31 अक्टूबर : मधुबनी की मुख्य खबरें

0
swatva samachar

530 मतदान केंद्र पर लगभग-3796 मतदान कर्मियों की की गई प्रतिनियुक्ति

मधुबनी : पंचायत आम निर्वाचन-2021 के अवसर पर जिला निर्वाचन पदाधिकारी (पंo)-सह-जिला पदाधिकारी, मधुबनी अमित कुमार एवं सामान्य प्रेक्षक, पंचायत चुनाव, बाबूबरही तथा अंधराथाढ़ी के अध्यक्षता में षष्टम चरण के पंचायत चुनाव हेतु मतदान कर्मियों कि प्रतिनियुक्ति रेंडोमाइजेशन के माध्यम से बूथवार की गई, जिसमें-530 मतदान केंद्र पर लगभग-3796 मतदान कर्मियों की प्रतिनियुक्ति की गई।

इस दौरान जिला उप निर्वाचन पदाधिकारी (पंo)-सह-जिला पंचायत राज पदाधिकारी, मधुबनी शैलेन्द्र कुमार, जिला सूचना विज्ञान पदाधिकारी, मधुबनी आलोक नंदन सिंह इत्यादि उपस्थित थे।

swatva

मारपीट व गाली-गलौच करने के आरोप में माता ने पुत्र को भेजवाया जेल

मधुबनी : जिले के लदनियां थाना क्षेत्र के कामेपट्टी गांव के रेखा देवी ने अपने पुत्र रविंद्र कुमार यादव पर गाली-गलौच व मारपीट करने के आरोप में केस दर्ज कराई है। थाना अध्यक्ष संतोष कुमार सिंह ने केस दर्जकर आरोपित रविन्द्र कुमार यादव को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत मधुबनी भेज दिया।

थाना अध्यक्ष संतोष कुमार सिंह के अनुसार घटना शनिवार रात की है। आरोपित रविन्द्र कुमार यादव इसी थाना क्षेत्र के कामेपट्टी गांव का रहने वाला है। जो शनिवार की रात सिधपा गांव के रामबृक्ष सिंह के घर किबाड़ खोल कर चोरी प्रयास किया। गृहस्वामी रविन्द्र कुमार यादव को घर में चोरी के प्रयास करते रंगेहाथ दबोच लिया।

घटना की सूचना गृहस्वामी ने आरोपित की मां रेखा देवी जो कामेपट्टी गांव के रहने वाली है को दी। मां मौके पर पहुंचकर चोरी नहीं करने के लिए अपनी पुत्र रविन्द्र कुमार यादव को समझाने बुझाने लगी। घर आने पर आरोपित मां को ही मारपीट गाली-गलौच करने लगा। बेटा के आदत से अजीज होकर मां रेखा देवी ने अपने पुत्र रविन्द्र कुमार यादव के खिलाफ थाना में केस दर्ज कराया। केस दर्जकर आरोपित को न्यायिक हिरासत मधुबनी भेज दिया।

देश के पहले गृहमंत्री सरदार पटेल के जन्मदिवस व देश की पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी के बलिदान को आज कांग्रेस ने किया याद, दी श्रद्धांजलि

मधुबनी : आज जिला कांग्रेस कमिटी मधबनी के सभागार में प्रो० शीतलाम्बर झा के अध्यक्षता में देश के आजादी आंदोलन के दो महान हस्ताक्षर भारतरत्न, अखंड भारत के शिल्पकार देश के प्रथम गृहमंत्री, लौहपुरुष सरदार वल्लभ भाई पटेल की 146वीं जयंती एवं विश्वनेत्री, भारतरत्न, लौहमहिला देश के प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी की 38वीं बलिदान दिवस देश के एकता और अखंडता दिवस के रूप में मनाई गई।

सर्वप्रथम उनके तैल चित्रों पर कांग्रेसजनो ने पुष्पांजलि अर्पित कर शिद्दत से स्मरण किया। कार्यक्रम को सम्बोधित करते हुए जिलाध्यक्ष प्रो० शीतलाम्बर झा ने दोनों विभूतियों के व्यक्तित्व एवं कृतित्व पर प्रकाश डालते हुए दोनों सादगी और त्याग के प्रतिमूर्ति थे। उन्होंने कहा सरदार वल्लभ भाई पटेल को आजादी आंदोलन में कई बार जेल की यातना सहना पड़ा।

