04 मार्च : आरा की मुख्य खबरें

0
आरा की मुख्य ख़बरें

आरा में पंचायत समिति सदस्य को मारी गोली

आरा : भोजपुर जिला मुख्यालय आरा के नवादा थानान्तर्गत आरा प्रखंड कार्यालय परिसर में शुक्रवार की दोपहर हथियारबंद अपराधियों ने पंचायत समिति सदस्य को काफी करीब से गोली मार दी। जख्मी को आरा सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है| घटना के कारणों का पता नहीं चल पाया है| पुलिस घटना की छानबीन कर रही| जख्मी पंचायत समिति सदस्य सदर प्रखंड के आरा मुफ्फस्सिल थानान्तर्गत शुक्लपुरा गांव का निवासी स्व बबन कहार का पुत्र वीरेंद्र प्रसाद 55 तथा बाघीपाकड पंचायत का समिति सदस्य है।

जख्मी के साथ रहे उनके गांव के जगनारायण राम ने बताया कि जख्मी एवं उसने जैसे ही आरा ब्लॉक कार्यालय में प्रवेश किया तभी एक बाइक पर सवार हेलमेट पहने दो हथियारबंद अपराधी वहां आ धमके और उन्होंने पंचायत समिति सदस्य पर ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। जिसमें उन्हें एक गोली हाथ में एवं दो गोली पीठ पर लग गई। इसके बाद अपराधी वहां से भाग निकले।

swatva

गोली लगने से वह गंभीर रूप से जख्मी हो गए। जिसके बाद उन्हें इलाज के लिए आरा ब्लॉक पीएचसी से सदर अस्पताल लाया गया। जहां से प्राथमिक उपचार करने के बाद उनकी हालत को चिंताजनक देखते हुए पटना रेफर कर दिया गया। भोजपुर एएसपी सह सदर एसडीपीओ हिमांशु सदर अस्पताल पहुंचे और उनके साथ रहे साथी से पूछताछ कर घटना की पूरी जानकारी ली। उन्होंने बताया कि सदर सदर ब्लाक में पंसंस को गोली मारी गई। अपराधियों की संख्या दो बताई जा रही है। घटना कारण कुछ स्पष्ट नहीं हो सका है। छानबीन की जा रही है।

सूचना मिलते ही विभिन्न पार्टी के कई नेता, समाजसेवी सहित सैकड़ों आदमी आरा सदर अस्पताल पहुंचे दुख व्यक्त किया। वही भाकपा माले नेता अमित कुमार उर्फ बंटी एवं केयामुद्दीन अंसारी ने कहा कि आरा सदर ब्लॉक में दिनदहाड़े घटी यह घटना सरकार पर सवाल खड़ा करती है। नीतीश के सरकार में अपराधी बेलगाम हो चुके है। मैं इस घटना की तीखी निंदा करता हूं और प्रशासन से मांग करता हूं कि सीसीटीवी फुटेज खंगाले या कुछ भी करे। लेकिन 24 घंटे के अंदर आरोपियों की गिरफ्तारी करें, नहीं तो यहां की जनता एवं भाकपा माले समर्थक सड़क पर उतरेंगे उतर जाएंगे।

मत्स्य पालन के लिए गरीब वर्गों को वाहन का वितरण

आरा : मुख्यमंत्री मत्स्य विकास योजना अंतर्गत जिले के अति पिछड़ा एवं अनुसूचित जाति संवर्ग के मत्स्य कृषकों एवं विक्रेताओं को मत्स्य विपणन कार्य हेतु वाहन का वितरण जिलाधिकारी भोजपुर के हाथों किया गया।

मुख्यमंत्री मत्स्य विकास योजना पूरे राज्य में एक साथ क्रियान्वित है जिनमें कई अवयव मत्स्य पालन को बढ़ावा देने के लिए समाहित किए गए हैं जिसमें प्रमुखता से तालाब का निर्माण मत्स्य बीज हैचरी का निर्माण ट्यूबेल एवं पंप सेट बने हुए तालाब में उन्नत बीज एवं उर्वरक को उपलब्ध कराने की योजना के साथ-साथ मत्स्य विपणन हेतु वाहनों का वितरण कार्य किया जाता है।

आज के कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य मत्स्य पालकों के द्वारा स्वच्छ वातावरण में ग्राहकों को मछलियों की उपलब्धता सुनिश्चित कराना है जिससे आम जनता को मछलियों की उपलब्धता सुलभ हो पाए। वाहनों का वितरण करते हुए भोजपुर जिलाधिकारी रौशन कुशवाहा ने सभी लाभुकों से उनका परिचय एवं प्राप्त वाहन के उपयोग से संबंधित जानकारी ली| उन्होंने इस कारोबार को एक ऊंचे मुकाम तक ले जाने के लिए सभी लाभुकों को प्रेरित किया गया।

