं मैत्रेय महर्षि के सत्संग से लाभ उठाते हैं।

संसार की वासनाओं में फंसे प्राणियों को सत्संग अमृत के समान लाभदायक होता है। आचार्य ने कहा कि वेदों में वर्णित वर्णाश्रम सदाचार धर्म के नियमपूर्वक पालन से ही भगवान तुष्ट होते हैं। धर्म के आचरण से भक्ति और भक्ति से ज्ञान व वैराग्य की प्राप्ति होती है। भगवान श्रीकृष्ण के विषय में प्रश्न करने से ही आत्मा प्रसन्न हो जाती है।

शरीर की प्रसन्नता के लिए संसार में बहुत से साधन उपलब्ध हैं फिर भी यह प्रसन्न नहीं हो पाता जबकि श्रीकृष्ण की चर्चा मात्र से आत्मा आनन्दित हो जाती है। कथा में संयोजक बृजबिहारी सिंह, सुमन्त सिंह, नुनु बाबु झा, मधेश्वर नाथ पाण्डेय, राधामोहन सिंह, विद्याशंकर सिंह, डॉ. सिद्धेश्वर उपाध्याय, शोभा सिंह, मीना पाण्डेय, अभिमन्यु सिंह, पिंकू, डब्लू, संतोष, रामनिवास शर्मा, गुड्डू राय, शिवप्रसाद सिंह आदि प्रमुख लोगों ने पूजन-आरती एवं व्यवस्था में सहयोग किया।

राजीव एन अग्रवाल की रिपोर्ट

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here