अजादी के बाद अपने मंत्रित्वकाल मे 565 रियासतों को भारतीय संघ में मिलाकर एक बृहद नजीर पेशकर दुनिया को चकित कर दिया। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी से प्रेरित होकर सत्य और अहिंसा को व्यबहार में लाकर देश के किसानों, छात्रों को एकसूत्र में पिरोने का काम बखूबी किए। वे लौहपुरुष थे। दृढ़ निश्चय पक्का इरादा घोतक थे। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के हत्या होने पर उन्होंने ही आरएसएस पर देश मे प्रतिबंधित किया। वे भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के अध्यक्ष के रूप में देश को एक मज़बूत संगठन दिए।

वहीं विश्वनेत्री देश के प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी ने गाँधीजी के अंग्रेजों भारत छोड़ो आंदोलन में बढ़चढ़कर भाग लेने के कारण उन्हें जेल की कठोर यातनाएं भी सहना पड़ा। इंदिरा गांधी आधुनिक भारत के चुनिंदा निर्माताओं में से एक थी, जिन्होंने अपने कार्यकाल में राजा, महाराजाओं का प्रिवी पर्स खत्म करना हो या 14 बैंकों को राष्ट्रीयकरण कर देश सामाजिक, आर्थिक सुधार कर देश को मजबूत बनाने का काम किया। देश से गरीबी उन्मूलन के लिए कई क्रांतिकारी कदम उठाई। देश से भुखमरी मिटाने के लिए हरित क्रांति लाकर किसानों एवं देश को खाद्यन्न में आत्मनिर्भर बनाने की बखूबी काम की। छात्रों, नौजवानों को रोजगार देने के लिए देश मे उद्योगों का जाल बिछाई। गांवों में बैंक खोले गए। बिजली, पानी आदि की सुविधा उपलब्ध कराया गया। सम्पूर्ण देश मे सड़कों एवं रेलवे का जाल बिछाया गया। देश को सामरिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने के लिए कई क्रांतिकारी कदम उठाए गए। स्कूल, कालेज, विश्वविद्यालय के निर्माण किया।

प्रो० झा ने कहा इंदिरा गांधी मे अतुलनीय साहस था, उन्होंने 1971 में पाकिस्तान को दो टुकड़ा कर बंग्लादेश का निर्माण करा दिया। दुनिया के इतिहास में यह पहला और अबतक आखरी है जो दुश्मन देश का नब्बे हजार सैनिकों को आत्मसमर्पण करने पर मजबूर कर दिया। इंदिरा गांधी दुनिया का प्रवाह किए बिना 1974 में पहला परमाणु विस्फोट कर अपनी सामरिक शक्ति का दुनिया से लोहा मनवाई।इंदिरा गांधी सिक्किम सहित कई जगहों को चीन की प्रवाह किए देश मे मिलाई। उन्होंने देश के एकता और अखंडता के लिए अपनी प्राणों को बलिदान की।

उक्त कार्यक्रम में ज्योतिरामन झा, मनोज कुमार मिश्रा, जिला उपाध्यक्ष ज्योति झा, प्रो० इश्तियाक अहमद, बबिता चौरसिया, संजय झा, जय कुमार झा, मो० साबिर, प्रफुल्ल चन्द्र झा, दशरथ झा, मुकेश कुमार पप्पू, सीतेश कुमार पासवान, मो० आदिल हुसैन, मायानंद झा, महेश चौधरी, बिनय कुमार झा, विदेश चौधरी, विश्वनाथ पासवान, अनिल चन्द्र झा, मो० अकील अंजुम, सुशील झा एवं अन्य कई कांग्रेस जन मौजूद रहे।

राष्ट्रीय एकता शपथ दिवस के अवसर पर पुलिसकर्मियो को दिलाई गई शपथ

मधुबनी : जिले के लौकही मे राष्ट्रीय एकता शपथ दिवस के मौके पर लौकही थाना परिसर में थानाध्यक्ष सुरेन्द्र कुमार और अंधरामंठ थानाध्यक्ष धर्मेन्द्र कुमार ने सभी पुलिसकर्मियों को एक साथ शपथ दिलाया। इस मौके पर लिए गए शपथ में कहा कि मैं निष्ठापूर्वक शपथ लेता हूँ कि राष्ट्र की एकता अखण्डता और सुरक्षा को बनाए रखने के लिए स्वयं को समर्पित करूँगा और अपने देश वाशियों के बीच यह संदेश फैलाने का भी भरसक प्रयत्न करूँगा।

