13 नवंबर : आरा की मुख्य खबरें

0
आरा की मुख्य ख़बरें

शराब मामले में फरार आरोपित का मकान सील

आरा : भोजपुर जिला मुख्यालय आरा के नवादा थानान्तर्गत न्यू करमन टोल निवासी फरार चल रहे धंधेबाज निखिल कुमार का मकान सील कर दिया। शराब के साथ पकड़ी गयी उसकी मां रीता देवी पहले ही जेल जा चुकी है। श्रीटोला के रहने वाले ठेकेदार के भतीजे प्रमोद कुमार की हत्या में भी धंधेबाज निखिल कुमार का नाम आया है। घर से शराब बरामदगी के महज दो दिनों के अंदर पुलिस द्वारा यह कार्रवाई की गयी है।

नवादा थानाध्यक्ष अविनाश कुमार ने बताया कि निखिल कुमार का नाम श्रीटोला निवासी प्रमोद कुमार की हत्या में आया था। उस मामले में निखिल कुमार को अप्राथमिकी आरोपित भी बनाया गया है। दो रोज पहले उसके न्यू करमन टोला स्थित घर से 50 बोतल किंगफिशर बियर बरामद की गयी थी। तब उसकी मां रीता देवी को गिरफ्तार कर लिया गया था जबकि निखिल घर से फरार हो गया था। उसी मामले में उसके मकान को सील किया गया है। शराब के साथ हत्या के मामले में भी उसकी गिरफ्तारी के लिये छापेमारी की जा रही है।

swatva

हत्या में मुख्य आरोपित सहित दो गिरफ्तार

आरा : भोजपुर जिला मुख्यालय आरा के नवादा थानान्तर्गत श्रीटोला निवासी ठेकेदार दिनेश पासवान के भतीजे प्रमोद कुमार की हत्या मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपित सहित दो वांछितों को गिरफ्तार किया है। हत्या में इस्तेमाल चाकू भी बरामद कर लिया गया है। गिरफ्तार आरोपितों में करमन टोला निवासी संदीप कुमार और न्यू शीतल टोला निवासी रौशन कुमार शामिल हैं। संदीप कुमार हत्याकांड का मुख्य और नामजद आरोपित है। नौ हजार रुपये के लेनदेन के विवाद में हत्या की गयी थी। हत्या के बाद चाकू बस स्टैंड के पास ही कब्रिस्तान में फेंक दिया गया था। संदीप कुमार की निशानदेही पर चाकू भी बरामद कर लिया गया है।

भोजपुर एसपी विनय तिवारी ने बताया कि मृतक और हत्यारे सभी साथ रहते थे। इनके बीच नौ हजार रुपये के लेनदेन का विवाद था। उसी में प्रमोद कुमार की चाकू से हत्या कर दी गयी थी| उन्होंने बताया कि टीम बनाकर तकनीकी आधार पर जांच शुरू की गयी। उस आधार पर सबसे पहले रौशन कुमार को गिरफ्तार किया। उसकी निशानदेही पर संदीप कुमार को भी गिरफ्तार कर लिया गया। तीसरे आरोपित को भी जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जायेगा। इसे लेकर छापेमारी की जा रही है।

बताते चले कि आरा के प्राइवेट बस स्टैंड में शनिवार की रात श्रीटोला निवासी प्रमोद कुमार की हत्या कर दी गयी थी। तब चाकू से हत्या करने के बाद ईंट से कुचने की भी आशंका जतायी गयी थी। उसका शव रविवार की सुबह प्राइवेट बस स्टैंड स्थित शौचालय के पास से बरामद किया गया था। इसे लेकर प्रमोद के चाचा दिनेश पासवान के बयान पर दो दोस्तों के खिलाफ केस किया गया था। उसमें करमन टोला निवासी संदीप कुमार और विनीत कुमार उर्फ भिंडी को आरोपित किया गया था। दोनों पर संदीप को फोन कर बस स्टैंड बुलाने के बाद हत्या करने का आरोप लगाया गया था।

पुलिस पब्लिक झड़प में चार जख्मी, दो गिरफ्तार

आरा : भोजपुर जिले के आयर थानान्तर्गत आयर गांव में शुक्रवार को भगवान भास्कर मूर्ति विसर्जन के दौरान पुलिस एवं ग्रामीण के बीच झड़प हो गई जिसमे एक एएसआई समेत तीन पुलिस जवान जख्मी हो गए। उनका इलाज स्थानीय सीएससी में कराया गया। जख्मी पुलिसकर्मियों में एएसआई दीपक कुमार, होमगार्ड जवान महेंद्र सिंह एवं एक अन्य जवान शामिल है। पुलिस ने दो युवकों को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार आरोपियों में आयर गांव निवासी ओम प्रकाश चौधरी एवं मिथिलेश चौधरी शामिल है।

जगदीशपुर एसडीपीओ श्याम किशोर रंजन ने बताया कि आयर गांव स्थित पोखरे(तलाब) पर छठ की पूजा की जाती है। ग्रामीणों ने भास्कर भगवान की मूर्ति रखी थी। सरकार के नए नियम के अनुसार किसी भी मूर्ति को उठाने एवं जुलूस निकालने के लिए लाइसेंस लेने को कहा था लेकिन ग्रामीणों ने यह कहा कि हम लोग मूर्ति यही रखते हैं और पोखरा में ही विसर्जन कर देते हैं। कोई जुलूस नही निकाला जाता है। बावजूद इसके मूर्ति विसर्जन के दौरान डीजे साउंड बजा कर जुलूस निकाला गया।

आयर थानाध्यक्ष ने जब पूजा कमिटी के लोगों से पूछताक्ष की कि आप लोगों ने ऐसा क्यों किया? इसी बात को लेकर पुलिस एवं ग्रामीण के बीच तू-तू-मैं-मैं हुई। जिसके बाद ग्रामीणों ने एक एएसआई समेत दो होमगार्ड जवान की पिटाई कर दी। घटना के बाद पुलिस को अतिरिक्त बल बुलानी पड़ी! अतिरिक्त बल आने पर पुलिस ने रोड़े बाजी कर रहे लोगों को खदेड़ा। जिसके बाद पुलिस ने दो आरोपित युवकों को गिरफ्तार कर लिया। इससे नराज ग्रामीण थाने पर पहुंच गए और दोनों युवकों को छोड़ने की मांग करने लगे। एसडीपीओ ने बताया कि इस मामले में 20 नामजद एवं 30 अज्ञात लोगों पर प्राथमिकी दर्ज की गई है।

राजीव एन० अग्रवाल की रिपोर्ट 

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here