बिहार के लिए लाठी खाने को तैयार चिराग, 15 फरवरी को सरकार के खिलाफ बोलेंगे हल्ला

0

पटना : बिहार सरकार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को लेकर लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के राष्ट्रीय अध्यक्ष चिराग पासवान ने फिर मोर्चा खोल दिया है। चिराग पासवान की पार्टी ने राजभवन मार्च की तैयारी की है। चिराग पासवान द्वारा राजभवन मार्च 15 फरवरी को किया जाएगा।

चिराग पासवान द्वारा 15 फरवरी को आहूत राजभवन मार्च को ‘बिहार बचाओ मार्च’ की संज्ञा दी है। इस राजभवन मार्च का खुद लोजपा (रामविलास) के राष्ट्रीय अध्यक्ष चिराग पासवान नेतृत्व करेंगे। चिराग राज्यपाल फागू चौहान से मिलकर नीतीश कुमार सरकार को बर्खास्त करने की मांग भी करेंगे। इस बात की जानकारी चिराग पासवान ने दी है।

swatva

चिराग ने कहा कि एक लंबी लड़ाई के लिए वह परिवार सहित पटना पहुंचे हैं। इस लंबी लड़ाई की शुरुआत 15 फरवरी को ‘बिहार बचाओ मार्च’ से होगी। अब बिहार में ही रह कर वह मौजूदा सरकार की कुव्यवस्था और कुनीतियों के खिलाफ संघर्ष करेंगे।

विकसित प्रदेश बनाने के लिए वे हर कुर्बानी देने को तैयार

चिराग ने कहा कि बिहार को पिछड़ेपन के दलदल से बाहर निकालने और विकसित प्रदेश बनाने के लिए वे हर कुर्बानी देने को तैयार हैं। यदि इस मार्च को रोकने के लिए सरकार ने लाठियां चलवाईं तो सबसे पहले लाठी की मार वह खुद खाएंगे। चिराग ने कहा कि वह किसी की लाठियों से डरने वाले नहीं हैं।

वहीं, उनकी मां रीना पासवान ने कहा कि जैसे वह साहब यानी रामविलास पासवान के साथ रहती थी, उसी तरह से चिराग के हर संघर्ष में भी वह साथ हैं।

इसके अलावा चिराग ने पटना शेल्टर होम केस को लेकर भी नीतीश सरकार पर खूब निशाना साधा। उन्होंने कहा कि जिस तरीके से बच्चियां बाहर आकर बता रहीं कि उनके साथ शेल्टर होम में क्या-क्या हो रहा तो मुझे दुख इस बात का है कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पूरी घटना पर मौन हैं। इस तरह की घटना पर वो एक शब्द भी बोलना जरूरी नहीं समझते।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here