यह शपथ अपने देश की एकता की भावना से ले रहा हूँ, जिसे सरदार बल्लभभाई भाई पटेल की दूरदर्शिता एंव कार्यो का द्वारा संभव बनाया जा सके। अपने देश की आंतरिक सुरक्षा सुनिश्चि करने के लिए अपना योगदान करने का भी सत्यनिष्ठा से संकल्प लेता हूँ। इस मौके पर थाने का सभी पुलिस कर्मियों शामिल थे।

वही फुलपरास थाना परिसर में इंस्पेक्टर ललन प्रसाद चौधरी, लौकही थाना परिसर में थानाध्यक्ष सुरेन्द्र कुमार, अंधरामंठ थाना परिसर में थानाध्यक्ष धर्मेन्द्र कुमार, खुटौना थाना परिसर में थानाध्यक्ष धनंजय कुमार, लौकहा थाना परिसर में संतोष कुमार मंडल, ललमनिया थाना परिसर में थानाध्यक्ष परिसर ने सभी पुलिस कर्मियों को शपथ दिलाया।

आगामी पर्व को लेकर विद्यालय में रसोईया एवं क्षेत्र के विकलांग, विधवा, गरीब लोगो के बीच किया गया वस्त्र वितरण

मधुबनी : जिले के बिस्फी प्रखंड क्षेत्र के प्राथमिक विद्यालय छोरहिया के परिसर में आगामी पर्व को लेकर वस्त्र वितरण का आयोजन किया गया। जिसकी अध्यक्षता परिवर्तनकारी प्रारंभिक शिक्षक संघ के जिला अध्यक्ष सह विद्यालय प्रधान विकास ठाकुर ने किया।

इस मौके पर विद्यालय परिवार के द्वारा दो दर्जन से अधिक विद्यालय में कार्यरत रसोईया और क्षेत्र के विकलांग, विधवा, गरीब सहित कई लोगों को दीपावली एवं छठ पर्व के शुभ अवसर पर प्राथमिक विद्यालय छोड़हिया परिवार के तरफ से रसोइया एव सहयोगियो को कई अंग वस्त्र दिए गए। जिसमें साड़ी, धोती, गमछा सहित कई वस्त्र शामिल है।

इस अवसर पर प्रधानाध्यापक विकास ठाकुर ने कहा कि पर्व के मौके पर वस्त्र का वितरण किया गया है, जिसे गरीबो के लिए काफी लाभदायक होगा। मानव मानव को सहयोग करें, तो मानव का कल्याण निश्चित है। ऐसे सामाजिक कार्य में लोगों को आर्थिक मदद करने की अपील की है।

वही ऐसे कार्यक्रम किए जाने को लेकर विद्यापति प्रेस क्लब बिस्फी के महासचिव जीवन झा, प्राथमिक शिक्षक संघ के प्रखंड अध्यक्ष शत्रुघ्न राय, महासचिव सतीश चंद्र झा, राजेश कुमार झा, दिनेश यादव, विभा कुमारी उषा कुमारी, सुदी लाल यादव सहित क्षेत्र के लोगों ने काफी सराहना की है। इस अवसर पर शिक्षिका आरती कुमारी, नीलम कुमारी तथा शिक्षक अनोज कुमार उपस्थित थे।

पीएचसी में रोस्टर के अनुसार डॉक्टर नहीं रहने के कारण एक माशूम बच्चे की गई जान, परिजनों में पीएचसी में घण्टो तक ताला जड़ कर किया हंगामा

मधुबनी : जिले के बिस्फी प्रखंड क्षेत्र के बिस्फी पंचायत के मोतनाजे गांव निवासी लक्ष्मण यादव के दो वर्षीय पुत्र आदित्य कुमार को पानी में डूबने से मौत हो गई। मिली जानकारी के अनुसार आदित्य कुमार घर के बगल में ही खेल रहा था। अचानक घर के किनारे बह रही एक छोटी नदी मे ढुलक गया। परिजन इधर-उधर खोजबीन करने लगा, तब तक देर हो चुका था। घर के बगल में ही पानी में खोजबीन की गई, तब जाकर उसे पानी से निकाला गया तब बेहोश हो चुका था। परिजनो आनन-फानन में तत्काल प्राथमिक स्वास्थ्य बिस्फी में लाया, जहां चिकित्सक उपस्थित नहीं थे।

