पटना : विकासशील इंसान पार्टी ने मुख्यमंत्री को पत्र लिखकर बिहार विधान परिषद् में आरक्षण बहाल करने की मांग की है। पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष संतोष सहनी द्वारा सीएम को लिखे पत्र में कहा कि पाटलिपुत्र की यह धरती सामाजिक न्याय समाजवाद और भागीदारी के लोकतंत्र की साक्ष्य रही है। लोकतंत्र में भागीदारी के अनुरूप जन प्रतिनिधि का चुनाव, लोकतंत्र की मूल आत्मा है। यह भागीदारीकरण अनुपातिक, सामाजिक न्याय के सिद्धांतों के अनुसरणात्मक होनी चाहिए।
अम्बेदकर जी के द्वारा संवैधानिक सभा की चर्चाओं से लेकर कपूर्री जी के राजनैतिक जीवन तक यह एक सर्व सम्मत राजनैतिक एवं संवैधानिक सिद्धांत है। जिसकी जितनी संख्या उसकी उतनी भगीदारी हमारे राजधर्म में भी भूतपूर्व समय से समाहित रही है।
मैं इस पत्र के माध्यम से बिहार की राजनीति में सामाजिक न्याय के पितामह जननायक र्कपूरी ठाकुर जी के विचारों को आज के समयानुकूल पुनः प्रसागिंक बनाने का प्रयत्न करना चाहूँगा। इस क्रम में बिहार विधान परिषद जनप्रतिनिधियों में समाज के सभी वर्गों का प्रतिनिधित्व सुनिश्चित करना आज की बहुत बड़ी जरूरत है। गौरतलब है कि वर्तमान में विधान परिषद में सदस्यों के चुनाव में सामाजिक न्याय व वर्गीक भागीदारी की कोई व्यवस्था नहीं है।
अतएव मेरा आपसे नम्र निवेदन है कि समाज के सारे वर्गों को लेकर चलना हम अपनी जिम्मेवारी समझें एवं अविलम्ब बिहार विधान परिषद में आरक्षण बहाल करने की प्रक्रिया प्रारम्भ करने की कृपा करे। इस कार्य हेतु राजनैतिक, सामाजिक व व्यक्तिगत तौर पर मैं और मेरी पार्टी आपके साथ है।