जिलाधिकारी ने मत्स्य विपणन हेतु किए गए वाहन वितरण के कार्यक्रम पर अपनी प्रसन्नता जाहिर की तथा जिला मत्स्य पदाधिकारी को निर्देशित किया कि सरकार के द्वारा चलाई जा रही विभिन्न योजनाओं को आम जनता तक पहुंचाने का विशेष कार्यक्रम किया जाए तथा अपने क्षेत्रीय पदाधिकारियों को इस कार्य के लिए आज से ही लगा दिया जाए। व्यापक प्रचार प्रसार के लिए समाचार पत्रों के माध्यम से इसकी सूचना आम जनता तक पहुंचाई जाए जिससे आम जनता खासकर बेरोजगार नवयुवक इस कार्य में बढ़-चढ़कर भाग लें एवं अपना रोजगार स्वयं प्रारंभ कर पाए।

निर्दोष नागरिकों के ऊपर बमबारी कलंक—जनसंघ

आरा : अखिल भारतीय जनसंघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष आचार्य भारतभूषण पाण्डेय ने रुस यूक्रेन के बीच जारी युद्ध पर गहरी चिंता व्यक्त की तथा हताहत निर्दोष नागरिकों के प्रति संवेदना जताई है। जनसंघ अध्यक्ष ने कहा कि किसी भी समस्या का समाधान सैन्य कार्रवाई से नहीं बल्कि कूटनीति से ही संभव है। विश्व के अग्रणी देश मध्यस्थ की भूमिका निभायें तथा इस युद्ध का विराम करायें।

उन्होंने कहा कि अन्तर्राष्ट्रीय स्तर पर सामान्य नागरिकों की सुरक्षा के लिए कोई कवच काम नहीं कर पा रहा है और सभी संगठन मौन हैं। इन परिस्थितियों में संयुक्त राष्ट्र संघ के पुनर्गठन तथा उसके अधिकारों को पुनर्परिभाषित करने की आवश्यकता महसूस हो रही है। आचार्य पाण्डेय ने कहा कि भारत सरकार ने जिस प्रकार यूक्रेन में पढ़ने गये भारतीय छात्रों को स्वदेश वापस लाने का कार्य किया है वह अत्यंत सराहनीय है।

कुछ भारतीय छात्र भी अपनी जान गँवा चुके हैं जिनके परिजनों के प्रति जनसंघ की गहरी सहानुभूति है। उन्होंने कहा कि इधर कुछ वर्षों से विदेशों में फंसे भारतीय नागरिकों को समय-समय पर सुरक्षित वापस लाने में भारत सरकार की भूमिका सराहनीय और संवेदनशील रही है। जनसंघ विश्व समुदाय से रुस यूक्रेन गतिरोध दूर करने आम नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने हेतु आगे आने और कूटनीतिक प्रयास तेज करने की अपील करता है।

नीतीश-भाजपा राज मे अपराधियों का मनोबल बढ़ा—माले

आरा : भाकपा-माले राज्य कमिटी सदस्य क्यामुद्दीन अंसारी ने कहा कि नीतीश भाजपा राज अपराधी राज मे तब्दील हो चुका है| दिन दहाड़े अपराधियों ने बीडीसी सदस्य बिरेन्द्र चंद्रवंशी को तीन गोली आरा प्रखंड कार्यालय पर मारी. यह घटना बिहार मे बढ़े अपराध का सूचक है| नीतीश राज मे अपराधी माफिया बेलगाम है| प्रखंड कार्यालय पर बीडीसी सदस्य पर गोली चलने की सूचना मिलते ही आरा सदर अस्पताल पहुंचे भाकपा-माले राज्य कमिटी सदस्य क्यामुद्दीन अंसारी व अधिवक्ता संघ के नेता व भाकपा-माले आरा नगर कमिटी सदस्य अमीत कुमार बंटी भाकपा-माले के नेताओं ने बिरेन्द्र चंद्रवंशी को गोली मारने की घटना की तीखे शब्दों मे निन्दा की।

भाकपा-माले नेताओं ने 24 घंटे मे गिरफ्तार करने की एसपी से मांग की.नेताओं ने कहा कि अगर 24 घंटे मे गिरफ्तारी नहीं हुई तो तीखा आंदोलन होगा। क्यामुद्दीन अंसारी सहीत माले नेता ने कहा कि नीतीश के स्वास्थ्य ब्यव्स्था की पोल खुल गयी। जहां घायल बीडीसी सदस्य बिरेन्द्र चंद्रवंशी को आरा सदर अस्पताल ने एक सरकारी ऐम्बुलेंस भी उपलब्ध नहीं करा सकी। भाकपा-माले नेता ने आरा सदर अस्पताल प्रबंधन द्वारा ऐम्बुलेंस नहीं उपलब्ध कराने कड़ी आलोचना की।

राजीव एन अग्रवाल की रिपोर्ट

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here