रोस्टर के अनुसार चिकित्सक नहीं रहने के कारण तत्काल बच्चों का इलाज नहीं हो सका। रोस्टर के अनुसार डॉक्टर को आने से पहले डॉक्टर अस्पताल छोर कर चले गए थे। जब चिकित्सक पहुंचे, तब तक बच्चे की मौत हो चुकी थी। परिजनों ने मौत का जिम्मेदारी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के डॉक्टर पर लगाते हुए जम कर हंगामा किया एवं चिकित्सकों पर कड़ी कार्रवाई करने एवं मृतक के परिजन को पॉच लाख मुआवजा देने सहित मांग को लेकर काफी हो-हंगामा किया। वही घंटों तक प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में ताला जड़ दिया गया, जिससे अफरा-तफरी का माहौल बना रहा।

इस बाबत प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र प्रभारी डॉ० मेराज अकरम ने आपातकालीन कक्ष में चिकित्सकों की अनुपस्थिति पर सिविल सर्जन को तत्काल चिकित्सक पर कार्रवाई करने को लेकर पत्र जारी किया, तब जाकर परिजन शांत हुए और आगे की कार्रवाई करने का आश्वासन दिया।

इस मौके पर आदित्य कुमार के परिजन दिलीप कुमार यादव ने बताया कि स्वास्थ्य केंद्र में रोस्टर के अनुसार चिकित्सक नहीं रहते हैं, जिस कारण कई घटनाएं हो चुका है। जानकारी हो कि प्रखंड क्षेत्र में अब तक पानी में डूबने की संख्या अब 23 हो चुकी है।

अंधराठाढ़ी थाना क्षेत्र में फिर एक बार पुलिस टीम पर जानलेवा हमला

मधुबनी : जिले के अंधराठाढ़ी स्थानीय थाना क्षेत्र में फिर एक बार पुलिस टीम पर जानलेवा हमला कर दिया गया है। इस घटना में तीन पुलिस अधिकारी जख्मी हो गए हैं। हालांकि पुलिस ने त्वरित कार्यवाही करते हुए चार लोगों को गिरफ्तार कर लिया है। अन्य लोगों के गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है। दरसअल मामला रविवार सुबह 9 बजकर 30 मिनट का है।

इस संबंध में कनीय अभियंता पश्चिमी कोसी नहर प्रमंडल अंधराठाढ़ी के परमानंद शर्मा ने के लिखित आवेदन पर 11 लोगों के विरुद्ध नामजद प्राथमिकी दर्ज की गई है। दर्ज प्राथमिकी के अनुसार गौड़ लहू नहर के सरकारी बांध पर अवैध तरीके से पक्का निर्माण कार्य हो रहा था। जहां स्थानीय पुलिस उक्त कार्य को रोकने के लिए गई। उनके ऊपर जानलेवा हमला कर दिया गया है।

कनीय अभियंता कोसी नहर के परमानंद शर्मा के अनुसार गौड़ लहू नहर के बाएं बांध पर नहर और चार्ट लैंड पर मौजा अंधराठाढ़ी थाना नंबर-289 के अंतर्गत नैनादत्त महाविद्यालय के पास अवैध कब्जा के उद्देश्य से पक्का निर्माण कार्य अंधरा गोठ गांव निवासी राधाकांत भंडारी के द्वारा किया जा रहा है। जिसकी सूचना वे खुद अंचलाधिकारी एवं अंधराठाढ़ी थाना को दिया था। इसी क्रम में अंचलाधिकारी प्रवीण कुमार वत्स, राजस्व कर्मचारी एव पुलिस पदाधिकारी को स्थल पर निर्माण कार्य रुकवाने के लिए भेज गया था।

लेकिन उक्त लोगों के द्वारा निर्माण कार्य नही रोकने पर पुनः रविवार सुबह 9:30 बजे अंचलाधिकारी व सस्त्र बल के साथ निर्माण कार्य को रोकने का प्रयास किया गया। लेकिन उक्त स्थल पर पंहुचते ही राधाकांत भंडारी, राहुल भंडारी, रंजीत भंडारी, सुमन भंडारी, राजू कुमार चौधरी, शोभाकांत भंडारी, सुधीर चौधरी, दयानंद चौधरी, रत्नेश्वर भंडारी, बलराम कामत, अनिल भंडारी और 10 अज्ञात व्यक्तियों ने प्रशासन की टीम पर जानलेवा हमला कर दिया।

हमला करने वालों के हाथ मे खंती, फरसा, बेलचा, ईटा, बांस और लोहा का छड़ था। वही राहुल कुमार भंडारी ने लौहे के बेलचा से जान मारने के नियत से पुलिस पदाधिकारी अमोद कुमार सिंह पर हमला कर दिया। इस हमला में एएसआई अमोद कुमार सिंह के दाहिने आंख के ऊपर और सर फट गया। वह वही बेहोश होकर गिर पड़े। उक्त लोगों ने पुलिस पदाधिकारी अमोद कुमार सिंह के पुलिस की वर्दी भी फाड़ दिया।

इसके अलावा राधाकांत भंडारी और राजू कुमार चौधरी ने लोहे के रोड व ईटा लेकर पुलिस पदाधिकारी सत्यजय सिंह व चौकीदार मो० मुस्लिम नदाफ, शिवनाथ यादव और भागेश्वर यादव पर भी हमला कर घायल कर दिया है। जबकि सुमन भंडारी, शोभाकांत भंडारी सहित अन्य अज्ञात लोगों ने पुलिस पदाधिकारी पर ईट आदि लेकर हमला करते हए नहर में धकेल दिया। वही रंजीत भंडारी, राहुल भंडारी उक्त दोनों मिलकर पुलिस पदाधिकारी अमर उराव का सरकारी पिस्टल छीनने का प्रयास किया गया।

वारदात के समय मौजूद लोगों की माने तो पुलिस पदाधिकारी अमोद कुमार सिंह सुबह बिना वर्दी के घटना स्थल पर निर्माण कार्य कर रहे लोगों के साथ गाली गलौज करते हुए कहा गया कि रुको हम पुलिस बल लेकर आते है, फिर दिखाते है। नाम नही छापने की शर्त पर लोगों ने कहा कि उक्त भूमि पर मोटी रकम ली गई है।इधर घटना की सूचना पर झंझारपुर एसडीपीओ आशीष आनंद ने कहा कि घटना की जांच की जा रही है। 11 नामजद व 10 अज्ञात लोगों के विरुद्ध मामला दर्ज किया गया है। घटना में दोषियों को किसी भी सूरत में बक्सा नही जाएगा।

देश के प्रथम गृहमंत्री लौहपुरुष सरदार वल्लभ भाई पटेल की जयंती पर एसएसबी के दर्जनों जवानों ने लगाई दौड़

मधुबनी : आज रविवार को भारत-नेपाल सीमा पर तैनात एसएसबी 48वीं बटालियन के मुख्यालय में फ्रीडम रन का आयोजन किया गया। कोविड महामारी काल में नियमों का पालन करते हुए अधिकारियों सहित जवानों ने दौड़ में भाग लिया। इसी अभियान के तहत सभी अधिकारियों व जवानों को इसे अपनी दिनचर्या में शामिल करने हेतू प्रेरित किया गया, जिससे शारीरिक प्रतिरक्षा तंत्र मजबूत होती है। क्योंकि महामारी काल में महामारी से संक्रमित कई जवान व अधिकारी भी हो गए थे, जिससे बचने के लिए जवानों सहित प्रत्येक व्यक्ति को अपनी प्रतिरक्षा तंत्र मजबूत करने की आवश्यकता है। फ्रीडम रन में भाग लेते हुए सीमावर्ती क्षेत्र के लोगों को भी इस दौड़ में भाग लेने के लिए लोगों को जागरूक किया गया।

गौरतलब है कि भारत सरकार के निर्देश के आलोक में एसएसबी ने बीते 13 अगस्त से 02 अक्टूबर गांधी जयंती तक फ्रीडम रन के तहत दौड़ का आयोजन किया जा रहा था। मौके पर कार्यवाहक कमाण्डेन्ट चंद्रशेखर कुमार की अध्यक्षता में ये कार्यक्रम सम्पन्न हुआ। इस कार्यक्रम में मुख्य रुप से सहायक कमाण्डेन्ट मोहद मनीष, निरीक्षक प्रेम वल्लभ पुरोहित एवं अन्य कई एसएसबी के जवान मौजूद रहे।

माँ अन्नपूर्णा सेवा समिति के नि:शुल्क चिकित्सा शिविर का लोगों ने उठाया लाभ, फ्री में बीपी एवं ब्लड शुगर की जांच हुई

मधुबनी : माँ अन्नपूर्णा सेवा समिति एवं इंद्रप्रस्थ अस्पताल के संयुक्त तत्वाधान में हर महीने के पहले प्रत्येक रविवार को निःशुल्क ब्लड प्रेशर(बीपी) एवं ब्लड शुगर(चीनी) की जांच की शुरुआत को गयी। आज इस मौके पर लगभग 50 लोगों को इस मेडिकल कैम्प में स्वास्थ लाभ दिया गया। बता दें कि माँ अन्नपूर्णा सेवा समिति पिछले लगभग दो सालों से लोगों के बीच सक्रिय रूप से जनसेवा से जुड़े कार्यों को करते आ रही है।

बता दें कि इसी संस्था के एक विंग माँ अन्नपूर्णा कम्युनिटी किचन पिछले लगभग दो सालों से गरीबों को रोज ही खाना खिला रही है। इसका लाभ जरूरतमंद, गरीब, विकलांग, अहसहाय लोगों को संस्था खाना खिला कर देती आ रही है। मौके पर जानकारी देते हुए संस्था के संस्थापक सदस्य भाई समाजसेवी अमित कुमार राउत ने बताया कि हमारी संस्था हमेशा ही जरुरतमंद लोगों की मदद के लिए हर समय तत्पर रहती है। उन्होंने कहा कि हमारी यह संस्था गरीब एवं जरूरतमंद लोगों को समय-समय पर शिविर लगाकर सहयोग करती है। ठंड के समय करीब 1000कंबल एवं शाल एवं अन्य अनगिनत गर्म कपड़े भी जरूरतमंद लोगों को चिन्हित करके पिछले वर्ष बि हमारे संस्था के द्वारा दिया गया था।

संस्था के एक वर्ष पूरा होने पर भी हमलोगों ने निःशुल्क मेडिकल कैम्प लगवाया था, जिसमें 300 के करीब लोगों को निःशुल्क चिकित्सीय परामर्श के साथ निःशुल्क जांच एवं दवा तक निःशुल्क दिया गया था। इसी क्रम में आज नि:शुल्क चिकित्सा परामर्श के साथ-साथ नि:शुल्क बीपी एवं शुगर जांच की व्यवस्था हमारे संस्था के परिसर में की गई है। इस मौके पर निकटवर्ती कई गांव के लोग एवं शहर क्षेत्र से महिला एवं पुरुष एवं बच्चे ने इस सेमिनार का लाभ उठाया।

आज लगभग तीन घंटे तक चली इस शिविर में लगभग 50 लोगों को सेवा दी गयी। हालांकि रजिस्ट्रेशन केवल 30 लोगों का ही था, बावजूद इसके ऑन स्पॉट भी 20 अन्य लोगों को ये सेवा निःशुल्क दी गयी। मौके पर संस्था के संरक्षक उपेंद्र नायक, संस्थापक सदस्य समाजसेवी भाई अमित कुमार राउत, सदस्यों में गौरव सिन्हा, लक्षमण यादव, सुनील कर्ण, अंकित कुमार, मीडिया प्रभारी संतोष शर्मा एवं अन्य लोगों ने सक्रिय भूमिका निभाई।

नहीं रुक रही शराब तस्करी, ट्रैन से भी लावारिश हालत में जब्त हुई शराब

मधुबनी : बिहार में शराबबंदी और भारत-नेपाल सीमा पर से शराब तस्करी रोकने के लिए एसएसबी और बिहार पुलिस के हर कवायद के बाबजूद नेपाल से शराब की आवक बदस्तूर जारी है। जिले के देवधा थाना पुलिस ने 180 बोतल (54 लीटर) नेपाली देसी शराब और 03 लीटर नेपाली विदेशी शराब के साथ दो शराब तस्करों परसा निवासी शिवनाथ यादव और अन्धरामठ थाना क्षेत्र के न्योर निवासी सौरभ कुमार को उसराही तिनमुहानी रेलवे गुमटी के पास से गश्ती के दौरान गिरफ्तार किया है।

पुलिस ने शराब तस्करी में उपयोग कर रहे मोटरसाइकिल भी जब्त कर लिया है। सौरभ कुमार के बैग से चार बोतल नेपाली विदेशी शराब बरामद किया गया है।इस बाबत देवधा थानाध्यक्ष रमेश कुमार शर्मा ने बताया कि शराब के साथ गिरफ्तार आरोपियों को न्यायिक हिरासत में मधुबनी भेज दिया गया है।

वही, जयनगर रेलवे स्टेशन स्थित जीआरपी के जवानों ने रविवार को जीआरपी थानाध्यक्ष मनोज कुमार के नेतृत्व में बोगियों की पड़ताल के दौरान सरयू यमुना एक्सप्रेस ट्रेन के एक बोगी से 189 बोतल शराब बरामद किया है।इस बाबत जीआरपी थानाध्यक्ष मनोज कुमार ने बताया कि सरयू यमुना एक्सप्रेस के एक बोगी में लावारिश हालत में रखे दो पिट्ठू बैग और एक झोले से 184 बोतल नेपाली देसी शराब व पांच बोतल ब्लैक ओके विदेशी शराब बरामद किया गया है।

छह छठ घाटों की सफाई का कार्य पूर्ण, आठ की सफाई का कार्य जारी

नवादा : नगर परिषद के श्री राज कृष्णा एजुकेशनल एंड सोशल वेलफेयर ट्रस्ट के माध्यम से नवादा नगर में चलाये जा रहे सफाई अभियान के तहत नवादा नगर समेत आस-पास के सभी चौदह छठ घाटों की सफाई का निर्देश विधायक विभा देवी ने दिया है ।

20 सितंबर से प्रारंभ नगर सफाई अभियान के 42 वें दिन नगर के साथ-साथ लगभग छह छठ घाटों की सफाई कर दी गई है । ख़ास कर मिर्जापुर सूर्य मंदिर , गोंदापुर सूर्य मंदिर मंगर बिगहा , मोती बिगहा , मस्तानगंज , शोभनाथ आदि सूर्य मंदिर स्थित छठ घाट एवं तालाब की सफाई पूरी हो चुकी है । छठ के लोहंडा दिन तक शेष सभी घाटों के साथ साथ व्रतियों के मुख्य मार्ग की गहन सफाई पूरी कर दी जायगी ।

ट्रस्ट के अधिकारी और सामाजिक कार्यकर्ता शम्भु विश्वकर्मा ने बताया कि विधायक विभा देवी के निर्देश व आर्थिक सहयोग से दो महीने तक सफाई अभियान चलाया जायगा। अबतक शहर एवं सदर अस्पताल नवादा में स्थित सारे डंप कूड़े को निकाल कर फेंक दिया गया है लेकिन नगर परिषद के सफाईकर्मियों द्वारा ट्रॉली से जहाँ-तहाँ कूड़ा डंप कर देने के कारण शहर की स्थिति नरकीय बनी हुई है । विभाग का कूड़ा निस्तारण योजना निर्धारित नहीं रहने के कारण ही गन्दगी की भरमार है ।

ट्रस्ट ने दो दर्जन मजदूर , तीन ट्रैक्टर और एक जेसीबी मशीन के माध्यम से एक सप्ताह में ही पुरे नगर से कूड़ा उठा लिया लेकिन नगर परिषद के पास 175 सफाई मजदूर होने के बावजूद नगर की स्थिति नारकीय बनी रहती है जो दुखद है । ट्रस्ट ने विभाग से आग्रह किया है कि संसाधनों का सदुपयोग करते हुए नवादा नगर को स्वच्छ सुंदर और स्वस्थ बनाये रखें ।

ट्रस्ट कार्यालय में प्रति दिन बैठक कर अगले दिन की कार्ययोजना के साथ-साथ पिछले बैठक की समीक्षा की जाती है। सफाई अभियान में नरेशचन्द्र शर्मा , अनिल प्रसाद सिंह , संजय मारुती , शहंशाह , दिनेश कुमार अकेला , शशिभूषण शर्मा , अमित सरकार , लालकेश्वर राय , भोला यादव , पंकज यादव , आदि की बड़ी भूमिका रही है ।

रामचरित्र मानस का हुआ सस्वर पाठ

नवादा : जिले के नारदीगंज प्रखंड के शादिकपुर गांव में रविवार को रामचरित्र मानस बिषय पर कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का आयोजन मानस चेतना समिति,नवादा के सौजन्य से हुआ। अध्यक्षता समिति के संस्थापक डोमन बिगहा निवासी व्यास दिलीप शरण व उदघाटन समिति के वरीय सदस्य सेवानिवृत शिक्षक रविन्द्रनाथ सिंह ने कियां।कार्यक्रम ग्रामीण रामानुग्रह सिंह के देखरेख में हुआ।आयोजित कार्यक्रम में रामचरित्र मानस बिषय पर आध्यात्मिक चर्चा की गयी।

उपस्थित लोगों ने बालकांड के 11 दोहा का सस्वर पाठ किया। इस दौरान भजन कीर्तन का दौर तीन घंटे तक चलता रहा जिससे सारा वातावरण धार्मिक आस्था व विश्वास का सरोवर होता रहा। रामचरित्र मानस का पाठ सुनकर लोग मंत्रमुग्ध हो गये। मौके पर टुनटुन सिंह,अर्जुन सिंह,रामाधीन सिंह,रविन्द्रनाथ सिंह,गोरेलाल सिंह,सिया सिंह,राधे गुरूजी,दीनू सिंह समेत अन्य श्रद्धालु व ग्रामीणों ने भाग लिया ।

बच्चों के अधिकार के प्रति अयोजित जागरूकता कार्यक्रम

नवादा : नगर स्थित डीपीएस स्कूल में रविवार को कानूनी जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। अमृत महोत्सव पर आयोजित कार्यक्रम का उद्घाटन जिला विधिक सेवा प्राधिकार के सचिव सह अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश अनिल कुमार राम, किशोर न्याय परिषद के प्रधान दंडाधिकारी संगीता कुमारी, नवादा बीडीओ अंजनी कुमार, विद्याालय निदेशक शशिभूषण प्रसाद व विद्याालय प्रचार्य पूजा सिहं ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्जवलित कर किया। मौके पर उपस्थित शिक्षकों एवं बच्चो को सम्बोधित करते हुए अनिल राम ने बच्चों के सुरक्षा के लिये बने कानून एवं उनके साथ किये जाने वाले दोस्ताना व्यवहार पर जानकारी दिया।

उन्होंने कहा कि अदालत अब खुद चलकर गाॅव व टोला में चैपाल का आयोजन कर रही है। गरीब व असहाय वर्ग के लोगों के घर पहुॅचकर उन्हें उनसे जुड़े कानून की जानकारी दी जा रही है। अदालत के द्वारा महिलाओं व बच्चों को भी जागरूक किया जा रहा है। आजादी के 75 साल के बाद यह पहला मौका है जब अदालत ने लोगों को कानूनी जागरूकता के लिये नित्यदिन कार्यक्रम आयोजित कर रही है। 18 साल से कम उम्र के लड़का व लड़कीं को कानूनी नजर में बच्चा का दर्जा प्राप्त है। कानून की नजर में बच्चों को अपरिपक्व अबोध माना गया है।

बच्चों के लिये बने अदालत की जानकारी देते हुए उन्होने कहा कि बच्चों के द्वारा किये गये अपराध व समाज के लोगों के द्वारा बच्चों पर किये अपराध के लिये अलग-अलग अदालत बनाया गया है। जो बच्चे अपराध में संलिप्त पाये जाते हैं उनके विरूद्ध किशोर न्याय परिषद में सुनवाई की जाती है। जबकि जिस मामले में बच्चे पीड़ित होते हैं उस मामलों के सुनवाई के लिये दोस्ताना न्यायालय बनाया गया है। हरहाल में बच्चों को कभी भी ऐसा अहसास नही होने देना है कि वे अदालती कार्रवाई का हिस्सा बन चुके है। बच्चों के प्रति शिक्षक का दायित्व पर भी उन्हाने प्रकाश डाला।

ऐसीड अटैक व दुष्कर्म के पीड़ित लोगों को प्राधिकार के द्वारा मुआवजा राशि भी दी जाती है। वहीें किशोर न्याय परिषद के प्रधान दंडाधिकारी ने बताया कि सभी बच्चों को बोलने का अधिकार है। उन्हें ऐसा महौल दिया जाता है कि वे अपनी गलती को समझें तथा भविष्य में उसकी पुनरावृति ना करे। उल्लेखनीय है कि नालसा के आदेश पर तथा बिहार राज्य विधिक सेवा प्राधिकार के दिशा-निर्देश पर एवं प्राधिकार के अध्यक्ष राजेश नारायण सेवक पांडेय के देखरेख में बीते 2 अक्टूबर से नित्यदिन जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है।

समाज के सभी वर्ग के लोगों को कानून के प्रति व सरकारी योजनाओं की जानकारी हेतु प्राधिकार के अधिवक्ता व अन्य लोग गाॅव में पहुॅच कर जानकारी दे रहे है। आयोजित कार्यक्रम में व्यवहार न्यायालय के कर्मी जैकी हैदर, राकेश कुमार, मो0 सबी अली, अभिजीत कुमार, कुणाल कुमार, सुशील कुमार, दिवाकर व काफी संख्या में विद्यालय के छात्र व शिक्षक उपस्थित थे।

सुमित कुमार की रिपोर्ट

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here